दो राज्यों का बंधन खतरे में....... 05 नवम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

दो राज्यों का बंधन खतरे में.......  05 नवम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
पांवटा साहिब: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला यमुना नदी पर बना पुल, इस पुल की मरम्मत की मांग को लेकर पांवटा साहिब के विभिन्न सामाजिक संगठन लामबन्द हुए हैं।

दो राज्यों का बंधन खतरे में.......

05 नवम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

वैक्सीनेशन मे रिकाॅर्ड, आरती का सीधा प्रसारण, 400 करोड़ की सौगात, श्री शंकराचार्य की प्रतिमा, बेलगाम सरकार को लगाम, जीत तो जीत है, यंग लेखिका, संस्थाएं लामबन्द, शिलाई की मांग, क्राइम/एक्सीडेंट और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- दो राज्यों को जोड़ने वाला पुल खतरे में, सरकार लें सुध, 30 दिन का अल्टीमेटम।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा को जोड़ने वाले एकमात्र पुल की खस्ताहाल स्तिथि को देखते हुए पांवटा साहिब के गोविंदगढ़ पुल पर पांवटा की कई संस्थाओं द्वारा शांतिपूर्ण रोष जताया। संस्थाओं के पदाधिकारी यहां एकत्रित हुए और मीडिया के माध्यम से अपनी बात सरकार और नेशनल हाईवे प्राधिकरण तक पंहुचाई। इस दौरान संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कहा कि यमुना पुल की खस्ता हालत और इसके संभावित खतरों को लेकर आईआईटी रुड़की सहित अन्य एजेंसियों की रिपोर्ट्स के दस्तावेज जुटाए जाने पर पता चला है कि वर्ष 2018 में इस पुल की रिपेयर का काम शुरू होना चाहिए था। दो राज्यों की सीमाओं को जोड़ने वाला ये पुल ओवरलोडिंग कि वजह से कभी भी टूट सकता है जिससे लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता है और शहर कभी भी एक टापू में बदल सकता है। व्यापार मंडल प्रधान अनिन्द्र सिंह नौटी ने कहा कि बात यदि व्यापार की की जाए तो इसकी वजह से दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों का आना जाना बंद होने की वजह से पांवटा व्यापार पर बहुत असर पड़ेगा। नॉटी ने कहा कि हिमाचल और  उत्तराखंड की सरकार क्या सोंच अपनी बर्बादी का तमाशा बनने का इंतजार कर रही है। बावजूद यह पता होते हुए की यदि यह पुल टूट जाता है

तो इसके निर्माण में 7से 8 साल लग सकते हैं। पुल के आस-पास सुबह 4 बजे से नदी के किनारे अवैध खनन होना शुरू हो जाता है। क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा की यदि इस विषय पर 30 दिन के भीतर कोई कार्यवाही अम्ल में न लाई गई तो क्रमिक अनशन किया जाएगा। इस मौके पर अनेंदर सिंह नॉटी अध्यक्ष व्यापार मंडल पांवटा साहिब के साथ एमएस केंथ (सिरमौर उपभोक्ता संरक्षण समीति), एनडी सरीन (पेंशनर्स एसोसिएशन), टीसी गुप्ता (आरटीआई एक्टिविस्ट फोरम), रविंद्र खुराना (पार्षद), जगदीश चौधरी, एकांत गर्ग, मनिंदर मनी (क्लीन पांवटा ग्रीन पांवटा), रणजीत फौजी (पूर्व सैनिक), दिनेश शर्मा, श्यामलाल शर्मा (आंजभोज), चरणजीत जैलदार, गुरजीत नंबरदार, महबूब अली, इंद्रजीत, अज्जू, संदीप बत्रा, मोहन सैनी, विजय कुमार गोयल, सतवीर सैनी, गुरनाम गामा आदि मौजूद रहे।

