CDS के साथ पीएसओ विवेक कुमार भी वीरगति को प्राप्त ddnewsportal.com

CDS के साथ पीएसओ विवेक कुमार भी वीरगति को प्राप्त ddnewsportal.com

अक्तूबर-नवम्बर मे छुट्टियाँ काटकर ड्यूटी पर लौटा का हिमाचल का लाल

CDS के साथ पीएसओ विवेक कुमार भी वीरगति को प्राप्त, प्रदेश गमगीन, मुख्यमंत्री ने भी जताया शोक।

गत दिवस तमिलनाडु में नीलगिरि जिले के कुन्नूर में बुधवार को हुए हेलीकाप्टर हादसा हिमाचल प्रदेश को भी जख्म दे गया। चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के साथ उनके पीएसओ लांसनायक विवेक कुमार भी वीरगति को प्राप्त हुए हैं। विवेक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के तहत उपमंडल जयसिंहपुर के अपर ठेहडू गांव के निवासी थे। विवेक 2012 में जैक राइफल में थे। बाद में पैरा कमांडो में सेवाएं दे रहे थे। उनकी ड्यूटी वीआइपी सिक्योरिटी में लगी थी। 29 वर्षीय विवेक जनरल बिपिन रावत के पीएसओ थे। विवेक की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। उनका छह माह का बेटा है। विवेक अक्टूबर में घर आए थे और छुट्टी काटकर नवंबर में ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। ड्यूटी पर लौटते समय पिता रमेश चंद ने बेटे को मिलने के लिए जल्द आने की बात कही तो विवेक ने पिता से वादा किया था कि जनवरी में दोबारा घर आएंगे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। भाग्य ने बेटे का साथ नहीं दिया और पिता के साथ किया वादा पूरा नहीं हो

पाया। इस बाबत सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। विवेक के पिता इस सूचना के बाद सदमे में एकटक आकाश की ओर देख रहे हैैं जबकि मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि विवेक इस तरह से दुनिया छोड़कर चला जाएगा। ग्रामीण घर पर ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैैं। गांव की तरफ लोगों का आना-जाना बढ़ गया है। इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से विवेक के बलिदान की सूचना वायरल हुई और लोगों ने शोक संदेश पोस्ट कर पीड़ित परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी विवेक कुमार की शहादत पर शोक प्रकट किया है।