किसने लूटा देश....... 20 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

किसने लूटा देश.......  20 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

किसने लूटा देश.......

20 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

दिग्गज संभालेंगे मोर्चा, अग्निहोत्री का वार, कांग्रेस मे परिवारवाद, हिमाचल मे यूपी फार्मूला, किसी की नही जागीर, 420 करोड़ यूज़र्स, कैलेंडर जारी, बस हादसा टला, आगजनी, अनशन जारी, HPCA की पत्रकार वार्ता 96 लाख रूपये चढ़ावा और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) महर्षि वाल्मिकी जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ।

स्थानीय (सिरमौर)

1- ऊर्जा मंत्री बोले गो संरक्षण के लिए उठायेंगे हर जरूरी कदम।

गोवंश को उनका हक दिलाने के लिए मंगलवार सुबह से यहां के रामलीला मैदान में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सचिन ओबरॉय से मिलने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी धरना स्थल पर पहुंचे। बुधवार सुबह वह रामलीला मैदान पंहुचे और उन्होंने गम्भीरतापूर्वक गोसेवक की मांगे सुनी व उन्हें आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही उनकी मांगे सरकार के समक्ष रखेंगे।
बेजुबान गोवंश हित के लिए गोसेवक सचिन ओबरॉय के पक्ष में आये ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने इस दौरान कहा कि वह हिन्दू धर्म में आस्था रखने के साथ साथ गऊ माता के संरक्षण के लिए हर जरूरी कार्य करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने गोवंश के उद्धार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। हालांकि उन्होंने माना कि इस दिशा मे अभी और सुधार की जरूरत है। जिसमें बेसहारा पशुओं को लेकर कठोर कानून लागू किए जाने की सख्त जरूरत है। साथ ही गौशालाओं में गोवंश के रख रखाव

के लिए और बेहतर कार्य किए जाने की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह गो सेवक सचिन ओबरॉय की सभी मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे। जिसमें यथाशीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर कार्य को करने के लिए कुछ समय की जरूरत होती है और समय के साथ साथ हर जगह उसमें सुधार किया जा रहा है। उन्होंने सचिन के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए अनशन छोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान नगर पार्षद व समाजसेवी डॉक्टर रोहताश नांगिया ने भी सचिन ओबरॉय से मुलाकात की। गोर हो कि गोसेवक सचिन ओबरॉय बीते कल से गोसंरक्षण हेतु अनिश्चित कालीन अनशन पर बैठे हैं। इस दौरान उनके साथ अन्य गौप्रेमी भी शामिल थे। गोसेवक सचिन ओबरॉय का कहना है कि आज से 20 दिन पूर्व जिला सिरमौर में गोमाता के संरक्षण हेतु प्रशासन को दिए मांग पत्र पर अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुई हैं। जिसके चलते वह अब रामलीला मैदान पांवटा साहिब में अनिश्चित कालीन अनशन पर बैठे हैं। इससे पहले वह पहले 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे थे। जिस दौरान प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि इस बाबत एक कमेटी गठित की जाएगी, जो जिला सिरमौर की सभी गौशालाओं का निरीक्षण कर एक रिपोर्ट तैयार करेंगे। जिसे सरकार को भेजा जाएगा। लेकिन इस बाबत प्रशासन द्वारा कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया हैं। वहीं, सचिन ओबराॅय ने ऊर्जा मंत्री से भी आग्रह किया कि उनकी चार मांगों पर विचार किया जाएं। इसके लिए यदि कठोर कानून भी बनाने पड़े तो बनवायें। वह इंतजार करने को तैयार है। वह अनशन जारी रखेंगे। 

2- धान खरीद केंद्र पर अब नही आएगी बिजली की दिक्कत, मंडी समीति ने इमर्जेंसी के लिए की जनरेटर की व्यवस्था।

पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना मे हो रही धान खरीद केंद्र मे अब बिजली खरीद मे दिक्कत पैदा नही कर पाएगी। मंडी समीति सिरमौर ने इसके लिए भी इंतजाम शुरू कर दिये हैं। अब यदि बिजली जाती भी है तो धान खरीद नही रूकेगी। यहां पर समीति ने जनरेटर की व्यवस्था कर दी है। जिससे झरने लगातार चलते रहेंगे। मंडी समीति सिरमौर के चेयरमैन रामेश्वर शर्मा ने बताया कि बीते दिन फाल्ट के कारण कुछ समय बिजली की आपूर्ति बाधिहोने से धान खरीद रूकी तो उन्होंने इस समस्या का स्थाई समाधान करने का प्रयास

किया। अब मौके पर जनरेटर लगा दिया है और जैसे ही कभी बिजली जाती है तो यह ऑटोमेटिक रूप से चल जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हर वह प्रयास करेंगे जिससे किसानों की दिक्कतें दूर हो। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भले ही ऑनलाइन पोर्टल पर किसी किसान का नंबर दिसंबर या जनवरी दिखा रहा हो तो उन्हे हताश होने की ज़रूरत नही है। एफसीआई हर हाल मे किसानों के धान की खरीद नवंबर माह मे पूरी कर लेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिवस तक करीब 60 किसानों ने 2768 क्विंटल धान बेची है जबकि दो दिन बारिश के कारण खरीद नही हो पाई थी। सभी किसानों के खातों मे 24 घंटे के भीतर पैमेंट ऑनलाइन आ गई है जिससे किसान खुश है। गोर हो कि एफसीआई ने इस बार पहली दफा हिमाचल मे धान खरीद शुरू की है तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य 1960 रूपये रखा है। ऐसे मे किसानों को धान की फसल घर-द्वार बेचने का अवसर मिला है।  

3- स्वास्थ्य विभाग ने की अनशन पर बैठे गो सेवक सचिन ओबराॅय की स्वास्थ्य जांच।

पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में गोवंश अधिकारों को अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सचिन ओबराॅय के स्वास्थ्य की जांच के लिए विभाग की टीम पंहुची। बुधवार शाम को एसएमओ सिविल अस्पताल डाॅ अमिताभ जैन की अध्यक्षता मे एक टीम रामलीला मैदान पंहुची। इसमे वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ

एवी राघव सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। इस दौरान टीम ने सचिन ओबराॅय के बीपी और शुगर की जांच ली। साथ ही ब्लड सैपल भी जांच के लिए एकत्रित किया। गोर हो कि मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब गो सेवक सचिन ओबराॅय ने यहां के रामलीला मैदान में गोवंश के अधिकारों के लिए अनिश्चित काल अनशन पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगे नही मानी जाती वह अनशन जारी रखेंगे। 

4- पांवटा साहिब मे 1 नवंबर से शुरू होगा पहले सत्र का प्रशिक्षण।

पांवटा साहिब में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सिरमौर क्रिकेट संघ की देख रेख में राज्य की पहली महिला क्रिकेट अकादमी की खिलाड़ियों के चयन कन्या आदर्श विद्यालय में किया जाएगा। इसके लिए 24 अक्टूबर को ट्रायल रखे गए हैं। यह जानकारी एचपीसीए सिरमौर अध्यक्ष अतर सिंह नेगी ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर से कन्या आदर्श विद्यालय में इस एकडेमी को सुचारु रूप से शुरू कर दिया जाएगा। जहां महिला खिलाड़ी परीक्षण लेंगी। नेगी ने बताया की इस दौरान एचपीसीए