2- Good News- शिलाई को मिलेगा बड़ा खेल मैदान: अनुराग

शिलाई क्षेत्र को जल्द एक बड़े खेल मैदान की सौगात मिल सकती है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के उभरते युवा नेता रजत सिंह तोमर ने केंद्रीय खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री अनुराग ठाकुर के समक्ष शिलाई मे खेल मैदान बनाने की मांग रखी है। वह हमीरपुर मे केंद्रीय मंत्री से मिलने पंहुचे थे। उनके साथ क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता उजागर सिंह तोमर भी साथ रहे। जानकारी के मुताबिक युवा नेता रजत सिंह तोमर ग्राम पंचायत से प्रस्ताव की काॅपी लेकर अनुराग ठाकुर से मिलने हमीरपुर गये। इस दौरान उन्होंने अनुराग ठाकुर से कहा कि वर्ष 2009 मे उन्होंने (अनुराग ठाकुर) शिलाई मे हिमालयन स्पोर्टस क्लब की

वार्षिक खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का निमंत्रण स्वीकार किया और प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि पंहुचे। उस समय क्लब के प्रधान उजागर सिंह तोमर थे। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने शिलाई मे इंडोर स्टेडियम की घोषणा भी की जिसके लिए करीब 18 लाख रूपये भी आया था। लेकिन जगह उपलब्ध न होने के कारण वह पैसा खर्च नही हो पाया। अब पंचायत की शामलात भूमि पर मैदान बनाने का पंचायत ने प्रस्ताव पास किया है। यह स्थान लोनिवि डिविजन कार्यालय के नीचे हैं जहां अच्छा खेल मैदान बन सकता है। अनुराग ठाकुर ने इस पर आश्वासन दिया कि वह दिल्ली जाकर इस पर आगामी कारवाई करेंगें और जल्द ही खेल मैदान के लिए धनराशि उपलब्ध करवायेंगे। 

3- खेलों का आयोजन देता हैं युवाओं को नई ऊर्जा: प्रदीप 

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के प्रवेश द्वार सतौन में नवयुवक मंडल पोका के द्वारा विंटर क्रिकेट टूर्नामेंट कि आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के शुभारम्भ पर बतौर मुख्य अतिथि भंगानी जोन कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौहान मौजूद रहे। अजय चौहान एवं मुकेश चौहान गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। इस मौके पर प्रदीप चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी खेलों का आयोजन करना काफी जरूरी हो गया है। खेलों के आयोजन से युवाओं को नई ऊर्जा

मिलती है। युवाओं को नशे से दूर रखने का ये ही एक उचित माध्यम है। उन्होंने नवयुवक मंडल को सहयोग स्वरूप अपनी ऐच्छिक निधि से 11000 रुपए की राशि प्रदान की। ये प्रतियोगिता 7 दिन तक चलेगी। इस प्रतियोगिता मे विजौमैता टीम को 31000 रुपए व ट्राफी प्रदान की जाएगी। क्लब के प्रधान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 28 टीम भाग ले रही हैं। इस मौके पर उनके साथ युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष पांवटा साहिब मोहब्बत अली, सुनील चौधरी, प्रधान गुलाब सिंह, उप प्रधान मनीष चौहान, अंकुश, विवेक, दीपक, महेंद्र, सुशील आदि गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

4- हिंदु जागरण मंच ने दी शहीद को श्रद्धांजलि।

हिंदू जागरण मंच जिला सिरमौर द्वारा दीपावली के मौके पर हाल ही में देश के लिए शहीद हुए भारतीय सेना के जवान ऋषि रंजन को शहीद स्मारक नाहन में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही भगवान श्री राम मंदिर व हनुमान मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के

अनेको कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिसमे के हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष युवा वाहिनी अरुण शर्मा तथा महामंत्री  विपिन चौहान, सचिव लक्की भारद्वाज, प्रचार प्रमुख प्रवेश तोमर, अंकित, राजेश, कबूल, राहुल, रणदीप, अमित, यश, प्रदीप, पवन, अनिल और अन्य  कार्यकर्ता मौजूद रहे।

5- पांवटा साहिब में कल इन 15 स्थानों पर होगा कॉविड -19 टीकाकरण।
 
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए  06 नवम्बर को 15 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 06 नवम्बर  को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ई.एस.आई. मालवा कोटन,

डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोलर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, उप स्वास्थ्य केंद्र  किल्लोड, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र सैनवाला, उप स्वास्थ्य केन्द्र धौलाकुंआ, उप स्वास्थ्य केंद्र  कोटड़ी ब्यास इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी  तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों  पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।


