चैंपियन हिमाचल....... 17 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

चैंपियन हिमाचल.......  17 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा भवन के बाहर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का स्वागत करते राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य।

चैंपियन हिमाचल.......

17 सितम्बर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

50 वर्ष का आयोजन, उपलब्धियों के दस्तावेज, 5 हजार करोड़ का निवेश, युवा कांग्रेस ने तले पकोड़े, प्रधानमंत्री को बधाई, खतरनाक मौसम, पोंटिका एयरोटेक देगी रोजगार, वामन द्वादशी पर्व और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।

(आज की तस्वीर) 

स्थानीय (सिरमौर)

1- महिला मोर्चा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मरीजों को बांटे फल।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा सप्ताह के रूप मे मनाती है। इस बार भी उनके जन्म दिन के मौके पर भाजपा महिला मोर्चा सिरमौर ने पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर इस सप्ताह की शुरूआत की। इस दौरान दर्जनो महिला पदाधिकारियों ने

अस्पताल के सभी वार्डों मे जाकर मरीजों और उनके साथ आए लोगों को फ्रूट बांटे और नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की जानकारी दी। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि यह सेवा 2 अक्तूबर तक जारी रहेगी जिसमे विभिन्न कार्यक्रम किये जायेंगे। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा सिरमौर की अध्यक्षा शिवानी वर्मा, पांवटा साहिब की अध्यक्षा कृष्णा धीमान, मंडल महामंत्री भाजपा हितेन्द्र कुमार काका, पूर्व नगर परिषद चेयरपर्सन सीमा चौधरी, पंचायत प्रधान गोरखुवाला सुरेखा चौधरी, अनिता गर्ग, ममता सैनी, बेनज़ीर, माही कौर आदि सहित पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष नवीन शर्मा भी मौजूद रहे। 

2- रविवार को नाहन शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहेगी विद्युत आपूर्ति बाधित।

जिला के मुख्यालय नाहन शहर सहित आसपास के सभी क्षेत्रों में रविवार यानी 19 सितंबर 2021 के दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक 33केवी गिरी नगर-नाहन सबस्टेशन दोसड़का में मरम्मत कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति

बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता रमेश भारद्वाज ने दी। उन्होंने बताया कि रविवार को नाहन के आसपास के क्षेत्रों जैसे शंभूवाला, बनकला, सतीवाला, बोहिलियों, मातरभेड़ो, कटासन, गाढ़ाभूड्ढी, विक्रमबाग, आम्बवाला, सेनवाला, बांकाबड़ा, देवनी, नियर, मोगिनंद, बोगरिया, सलानी, कटोला, जमटा धगेडा, सुरला, चासी, जबल का बाग व रामाधोन में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

3- सहायक आयुक्त ने किया सेवा सप्ताह का शुभारंभ, 40 वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच।

जिला सिरमौर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 17 सितंबर से 23 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा सप्ताह का शुभारंभ आज नाहन के वारिष्ठ नागरिक डे-केयर सेन्टर में सहायक आयुक्त सिरमौर डा0 प्रिंयका चन्द्रा ने किया। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के प्रथम दिन को आज स्वास्थ्य जागरूकता दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें साईं अस्पताल के सहयोग

से चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 40 वरिष्ठ नागरिकों, जिसमें 15 महिलाओं तथा 25 पुरुष नागरिकों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं जिनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें वरिष्ठ नागरिकों द्वारा समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में दिए गए बहुमूल्य योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को भी अपना जीवन बिना किसी चिंता के बिताना चाहिए तथा प्रतिदिन व्यायाम करना चाहिए ताकि वह सेहतमंद जीवन व्यतीत कर सकें। जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने सेवा सप्ताह कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम तहसील स्तर पर मनाया जा रहा है, जिसमें आज के दिन योगा तथा स्वास्थ्य संबंधी चर्चा को विषय के रूप में रखा गया है। उन्होंने बताया कि नाहन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर स्थापित किया गया है जिसमें उनके लिए समाचार पत्र, टी0वी0 इत्यादि की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वह मनोरंजन के साथ अपना समय व्यतीत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक अमर सिंह चौहान व स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य समन्वयक कोमल चौहान ने भी अपने विचार सांझा किए। इस कार्यक्रम में राकेश बेदी, असलम खान, प्रबंधक डे केयर सेंटर अर्चना सैनी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक व गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

4- रोजगार कार्यालय नाहन में 01अक्टूबर को कैम्पस इंटरव्यू, 40 अभ्यर्थियों की होगी भर्ती।

