Sirmour: सुक्खू सरकार में हर्षवर्धन चौहान का बढ़ा कद ddnewsportal.com

Sirmour: सुक्खू सरकार में हर्षवर्धन चौहान का बढ़ा कद ddnewsportal.com
फाइल फोटो: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान एक दूसरे के गले लगते हुए।

Sirmour: सुक्खू सरकार में हर्षवर्धन चौहान का बढ़ा कद

उद्योग मंत्रालय सहित तीन विभाग देकर दी बड़ी जिम्मेदारी, शिलाई क्षेत्र में खुशी का माहौल

आखिरकार हिमाचल प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को विभागों का आबंटन हो गया है। लोहड़ी और पहली कैबिनेट से पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी टीम को विभाग बांट दिये है। उम्मीद के अनुरूप सिरमौर जिला के शिलाई से 6 बार जीत चुके विधायक हर्षवर्धन चौहान को कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। हर्षवर्धन चौहान को उद्योग सहित संसदीय कार्य और आयुष मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। जिससे सरकार में उनका कद और बढ़ गया है। इससे शिलाई क्षेत्र सहित जिला सिरमौर में खुशी की लहर है। कांग्रेस सरकार में शिलाई विधानसभा क्षेत्र से हर्षवर्धन चौहान दूसरे कैबिनेट मंत्री बने हैं। इससे पूर्व उनके पिता स्वर्गीय गुमान सिंह ठाकुर मंत्री रह चुके हैं। 

गोर हो कि बीते रविवार को सुक्खू सरकार की कैबिनेट का गठन हुआ और राजभवन में शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इसमे शिलाई के विधायक सहित सात विधायकों ने मंत्री की शपत ली। अब विभागों का बंटवारा भी हो गया है। इसमे शिलाई क्षेत्र से प्रतिनिधित्व कर रहे हर्षवर्धन चौहान को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। 
उधर, हर्षवर्धन चौहान के कैबिनेट मंत्री बनने और उन्हे अहम विभाग देने पर शिलाई क्षेत्र में जश्न का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने लड्डू बांटकर जश्न मनाया। उन्हे उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष मंत्री बनाये जाने पर शिलाई कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष सीता राम शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रतन चौहान, जगत सिंह पुंडीर, भाव सिंह कपूर, रघुवीर कपूर, मामराज ठाकुर, रामेश्वर शर्मा, अमर सिंह कपूर, सोहन सिंह पांटा, सुनील चौहान, गुलाब भंडारी, भवान सिंह चौहान, बीर सिंह चौहान आदि सैंकड़ो नेताओं ने उनको बधाई दी है। साथ ही उम्मीद जताई है कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में रफ्तार पकड़ेगा।
गोर हो कि वरिष्ठ मंत्री धनीराम शांडिल को स्वास्थ्य, चंद्र कुमार को कृषि और हर्षवर्धन चौहान को उद्योग विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। जगत सिंह नेगी को राजस्व और रोहित ठाकुर को शिक्षा विभाग सौंपा गया है। युवा मंत्री अनिरूद्ध सिंह ग्रामीण विकास और विक्रमादित्य सिंह लोक निर्माण विभाग व खेल विभाग संभालेंगे।
मुख्यमंत्री के पास वित्त, गृह, कार्मिक, योजना, सामान्य प्रशासन सहित मंत्रियों को नहीं दिए गए महकमे रहेंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के विभागों में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। इनके पास जल शक्ति, परिवहन और भाषा एवं संस्कृति विभाग ही रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के पास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और श्रम एवं रोजगार विभाग रहेगा। चंद्र कुमार कृषि के साथ पशुपालन विभाग देखेंगे। हर्षवर्धन चौहान उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष विभाग का जिम्मा संभालेंगे। जगत सिंह नेगी के पास राजस्व के अलावा बागवानी और जनजातीय विकास विभाग रहेगा।
रोहित ठाकुर उच्च शिक्षा, प्रारंभिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और वोकेशनल एंड इंडस्ट्रीयल ट्रेनिंग विभाग का जिम्मा संभालेंगे। अनिरूद्ध सिंह के पास ग्रामीण विकास और पंचायती राज तथा विक्रमादित्य सिंह के पास लोक निर्माण विभाग और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग रहेगा। मुख्यमंत्री सुक्खू के पास ही पर्यटन, वन, शहरी विकास, नगर एवं नियोजन, सहकारिता, सैनिक कल्याण, सूचना प्रोद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी और मत्स्य पालन विभाग रहेंगे।