निजी स्कूलों को राहत....... 24 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

निजी स्कूलों को राहत.......  24 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

निजी स्कूलों को राहत.......

24 दिसंबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

गो सेवक पर एफआईआर, शिवधाम निर्माण जायजा, ओमिक्राॅन पर निर्देश, निजी ऑपरेटर्स की बल्ले-बल्ले, छुट्टियों का शैडयूल, इन्वेस्टर मीट की सच्चाई, 11000 दीप प्रज्वलित, हादसे मे दो की जान, तीन से स्मैक बरामद, आरोपी SHO को जमानत और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) हिमाचल प्रदेश के मनाली की रहने वाली आंचल ठाकुर ने यूरोपीय देश मोंटेनेग्रो में हुई अंतर्राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक।

स्थानीय (सिरमौर)

1- गो सेवक सचिन ओबराॅय सहित चार के खिलाफ एफआईआर।

हिमाचल प्रदेश में गौ सरंक्षण के लिए धरना-प्रदर्शन कर गो सेवा की लोगों में अलख जगाने वाले गौ भक्त सचिन ओबरॉय सहित चार के खिलाफ पांवटा साहिब में एफ़आईआर दर्ज की गई है। शायद प्रदेश मे यह पहला मामला होगा जहां गोवंश के मुद्दे पर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार मे ऐसी एफआईआर दर्ज हुई हो। नगर परिषद पांवटा के कार्यकारी अधिकारी आरएस बेदी की शिकायत पर सचिन ओबरॉय, अनिंद्र सिंह नॉटी, अश्वनी शर्मा और अजय संसरवाल के खिलाफ यह मामला दर्ज हूआ है। हालांकि मामला काफी पहले दर्ज हुआ था लेकिन इन चारों को भी इसकी जानकारी हाल ही में तब मिली जब अदालत मे चार्जशीट दाखिल हुई। 
पुलिस मे 22 अक्तूबर को दर्ज शिकायत में रणजीत सिंह वेदी निवासी बैंक कलोनी वार्ड न. 13 पांवटा साहिब जिला सिरमौर (कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका पांवटा साहिब) ने नगर पालिका परिषद पांवटा साहिब के रामलीला मैदान पर अवैध रूप कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि 16 अक्तूबर को सचिन ओबराय ने नगर पालिका के रामलीला मैदान का गौसंरक्षण की अपनी मुहिम के तहत शांतिपूर्वक प्रर्दशन गौ प्रदर्शन व विश्व शांति हेतू हवन पूजन यज्ञ करने की अनुमति ली गई थी। जिसमें केवल नियमानुसार शान्ति पूजन तथा हवन के लिये रामलीला मैदान को उपयोग करने की अनुमति प्रदान की थी। लेकिन सचिन ओबराय द्वारा जारी अनुमति की अवहेलना करते हुये सोशल मीडिया में दिनांक 18 अक्टूबर को पोस्ट डालते हुए लिखा कि वह दिनांक 19 अक्टूबर से इस मैदान का अनिश्चितकाल भूख हडताल का उपयोग करने जा रहे हैं, जिसे नगर पालिका

द्वारा गम्भीरता से लिया गया व तत्काल प्रभाव 18.10.2021 को जारी अनुमति को रद्द कर दिया गया। लेकिन अनुमति रद्ध होने के बावजूद उनके द्वारा नगर पालिका के रामलीला मैदान को प्रधान व्यापार मण्डल अनिंद्र सिंह नॉटी तथा कुछ अन्य लोगों एंव कुछ गौमाता सहित मैदान के गेट का ताला तोड पर जबरदस्ती अवैध कब्जा कर लिया गया। जब उन्हें पुलिस कर्मियों द्वारा रोका गया तो उनके रोकने के बावजूद मैदान पर कब्जा कर लिया गया, जबकि नगर पालिका द्वारा उक्त मैदान की साफ सफाई तथा मैदान को समतल करने का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। लेकिन अवैध रूप से मैदान को अस्थाई तौर पर गौमाता सहित कब्जा किये जाने से नगर पालिका मैदान की उचित सफाई करवाने में असहज महसूस कर रही थी और सरकारी कार्य करने में बाधा उत्पन्न हो गई है। शिकायत में कहा गया है कि इसी निरन्तरता में व्यापार मण्डल के प्रधान अनिंद्र सिंह नौटी द्वारा 22.10.2021 को प्रातः ही नगर पालिका के रामलीला मैदान के मुख्य गेट का ताला तोड़ कर जबरदस्ती अपने वाहन को मुख्य गेट के बीच में लगा का अतिक्रमाण कर दिया। जिससे मैदान में आवागमन पूरी से बन्द हो गया।
उधर, सचिन ओबराॅय ने इस बारे में कहा कि गो माता के हक के लिए भी प्रदेश मे आवाज उठाना जुर्म है तो यह बड़ा खेदजनक है। 