द्वारा खिलाड़ियों को सीखने के लिए गोपाल सिंगटा को कोच नियुक्त कर लिया है। इस दौरान उन्होंने बताया की 24 अक्तूबर को 35 से 40 महिला खिलाड़ी का चयन अकादमी के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा की अगर खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा हो गई तो एक और कोच की भी नियुक्ति की जा सकती है। इस दौरान उन्होंने पत्रकार द्वारा स्टेडियम बनाने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन व सिरमौर क्रिकेट संघ द्वारा हरिपुर टोहाना में क्रिकेट स्टेडियम के लिए चयनित की गई भूमि को लेकर दस्तावेज तैयार किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दस्तावेज तैयार कर प्रदेश सरकार को भेज दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने बताया की जल्द ही प्रदेश का दूसरा व सिरमौर जिले का पहला स्टेडियम यहां बन कर तैयार किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही पांवटा में जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता भी शुरू की जाएगी। इस दौरान उनके साथ कोच अश्वनी राय, चयन समिति सदस्य सुभाष चौधरी, अंपायर प्रदीप शर्मा, सुमित शर्मा, पंकज शर्मा व कोच गोपी सिंगटा आदि मौजूद रहे। 

5- पांवटा साहिब में कर इन 21 स्थानों पर होगा कॉविड -19 टीकाकरण।
 
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए  21 अक्तूबर को 21 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 अक्तूबर को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ई एस.आई. गोंदपुर, ई.एस.आई. मालवा कोटन, अम्बेडकर भवन पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, उप स्वास्थ्य केंद्र कांडो भैला, उप स्वास्थ्य

केंद्र छछेत्ती, उप स्वास्थ्य केन्द्र बहराल, उप स्वास्थ्य केंद्र मिस्रवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र लोहगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भारापुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माजरा, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला बी पी, उप स्वास्थ्य केन्द्र अजोली एन जी, उप स्वास्थ्य केंद्र कोटड़ी ब्यास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगानी, राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखूवाला। इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी  तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों  पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।

6- आश्विन नवरात्र मेले के दौरान त्रिलोकपुर में 96 लाख रूपये नकद राशि, 32 ग्राम सोना और 27 किलो चाँदी का चढ़ावा।

सिरमौर जिला के त्रिलोकपुर माता बालासुन्दरी मन्दिर में आश्विन नवरात्र मेला के दौरान लगभग 58500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कुल 96 लाख 20 हजार 540 रूपये नगद

राशि, 32 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 27 किलो 727 ग्राम चाँदी चढ़ावे के रूप में अर्पित की गई। मेले के आखरी दिन आज उपमण्डलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास रजनेश कुमार ने त्रिलोकपुर मंदिर में प्रातः कालीन आरती में भाग लिया और विधिवत रूप से माता बालासुंदरी कि पूजा अर्चना की। 

7- कबड्डी पुरूष मे हरियाणा और महिला वर्ग मे सोलन रही विजेता।

पांवटा साहिब मे आयोजित राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के तहत आयोजित हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री ने पुरस्कृत किया। खेल मुक़ाबलों के विजेताओं की बात करें तो वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। जिसमे विजेता पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज सोलन टीम 31000 का नकद ईनाम, उप विजेता भजौन टीम 21000 का नकद ईनाम, टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ

