Paonta Sahib: दोपहर 01 बजे से भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा शुरु, पढ़ें क्या रहेगा खास... ddnewsportal.com
Paonta Sahib: दोपहर 01 बजे से भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा शुरु, पढ़ें क्या रहेगा खास...
पाँवटा साहिब की पावन धरा पर आज, यानी 16 जुलाई को प्रभु जगन्नाथ की अलौकिक एवं भव्य रथ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। इस पावन उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। ISKCON चंडीगढ़ की दिशा निर्देशन में ISKCON पाँवटा साहिब के द्वारा निकाली जाएगी द्वितीय विशाल जगन्नाथ रथ यात्रा।

यह भव्य रथ यात्रा दोपहर ठीक 1:00 बजे बद्रीपुर शिव मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके पश्चात भव्य संकीर्तन और शंखध्वनि के मंगल नाद के साथ भगवान जगन्नाथ, अपने भ्राता बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर आरूढ़ होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। यह यात्रा मुख्य बाजार, गीता मंदिर और विश्वकर्मा मंदिर के रास्तों से होते हुए देइजी साहिब राम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
भव्य स्वागत: रथ यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा 21 से अधिक स्थानों पर सुंदर स्टॉल लगाए जाएंगे।
छप्पन भोग: यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर भगवान को '56 भोग' का अर्पण किया जाएगा।
महाप्रसाद वितरण: देइजी साहिब राम मंदिर में यात्रा के समापन पर शाम 7:00 बजे से समस्त नगरवासियों के लिए भव्य 'महाप्रसादम' का आयोजन किया गया है।
पुरी की तर्ज पर होंगे अनुष्ठान: ओडिशा के पुरी स्थित मुख्य मंदिर की परंपरा के अनुसार ही पाँवटा साहिब में भी समस्त विधि-विधान और वैदिक रीति-रिवाज से इस यात्रा को संपन्न किया जाएगा। नगर भ्रमण के पश्चात भगवान जगन्नाथ 24 जुलाई तक पाँवटा ISKCON सेंटर में ही विराजमान रहेंगे, जहाँ श्रद्धालु उनके दर्शन कर पुण्य लाभ कमा सकेंगे।

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन इस्कॉन (ISKCON) फेस्टिवल कमेटी के नेतृत्व में किया जा रहा है। कमेटी के चेयरमैन डॉ. चंदेल प्रभु, सचिव देवेंद्र शर्मा प्रभु और कोषाध्यक्ष सुशील कपूर प्रभु के विशेष मार्गदर्शन में 'जियॉन लाइफ साइंसेज' (Zeon Life Sciences) के प्रबंध निदेशक (MD) सुरेश गर्ग जी को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
इस्कॉन फेस्टिवल कमेटी और समस्त नगरवासी आप सभी धर्मप्रेमियों को इस भव्य रथ यात्रा में सपरिवार सम्मिलित होने के लिए भावभीना निमंत्रण देते हैं। आइए, इस दिव्य रथ यात्रा का हिस्सा बनकर भगवान जगन्नाथ की असीम कृपा के भागीदार बनें।