2- जनता की आंखो में धूल झोंक मनाया जा रहा नदी उत्सव: चौहान

जिला सिरमौर के मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने प्रशासन और सरकार के नदी उत्सव को जनता की आंखो में धूल झोंकना करार दिया है। पांवटा साहिब मे जारी प्रेस बयान में प्रदीप चौहान ने कहा कि पांवटा साहिब में प्रशासन यमुना नदी उत्सव मना रहा है, जिसमे भाजपा नेता शामिल होकर बड़ी बड़ी बातें कर रहे है। जो कि एक दिखावा मात्र है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में शहर का गंदा पानी सरेआम जा रहा है, उसे रोकने के तो प्रबंध नही किए जा रहे और आज यह उत्सव प्रशासन जनता की आंखों में धूल झोंकते हुए मनाया जा रही है। यानि पहले नदियों को गंदा करने की खुली छूट दो और फिर इस तरह के ढकोसले करो। यह भाजपा सरकार और प्रशासन का दोहरा चरित्र प्रदर्शित कर रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी कल नदी की महत्ता बताते हुए कई बातें कर गये जो सिर्फ हवा हवाई सिद्ध हो रही है। गिरि नदी में कई बड़े ट्राले गिरी नदी के रास्ते चल रहे है जिसकी आवाज वह

लगातार उठाते आ रहे है। प्रदीप चौहान ने कहा कि कई मर्तबा इस विषय को लेकर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, कई ज्ञापन भी दिए परंतु आज तक कोई कार्यवाही नही हुई है। बल्कि पहले की तरह अब भी प्रशासन चैन की नींद में सोता है। आज यह यमुना नदी उत्सव सिर्फ एक दिखावा है, जिसे जनता जानती हैं। प्रदीप चौहान ने ऐसे उत्सव न मनाने की सलाह प्रशासन को दी है और कहा है कि या तो प्रशासन कोई कड़ी कार्यवाही इस संदर्भ में करे या फिर ऐसे आयोजन न किये जायें।

3- नदी उत्सव- पांवटा साहिब में निकाली गई रैली, उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज सुबह मनभावन यमुना, पावन यमुना कार्यक्रम के अंतर्गत निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली उपमंडलाधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब से पांवटा बाज़ार होते हुए वाई प्वाइंट तथा वापिस यमुना घाट पहुंची। उपायुक्त के नेतृत्व में इस रैली में एनएसएस, एनसीसी व स्कूल तथा कॉलेज के विद्यार्थियों व अध्यापकों तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों सहित अधिकारी व कर्मचारियों तथा नगर परिषद के सफ़ाई कर्मचारियों ने भाग लिया। बच्चों ने इस रैली के दौरान "बिना नदी जीवन बदहाली, नदी से आती है हरियाली ‘अपने अंदर जोश भरो, यमुना को अब साफ करो’ अब हमने यह ठाना है, यमुना को बचाना है” जैसे विभिन्न नारों के साथ स्थानीय लोगों को जागरूक किया तथा सभी को इस अभियान में भाग लेने को प्रेरित किया। उपायुक्त के नेतृत्व में रैली में भाग ले रहे लोगों द्वारा यमुना घाट पर पहुंच कर साफ़ सफ़ाई की गई है। उपायुक्त ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि पांवटा साहिब में दो दिवसीय नदी उत्सव मनाया गया जिसके अंतर्गत आज पांवटा साहिब में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस के उपरांत यमुना घाट पर साफ़ सफ़ाई की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि यमुना किनारे लगने वाली