खिलाड़ी  पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज सोलन टीम से जितेंद्र और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर दलीप सिंह रहे। वहीं कबड्डी पुरुष मे विजेता हरियाणा टीम 51000 का नकद इनाम,  उप विजेता सिरमौर अकादमी टीम  को 31000 का नकद इनाम, सर्वश्रेष्ठ रेडर सिरमौर अकादमी टीम से उमेश शर्मा  5100 का नकद इनाम, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जेके हरियाणा टीम से नवीन  5100 का नकद इनाम, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जेके हरियाणा टीम से लोकेश  7500 का नकद इनाम दिया गया। कबड्डी महिला मे विजेता  राजपुरा सोलन टीम 51000 का नकद इनाम, उप विजेता सिरमौर अकादमी टीम  31000 का नकद इनाम, सर्वश्रेष्ठ रेडर सिरमौर अकादमी टीम से कुमारी रितु को 5100 का नकद इनाम, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर राजपुरा सोलन टीम से कुमारी साक्षी को 5100 का नकद इनाम दिया गया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राजपुरा सोलन टीम से कुमारी निधि शर्मा 7500 का नकद इनाम दिया गया। हॉकी मे विजेता माजरा टीम और उप विजेता  नघेता टीम रही। सर्वश्रेष्ठ अटैकर नघेता टीम से कुमारी सोनाली , सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर माजरा टीम से कुमारी अमरदीप, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माजरा टीम से कुमारी रितिका, सर्वश्रेष्ठ स्कोरर माजरा टीम से कुमारी कनिष्का रही। बैडमिंटन अंडर 30 विजेता हेमंत और सुमित, उप विजेता दिवयांश और अरविंद  रहे। बैडमिंटन 30 से ऊपर मे विजेता आदिल और विक्रांत तथा  उप विजेता  सुनील ठाकुर और छतर  रहे। वहीं। बैडमिंटन 50 से ऊपर वर्ग मे विजेता सुभाष चौधरी और रणजीत सिंह बेदी तथा उप विजेता  जय भगवान और नरेंद्र धीमान रहे। 

8- दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का समापन।

पांवटा साहिब मे राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के समापन अवसर पर गत देर सांय पांवटा साहिब में बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने महिला और पुरुष वर्ग के आयोजित कबड्डी खेल के आखरी मुक़ाबलों का आनंद लिया तथा शरद महोत्सव के तहत आयोजित हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यमुना शरद महोत्सव के आयोजन की परिकल्पना तत्कालीन उपमण्डलाधिकारी सीआरबी ललित द्वारा 1982 में

की गई तथा 2018 में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी कि वजह से इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन न करते हुए इस वर्ष खेल प्रतियोगिताओं को इस महोत्सव में जोडा गया। उन्होंने जिला प्रशासन और महोत्सव समिति को इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने महोत्सव के दौरान आयोजित खेल गतिविधियों के विजेताओं और प्रतिभागियों को भी बधाई दी। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव 2021 की स्मारिका का भी विमोचन किया। उप मंडल अधिकारी विवेक महाजन ने मुख्य अतिथि को टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया और स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों द्वारा रासलीला का प्रस्तुति दी गई जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर भारतीय महिला कबड्डी टीम कि पूर्व कप्तान प्रियंका नेगी, डी.एस.पी. वीर बहादुर, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, आर.एस. बेदी, खण्ड विकास अधिकारी अनूप शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष जिला भाजपा कुलदीप राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, ए.पी.एम.सी. अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, सुभाष चौधरी सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

(हिमाचल)

1- सत्ता मे आकर लूटने का काम करती है कांग्रेस: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी मे जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में आती हैं तो देश को लूटने के अलावा कुछ नहीं करती, इस बात को पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने कहा कि 50 साल सत्ता में रहकर कांग्रेस ने अपनी छवि घोटालों से प्रसिद्ध की है। अब

जनता ने अपना सफर विकास करवाने वाली पार्टी ‘‘भाजपा’’ के साथ शुरू किया है, देश अब कांग्रेसमुक्त हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मण्डी लोकसभा उपचुनाव में भी जनता के आशीर्वाद से भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

2- अब भाजपा के दिग्गज शांता-धूमल भी संभालेंगे फील्ड। 

हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव में प्रचार के लिए अब दोनो दलों के दिग्गज नेता भी फील्ड में उतरेंगे। भाजपा की तरफ से स्टार प्रचारकों में शामिल दोनो पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल उपचुनाव की प्रचार अवधि के आखिरी हफ्ते 23 अक्तूबर के बाद फील्ड में उतरेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय जल्दी ही दोनों पूर्व सीएम से पूछकर उनके प्रचार के स्थान