मैसर्ज पौंटिका एरोटेक लिमिटेड पांवटा साहिब में 40 अभ्यर्थियों की भर्ती की जानी है, जिसके लिए रोजगार कार्यालय नाहन में 01 अक्टूबर 2021 को प्रातः 10ः30 से दोपहर 2ः00 बजे तक साक्षात्कार लिए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी की योग्यता 10वीं, 12वीं, किसी भी ट्रेड में आईटीआई, फ्रेशर होना अनिवार्य है। कंपनी नियुक्त अभ्यर्थी को अधिकतम 9750 और न्यूनतम 9250 रुपए का मासिक वेतन देगी। उन्होंने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय युवाओं को रोजगार देने के लिए पूर्णतः प्रयासरत है, जिसके लिए इस कड़ी में यह तीसरा कैम्पस इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने इस इंटरव्यू में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल प्रमाण पत्र व अपने बायोडाटा की कॉपी लेकर आने का आग्रह किया है। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि सभी इच्छुक आवेदक सुबह 10ः30 बजे से रोजगार कार्यालय, नाहन में पहुंच कर इस अवसर का लाभ उठाएं। अभ्यर्थी अपने बचाव के लिए कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाएं और मास्क का उपयोग करें।

5- पांवटा साहिब खण्ड में कल 12 स्थानों पर होगा कॉविड -19 टीकाकरण।
  
खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपूर ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए 18 सितंबर को 12 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण  किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, राधा स्वामी सत्संग भवन सूरजपुर, इ.एस.आइ. मालवा कोटन, उप स्वास्थ्य

केंद्र  शिवपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, उप स्वास्थ्य केन्द्र धौलाकुंआ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उप स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर खोल इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी एवं  जिन्होंने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है वह इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील की।

6- शंखोली मे प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वाॅलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन।

नेहरू युवा केंद्र नहान के सौजन्य से प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल का आयोजन किया गया। यह प्रोग्राम नवयुग मंडल   शंखोली द्वारा गांव में मनाया

गया। इसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इसमें ग्राम पंचायत प्रधान गोविंद भी उपस्थित रहे। इसमें तीन नवयुग मंडल ने भाग लिया। ब्लॉक वॉलिंटियर बलवीर शर्मा ने जानकारी दी कि यह दिवस पूरे विश्व में विकास दिवस के नाम पर मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का युवाओं को फिट इंडिया का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही फ्रीडम 2.0 अभियान भी चला है, जिससे कि सभी युवा फिट रहें और स्वस्थ रहें।

7- एसपी सिरमौर ने पांवटा साहिब मे जांची व्यवस्था।

एसपी सिरमौर ओमापति जम्वाल ने आज पांवटा साहिब का दौरा किया। हाल ही मे जिला मे पदभार ग्रहण करने के बाद पांवटा साहिब का उनका यह पहला दौरा था। इस दौरान उन्होंने व्यवस्था जांची और सीमांत बैरियरों का भी जायजा लिया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि जिला मे नशे सहित हर अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी बीर बहादुर और थाना प्रभारी पोंटा अशोक चौहान भी साथ रहे। डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 10 बजे एसपी माजरा पुलिस

थाने मे पंहुचे और निरिक्षण किया। उसके बाद 11 बजे बहराल चेक पोस्ट पंहुचे। साढ़े 11 बजे वह पांवटा साहिब पुलिस थाने मे पंहुचे। यहां उन्होंने नये पुलिस थाना भवन का भी निरीक्षण किया और भव्य भवन और अंदरूनी व्यवस्था पर पुलिस अधिकारियों की तारीफ की। उसके बाद साढ़े बारह बजे गोबिंद घाट बैरियर का निरिक्षण किया। एक बजे पुलिस स्टेशन पुरूवाला और पौने दो बजे पुलिस चोकी सिंघपुरा पंहुचे। पौने तीन बजे पुलिस पोस्ट रामपुरघाट और सांय तीन बजे एसपी सिरमौर डीएसपी कार्यालय पांवटा साहिब पंहुचे। 

8- पांवटा मे यमुना मे करवाई भगवान वामन को नौका विहार।

पांवटा साहिब मे आज वामन द्वादशी पर्व मनाया गया। कोरोना के चलते सूक्ष्म रूप से यह कार्यक्रम हुआ। शोभायात्रा नही निकाली गई और सभी मंदिरों से पालकियां सीधी यमुनाघाट पर पंहुची जहां पर भगवान को नौका विहार करवाया गया और आरती की गई। जानकारी के मुताबिक यह आयोजन हर वर्ष की तरह सनातन धर्म सभा ने करवाया। सभा के प्रवक्ता विकास वालिया, प्रधान, ब्रहामण सभा के प्रधान अजय शर्मा, अश्वनी शर्मा,