सभी पंचायतों में आज साफ़ सफ़ाई की जा रही है। इसके साथ ही जिला से सभी स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, ताकि सभी को नदी बचाओ अभियान के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य में नदी किनारे कूड़ा नहीं फेंका जाए, यह केवल डंपिंग यार्ड या चिन्हित क्षेत्रों में डाला जाए, जहाँ इसकी प्रोसेसिंग हो सके। नदी में पूजा सामग्री प्रवाहित करने के लिए क्षेत्र चिन्हित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नदियाँ जीवनदायिनी है, नदियों के किनारे मानव सभ्यता का जन्म हुआ है और मानव सभ्यता नदियों के आसपास फली-फूली और विकसित हुई है। इसलिए भी नदियों का संरक्षण अति आवश्यक है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उप अध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया व नगरपालिका के पार्षद, उप मंडल अधिकरी विवेक महाजन, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अरशद अहमद, उप तहसीलदार एवं कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद आर.एस. बेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

4- पांवटा में सडकों, पुलों तथा भवनों के निर्माण पर व्यय होगे 25 करोड़: सुखराम 

पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में चालू वित वर्ष के दौरान सडकों, पुलों तथा भवनों के निर्माण पर 25 करोड रूपये की राशि व्यय की जा रही है। जिसके अर्न्तगत 15 करोड़ सडकों जबकि 10 करोड रूपये की राशि भवनों के निर्माण पर व्यय की जा रही है। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने आज राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिपलीवाला के 26 लाख रूप्ये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन के लोकार्पण करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि गिरी नदी पर मानपुर देवडा में 20 करोड जबकि बाता नदी पर किशनपुरा में भी 20 करोड रूपये की लागत से दो पुलों को निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नाबार्ड के तहत पांवटा विधानसभा क्षेत्र की 5 सडकों के निर्माण के लिए 32 करोड तथा पुलों के निर्माण के लिए 32 करोड की डीपीआर स्वीकृतिक के लिए भेजी गई है। इसके अतिरिक्त पांवटा-डाकपत्थर सडक के विस्तारीकरण के लिए 27 करोड जबकि बांगरण में नए पुल के निर्माण के लिए 47 करोड की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इसके उपरांत ऊर्जा मंत्री ने किरतपुर में 45 लाख रूपये की लागत से जल जीवन मिशन के

अन्तर्गत निर्मित हाने वाली पेयजन योजना का शिलान्यास करते हुए बताया कि इस पेयजल योजनाा से 1500 से अधिक आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जल शक्ति मण्डल पांवटा की 50 ग्राम पंचायतों के 119 गांवों की 168 बस्तियों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 29 योजनाएं बनाई गई है जिस पर 43 करोड रूपये की राशि व्यय की जा रही है जिससे 30 हजार घरों को पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। उनहोने बताया कि अभी तक इस योजना के तहत 27 हजार से अधिक घरों के नल से जल उपलब्ध  करवा दिया गया है। जबकि शेष घरों को शीघ्र पेयजल उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष बीडीसी हितेन्द्र कुमार, जिला भाजपा उपाध्यक्ष अनील सैनी, प्रधानाचार्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिपलीवाला मुरलधर, प्रधान ग्राम पंचायत पिपलीवाला मोहम्मद सफी के अतिरिक्त विभिन्न विभागो के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

5- यंग वार्ता न्यूज़ ग्रुप ने नवाजे 30 संस्थानों सहित 125 कर्मवीर।

यंगवार्ता मीडिया समूह ने हिमाचल प्रदेश के 30 संस्थानों सहित 100 से अधिक लोगों को आज पांवटा साहिब के गुरु गोविंद सिंह डिग्री कॉलेज में डॉ. वाईएस परमार राष्ट्र निर्माण सम्मान से नवाजा। इस पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथी शिरकत कर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने चयनित लोगों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, इंजीनियर, डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मचारी, कृषक, बागवान, उद्योगपति, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस प्रशासनिक अधिकारी के अलावा अन्य क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालो को इस सम्मान से नवाजा गया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि डॉ यशवन्त सिंह परमार प्रदेश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के साथ-साथ विश्व को नई दिशा दे रहे हैै। किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति से अन्य लोगों को प्रेरणा मिलती है जो राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता भारतीय लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो राष्ट्र