और समय तय करेगी। दोनों ही वरिष्ठ नेता भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं, लेकिन अभी समय नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं और वह बीच-बीच में समय दे रहे हैं। भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल भी निश्चित तौर पर सभी जगहों पर कार्यक्रम और समय के हिसाब से प्रचार करेंगे। 
उधर, नादौन के विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 20 अक्तूबर से प्रचार करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त 20 से 26 अक्तूबर तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। स्टार प्रचारक पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्य सभा में उपनेता प्रतिपक्ष आनंद शर्मा  25 अक्तूबर को दोपहर 12:00 बजे कोटखाई में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर 23 से 27 अक्तूबर तक शिमला, किन्नौर और कुल्लू के प्रवास पर रहेंगे और चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। चुनाव तिथि नजदीक आते दोनो दलों के नेताओं की सक्रियता तेज होने लगी है। 

3- मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर मुकेश अग्निहोत्री ने किया जमकर वार।

हिमाचल प्रदेश के उपचुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है वैसे वैसे नेताओं के शब्दबाणों का तीखापन भी बढ़ता जा रहा है। मंडी में प्रैस वार्ता करते हुए बुधवार को विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि टाटा मंडी जिला से प्रोजैक्ट छोड़ कर क्यों भागा। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में

अपने लोगों को ठेका देने के लिए एक-एक टैंडर को चार-चार बार संशोधित किया गया ताकि कंडीशन लगा कर छोटे-छोटे ठेकेदारों को टैंडर लेने से रोका जा सके। चोर दरवाजे से भर्तियां कर अपने लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। लेकिन न कर्मचारियों काे उनका हक दिला पाए न बेरोजगार युवाओं को रोजगार दे पाए। उन्होंने कहा कि महंगाई बहुत बड़ा मुद्दा है, इस पर मुख्यमंत्री क्यों नहीं बोलते, वह महंगाई पर कंपीटिशन करना चाहते हैं।

4- कांग्रेस पर परिवारवाद पूरी तरह हावी: टंडन 

हिमाचल प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन ने आरोप लगाया कि उपचुनाव में कांग्रेस में परिवारवाद पूरी तरह से हावी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 4 में से 3 जगह पर ऐसे प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं, जिनका संबंध परिवारवाद है। इसके विपरीत भाजपा ने परिवारवाद को दरकिनार करते हुए छोटे कार्यकर्ता को तरजीह दी है। संजय टंडन जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान संबोधित कर रहे थे। यहां पर वह भाजपा की नई टीम के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं। भाजपा ने पहले गठित मंडल की तरफ से त्यागपत्र देने के बाद नई टीम का गठन नहीं किया है। ऐसा माना जा

रहा है कि पार्टी उपचुनाव में परफाॅर्मैंस के आधार पर यहां नई टीम का गठन करेगी। संजय टंडन ने कहा कि भाजपा में एक छोटे से परिवार से संबंध रखने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री और प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है। इसके विपरीत कांग्रेस में हमेशा राजघराने या बड़े परिवारों का दबदबा रहा है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर गांधी परिवार का बोलबाला है, जिसकी तरफ से बिना पूछे निर्णयों को थोपा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की हालत भी ऐसी ही है, जिसमें परिवारवाद को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र विधायक हैं तथा उनकी पत्नी अलग से सांसद का चुनाव लड़ रही हैं, ऐसे में कांग्रेस में आम कार्यकर्त्ता की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

5- क्या हिमाचल मे भी लागू होगा यूपी वाला फार्मूला?

उत्तर प्रदेश मे महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने के कांग्रेस के निर्णय के बाद हिमाचल के राजनैतिक गलियारे भी गर्म होने लगे है। संभावना जताई जा रही है कि सत्ता में वापसी के लिए यूपी के फार्मूले को कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में लागू कर सकती है। अगर यह प्रयोग उत्तर प्रदेश में सफल रहता है तो समान चुनावी वर्ष में इसे हिमाचल में भी आजमाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में चुनाव संपन्न होने के छह महीने बाद हिमाचल में भी चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यहां अक्तूबर 2022 के बाद चुनाव होंगे। दिसंबर तक नई सरकार शपथ लेगी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश के कांग्रेसियों को भी उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी टिकट देने के एलान के

