सीएम की ललकार....... 08 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

सीएम की ललकार.......  08 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फाईल फोटो: जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश।

सीएम की ललकार.......

08 मई 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

मंत्री-नेता कब बोलेंगे मंहगाई का 'म'
कांग्रेस को कार्यकर्ताओं का डर: पात्रा 
कर्मचारियों के हित किये सुरक्षित: सीएम 
बेटियों को हर सुविधा: अनुराग 
पांवटा-नाहन को स्टेडियम-छात्रावास 
मोदी है तो मुमकिन है: ठाकुर 
सुखराम-कश्यप-बिंदल के बोल
रात के अधेरे में कायरता
राधा स्वामी सत्संग में सीएम 
कांग्रेस-भाजपा खालिस्तानी के खिलाफ
JBT भर्ती को सशर्त मंजूरी 
आशा वर्कर्स करेगी भूख हड़ताल


सिरमौर में आज भी 00 मामले और कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।

(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- पांवटा को इंडोर स्टेडियम तो माजरा को खेल छात्रावास की सौगात।

रविवार को नाहन के माजरा पंहुचे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने क्षेत्र के लिए दो बड़ी घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि माजरा में नया खेल छात्रावास भवन बनाया जाएगा और यहां सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी जहां उत्तर भारत के अच्छे कोच को प्रति तीन माह के प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने खिलाड़ीयों से कड़ी मेहनत जारी रखने का आहवान करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उन्हें सभी आधारभूत सुविधाएं प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब में एक इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय-समय

पर खेल प्रतिभा खोजने का प्रयास किये जाने चाहिए ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान की जा सके और उन्हें समय-2 प्रशिक्षण प्रदान कर राष्ट्र तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ओलम्पिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से बात कर उन्हें प्रेरित करते है जिसके तहत सभी सांसद, मंत्री तथा विधायकों को भी खिलाड़ियों को प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के पंचकूला में खेलो इंडिया महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 25 पारम्परिक खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में भी इसी तरह के प्रयास होने चाहिए ताकि यहां के युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे आने के लिए मंच उपलब्ध हो सके।

2- केंद्र और प्रदेश सरकार ने चलाई जनकल्याणकारी योजनाएं: ठाकुर 

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 8 साल का कार्यकाल आगामी 26 मई को पूर्ण हो रहा है जोकि पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार मुक्त रहा है। उन्होंने कहा कि देश में ईमानदार सरकार कार्यरत है जिसके कार्यकाल में देश के 12 करोड़ परिवारों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाई गई और 3 करोड़ आवासहीन परिवारों को मकान उपलब्ध करवाए गए। इसी प्रकार, देश में हर घर नल लगाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि देश में 60 करोड़ बिजली के एलईडी बल्ब निःशुल्क वितरित किए गए और 12 करोड़ परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस वितरित की गई। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 3 करोड़

लोगों का निःशुल्क ईलाज किया गया तथा देश के 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभन्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान देश के प्रधानमंत्री लोगों के साथ खडे रहे और कोविड वैक्सीन भी उनके मार्गदर्शन में देश में ही तैयार की गई। उन्होंने कहा कि कोविड प्रतिरक्षण की दोनों डोज़ लगाने में हिमाचल प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र से और जन कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश को दी जाएंगी। हिमाचल प्रदेश को नरेन्द्र मोदी ने विशेष राज्य का दर्जा दिया है तथा केन्द्र सरकार द्वारा विकास योजनाओं के लिए 90 प्रतिशत धन दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर की सरकार ने भी बेहतरीन काम किया है इसीलिए हिमाचल प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तरह भाजपा रिपीट होगी। 

3- सुखराम-कश्यप और डाॅ बिंदल ने कहा ये...

