Shillai News: शिलाई महिला कबड्डी हाॅस्टल में प्रदेशभर की चयनित 20 खिलाड़ी हुईं दाखिल ddnewsportal.com
Shillai News: शिलाई महिला कबड्डी हाॅस्टल में प्रदेशभर की चयनित 20 खिलाड़ी हुईं दाखिल, गिरिपार क्षेत्र में तैयार होंगी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

जिला सिरमौर के शिलाई में हाल ही में खुला महिला कबड्डी हाॅस्टल संचालन में आ गया है। शिलाई क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 20 प्रतिभाशाली महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने आधिकारिक रूप से शिलाई गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रवेश ले लिया है। अब इन खिलाड़ियों को एक ही परिसर में आवास, भोजन, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण तथा खेल संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रदेशभर से 20 खिलाड़ियों का शिलाई हॉस्टल के लिए चयन इस बात का प्रमाण है कि शिलाई आज महिला कबड्डी की प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। क्षेत्र की कई बेटियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल सिरमौर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। इनमें प्रियंका नेगी, रितु नेगी, पुष्पा राणा, सुषमा शर्मा और साक्षी शर्मा जैसी खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा है। इस उपलब्धि के अवसर पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने स्वर्गीय हीरा सिंह ठाकुर (पीईटी) को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

हीरा सिंह ठाकुर ने शिलाई में कबड्डी की मजबूत नींव रखी, जिसके परिणामस्वरूप अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं। वहीं ग्यार सिंह नेगी के वर्षों के समर्पित प्रयासों को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन और खेलों के प्रति समर्पण ने शिलाई की बेटियों को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
हॉस्टल में रण सिंह (पीईटी) अस्थायी कोच तथा पवन नेगी अस्थायी वार्डन के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी आधुनिक प्रशिक्षण और अनुशासित माहौल में अपनी खेल प्रतिभा को और निखार सकेंगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि शिलाई गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल भविष्य में महिला कबड्डी की नई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करेगा तथा शिलाई की खेल परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।