निर्माण में सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोगों के विचारों को प्रभावित करने या परिवर्तित करने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी भूमिका के अंतर्गत न केवल राष्ट्र के समक्ष उपस्थित समस्याओं का समाधान खोजना शामिल है, बल्कि लोगों को शिक्षित तथा सूचित भी करना है ताकि लोगों में समालोचनात्मक जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके। ऊर्जा मंत्री ने यंगवार्ता मीडिया ग्रुप के प्रयासो की सराहना की। हिमाचल निर्माता के नाम पर यंगवार्ता मीडिया ग्रुप द्वारा इस पुरस्कार का शुभारंभ किया गया। यंगवार्ता मीडिया ग्रुप के मुख्य संपादक डाॅ रमेश पहाडिया ने मुख्यअतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य नागरिक आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, प्रिंसीपल राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब वीना राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

6- नदी उत्सव- यमुना घाट में 11000 दीप प्रज्वलित कर की गई आरती।

आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित नदी उत्सव के अवसर पर आज सायं पांवटा साहिब के यमुना घाट पर 11000 दीप प्रज्वलित कर मां यमुना आरती की गई। इस आरती के दौरान बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश सुख राम चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नदी उत्सव पर इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य नदी को स्वच्छ रखना तथा इनका संरक्षण करना है ताकि हमारी नदियां साफ़ स्वच्छ और सुंदर रहे।

इस अवसर पर उप मंडल अधिकरी विवेक महाजन, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अरशद अहमद, नायब तहसीलदार एवं कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद आर.एस. बेदी नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उप अध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया व नगरपालिका के पार्षद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 

7- नदी किनारे स्थापित हो मां यमुना की मूर्ति: मंदिर समीति 

राधा-कृष्ण हनुमान और यमुना मंदिर समीति पांवटा साहिब ने सरकार और प्रशासन से यमुनाघाट पर नदी किनारे मां यमुना की मूर्ति स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। समीति का कहना है कि यदि यहां मूर्ति स्थापित होती है तो बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी मां यमुना की महत्ता को जानेंगे। दरअसल, पांवटा साहिब मे दो दिवसीय नदी उत्सव का आयोजन हुआ। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसी के तहत देसरे दिन आज शाम को यमुनाघाट पर 11 हजार दीपोत्सव के साथ आरती हुई। जिसमे बतौर मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने शिरकत की। दिन मे यमुना नदी के आसपास स्कूली बच्चों ने सफाई अभियान भी चलाया। समीति प्रधान शांति

स्वरूप गुप्ता ने कहा कि यदि स्नानघाट के पास नदी किनारे मां यमुना की मूर्ति स्थापित होती है तो घाट की भी शोभा बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने हर साल होने वाले हादसे रोकने के लिए नदी किनारे स्नानघाट पर फेंसिंग लगाने आदि की भी सरकार से मांग की है। इसके साथ ही यमुना पथ पर सार्वजनिक शौचालय बनाने की भी मांग समीति द्वारा की गई है।

8- राजगढ़- कोरोना महामारी के दौरान अनाथ या अर्ध अनाथ हुए बच्चों के लिए विशेष शिविर।

जिला बाल सरंक्षण कार्यालय सिरमौर द्वारा ग्राम पंचायत कोठिया जाजर, राजगढ़ मे एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।  इस शिविर का मुख्य उद्देश्य  माननीय सर्वोच्च न्यायलय द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना मे एक अप्रैल 2020 से लेकर अब तक कोविड 19 या किसी भी अन्य वजह से अनाथ या अर्ध अनाथ हुए बच्चों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक तथा अन्य जानकारी प्राप्त कर उनकी जानकारी निदेशालय, महिला एवं बाल विकास विभाग (हि. प्र.) तक पहुँचाना है ताकि ऐसे बच्चों को  सरकार द्वारा वर्तमान मे दी जा रही योजनाओ का लाभ दिया जा सके तथा साथ ही ऐसे बच्चों की जानकारी जुटाना था जिनकी शिक्षा मे इन कारणों से बाधा आ रही हो। इस शिविर मे कुल 21 बच्चे जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किये गए जिनमे से 6 बच्चे ऐसे थे जो कि कोरोना माहमारी के कारण अर्ध अनाथ हो गए है तथा शेष बच्चे अन्य कारणों से अर्ध अनाथ हुए है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार इन  बच्चों को जिला बाल सरंक्षण कार्यालय के अधिकारियों द्वारा जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहाँ पर समिति के सदस्यों द्वारा इन बच्चों के दस्तावेजो की छानबीन की गयी तथा बच्चों व उनके अभिभावकों से भी उनकी वर्तमान स्थिति बारे जानकारी प्राप्त की तथा वांछित जानकारी को आगामी कार्यवाही के लिए अपने रिकॉर्ड मे शामिल किया। जिला बाल सरंक्षण कार्यालय से बाल

