राजनैतिक: पूर्व सीएम ने कह दी हलचल बढ़ाने वाली बात... ddnewsportal.com

राजनैतिक: पूर्व सीएम ने कह दी हलचल बढ़ाने वाली बात...  ddnewsportal.com

राजनैतिक: पूर्व सीएम ने कह दी हलचल बढ़ाने वाली बात, पढ़ें, मंडी में सरकार के बारे में ऐसा क्या बोल गये जयराम ठाकुर... 

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने एक वर्ष बीत गया है। इस एक वर्ष के कार्यकाल का सरकार ने जश्न भी मनाया। लेकिन भाजपा को यह एक वर्ष का कार्यकाल रास नही आ रहा है। भाजपा का कहना है कि जब एक वर्ष में जनता के लिए व विकास के कोई कार्य नही हुए तो किस बात का जश्न मनाया जा रहा है। यही कारण है कि भाजपा ने सभी जिला मुख्यालयों पर आक्रोश दिवस मनाए। मंडी में भी बीते दिवस यह आक्रोश दिवस मनाया गया। लेकिन इस बीच सुर्खियों में पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का बयान रहा है जिसने राजनैतिक गलियारे तपा दिए हैं। 


दरअसल, मंडी में भाजपा की तरफ से आयोजित कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश दिवस पर रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि एक साल का यह कार्यकाल निराशाजनक रहा है। जयराम ने कहा कि जिस तरह के हालत बने हुए हैं, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि ये सरकार अपने ही बोझ से गिर जाएगी। न मंत्री खुश हैं और न विधायक। झूठे वायदे करके आप ज्यादा दिन नहीं टिकने वाले। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गारंटियों के सहारे सत्ता में आई इस सरकार ने एक साल में 12 हजार करोड़ का कर्ज लिया। जब एक साल में कोई विकास कार्य हुआ ही नहीं तो फिर ये पैसा कहां गया। हजारों संस्थान वित्तीय संसाधन कम होने के नाम पर बंद कर दिए गए।  जब काम ही कुछ हुए नहीं तो क्या इसे ही व्यवस्था परिवर्तन कहते हैं? आक्रोश रैली पड्डल मैदान से शुरू होकर सेरी मंच पर आकर संपन्न हुई। जयराम ठाकुर ने कहा कि राजनीति में सबकुछ संभव है, इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से न तो मंत्री खुश हैं और न ही विधायक। सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी और आहत है। इसलिए सरकार के साथ अगर कुछ होता है तो इसके लिए खुद सरकार ही जिम्मेदार होगी क्योंकि यह अपनी कारगुजारियों के बोझ तले दबती जा रही है। गांरटियों ने झारखंड और राजस्थान की सरकारों को दफन कर दिया है और अब प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी यही गारंटिया दफन करके छोडेंगी। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार झूठ की गठरी है। प्रदेश में सरकार के झूठ से ही प्रियंका गांधी ने किनारा कर लिया। शिमला में होने के बाद भी वे सरकार के जश्न में शामिल होने के लिए धर्मशाला नहीं गईं। 
इससे ही पता चल जाता है कि सरकार के क्या हालात हैं।