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश को उदार आर्थिक सहायता प्रदान हो रही है जिससे प्रदेश का सर्वागीण विकास संभव हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के लिए सरकार द्वारा 60 यूनिट तक निःशुल्क बिजली प्रदान करने के उपरांत अब इसे 125 यूनिट तक कर दिया गया है।
सांसद लोकसभा एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 करने के उपरांत अब 60 वर्ष कर दिया गया है जोकि प्रदेश सरकार का एक

सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर प्रदेश में हिम केयर योजना आरम्भ की गई है जिसके तहत प्रत्येक मरीज को 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है तथा इसी प्रकार उज्जवला योजना का लाभ पाने से वंचित प्रदेश के लोगों के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 3 लाख पात्र महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस उपलब्ध करवाई गई।
विधायक नाहन डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास संभव हो पाया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री का माजरा में 6 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नाहन में 7 करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम का वर्तमान सरकार द्वारा निर्माण करवाया गया है जहां जिला के खिलाडियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मण्डलाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष विजेश गोयल, निदेशक युवा सेवाएं एंव खेल विभाग राजेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात् अनुराग ठाकुर ने गांव कोटा पाब, तहसील शिलाई से सम्बन्धित दिव्यांग व्यक्ति कुलदीप सिंह को आज विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी सिरमौर की ओर से 4 पहिया स्कूटी भेंट की। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल, पूर्व विधायक रूप सिंह, भाजपा नेता चन्द्रमोहन ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष अनिता शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 

4- पांवटा साहिब - 15 दिन मे इंसेंटिव का भुगतान नहीं तो भूख हड़ताल पर बैठेगी आशा वर्कर्स।

यदि अगले 15 दिन के भीतर इंसेंटिव का भुगतान नही किया गया तो आशा वर्कर्स भूख हड़ताल पर चली जाएगी। यह निर्णय पांवटा साहिब लोनिवि विश्राम गृह मे हुई आशा वर्कर्स यूनियन पांवटा साहिब की बैठक में लिया गया। बैठक ब्रांच प्रधान राजबाला की अध्यक्षता मे समपन्न हुई जिसमे विशेष रूप से इंटक जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा भी मौजूद रहें। इस दौरान चर्चा हुई कि आशा वर्कर्स को फरवरी से अप्रैल माह यक का मानदेय अभी तक नही दिया गया है जिस कारण वर्कर्स को दिक्कतें आ रही है। बैठक में सरकार के समक्ष कुछ मांगे रखी गई जिसमें चार माह के मानदेय की अदायगी शीघ्र करने, कोविड टीकाकरण का 200 रुपये के हिसाब से भुगतान करने,

सरकार के दिशा निर्देश अनुराग कोविड-19 के दौर मे टीकाकरण का प्रतिदिन 500 रूपये के हिसाब से भुगतान किया जाना था। रैगुलर कर्मियों को वह मिल गया है लेकिन आशा वर्कर्स को अभी तक नही दिया गया है, उसका भी शीघ्र भुगतान किया जाये। टीबी मरीजों की देखरेख और सर्वे का भुगतान, कोरोना काल मे सरकार द्वारा 1500 रूपये देने के वायदे को पूरा करने तथा बढ़े हुए वेतन का भुगतान शीघ्र करने की मांग की गई। इंटक जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने 15 दिनों के भीतर इंसेंटिव का भुगतान नही किया तो आशा वर्कर्स भूख हड़ताल पर चली जाएगी। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर्स के साथ सरकार भेदभाव कर रही है जो सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर राजबाला, सत्यावती, रीना देवी, ममता देवी, मीरा देवी, बबली, महिन्द्रो, उषा देवी, गुरशरण कौर, मीरा और सरोज आदि मौजूद रही। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि कल यानि सोमवार को आशा वर्कर्स का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन से मुलाकात कर उनके मार्फत मांगो का ज्ञापन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भेजेगी। 

5- आखिरकार मंहगाई का "म" भी क्यों नही बोलते भाजपा के मंत्री।

प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 1100 पार हो चुके है। पेट्रोल 105 रूपये से अधिक हो गया है। इसी तरह डीजल के दाम भी बढ़ते जा रहे हैं। इन सब का बोझ आम जनता पर पड़ रहा है, क्योंकि मंहगाई आसमान छूं रही है। लेकिन मजाल है कि भाजपा के मंत्री और नेता इस पर कुछ बोलें। यही रविवार को भी माजरा में हुई अनुराग ठाकुर की जनसभा में भी देखने को मिला। अनुराग ठाकुर ने अपने भाषण में केन्द्र की कईं योजनाओं का जिक्र किया। कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार में कोरोना में भी विकास की रफ्तार नही थमी। हर किसान के खाते में साल में 6 हजार रूपये जमा होते हैं। गरीबों को मुफ्त राशन वितरित किया। 12 करोड़ परिवारों को निशुल्क गैस चूल्हा व सिलेंडर वितरित किये। लेकिन वह यह कहना भूल गये कि सिलेंडर खरीदने