सरंक्षण अधिकारी सोहन पुण्डीर, लीगल कम प्रोबेशन ऑफिसर मोहम्मद शमीम, समाजिक कार्यकर्ता कुलदीप कुमार तथा आउटरिच वर्कर आईशा ने बच्चों से सम्बन्धित कानूनों तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की  जानकारी प्रदान की। इस शिविर मे जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अभयकांत अग्रवाल तथा सदस्य नसीम दीदान, रजनी शर्मा तथा अमित शर्मा व कनिष्क कार्यालय सहायक परमीत भी शामिल रहे। पर्यवेक्षक सतिंदर कौर (राजगढ़ -1)ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओ के बारे जानकारी प्रदान की। इस शिविर मे पर्यवेक्षक प्रोमिला शर्मा (रेडी गुसाण) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व बच्चों के साथ उनके अभिभावको ने भाग लिया।

9- जैव विविधता और सतत विकास पर राष्ट्रीय संगोष्ठी।

पांवटा साहिब के श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा "जैव विविधता और सतत विकास" विषय पर 28 और 29 दिसंबर को दो दिवसीय एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। काॅलेज प्राचार्या डाॅ वीना राठौर ने बताया कि संगोष्ठी जैव प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार (स्टार कॉलेज योजना के तहत) द्वारा प्रायोजित है। यह संगोष्ठी मानव जीवन की बेहतरी के लिए ज्ञान, अनुभव और अनुसंधान के आदान-प्रदान के लिए शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों को एक सामान्य राष्ट्रीय मंच पर लाएगी। इस संगोष्ठी का उद्देश्य अनुसंधान, विकास, अनुप्रयोग के पूर्ण स्पेक्ट्रम में लगे प्रतिनिधियों के लिए एक अंतःविषय मंच प्रदान करना और वर्तमान स्थिति और हाल के विकास पर चर्चा करना है। इस आयोजन का उद्देश्य देश और दुनिया भर में किए गए सतत विकास अनुसंधान, परियोजनाओं और कार्यक्रमों को प्रस्तुत करना और प्रदर्शित करना है। संगोष्ठी शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए अपने संबंधित निष्कर्षों को व्यापक पर्यावरण के इच्छुक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का एक अवसर प्रदान करेगी; यह आयोजन देश में विभिन्न सरकारी इकाइयों के स्थानीय नीति निर्माताओं के लिए एक सीखने के मैदान के रूप में भी काम कर सकता है। प्रतिनिधियों को अपना काम प्रस्तुत करने के लिए दो श्रेणियां में विभाजित किया गया है; मौखिक और पोस्टर प्रस्तुति। इसमें मौखिक और पोस्टर प्रस्तुतियों के लिए लगभग 50 से अधिक प्रतिभागी संभावित है। महामारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन प्रस्तुति का भी प्रावधान है। संगोष्ठी में विभिन्न संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सरकारी निकायों के प्रख्यात वक्ताओं द्वारा विभिन्न वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें डॉ अजय ठाकुर, (वैज्ञानिक ई, वन आनुवंशिकी और वृक्ष सुधार, एफआरआई देहरादून), डॉ अनूप चंद्र (वैज्ञानिक एफ, प्रभारी व्यवस्थित वनस्पति विज्ञान, एफआरआई देहरादून), डॉ योगेश कुमार रावल (अध्यक्ष, प्राणिविज्ञान विभाग, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़),  चरण जीत सिंह (वैज्ञानिक डी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार), डॉ आलोक गोयल (वैज्ञानिक, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, एसएएस नगर, मोहाली), डॉ डीपी उनियाल (संयुक्त निदेशक, उत्तराखंड राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद, झाजरा, देहरादून) और डॉ. सुभाष चंद्र गुप्ता (सेवानिवृत्त प्राचार्या कॉलेज कैडर) शामिल हैं।