(हिमाचल)

1- वैक्सीनेशन की दूसरी डोज मे भी बनाना है रिकार्ड: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के टण्डन क्लब में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित टीकाकरण केन्द्र का दौरा कर कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाया। यह टीकाकरण केन्द्र जिला में टीकाकरण अभियान आरम्भ होने के समय से ही कार्य कर रहा हैै। इस केन्द्र ने 37 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण कर जिला कांगड़ा में वैक्सीन की अधिकतम खुराक देने की उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा में अब तक 19.39 लाख खुराकें लगाई गई हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया

कि वे कोरोना के विरूद्ध लड़ाई में ढील न बरतें और इस घातक संक्रमण के विरूद्ध एकजुट होकर सभी निर्धारित मापदण्डों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सामाजिक दूरी अपनाने और सार्वजनिक स्थलों में भीड़ भाड़ से बचने जैसे साधारण नियमों का पालन करना चाहिए तथा  बाहर जाते समय मास्क का प्रयोग करना और स्वच्छता को विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए। जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि नवम्बर माह के अन्त तक प्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य ने कोरोना टीकाकरण की पहली डोज में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है और प्रदेश दूसरी डोज में भी इस स्थान को कायम रखेगा। उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल और मलाणा जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्रों के निवासियों ने हवाई मार्ग द्वारा पहुॅचाई गई खुराक और अपनी देवी-दवताओं की अनुमति से वैक्सीनेशन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के इस कठिन दौर में भी राज्य के विकास और कल्याण के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई है। इसके पश्चात

मुख्यमंत्री कांगड़ा स्थित पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी.एस.बाली, जिनका हाल ही में निधन हुआ है, के आवास पर गए और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रदेश के लिए श्री बाली की सेवाओं को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका एक गतिशील व्यक्त्वि था और वे प्रमुख समाज सेवी थे, जिन्होंने न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र बल्कि प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा के निकट सोहारा स्थित विधायक पवन काजल के घर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भी की। इस दौरान उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, विधायक अरूण मेहरा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, स्थानीय नेता, कांगड़ा के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक भी मुख्यमंत्री के साथ रहे।   

2- मोदी सरकार देश की संस्कृति को बढ़ा रही आगे: अनुराग

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने विश्व भर में अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया है। भारत अपनी पहचान को दुनिया भर में बनाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कहा था कि वह उतराखंड में यह काम करना चाहते हैं। लेकिन भगवान शिव ने यह काम नरेंद्र मोदी के हाथों में ही लिखा था। आदि गुरु श्री शंकराचार्य की प्रतिमा को बनाना भी व अनावरण भी नरेंद्र मोदी के हाथों में ही लिखा था। लगभग 400 करोड़ के काम केदारनाथ में हुए हैं, जिससे एक बार फिर वहां जाने वाले श्रद्धालुओं को बहुत बड़ी सुविधा मिली है। शंकराचार्य की पहले से बड़ी प्रतिमा का अनावरण भी हुआ है और चार धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क का नेशनल हाइवे का हजारों करोड़ रुपये का काम चला है उससे उन्हें लाभ मिलेगा। मोदी सरकार ने केदारनाथ धाम में काम किया गया, राम मंदिर का निर्माण किया गया। कुशी नगर हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और सर्किट को जोड़ने का प्रयास

किया गया यह अपने आप में अभूतपूर्व है। श्री शंकराचार्य ने बहुत कम आयु में देश के कौने कौने में जाकर चारों धामोें की स्थापना की थी। जिस तरह से दस अखाड़ों का शुरूआत भी की और जो आज तक सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मोदी सरकार ने विश्व भर में अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का भी काम किया है। भारत अपनी पहचान को दुनिया भर में बनाने का काम कर रहा है। अमेरिका में भी दीपावली पर बिल लाने पर प्रयास चल रहे हैं। दीपावली पर छुट्टी हो और मनाया जाए। भारत की पहचान व सामर्थ दुनिया भर में बढ़ रहा है। आज मां ज्वालामुखी के मंदिर में हैं। इस मंदिर में न केवल प्रदेश बल्कि दुनिया भर के लोग आते हैं। इसके अलावा बज्रेश्वरी, चिंतपूर्णी, चामुंडा मंदिर मेंको भव्य रूप देकर इनका काया कल्प किया जा सकता है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और पर्यटन भी बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर केदारनाथ में आदि गुरु श्रीशंकराचार्य की

