Himachal News: ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल का 17वां राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्यिक अधिवेशन ddnewsportal.com

Himachal News: ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल का 17वां राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्यिक अधिवेशन ddnewsportal.com

Himachal News: ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल का 17वां राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्यिक अधिवेशन

काव्य गोष्ठी का भी हुआ आयोजन, इन प्रतिभावान साहित्यकारों को किया गया सम्मानित...

ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल (पंजीकृत) का राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्यिक अधिवेशन एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन अटल सदन कुल्लू में मनाया गया। इस दौरान प्रतिभावान साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर डॉ गंगाराम राजी (सुंदरनगर मंडी) प्रसिद्ध उपन्यासकार, साहित्यकार एवं लेखक शामिल हुए, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्य प्रकाश ठाकुर संस्थापक मुख्य संरक्षक, ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल एवं पूर्व बागवानी मंत्री हिमाचल प्रदेश सरकार ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉक्टर चेतराम गर्ग एवं अनीता देवी प्रधान ग्राम पंचायत आशापुरी कांगड़ा शामिल हुए। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने सरस्वती मां के चरणों में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय दीपक कुल्लवी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए 2 मिनट का मौन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सभी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल के संस्थापक अध्यक्ष जयदेव विद्रोही ने कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, कार्यक्रम अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य साहित्यकारों, कवियों एवं लेखकों का हार्दिक स्वागत तथा अभिनंदन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किए जाने वाले विशिष्ट साहित्यकारों, उपन्यासकारो, सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं क्रियाशीलता के क्रम को जारी रखने वाले प्रबुद्ध साहित्यकारों  के योगदान बारे विस्तार से चर्चा की, कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन का दायित्व डॉक्टर सूरत ठाकुर द्वारा बखूबी निभाया गया।

सत्य प्रकाश ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल संस्था द्वारा साहित्यकारों की सेवा एवं उन्हें प्रतिष्ठित मंच प्रदान करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की, वही नवोदित कवियों, साहित्यकारों, लेखकों, एवं कलाकारों को वृहत मंच प्रदान करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष सत्यप्रकाश ठाकुर एवं संस्था के विभिन्न पदाधिकारियों के सानिध्य में प्रदेश एवं देश के ख्याति प्राप्त साहित्यकारों को साहित्यिक सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ने के कारण कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ गंगाराम राजी को उपन्यासकार के रूप में, कहानीकार, साहित्यकार तथा हिमाचल गौरव जैसी उपलब्धियों के मद्देनजर ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं डॉक्टर हेमेंद्र कुमार राजपूत गाजियाबाद को, महाभारत पर शोध, इतिहास के पन्नों को दृष्टिपात करने हेतु, साहित्य एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों के कारण

सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कुल्लू निवासी हीरालाल ठाकुर को भी साहित्यिक पृष्ठभूमि, सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा साहित्य की सेवा के लिए संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। अंतिम कड़ी के रूप में रमेश ठाकुर को साहित्यिक सेवार्थी, सहकार पुरुषार्थी, हंसमुख एवं प्रतिभावान व्यक्तित्व के गुणों के समावेशी कारणों से ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल द्वारा स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल, टोपी एवं पुष्पगुच्छ देकर सभी सम्मानित प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही संस्था के संस्थापक अध्यक्ष जयदेव विद्रोही, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश चंद्र कोड़ा, सलाहकार डॉक्टर सूरत ठाकुर, कोषाध्यक्ष फिरासत खान, कार्यकारी अध्यक्ष अजय शर्मा, कुल्लू चैप्टर की अध्यक्ष कुमुद शर्मा द्वारा कार्यक्रम के अध्यक्ष सत्यप्रकाश ठाकुर को पुष्पगुच्छ, शॉल, स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वही कार्यक्रम के संचालन में मुख्य भूमिका के रूप में अजय शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, सतीश चंद्र कोड़ा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, फिरासत  खान कोषाध्यक्ष, डॉक्टर ओमपाल, विद्या देवी शर्मा, बिंदु शर्मा, कुमुद शर्मा, पुनीत पटियाल, इंदु पटियाल, निर्झर पंडित तथा संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने उल्लेखनीय योगदान प्रस्तुत किया।

सम्मान श्रृंखला में उल्लेखनीय डॉक्टर हेमेंद्र कुमार राजपूत ने महाभारत काल पर शोध कार्य एवं भारतीय इतिहास संकलन पर प्रकाशित "अखंड भारत" पुस्तक के शोध कार्यों को वार्षिक अधिवेशन में विस्तार से चर्चा की एवं भारतीय इतिहास में व्याप्त विसंगतियों को क्रमानुसार चिन्हित करते हुए इतिहास को दोबारा से स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 
डॉ गंगाराम राजी ने भी अपने संबोधन में उपन्यास लेखन, कहानी लेखन,साहित्य श्रृंखला सृजितकरण की बारीकियों के बारे में नवोदित साहित्यकारों एवं लेखकों को प्रेरणा स्रोत ज्ञान वर्धन किया तथा ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल संस्था के उल्लेखनीय योगदान की भूरी भूरी प्रशंसा की। 


ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्य अधिवेशन के द्वितीय चरण में काव्य गोष्ठी का आयोजन भी किया गया ! जिसमें वैशाली बिष्ट, इंदु पटियाल, सरला चंबयाल, प्रवीन शास्त्री, इंदु भारद्वाज, पुनीत पटियाल, निर्झर पंडित, डॉ रवि गौड़, वीणा वर्धन, अमरनाथ धीमान, जयमहलबात, तृप्ता देवी, बिंदु शर्मा ने अपने-अपने कविता पाठ के माध्यम से समाज में व्याप्त विभिन्न बुराइयों, सामाजिक सरोकार से जुड़े मार्मिक विषयों, मां बेटी के संवाद, महाराणा प्रताप की गाथा, महिला सशक्तिकरण आदि विषयों पर काव्य पाठ प्रस्तुत किया, वही ऋषभ शर्मा ने स्वर्गीय दीपक कुल्लवी को याद करते हुए एक सुंदर भजन की प्रस्तुति भी की, जिसकी सभी ने कंठ मुक्त से तारीफ की। कार्यक्रम के दौरान नीरज गोस्वामी, रेनू शर्मा, विभा शर्मा, आराध्य शर्मा, मंजू शर्मा, व्यास संस्कृत विद्यालय की अध्यापिकाए, विद्यार्थी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की शोभा को बढ़ाया। ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष अजय शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए ऑथर्स गिल्ड संस्था की भविष्य की योजनाओं के बारे में उपस्थित साहित्यकारों, लेखकों एवं प्रबुद्ध जनों को बताया कि ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल (पंजीकृत) संस्था के बैनर के अंतर्गत एक बड़ा कार्यक्रम, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर-प्रदेश, दिल्ली,जम्मू-कश्मीर एवं राजस्थान राज्यों के साथ-साथ देश के अन्य प्रमुख राज्यों के साहित्यकारों, लेखकों, कवियों एवं कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। अंत में अटल सदन के भोजनालय में सभी के लिए कुल्लवी धाम परोसी गई। अंततः ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ हिमाचल (पंजीकृत) संस्था का 17वां राज्य स्तरीय वार्षिक साहित्यिक अधिवेशन एवं काव्य गोष्ठी बहुत ही श्रद्धा पूर्वक उल्लास पूर्वक एवं गरिमामय तरीके से संपन्न हुई।