10- सरकार ने निजी बस ऑपरेटर्स को दी बड़ी राहत। 

प्रदेश सरकार निजी बस ऑपरेटर्स पर मेहरबान हो गई है। सरकार ने बस ऑपरेटर्स का एक वर्ष सात माह का एसआरटी और टोकन टैक्स माफ कर दिया है। इससे निजी बस ऑपरेटर्स को बड़ी राहत मिली है। सिरमौर निजी बस ऑपरेटर सोसाइटी के प्रधान मामराज शर्मा मामू ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बाकायदा पत्रकार वार्ता कर इस निर्णय की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह समझते हैं कि कोविड काल मे निजी बस ऑपरेटर्स पर बड़ी आर्थिक मार पड़ी है। और इस मार से उबरने के लिए ऑपरेटर्स एसआरटी और टोकन टैक्स माफ करने की मांग

कर रहे थे। सरकार ने निर्णय लिया है कि पहली अप्रैल 2020 से 30 नवम्बर 2021 तक का उक्त टैक्स माफ कर ऑपरेटर्स को राहत दी है। गोर हो कि प्रदेश मे करीब 3600 निजी बसें संचालन में है जो कोविड काल से नुकसान पर चल रही है। सरकार के इस निर्णय से ऑपरेटर्स को औसतन एक बस का दो लाख 28 हजार रूपये टैक्स माफ हुआ है जो ऑपरेटर्स को बड़ी राहत दे गया है। सिरमौर निजी बस ऑपरेटर सोसाइटी के प्रधान मामराज शर्मा मामू ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया है।

क्राईम/एक्सीडेंट 

1- हादसा- अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, दो की मौत एक घायल।

पांवटा साहिब-नाहन एनएच पर धौलाकुआं के पास एक सड़क दुर्घटना मे दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक्सीडेंट एक ओवरस्पीड टाटा 407 ट्रक के अनियंत्रित होने के कारण हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक में कुल तीन लोग सवार थे। जिनमें दो लोग लिफ्ट लेकर ट्रक में बैठे थे। लेकिन धौलाकुआं के पास ओवरस्पीड होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो लोगों को ग्रामीणों की मदद से अचेत हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। जहां जांच के पश्चात चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान प्रेम पुत्र मोहन सिंह निवासी कोलर पांवटा साहिब के तौर पर की गई है। जबकि संजय पुत्र खजान सिंह निवासी कोलर पांवटा साहिब उपचाराधीन। फिलहाल ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई। वहीं माजरा पुलिस थाना से टीम मौके पर जांच में जुट गई है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। डीएसपी बीर बहादुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

2- नाहन मे तीन लोगों से 10.71 ग्राम चिट्टा बरामद।

जिला सिरमौर पुलिस ने नाहन मे दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों से 10.71 ग्राम स्मैक बरामद करने मे सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले मे आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले मे पुलिस चौकी गुन्नूघाट नाहन की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बिजली दफ्तर, नया बाजार नाहन के समीप नाहन व रामाधौन निवासी दो युवकों के

कब्जे से 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद करने में सफलता प्राप्त की। जिस पर उपरोक्त आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना सदर नाहन में नारकोटिक्स ड्रग्स, साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम (NDPS Act)  के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को 03 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। वहीं, दूसरे मामले में SIU नाहन की पुलिस टीम गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर ITI नाहन के समीप एक 28 वर्षीय

स्थानीय युवक के कब्जे से 4.71 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। जिस पर उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना सदर नाहन में नारकोटिक्स ड्रग्स, साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS)  अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर मामले मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। एसपी सिरमौर ओमापति जम्वाल ने मामले की पुष्टि की है। 

(हिमाचल)

1- मुख्यमंत्री ने की मंडी में शिवधाम के निर्माण कार्यों की समीक्षा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी के निकट कंगनीधार में प्रस्तावित शिवधाम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रगति कार्य की समीक्षा की। इस परियोजना का प्रथम चरण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना का कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए ताकि इस परियोजना की लागत में वृद्धि से बचा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा नई राहें नई मंजिलें योजना के अन्तर्गत क्रियान्वित की जा रही है। जय राम ठाकुर ने कहा कि यह

परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रदेश में आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। इसमें 12 ज्योर्तिलिंगों की प्रतिकृतियां स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले साल जुलाई के अन्त तक इस परियोजना के पूर्ण होने का अनुमान है। मंडी के उपायुक्त अरिंदम चैधरी और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अन्य अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे।