समाधि व प्रतिमा के अनावरण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से वर्चुअली ज्वालामुखी से जुड़े। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। साथ ही कांगड़ा चंबा के सांसद किशन कपूर, भाजपा प्रदेश प्रभारी अभिनाश राय खन्ना, मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक रमेश धवाला, पवन राणा, पूर्व विधायक रविंद्र रवि विशेष रूप से मौजूद रहे।

3- मुख्यमंत्री ने कांगड़ा शक्तिपीठों से आरती दर्शन के सीधे प्रसारण का किया शुभारम्भ।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला के तीन शक्तिपीठों श्री ज्वालाजी, श्री ब्रजेश्वरी और श्री चामुण्डा जी से आरती के सीधा प्रसारण का शुभारम्भ किया। इससे पूर्व उन्होंने मन्दिर में शीश नवाया और पूजा अर्चना की। उन्होंने ज्वालाजी न्यास परिसर में स्थापित संत आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा के दर्शन भी किए। जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि जिला कांगड़ा के तीन शक्तिपीठों से आरतियों के प्रतिदिन सीधे प्रसारण से श्रद्धालुओं और भक्तों को घर बैठे पूजा और आरती के माध्यम से माता के दर्शन करने और शीश नवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के श्री केदारनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में

आॅनलाईन भाग लिया। कांगड़ा के उपायुक्त डा. निपुण जिन्दल ने इन शक्तिपीठों से आरती दर्शन के सीधे प्रसारण के बारे जानकारी देते हुए कहा कि श्री ज्वालामुखी मन्दिर की आरती प्रतिदिन शीतकाल में सांय 8.30 से 9 बजे जबकि ग्रीष्मकाल में 9.30 बजे से 10 बजे, ब्रजेश्वरी मन्दिर की आरती शीतकाल में प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक, ग्रीष्मकाल में प्रातः 5 बजे से 6 बजे तथा शीतकाल और ग्रीष्मकाल में रात्रि 7 से 8 बजे प्रसारित की जाएगी। इसी प्रकार श्री चामुण्डा मन्दिर से आरती दर्शन का सीधा प्रसारण शीतकाल और ग्रीष्मकाल में प्रतिदिन प्रातः 8 से 8.30 बजे और शीतकाल में सांय 6.30 बजे से 7 बजे और ग्रीष्मकाल में सांय 8 बजे से 8.30 बजे तक होगा। इन आरतियों का प्रसारण एम.एच.1 चैनल द्वारा किया जाएगा।

4- डबल इंजन की बेलगाम सरकार को जनता ने लगाई लागम: राठौर 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की डबल इंजन की बेलगाम सरकार को जनता ने लागम लगाई है, जिसके परिणाम स्वरूप केंद्र सरकार को पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करनी पड़ी है। शिमला मे आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी वैट कम किया है जिससे बढ़ती तेल की कीमतों

में थोड़ी गिरावट आई है। लोगों को थोड़ी राहत मिली है लेकिन अभी कीमतें बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की बड़ी हार हुई है। डैमेज कंट्रोल के लिए केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने पेट्रोल डीजल पर टैक्स कम किया है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार महँगाई को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की है और आगे भी जनता के मुद्दे कांग्रेस उठाती रहेगी। उन्होंने यह जनता का करारा जवाब और कांग्रेस की घेराबंदी है कि सरकार को मजबूर होकर थोड़े ही सही पेट्रोल डीजल के दाम कम करने पड़े। 