मयंक महावर और अजय संसरवाल आदि ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि कोरोना के चलते सादा आयोजन किया गया। शोभायात्रा नही निकाली गई। आसपास के 15 मंदिर से भगवान की पालकियां यमुनाघाट पर पंहुची जहां भगवान को नौका विहार करवाया गया और झूला झुलाया गया। तत्पश्चात आरती का आयोजन हुआ और फिर प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस मौके पर एसडीएम विवेक महाजन, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री सहित ओमप्रकाश कटारिया, अरविंद गुप्ता, अनिल सैनी, नरेश खापड़ा, मुकेश गुप्ता, हितेंद्र कुमार, हरविंद्र कुमार, निरभ गुप्ता, शांति शरूप गुप्ता आदि अनेकों गणमान्य लोग मौजूद रहें।


(हिमाचल)

1- कोरोना से फाईट मे चैंपियन बना हिमाचल: राष्ट्रपति

देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हिमाचल विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना से लड़ाई में प्रदेश चैंपियन बनकर सामने आया। हिमाचल प्रदेश ने शत-प्रतिशत आबादी को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया है। जिसके लिए सरकार सहित सभी नागरिक बधाई के पात्र है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि हिमाचल एक दिन देश का सिरमौर बने। महामहिम

कोविंद ने कहा कि यशवंत सिंह परमार, पंडित पदम देव जैसी शख्सियतों ने प्रदेश की आजादी के संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्रियों यशवंत सिंह परमार, ठाकुर राम लाल, वीरभद्र सिंह, शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा, कारगिल शहीद कैप्टन ब्रिकम बतरा को भी याद किया। वहीं अटल टनल रोहतांग का जिक्र करते हुए महामहिम कोविंद ने कहा कि इससे मनाली-लेह की दूरी कम हुई है। वहीं सेना को सालभर बॉर्डर तक रसद ले जाने में अब दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ रहा। अटल टनल के बनने से लाहौल के लोगों का जीवन भी आसान हो गया है।

2- राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र को किया सम्बोधित।

भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती समारोह के उपलक्ष्य में आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र को सम्बोधित किया। इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हिमाचल प्रदेश के दौरे के लिए राष्ट्रपति का अभिन्नदन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि हम हिमाचल प्रदेश के 50 वर्षों के स्वर्णिम वर्षों की यात्रा के इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा

बने हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कोे राष्ट्रपति का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, जो राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र और लोगों द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों का मन्दिर है। जनप्रतिनिधि लोगों के विचारों और उनकी आकांक्षाओं को विधानसभा के समक्ष रखते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा को सकारात्मक चर्चा का केन्द्र माना जाता है और विचार-विमर्श के माध्यम से ही सकारात्मक परिणाम हासिल किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की अलग-अलग संस्कृति और रीति-रिवाज हैं और प्रदेश की इस विविधता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। श्री आर्लेकर ने राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा हासिल करवाने में अपना योगदान देने वाले प्रदेश के सभी व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अलग राज्य के रूप में हिमाचल का सपना संजोने वाले लोगों को प्रदेशवासी नमन करते हैं। उन्होंने प्रदेश के विकास में अहम योगदान देने के लिए यहां के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को भी स्मरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विधानसभा द्वारा प्रकाशित ‘हू इज हू’ पुस्तक का विमोचन भी किया और इसकी एक प्रति राष्ट्रपति को भेंट की।

जयराम ठाकुर-

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए बहुत गौरव की बात है कि इस वर्ष को राज्य के स्वर्णिम जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इस पहाड़ी राज्य की 50 वर्षों की यात्रा गौरवशाली और उपलब्धियों से भरी हुई रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में राज्य में प्रति व्यक्ति आय 651 रुपये थी जो वर्तमान में बढ़कर एक लाख 95 हजार

