सिरमौर: हरिपुरधार में दर्दनाक बस हादसा- मृतकों की संख्या पहुंची 12, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक ddnewsportal.com
सिरमौर: हरिपुरधार में दर्दनाक बस हादसा- मृतकों की संख्या पहुंची 12, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक
सिरमौर जिला के हरिपुरधार में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 33 गंभीर रूप से घायल है। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दुर्घटना में हुई मानव क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बस शिमला से कुपवी जा रही थी। यह बस हरिपुरधार से 100 मीटर पहले अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरी।

अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 45 लोग सवार थे, जिनमें से 12 यात्रियों की मौक़े पर मृत्यु हो गई, जबकि 33 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप भी मौके पर पहुंच गए है और राहत व बचाव कार्य का जायजा ले रहे हैं।