5- एक वोट की जीत भी जीत ही होती है: प्रतिभा 

हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस की नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जीत तो जीत होती है। चाहे एक वोट की हो या दस की। राजधानी शिमला में प्रेस वार्ता में प्रतिभा सिंह ने कहा कि 2022 के चुनावों के लिए पार्टी हाईकमान तय करेगा कि प्रदेश में कांग्रेस का नेतृत्व कौन करेगा। उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि और कांग्रेस सरकारों के विकास कार्यों के चलते जीत मिली है। उपचुनाव की जीत से कांग्रेस में उत्साह है। पूरे देश में कांग्रेस की अब वापसी शुरू होगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी जिला के बल्ह में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों की उपजाऊ भूमि इसके दायरे में आ रही है।

सभी लोगों से बात कर इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करने का संसद में मामला उठाया जाएगा। संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को दूर करवाया जाएगा। पांगी और जलोड़ी जोत के लिए टनल निर्माण का प्रयास किया जाएगा। जिन 69 नेशनल हाईवे की भाजपा सिर्फ बातें करती रही। उसे केंद्र के समक्ष उठाया जाएगा। कुल्लू एयरपोर्ट के विस्तार की मांग उठाई जाएगी। उपचुनाव के परिणाम आने के बाद सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम किया है। लेकिन अबी भी गैस सिलिंडर और खाद्य तेलों के दाम में कमी नहीं हुई। केंद्र सरकार के सामने मामला उठाया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों में नौतोड़ की भूमि लोगों को दिलाई जाएगी। हाइड्रो प्रोजेक्टों के लिए लोगों को विश्वास में लेने के बाद ही निर्माण शुरू करने की केंद्र से मांग की जाएगी। फोरलेन विस्थापितों के मामले से सरकार को अवगत कराया जाएगा। पहाड़ी प्रदेश में कई काम होना अभी शेष हैं। पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हमारी मदद करेंगे। इस मौके पर शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।

6- दीवाली पर आगजनी की 50 घटनाएं, आठ करोड़ से अधिक संपत्ति का नुकसान।

वैसे तो दीवाली खुशियों का पर्व है लेकिन इस दौरान लापरवाही के कारण काफी नुकसान भी होता है। इस बार की दिवाली मे भी प्रदेश को काफी नुकसान हुआ है। दिवाली की रात प्रदेश भर में आतिशबाजी चलाने से आग लगने की 50 घटनाएं हुईं। इसमें करीब 8.37 करोड़ की संपत्ति को नुकसान हुआ है, जबकि करीब इतनी ही संपत्ति को दमकल विभाग ने राख होने से बचा भी लिया। अग्निशमन विभाग की ओर से जारी आग की घटनाओं की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश भर में तीन लोगों की जान को बचाया गया है। पूरे राज्य में 27 घर और 22 गोशालाएं जल गईं। जिलावार हुई आग की घटनाओं के मिले आंकड़ों के मुताबिक जिला सोलन में दो घर जल गए, जबकि आठ जंगलों में आग की से करीब साढ़े छह लाख का नुकसान हुआ

है। जिला शिमला में 10 घटनाओं में 2.76 लाख, सिरमौर में चार घटनाओं में तीन लाख, बिलासपुर में चार घटनाओं में 1.52 लाख, ऊना में छह घटनाओं में 12.66 लाख, हमीरपुर में तीन घटनाओं में 50 हजार, मंडी की तीन घटनाओं में 2.50 लाख का नुकसान हुआ। कुल्लू में दिवाली की रात को ऊझी घाटी के बशकोला गांव में दो मंजिला मकान जलने से करीब दो लाख, जिला चंबा में तीन आग की घटनाओं में 23 लाख का नुकसान हुआ है। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश भर में हुई 50 आग की घटनाओं में 8.37 करोड़ का नुकसान हुआ। इसके अलावा शिमला में एक और कांगड़ा में दो लोगों की जान को बचाया गया। वहीं, पांवटा साहिब मुख्य बाजार में आतिशबाजी फाइबर रुई गोदाम में गिरने से वहां खड़ी स्कूटी और फाइबर रुई के गट्टे जल गए। दीपावली की आतिशबाजी के दौरान पांवटा क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। इसमें से एक महिला समेत दो लोगों को गंभीर रूप से घायल होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है। झुलसने वालों में रणजीत सिंह, मेहर, साहिल, विनय, वीएच केशव, सिद्धार्थ कुमार, रुद्र, मलकीत चौधरी, ईशू और भव्य सिंह शामिल हैं।

7- कम उम्र मे ही आठ पुस्तकें लिख चुकी है ये युवा लेखिका...