हो गई है। इसी प्रकार वर्ष 1971 में प्रदेश में सड़कों की लम्बाई 7370 किलोमीटर थी जबकि आज यहां 37,808 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का नेटवर्क है। वर्ष 1971 में प्रदेश में केवल 4945 शौक्षणिक संस्थान थे जबकि वर्तमान में इनकी संख्या 15000 से अधिक हो गई है। आज प्रदेश में एम्स, आईआईएम, आईआईआईटी जैसे कई राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट संस्थान हैं। प्रदेश ने इन वर्षों के दौरान कृषि और बागवानी क्षेत्र में आभूतपूर्व विकास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के हर क्षेत्र के विकास और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए जन मंच, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100, हिमकेयर, सहारा, हिमाचल गृहिणी सुविधा, शगुन, मुख्यमंत्री स्वावलम्बन, नई राहें-नई मंजिले और प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की हैं। प्रदेश सरकार ने राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई विशेष कार्यक्रम शुरू किए हैं। वर्तमान सरकार ने प्रदेश के किसानों, बागवानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं और अन्य वर्गाें के कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं औरयह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ अन्तिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई प्रगति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है तथा विभिन्न नवोन्मेषी योजनाओं और अभूतपूर्व विकास के लिए राज्य ने कई पुरस्कार प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो वर्षों में देश के साथ-साथ प्रदेश भी कोरोना महामारी से जूझ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम और गतिशील नेतृत्व में देश ने न केवल इस महामारी पर सफलतापूर्वक विजय हासिल की है, बल्कि विश्व का सबसे बड़ा टीकाकारण अभियान भी चलाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने कोविड-19 टीकाकरण अभियान में 18 वर्ष से अधिक आबादी के पहली खुराक के शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों स्वर्गीय डाॅ. यशवन्त सिंह परमार, राम लाल ठाकुर और वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के अलावा राज्य की विकास यात्रा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य के विकास में योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल का भी आभार व्यक्त किया।

मुकेश अग्निहोत्री-

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह विधानसभा देश की पहली कागजरहित विधानसभा है। प्रदेश के विकास में डाॅ. परमार और वीरभद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है जो अधिकतम समय तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने सैन्य बलों में हिमाचली युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राष्ट्रपति से राज्य के लिए हिमाचल रेजिमेंट के गठन का आग्रह किया।

विपिन सिंह परमार-

राज्य विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने इस अवसर पर राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने अभिभाषण से प्रदेश विधानसभा की शोभा बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य विधानसभा के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास का भी वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा संभवतः देश की पहली विधानसभा है जिसे सही मायने में ई-विधानसभा कहा जा सकता है। विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

3- मुख्यमंत्री ने 50 वर्षों की उपलब्धियों के लिखित दस्तावेज बनाने पर दिया बल।

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती समारोह के ऐतिहासिक अवसर पर आज विधानसभा पुस्तकालय कक्ष में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राज्य की विकास यात्रा में सभी प्रदेशवासियों के महत्वपूर्ण योगदान के लिए

उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा उपलब्धियों से भरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्तव्य बनता है कि राज्य की इस विकासात्मक यात्रा के बारे में नई पीढ़ी को शिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए राज्य ने अपनी 50 वर्षों की विकासात्मक यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए राज्य के प्रमुख विभागों द्वारा 51 कार्यक्रम आयोजित करने की योेजना बनाई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह सम्भव नहीं हो पाया। अब प्रदेश सरकार ने राज्य की विकासात्मक यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा आयोजित करने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 50 वर्षों की उपलब्धियों के लिखित दस्तावेज बनाए जाने चाहिए ताकि आने वाली पीढि़यों को राज्य की इस महत्वपूर्ण यात्रा की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल सके। उन्होंने राज्य के लोगों से हिमाचल को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग और समर्थन

देने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों स्वर्गीय डाॅ. यशवन्त सिंह परमार, राम लाल ठाकुर और वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रो. प्रेम कुमार धूमल का भी आभार व्यक्त किया। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश विधानसभा के सभी वर्तमान और पूर्व सदस्यों के योगदान की सराहना की। उन्होंने दूरदर्शन के अधिकारियों को प्रदेश के 50 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर वृत्तचित्र तैयार करने को कहा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश को अलग पहचान और आकार प्रदान करने में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. यशवन्त सिंह परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे राज्य के सभी लोगों को स्वयं की पहचान बनाने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि हिमाचल को प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने में इसके पश्चात के सभी मुख्यमंत्रियों का भी अमूल्य योगदान रहा है। संसदीय कार्य मामले मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश 25 जनवरी, 1971 को भारतीय संघ के 18वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि तब से राज्य ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने पिछले 50 वर्षों के दौरान विकास के सभी क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 100 वर्ष पूर्व इसी गरिमामयी सदन में पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित हुआ था जो वास्तव में प्रदेश के लोगों के लिए गर्व का क्षण था।