के लिए अब 1101 रूपये का शगुन देना पड़ता है। खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छूं रहे हैं। देश का एक बड़ा वर्ग मंहगाई से त्रस्त है। लेकिन मजाल है कि भाजपा के मंत्री और नेताओं के मुंह से मंहगाई का "म" भी निकल जाए। माना देश विकास को और अग्रसर है लेकिन ऐसे विकास के क्या मायने जहां लोग खाने पीने की चीजों के लिए भी तरसने लगे। यही हाल प्रदेश के मंत्री और नेताओं का रहा। उन्होंने भी प्रदेश के बड़े बड़े विकास गिनवाये लेकिन मंहगाई की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाये जा रहे है इस पर किसी ने एक शब्द भी नही कहा। इससे साफ जाहिर होता है कि मंत्री-नेताओं को जनता के दर्द से कोई इत्तेफाक नही है। 

6- भाजपा शिलाई-पांवटा का सोशल मीडिया का प्रशिक्षण वर्ग।

भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया विभाग, जिला सिरमौर द्वारा पाँवटा साहिब एवं शिलाई मण्डल के एक दिवसीय "प्रशिक्षण वर्ग" का आयोजन लो.नि.वि. विश्राम गृह पाँवटा में किया गया। जिनमे सोशल मीडिया पाँवटा साहिब एवं सोशल मीडिया शिलाई के मंडल संयोजक, सह-संयोजक ,जिला सोशल मीडिया सदस्य व मण्डल सदस्य मौजूद रहे। बतौर वक्ता भाजपा मंडल पाँवटा के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता व जिला संयोजक सोशल मीडिया

सिरमौर राजेश चौहान उपस्तिथि रहे। "आगामी चुनाव मे सोशल मीडिया की अहम भूमिका" विषय पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष पाँवटा साहिब अरविंद गुप्ता द्वारा प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित सोशल मीडिया बन्धों को सम्बोधित किया। वहीं राजेश चौहान द्वारा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व जन हितेषी योजनाओ को जन-जन तक पहुँचाने व आधुनिक समय मे सोशल मीडिया के सही व पूर्ण उपयोग करने के बारे नवीन टिप्स दी गई। सभी सदस्यों को आगामी चुनाव को लेकर तैयार रहने को कहा गया। बैठक मे जिला आई. टी. संयोजक विकेश तोमर भी मौजद रहे।

7- नाहन- भाजपा ने फूंका खालिस्तान का पुतला

जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के कोलर में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने खालिस्तान का पुतला जलाकर जोरदार नारेबाजी की। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खालिस्तानियों द्वारा विधानसभा भवन में खालिस्तान के झंडे व दीवारों पर नारे लिखे जाने के बाद प्रदेश में गुस्से का

माहौल है। रविवार को जिला सिरमौर के कोलर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा खालिस्तान का पुतला जलाकर जोरदार नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए कि अगर हिंदुस्तान में रहना होगा तो वंदेमातरम कहना होगा। उन्होंने कहा कि देश में देश विरोधी गतिविधियाँ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे  

(हिमाचल)

1- भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत से डरती है कांग्रेस: पात्रा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने रविवार को होटल पीटरहॉफ शिमला में भाजपा की राज्य मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत से डरती है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में भाजपा का मिशन रिपीट तय है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। उत्तर प्रदेश, गोवा और उत्तराखंड में भाजपा की सरकार रिपीट हुई है। अब हिमाचल की बारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। संबित पात्रा ने कहा कि देश में हुए पिछले चुनावों में भाजपा ने चार राज्यों में जीत हासिल की है। पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जीत को लेकर आश्वस्त थे।

मोदी सरकार ने देशवासियों को गैस सिलिंडर, मुफ्त राशन और चिकित्सा सुविधा दी है। उन लोगों का उत्थान किया, जिन्हें कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करती है। पात्रा ने कहा कि हिमाचल में विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस जब सत्ता में होती है तो भ्रष्टाचार की जननी बन जाती है। भाजपा के पास 18 करोड़ सदस्य हैं। 16 से अधिक राज्यों में भाजपा सरकार है और 1300 से अधिक विधायक हैं। वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि कार्यशाला में संबित पात्रा के दिए टिप्स संगठन के लिए काफी उपयोगी हैं। कार्यशाला की अध्यक्षता राज्य मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने की। प्रदेश महासचिव त्रिलोक जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रवक्ता राम कुमार और बलदेव तोमर कार्यशाला में मौजूद रहे।