2- ओमिक्राॅन समीक्षा बैठक- मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को दिए कड़े निर्देश।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां प्रदेश के विभिन्न उपायुक्तों के साथ राज्य में कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्राॅन से निपटने की तैयारियों की वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को अपने संबंधित जिलों में कोविड-19 से संबंधित उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए साल को मनाने के लिए देश के विभिन्न भागों से प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसलिए पर्यटकों द्वारा कोविड अनुरूप व्यवहार की अनुपालना सुनिश्चित की जानी चाहिए। जय राम ठाकुर ने पर्यटकों की अधिक संख्या वाले जिलों के उपायुक्तों को कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने टेस्टिंग बढ़ाने और जिन क्षेत्रों में कोरोना के मामले सामने आए हैं वहां माइक्रोकंटेमेंट जोन बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपायुक्तों को अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए टीकाकरण शिविर आयोजित करने के लिए कहा ताकि इस संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने पी.एस.ए. संयंत्रों के संचालन और अस्पतालों में मरीजों के लिए समुचित व्यवस्था के साथ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विदेशों से आने वाले लोगों की कड़ी निगरानी पर भी बल दिया और यदि कोई व्यक्ति कोविड पाॅजिटिव आता है तो ऐसे व्यक्तियों की कान्टेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष बल देने को कहा। उन्होंने कहा कि

लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश के लोगों को कोविड के नए वेरिएंट से सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। इस अवसर पर मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव व्यक्त किए। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक हेमराज बेरवा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

3- निजी परिवहन ऑपरेटर्स को बड़ी राहत, 91 करोड़ का टैक्स माफ।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को निजी परिवहन ऑपरेटरों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने ऑपरेटर्स का 91.12 करोड़ का टैक्स माफ करने की घोषणा की है। सरकार ने निजी बसों, टैक्सी-मैक्सी, शैक्षणिक संस्थानों की बसों, ऑटो, कांट्रेक्ट कैरिज बसों के संचालकों का एक अप्रैल 2020 से 31 नवंबर 2021 तक तीन तरह का टैक्स सौ फीसदी माफ कर दिया है। 27 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी की मंडी रैली से पहले मुख्यमंत्री ने

यह बड़ा एलान किया है। सूबे के करीब पचास हजार के करीब ऑपरेटर लाभान्वित होंगे। सरकार ने निजी ऑपरेटरों के टोकन टैक्स के 21 करोड़, स्पेशल रोड टैक्स के 35.13 करोड़ और यात्री कर के 36. 67 करोड़ रुपये माफ कर बड़ी राहत दी है। सर्किट हाउस मंडी में शुक्रवार को निजी ऑपरेटरों के साथ बैठक के बाद सीएम ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि अब तक 164 करोड़ की ट्रांसपोर्ट सेक्टर को राहत दी गई है। इससे पहले 62 करोड़ रुपये की टैक्स में छूट दी थी। इसमें टोकन टैक्स 24.84 करोड़ और विशेष पथकर 37.16 करोड़ की आर्थिक राहत शामिल है। इसके अलावा निजी बस ऑपरेटरों को कार्यशील पूंजी प्रदान करने के लिए 11 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राहत प्रदान की जा रही है। हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर्स युनियन ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया है।

4- आरोपी SHO को 31 तक मिली अंतरिम अग्रिम जमानत।

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हमीरपुर जिले में नादौन थाना के एसएचओ नीरज राणा को 31 दिसंबर तक अंतरिम अग्रिम जमानत दी है। एसएचओ पर रिश्वत लेने, विजिलेंस टीम को जान से मारने की कोशिश करने और गाड़ी में चरस रखने का आरोप है। प्रदेश उच्च न्यायालय में नीरज ने अधिवक्ता के जरिये जमानत की अर्जी दी थी। इसमें दलील दी गई है कि उस पर लगे आरोप गलत हैं। प्रार्थी की ओर से दायर तीन जमानत याचिकाओं पर प्रारंभिक सुनवाई के बाद न्यायाधीश सीबी बारोवालिया ने अंतरिम अग्रिम जमानत दी। प्रार्थी के खिलाफ आरोप है कि वह मवेशियों को पठानकोट ले जाने वाली गाड़ी के परमिट देने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत लेने पहुंचा था। रिश्वत लेने के बाद विजिलेंस टीम को राणा ने अपनी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया और फरार हो गया। बाद में बरामद नीरज की गाड़ी से चिट्टा भी मिला है। आरोपी नीरज राणा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली का रहने वाला है। साल 2010 में वह बतौर सब इंस्पेक्टर भर्ती हुआ था। उसका प्रोबेशन ट्रेनिंग पीरियड भी हमीरपुर और नादौन थाने में ही कटा है। बाद में वह विजिलेंस विभाग शिमला में तैनात रहा। यहां से कांगड़ा जिले के जवाली में बतौर थाना प्रभारी बनाया गया। साल 2020 में नीरज राणा को नादौन थाने का प्रभारी तैनात किया गया था।