बाद चौंका दिया। विशेषकर यहां कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। उनकी ओर से भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आती रहीं। राजनीतिक विश्लेषकों की भी एक राय है कि इस ऐलान का असर हिमाचल में भी हो सकता है। 40 फीसदी नहीं तो उससे कम महिलाओं को यहां टिकट देने में तवज्जो दी जा सकती है। प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ यहां भी इस अस्त्र का प्रयोग हो सकता है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हमेशा महिलाओं को तरजीह देने की बात की है। महिलाओं को ज्यादा संख्या में टिकट दिलाने में सोनिया गांधी हमेशा फ्रंटलाइन में रही हैं। अब प्रियंका गांधी ने जिस तरह का फैसला लिया है, यह अच्छा है। उन्होंने कहा कि अभी यह हाईकमान का पूरे देश के लिए फैसला नहीं है। हिमाचल में भी आने वाले वक्त में अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट देने का प्रयास रहेगा।

6- भाजपा नही किसी की जागीर, जुब्बल कोटखाई से वीडियो जारी।

हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी हॉट सीट बन चुकी जुब्बल-नावर-कोटखाई से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी चेतन बरागटा के समर्थकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चेतन की मौजूदगी में उनके समर्थक दावा कर रहे हैं कि चेतन बरागटा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से लेकर अमित शाह तक को घुटनों पर ला दिया है। वहीं, एक अन्य वीडियो में समर्थकों ने खुद को ही असली भाजपा बताते हुए कहा कि भाजपा किसी के बाप की जागीर नहीं

है। चार तारीख के बाद नकली बीजेपी बाहर हो जाएगी और असली बीजेपी रहेगी। चेतन समर्थकों के इस विवादित बोल का वीडियो वायरल होने पर सियासी बवाल शुरू हो गया है। भाजपा समर्थक जहां सोशल मीडिया पर ही इस वीडियो पर सवाल उठाते हुए चेतन पर पलटवार कर रहे हैं। वहीं, भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने विवादित बोल पर कहा कि इस देश में लोकतांत्रिक ढांचे के अनुसार किसी को भी किसी के खिलाफ कुछ भी बोलने से रोका नहीं जा सकता है। लेकिन पार्टी की स्थिति साफ है कि जो भी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ काम करेगा या पार्टी प्रत्याशी के विरोधी को समर्थन देगा, उसकी पार्टी में कभी भी वापसी नहीं होगी।

7- दुनिया मे सोशल मीडिया के कुल एक्टिव यूजर्स है 420 करोड़।

राज्य गुप्तचर विभाग के  शिमला (साइबर क्राइम यूनिट) द्वारा सभी जिलों के पुलिस कर्मचारियों के लिए साईबर अपराध के अन्वेषण पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान "सोशल मीडिया एनालिसिस एंड ओएसआईएनटी" पर विस्तृत तौर पर बताया गया। इस पाठ्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पुलिस की विभिन्न शाखाओं से 31 कांस्टेबलों ने भाग लिया। पुलिस महानिदेशक हि0प्र0 संजय कुंडू आईपीएस ने पाठ्यक्रम में समापन टिप्पणी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को साइबर डोमेन में अपनी विशेषज्ञता विकसित करने और पुलिस जांच में सोशल मीडिया की शक्ति का

उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बतलाया कि इंटरनेट, बेब का उपयोग करने वाले व्यक्ति हमेशा अपने डिजिटल चिन्ह छोड जाते हैं जिनका प्रभावी अन्वेषण के दौरान पता लगाया जा सकता है। सोशल मीडिया विश्लेषण में पुलिस बल को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य सीआईडी की पहल की सराहना की। पांच पुलिस अधिकारी एचसी संदीप प्रभारी डीसीआरबी सिरमौर, आरक्षी नीतीश और आरक्षी अमरेंद्र साइबर सेल सिरमौर, आरक्षी शुभम पीटीसी और आरक्षी अजय ऊना साइबर सेल जिन्होंने पाठ्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया, उन्हें पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अतुल फूलजले, पुलिस महानिरीक्षक अपराध, रोहित मालपानी पुलिस अधीक्षक साईबर अपराध तथा नरवीर सिंह राठौर अति0 पुलिस अधीक्षक साईबर अपराध ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कहा गया कि आज सोशल मीडिया ने काफी विशाल रूप ले लिया है। इस समय पूरी दुनिया में सोशल मीडिया के कुल एक्टिव यूजर्स 420 करोड़ हैं, यानी दुनिया की कुल आबादी में इस समय लगभग 53 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया पर हैं। इन 420 करोड़ यूजर्स में से 98.8 प्रतिशत यूजर्स ऐसे हैं, जो मोबाइल फोन से इस माध्यम के साथ जुड़ते हैं। इसके अलावा एक दिलचस्प आंकड़ा ये है कि पूरी दुनिया में हर यूजर हर दिन औसतन 2 घंटे 25 मिनट सोशल मीडिया पर बिताता है। सोशल मीडिया की ताकत को आप कुछ टेक्नोलॉजी कंपनियों के कुल यूजर्स की संख्या से भी समझ सकते हैं। इस समय दुनिया में सबसे बड़ा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक है, जिसके 274 करोड़ यूजर्स हैं। यानी भारत जितनी आबादी के दो देश फेसबुक ने अपने प्लेटफॉर्म पर बसाए हुए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर यूट्यूब है, जिसके 229 करोड़ यूजर्स हैं और वाट्सऐप के 200 करोड़ यूजर्स हैं।सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियां कहने का मतलब ये है कि सोशल मीडिया की अपनी एक दुनिया है और ये दुनिया काफी विशाल है। लेकिन इस पर गैर जिम्मेदार लोगों का भी अब प्रवेश हो चुका है। हम आपको सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों के बारे में बताते हैं।पहली चुनौती है, फेक न्यूज़। आज सोशल मीडिया, फेक न्यूज़ का अड्डा बन चुका है और इसीलिए कुछ लोग ये भी कहते हैं कि फेक न्यूज़ से बचने के लिए सोशल मीडिया डिस्टेंसिंग आज बहुत जरूरी हो गई है। एक अध्ययन में पाया था कि सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज़ सही खबरों के मुकाबले में 70 प्रतिशत अधिक रफ्तार से फैलती हैं। दूसरी चुनौती है, सोशल मीडिया की ट्रोल आर्मी। सोशल मीडिया के आने के बाद से समाज में जो अपराधी थे, जो उत्पात करने वाले लोग थे, अब उन्हें गलियों में नारेबाजी नहीं करनी पड़ती क्योंकि, अब उन्होंने ट्रोल आर्मी बना ली है, जो अफवाह फैलाती है, लोगों को भड़काती है और कई बार किसी की छवि को एजेंडे के तहत तबाह कर देती है। इससे निपटना बड़ी चुनौती है। बड़ी-बड़ी प्राइवेट कंपनियां अपने विरोधियों के खिलाफ इन ट्रोल आर्मीज का इस्तेमाल करती हैं। तीसरी चुनौती ये है कि इसने बड़े बड़े लोकतांत्रिक देशों की सम्प्रभुता को चुनौती देना शुरू कर दिया है। चौथी चुनौती ये है कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल से लोगों के पर्सनल डेटा की चोरी का भी खतरा बढ़ गया है। साईबर अपराधी के लिए सोशल मीडिया डाटा चुराने के लिए सोने की खान बन चुका है। आज बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां अपने यूजर्स का डेटा विज्ञापन के लिए कंपनियों को बेचती हैं और आपकी निजी जानकारी के साथ समझौता किया जाता है और पांचवीं चुनौती ये है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से युवाओं पर इसका मानसिक दबाव काफी बढ़ गया है। अब पिक्चर्स पर कितने लाइक्स मिले, कितने कमेंट हुए, किस वीडियो को कितने लोगों ने देखा और किसकी फ्रेंड लिस्ट कितने लोग हैं, ये बातें युवाओं पर असर डालने लगी हैं। अब परीक्षा में अच्छे नंबर से ज्यादा, ये अहम हो गया है कि सोशल मीडिया पर किसके कितने ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस सभी नागरिकों से अनुरोध करती है कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सुरक्षा के प्रावधानों का पूर्ण उपयोग करें एवं हमेशा सतर्क रहें।