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने युवा लेखिका कुमारी कुदरत कुकरेजा द्वारा लिखित  Enkindling Your Inner Light" और "छोटा सफर लम्बी उड़ान" का विमोचन किया। कुदरत कुकरेजा ने हाई स्कूल लोरेटो कॉन्वेंट तारा हॉल से 2018 मे पूरा किया और वर्तमान में एमबीबीएस कर रही हैं। उन्होंने कम उम्र में ही लिखना शुरू कर दिया था। वे दर्शनशास्र, कविता, विज्ञान और अध्यात्म में गहरी रुचि लेती हैं। उनका लक्ष्य युवाओ को डिप्रेशन मुक्त और नशा मुक्त करने की ओर है। वह आठ पुस्तकों की लेखिका हैं, प्रेरक वक्ता और एक जीवन कोच हैं। उन्होंने युवाओं को तनाव मुक्त बनाने

के लिए COVID के दौर में कई मोटिवेशनल वेबिनार ऑनलाइन किए हैं। दीपावली के इस शुभ दिन में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा उनके आवास पर अपनी नई प्रकाशित पुस्तकें, "Enkindling Your Inner Light" और "छोटा सफर लम्बी उड़ान" का विमोचन किया  युवाओं के लिए उन्होने कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे आप दूर नहीं कर सकते क्योंकि संपूर्ण ब्रह्मांड आपके भीतर है।" उनका मुख्य ध्यान दुनिया भर में शांति, खुशी और इच्छा शक्ति की दृष्टि को व्यापक बनाने की ओर है। इस अवसर पर उनकी माता निशा कुकरेजा, शिक्षाविद डॉ मामराज पुंडीर भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने क़ुदरत कुकरेजा के प्रयासों की सराहना करते हुए उसे आशीर्वाद दिया।

क्राईम/एक्सीडेंट 

1- यहाँ ऑल्टो कार मे मिले एक हजार से ज्यादा नशीले कैप्सूल।

पांवटा साहिब सीमान्त नगर के हरियाणा के साथ लगते बार्डर पर सिरमौर पुलिस एसआईयु की टीम ने नशे की बड़ी खेप के साथ तीन लोगों को हिरासत मे लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिरमौर पुलिस की SIU टीम जिसमे HC राम कुमार, कांस्टेबल जसविन्द्र सिंह, कांस्टेबल उमेश कुमार व कांस्टेबल सुहेब अहमद शामिल थे, जब बहराल बैरियर पर यमुनानगर की तरफ से आने वाली गाड़ियो को चैक कर रहे थे तो एक सफेद रंग की Alto कार 800  HP18A-8111 यमुनानगगर की तरफ से आई। जिसे चैकिंग के लिए रोका तो पाया कि गाड़ी में चालक समेत 3 व्यक्ति बैठे थे। टीम द्वारा पूछताछ पर चालक समेत सभी व्यक्ति एकदम बुरी तरह घबरा गए तथा चालक बिना पूछे कहने लगा कि गाड़ी में कुछ नहीं है। जिस पर गाड़ी में किसी मादक पदार्थ का संदेह होने पर उसी समय चैक पोस्ट पर ही गाड़ी की

तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर ने अपना घर  तह0 ददाहू में, व उम्र 36 वर्ष, कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना पता धौलाकुंआ, जिला सिरमौर हि0प्र0 उम्र 23 वर्ष व पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पता धौलाकुंआ, उम्र 53 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे से एक गुलाबी व एक सफेद रंग का पोलीथीन बैग मिला जिनके अन्दर चैक करने पर करीब एक हजार से ज्यादा नशीले कैप्सूल मिले जिनका salt component चेक करने पर Tramadol पाया जो की NDPS Act के तहत एक प्रतिबंधित ड्रग है। सभी कैप्सूलों का पोलीथीन सहित कुल वजन 830 ग्राम पाया गया। इन कैप्सूलों के बारे में मांगने पर कार चालक तथा अन्य दोनों व्यक्ति कोई पर्ची/परमिट पेश न कर सके। आरोपियों के खिलाफ इतनी अधिक मात्रा में नशीले कैप्सूल मिलने पर धारा 22, 29-61-85 ND&PS Act के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया तथा आगे की तफ्तीश थाना पांवटा साहिब के आईओ द्वारा अमल में लाई जा रही है। एसपी सिरमौर ओमापति जम्वाल ने मामले की पुष्टि की है। 