4- औद्योगिक घरानों के साथ होंगे 5000 करोड़ रुपये के एमओयू साईन।

हिमाचल प्रदेश सरकार नई दिल्ली में औद्योगिक घरानों के साथ 5000 करोड़ रुपये के एमओयू साइन करने जा रही है। सरकारी स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह एमओयू मेडिकल डिवाइस, पर्यटन, एजुकेशन और फार्मा जैसी बड़ी कंपनियों के निवेशकों के साथ होगा। एथेनॉल और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए भी एमओयू साइन

होना है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, एसीएस आरडी धीमान उद्योग विभाग के निदेशक राकेश प्रजापति के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। इन उद्योगों के स्थापित होने से प्रदेश के करीब 3500 लोगों को रोजगार मिलेगा। उद्योग विभाग के पास 3500 एकड़ जमीन है, जिनमें उद्योगों को जमीनी स्तर पर उतारा जाना है। यह जमीन कांगड़ा के कंदरोड़ी, ऊना, सिरमौर, सोलन के नालागढ़ और हमीरपुर में है। उद्योग विभाग एथेनॉल प्लांट स्थापित करने पर भी जोर दे रही है। एथेनॉल मक्की और गन्ना से तैयार किया जाता है। इसे पेट्रोल-डीजल में मिलाया जाता है। यह पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाता है। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पांच हजार करोड़ के एमओयू साइन करने जा रही है। इसका दिल्ली में कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री, अधिकारी इसमें शामिल होंगे। राष्ट्रपति का दौरा खत्म होने के बाद इसी माह यह कार्यक्रम होना है।

5- युवा कांग्रेस ने मनाया राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस, डिग्रीधारकों ने तले पकोड़े।

सचिन ओबराॅय-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। प्रदेश युवा कांग्रेस ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन से लेकर शिमला मॉल रोड स्थित शेरे पंजाब तक बेरोजगार यात्रा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी की अध्यक्षता में निकली। युवा कांग्रेस ने इस मौके पर बेरोजगारी की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया। युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश भर से आए डिग्रीधारी युवाओं ने डिग्री के साथ पकौड़े तल कर लोगों को बेचे और पैसे इकठ्ठे किए साथ ही प्रधानमंत्री की तस्वीर वाला केक भी काटा। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश

अध्यक्ष ने केंद्र की सरकार पर जमकर निशाना साधा और इस सरकार को युवा विरोधी सरकार करार दिया।निगम भंडारी ने कहा कि यह सरकार युवाओं के किये एक भी वादे को पूरा नही कर पाई है। बात चाहे बेरोजगारी की हो या अन्य समस्याओं की, केंद्र सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। 2013 में जब  लोकसभा के चुनाव हुए थे तो भाजपा ने 10 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वायदा किया था और नरेंद्र मोदी ने 70 दिन के अंदर वायदा पूर्ति का आश्वासन भी युवाओं से किया था। लेकिन आज 7 वर्ष बीत जाने के बाद भी वो वादा पूरा नही हो पाया है। अगर हम बात कोरोना काल की करें तो बीबीसी में एजेंसियों के हवाले से छपी खबर चौकाने वाली है। उसके अनुसार सिर्फ मार्च से अगस्त महीने तक ही 10 लाख युवाओं को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। आज युवा हताश ओर निराश है पर सरकार जुमलों के अलावा रोजगार देने में सक्षम नहीं है। वहीं निजी क्षेत्र में जीएसटी के कारण भारी कर के तले व्यापारी दब गए हैं और भारी जीएसटी की मार उनके रोजगार पर पड़ी है। निगम भंडारी ने कहा कि सरकार ने हर तरह से युवाओं को लूटने का काम किया है। इस उपलक्ष्य पर शिमला शहरी, ग्रामीण व कसुम्पटी युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित युवा व कई प्रदेश के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

6- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 71वें जन्मदिन पर दी बधाई, मरीजों को बांटे फल।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 71वें जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनके सक्षम और गतिशील नेतृत्व में देश प्रगति के मार्ग पर अग्रसर

है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लोगों विशेषकर समाज के गरीब वर्गों के लोगों के उत्थान के लिए विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की हैं ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज प्रातः कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर मरीजों को फल और मिठाइयां वितरित कीं। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

7- मौसम अपडेट- 19 से 21 सितम्बर तक भारी बारिश का अलर्ट।

हिमाचल प्रदेश में 19 से 21 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 23 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। गोर हो कि मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून सितंबर अंत या अक्तूबर पहले सप्ताह मे अलविदा ही सकता है। बहरहाल, 21 सितम्बर तक संभल कर रहें और नदी नालों से दूरी बनाए रखें। 


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-