Chandigarh News: हिमाचल भवन चंडीगढ़ के कर्मचारियों ने मांगी आवास सुविधा- ddnewsportal.com

Chandigarh News: हिमाचल भवन चंडीगढ़ के कर्मचारियों ने मांगी आवास सुविधा- ddnewsportal.com
चंडीगढ़: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर आवास संबंधी समस्या बताते हिमाचल भवन चंडीगढ़ के कर्मचारी।

Chandigarh News: हिमाचल भवन चंडीगढ़ के कर्मचारियों ने मांगी आवास सुविधा 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उठाई फ्लैट मुहैया करवाने की मांग, दिया दिक्कतों का हवाला

चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन में कार्य करने वाले कर्मचारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सरकारी आवास की सुविधा की मांग की है। बुधवार को सीएम से हिमाचल भवन चंडीगढ़ के स्टाॅफ ने मुलाकात की और यूटी से उनके लिए भी पंजाब, हरियाणा और केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर सरकारी आवास मुहैया करवाने का आग्रह किया। 


सीएम सुक्खू को दिये गये मांगपत्र में हिमाचल भवन के स्टाॅफ ने कहा है कि हिमाचल भवन चंडीगढ़ में आधिकारिक आवास की कमी के कारण हमें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हमारे पास किराये पर कमरे लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं। कमरे भी शहर के बाहरी इलाके में लेने पड़े है क्योंकि सिटी में किराया बहुत अधिक है। इस तरह निवास से कार्यस्थल और वापसी आने-जाने में हमारा काफी समय और पैसा लगता है। इसके अलावा कार्य की प्रकृति के कारण हमें देर शाम तक अपने कर्तव्यों का पालन करना पड़ता है। कई बार समय बढ़ जाता है और रात के 12:00 बजे के आसपास घर वापस पहुंचना समस्याग्रस्त और जोखिम भरा हो गया है। 


कर्मियों का कहना है कि विश्वसनीय जानकारी के मुताबिक यू.टी. प्रशासन, चंडीगढ़ के पास बड़ी संख्या में फ्लैट खाली पड़े हैं। यहां पर पंजाब के राज्य कर्मचारी, हरियाणा और केंद्र सरकार के एम्प्लाय को पहले ही यू टी द्वारा फ्लैट आवंटित किए हुए है। उसके बावजूद भी काफी फ्लैट खाली पड़े हैं। उसी पैटर्न पर चलते हुए हिमाचल भवन, चंडीगढ़ के कर्मचारियों के लिए भी यूटी में ही कम से कम 20 फ्लैट आबंटन किया जाना चाहिए। ताकि कर्मचारियों को बेहतर सुविधा मिल सके। यह सुविधाएं निश्चित रूप से उनके कर्तव्य को प्रभावी ढंग से और कुशलता से पूरा करने में सहायक होंगी।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि इस दिशा में जल्द उचित कदम उठाये जायेंगे।