2- पेड़ काटने वाले आठ लोग चढ़े वन विभाग के हत्थे। 

पांवटा साहिब उपमंडल में वन विभाग की टीम ने काटे गए पेड़ों के साथ 8 लोगों को रंगे हाथों दबोचने में सफलता हासिल की है। भंगानी वन क्षेत्र के रेंज अधिकारी बस्तीराम की शिकायत पर इस बारे शिकायत के बाद पांवटा साहिब पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। वन रेंज अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वन खंड रामपुर की टीम दीवाली की रात को 11 बजे गश्त पर तैनात थी। इस दौरान टीम को आरएफ गिरी सी-2 में आरे चलने की आवाजें सुनाई दी। टीम द्वारा मौके पर जाकर पाया गया कि करीब 9-10 लोग वहां खड़े हरे पेड़ों को काट रहे थे। तुरंत मामले की सूचना वन मंडल अधिकारी पांवटा साहिब को भी दी गई, जिसके बाद वन मंडल स्तर की जो रात्रि गश्त पर थी, उसे मौके पर भेजा। इस टीम की मदद से अब्दुल आलिम पुत्र फकरु दीन गांव नगली बती तहसील बिलासपुर जिला यमुनानगर, अलियास पुत्र फतेहदीन निवासी नागल तहसील खिदराबाद, जाकिर पुत्र जाहिद निवासी बागपत तहसील खिजराबाद, रिजवान पुत्र यासिन निवासी बागपत खिजराबाद, नाजिम पुत्र नवाजा निवासी बागपत,

शाजिद पुत्र महेंदी निवासी बागपत, महरुख पुत्र जहीद निवासी बागपत, मुस्ताक पुत्र बरकत अली निवासी खितलावाला मुजाफत कला को मौके से पकड़ा गया। यह पहचान आरोपियों द्वारा द्वारा स्वयं टीम बताई गई। वन विभाग की टीम ने मौके से आरोपियों के कब्जे से 2 आरे भी बरामद किए। साथ ही काटे गए पेडों के दो नग गांडी नंबर एचआर58बी-3539 में पाए गए, जिसे टीम ने कब्जे में ले लिया। डीएफओ कुनाल अंग्रीष ने कहा कि पुलिस को मामले की शिकायत की गई है जिसके बाद पुलिस आगामी कारवाई कर रही है। 

3- पांवटा बाजार मे दीवाली पर लगी आग, स्कूटी जली, फायर कर्मी घायल।

बीती दीवाली की रात को पांवटा मुख्य बाजार में अचानक आगजनी का मामला सामने आया। आग एक व्यापारी के गोदाम में आग लगी, जिसमे गोदाम का सामान व एक एक्टिवा स्कूटी जलकर राख हो गई। साथ ही आग बुझाते एक फायर कर्मी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची व आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग के लपटे में एक स्कूटी और गोदाम में रखा कॉटन स्वाह हुआ, इस दौरान एक फायर ब्रिगेड कर्मी भी घायल हुआ है। दरअसल, पांवटा

साहिब के वार्ड नंबर 8 मुख्य बाजार में हेमंत गुप्ता के घर में रखें कॉटन और स्कूटी में आग लग गई। जिसमे काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। मौके पर  मौजूद लोगों ने बताया कि  किसी रॉकेट की चिंगारी से यह आग सुलगी हैं,दुकान मालिक हेमंत गुप्ता ने बताया कि उन्हें आग लगी देखी और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। इस दौरान सरबजीत सिंह फायर ब्रिगेड कर्मी भी आग बुझाते हुए घायल हुए हैं। लोगों की जान और संपत्ति बचाने के दौरान उनका हाथ बुरी तरह से झुलस गया तत्पश्चात उन्हें सिविल अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। 

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-