5- कुल्लू- छुट्टियों के शैड्यूल मे विभाग ने किया बदलाव।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सरकारी और स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों में 3 से 19 जनवरी तक सर्दियों की छुट्टियां रहेंगी। प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूलों की छुट्टियों में बदलाव के बाद शुक्रवार को कुल्लू जिला के शेड्यूल में भी बदलाव कर दिया गया है। 17 दिन की इन छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई को जारी रखने के लिए व्हाट्सएप से शिक्षण सामग्री देने का कार्य जारी रहेगा। हर घर पाठशाला अभियान के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई करवाई जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को जिला उपनिदेशक कुल्लू को छुट्टियों के शेड्यूल में किए गए बदलाव के संदर्भ में पत्र

जारी कर दिया है। पुराने शेड्यूल के तहत कुल्लू जिला के स्कूलों में 26 दिसंबर से 11 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश रहता था। अब शिक्षा निदेशालय ने इस शेड्यूल को बदलकर 3 जनवरी से 19 जनवरी तक कर दिया है। बीते दिनों निदेशालय की ओर से ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 3 से 8 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की गई है, जबकि इन स्कूलों में पुराने शेड्यूल में 26 से 31 दिसंबर तक छुट्टियां रहती थी।

6- इन्वेस्टर मीट से कितना निवेश, जनता को बताएं सीएम: चौहान

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता को बताएं कि इन्वेस्टर मीट से कितना निवेश आया है और कितने युवाओं को नौकरी मिली है। शिमला मे आयोजित पत्रकार वार्ता में चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल घोषणाओं तक समिति है। सरकार ने वर्ष 2019 में धर्मशाला के अंतर्गत एक इन्वैस्टर मीट का आयोजन किया। इस दौरान दावा किया गया कि 96000 करोड़ के 700 एमओयू किए गए हैं। इससे आने वाले समय में 1 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। उसके बाद 2020 में सरकार ने ग्राऊंड ब्रेकिंग का आयोजन किया। उसमें दावा किया गया कि 13700 करोड़ रुपए का निवेश आया है। इसी कड़ी में अब 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर 27000 करोड़ रुपए की दूसरी ग्राऊंड ब्रेकिंग की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार एक के बाद एक ग्राऊंड ब्रेकिंग कर रही है लेकिन यह जनता को नहीं बता रही है कि कितना निवेश आया, किस-किस ने कहां-कहां उद्योग लगाए तथा कितने बैरोजगार युवाओं को रोजगार मिला। नरेश चौहान ने कहा कि सरकार इन्वैस्टर मीट के साथ ही ग्राऊंड ब्रेकिंग को लेकर श्वेत पत्र जारी करे ताकि सच्चाई सामने आ सके। इसके साथ ही सरकार बताए कि चुनाव के समय जारी किए गए दृष्टिपत्र में से

कितने वायदे 4 साल में पूरे किए गए हैं। चौहान ने कहा कि यदि सरकार ने जनता से किए वायदे पूरे किए हैं तो उसके बारे में पूरे तथ्य जनता के समक्ष क्यों नहीं रखे जा रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई और बेरोजगारी से निपटने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। जयराम सरकार के पास 4 साल की ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसके नाम पर वह जनता के बीच जा सके। उपचुनाव के परिणामों से साफ है कि वर्तमान सरकार जनता का समर्थन खो चुकी है। नरेश चौहान ने कहा कि सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री भी शिरकत करने आ रहे हैं। उनका हिमाचल में कांग्रेस भी स्वागत करती है। वह हिमाचल को अपना दूसरा घर बताते हैं। उनकी भावनाओं की हम कद्र करते हैं लेकिन उन्हें प्रदेश की जनता को यह भी बताना चाहिए कि 4 साल में केंद्र ने हिमाचल को क्या-क्या सौगातें दीं।

7- मुख्यमंत्री ने की राज्यपाल से भेंट।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से राज

भवन में भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।

दोपहर दो बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-