2-  चार वर्षों में विद्युत बोर्ड में 4052 पदों पर की गई भर्तियांः जय राम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाने और कल्याणकारी नीतियों के कार्यान्वयन में प्रदेश के कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री आज सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के 9वें त्रैवार्षिक साधारण अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में 02 लाख से अधिक कर्मचारी तथा इतनी ही संख्या में पेंशनभोगी हैं। उन्होंने कहा कि 40 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी भी राज्य में सेवाएं दे रहे हैं। यह सभी पूर्व एवं वर्तमान कर्मचारी प्रदेश को विकास पथ पर अग्रसर करने में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की उचित

मांगों को पूरा कर रही है और कर्मचारी हित में अनेक ऐसे निर्णय लिए गए हैं, जिन्होंने कर्मचारियों के वर्तमान एवं भविष्य को सुरक्षित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने सवा चार साल के कार्यकाल में समाज के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कर्मचारी हित में लिए गए निर्णय अभूतपूर्व हैं और न केवल कर्मचारियों को उनका जायज हक प्रदान किया गया है, अपितु कोविड-19 संकट के बावजूद पूर्ण वेतन, पेंशन और अन्य लाभ सुनिश्चित बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सदैव कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रयत्नशील रहेगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश विद्युत बोर्ड में विभिन्न पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। गत चार वर्षों में 4052 पदों पर विद्युत बोर्ड में भर्तियां की गई हैं। इनमें से 2721 तकनीकी पदों में की गई हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड के तकनीकी वर्ग में गत चार वर्षों में 3069 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कर्मचारी की समस्याएं सुलझाने के लिए प्रयत्नशील है। प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में राज्य में पहली बार एक समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पेंशन मामले पर भी मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि प्रदेश विद्युत बोर्ड सब स्टेशन अटेंडेंट के पद पर कार्यरत नॉन आईटीआई कर्मचारियों के लिए पदोन्नति सेवा काल को 10 वर्ष से घटाकर 07 वर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीमेट पद से जूनियर शब्द को हटाने के विषय पर विचार-विमर्श के उपरांत निर्णय लिया जाएगा।

3- बेटियों को बढावा देने के लिए सरकार हर सुविधा करवा रही उपलब्ध: अनुराग

केन्द्रीय सूचना एंव प्रसारण और युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र के माजरा में लगभग 6 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बेटियों को हर क्षेत्र में बढावा देने के सरकार प्रयासरत है। खेल के क्षेत्र में भी

बेटियों को बढावा देने के लिए सरकार हर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में खेलों के आधारभूत ढांचे को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है तथा इसी दिशा में यहां खिलाडियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जहां भी भूमि उपलब्ध करवाएगी वहां क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाएंगे। 70 क्रिकेट एकादमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 45 क्रिकेट एकादमी बना दी गई है। 

4- तपोवन: विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के धर्मशाला स्थित तपोवन भवन के मुख्य गेट और दीवार पर खालिस्तान के झंडे लगाए गए हैं। विधानसभा की दीवार पर भी पेंट से खालिस्तान लिख दिया। इसकी सूचना पुलिस को सुबह की सैर करने गए लोगों ने दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। रविवार सुबह पुलिस को सैर करने गए लोगों ने जानकारी दी कि विधानसभा के मुख्य

गेट और दीवार पर खालिस्तान के झंडे लगाए हुए हैं। एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल शर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे। खालिस्तान के झंडे गेट और दीवारों से उतरवाए गए। दीवारों पर पेंट से लिखे खालिस्तान को भी सफेद पेंट कर मिटाया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। विधानसभा भवन के गेट और आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। पुलिस तपोवन सड़क पर अन्य जगह लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।

5- खालिस्तान के झंडे लगाना कायर व्यक्ति का काम : जयराम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में विधानसभा गेट पर खालिस्तान के झंडे लगाने के मामले में जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस तेजी से जांच कर रही है। जल्द घटना को अंजाम देने

वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे। सीएम ने कहा कि झंडे लगाने और पोस्टर चिपकाने से प्रदेश में कोई बड़ी आपदा नहीं आ गई है। यह कायर व्यक्ति का काम है। जो रात के अंधेरे में कर रहा है। अगर हिम्मत है तो ऐसा दिन में करें। उन्होंने कहा कि धर्मशाला विधानसभा के परिसर गेट पर खालिस्तान के झंडे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सख्त जांच के आदेश दे दिए हैं। 

6- सोलन- मुख्यमंत्री ने राधा स्वामी सत्संग में भाग लिया।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिला के रबौन स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में सत्संग में भाग लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, राज्यपाल के सचिव विवेक भाटिया, उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेन्द्र शर्मा, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारियांे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे। 

7- कांग्रेस ने फूंके खालिस्तानी झंडे, NIA से जांच की मांग।

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडे और पोस्टर लगाने पर भड़की कांग्रेस ने रविवार दोपहर उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और खालिस्तान के झंडे फूंके। इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विधानसभा परिसर में खालिस्तानी झंडे लगाने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में शांत और देव संस्कृति को मानने वाले लोग हैं। पिछले 2 साल से जिस तरह से प्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस

मामले को गंभीरता से ले। खालिस्तान समर्थकों को 29 अप्रैल को तिरंगा यात्रा निकालकर जवाब दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर सिर्फ बयान और नसीहत देना काफी नहीं है। सरकार गंभीर हो और इसकी जांच करवाकर पता लगाए कि इन सबके पीछे कौन है। वहीं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होता है, परीक्षा रद्द होती है, उसी रोज शाम को भाजपा के एक मंत्री और डीजीपी नाटी डालते हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार और अफसर कितने गंभीर हैं। उन्होंने सरकार से अराजकता फैलाने की हो रहीं कोशिशों को नाकाम करने के लिए कदम उठाने और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त करवाई करने की मांग की। यदि प्रदेश की पुलिस इसमें सक्षम नहीं है तो इसकी सीबीआई या एनआईए से जांच करवाई जाए। 

8- JBT भर्ती को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की सशर्त मंजूरी।

पिछले चार वर्षों से फंसी जेबीटी भर्ती को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सशर्त मंजूरी दे दी है। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान और न्यायाधीश सत्येन वैद्य की खंडपीठ ने राज्य सरकार के इस आवेदन को स्वीकारते हुए कहा कि राज्य सरकार जेबीटी के पदों को एनसीटीई की ओर से जारी 28 जून 2018 की अधिसूचना के अनुसार ही भरे। अदालत ने स्पष्ट किया कि पुनर्विचार याचिका और सर्वोच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय पर ही जेबीटी भर्ती निर्भर करेगी। राज्य के महाधिवक्ता ने हाईकोर्ट से इस मामले पर दोबारा विचार करने और सरकार को इन पदों को भरने की अनुमति मांगी थी। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2021 को हाईकोर्ट ने जेबीटी भर्ती मामले पर फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया था कि शिक्षकों की भर्ती के लिए एनसीटीई की ओर से

निर्धारित नियम प्रारंभिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ कर्मचारी चयन आयोग पर भी लागू होते हैं। कोर्ट ने विभिन्न याचिकाओं को स्वीकारते हुए प्रदेश सरकार को यह आदेश भी दिए थे कि वह 28 जून 2018 की एनसीटीई की अधिसूचना के अनुसार जेबीटी पदों की भर्ती के लिए नियमों में जरूरी संशोधन करे। कोर्ट के फैसले से जेबीटी पदों के लिए बीएड डिग्री धारक भी पात्र हो गए थे लेकिन बाद में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से दायर पुनर्विचार याचिका में पारित आदेशों के अनुसार इस फैसले पर रोक लगा दी थी। इस रोक के बाद बीएड डिग्री धारक फि र से इन पदों की दौड़ से बाहर हो गए थे। बीएड डिग्री धारक याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि उन्हें भी जेबीटी भर्ती के लिए योग्य समझा जाए। वो बीएड डिग्री धारक होने के साथ टेट उत्तीर्ण भी हैं और एनसीटीई के नियमों के तहत जेबीटी शिक्षक बनने के लिए पात्रता रखते हैं। ज्ञात रहे कि एनसीटीई के नियमों के तहत बीएड डिग्री धारक जेबीटी के पदों की भर्ती के लिए सशर्त पात्र बनाए गए हैं। उन्हें नियुक्ति प्राप्त करने के बाद 6 महीने का अतिरिक्त ब्रिज कोर्स करना होगा।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-