8- दशहरे मे निकली भगवान नरसिंह की अंतिम जलेब।

कुल्लू के ढालपुर में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के छठे दिन बुधवार को ढोल-नगाड़ों की थाप पर शाही अंदाज में भगवान नरसिंह की जलेब निकाली गई। जलेब में ढोल-नगाड़ों की थाप पर देवलू झूमे। यह दशहरा की अंतिम जलेब थी। करीब पौने पांच बजे राजा की चानणी से देवताओं के साथ जलेब का सिलसिला शुरू हुआ। जलेब में महाराजा कोठी के आराध्य देवता जमदग्नि

ऋषि, हवाई के जमदग्नि, रैला के लक्ष्मी नारायण, वीरकैला, जोंगा के देवता महावीर,  कमांद के देवता वीर कैला, खल्याणी के देवता पांचवीर पालकी के साथ चले। बीच में भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह पालकी में सवार रहे। नरसिंह भगवान की दशहरा उत्सव में पांच दिन जलेब निकलती है। जलेब के माध्यम से नरसिंह भगवान पूरे ढालपुर मैदान में रक्षा सूत्र बांधते हैं। देवलुओं ने लोकगीतों पर झूमकर दशहरा की रौनक को बढ़ाया। 

9- जारी हुआ वर्ष 2022 का कैलेंडर, पांच त्यौहार रविवार को।

हिमाचल प्रदेश का वर्ष 2022 का कैलेंडर जारी हो गया है। इस कैलेंडर के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2022 में कर्मचारियों को पांच छुट्टियां कम मिलेंगी। पांच त्योहार रविवार को आ रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों को इन त्योहारों के लिए मिलने वाली अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिलेगी। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने वर्ष 2022 का कैलेंडर जारी कर दिया है। राम नवमी, बकरीद, गांधी जयंती, बाल्मीकि जयंति और क्रिसमस रविवार को है। वर्ष 2022 में गजेटियर (सार्वजनिक अवकाश) छुट्टियां 22 हैं। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 के तहत होने वाली छुट्टियां 16 रहेंगी, जबकि वैकल्पिक अवकाश 12 रहेंगे। रक्षा बंधन 11 अगस्त को है। इसी तरह करवा चौथ 13 अक्तूबर और भैया दूज 26 अक्तूबर को है। महिला कर्मचारियों के लिए इन तीन दिनों में अवकाश रहेगा। इसके साथ ही न्यू ईयर डे, पहली जनवरी लोहड़ी, 13 जनवरी मकर संक्राति, 14 जनवरी बसंत पंचमी, पांच फरवरी दयानंद जयंती, 26 फरवरी रविंद्रनाथ जयंती, नौ मई गणेश चतुर्थी, 31 अगस्त महाष्टमी, तीन अक्तूबर गोवर्धन पूजा, 24 दिसम्बर क्रिसमस इव के अवकाश शामिल है। 

क्राइम/एक्सीडेंट 

1- बस की ब्रेक हुई फेल, चालक की सूझबूझ ने टाला हादसा।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सलाणा से करसोग जा रही बस के शोरशन के समीप अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ का परिचय देकर बस को मुख्य मार्ग के साथ हलकी चढ़ाई वाले संपर्क मार्ग पर चढ़ाकर काबू किया। हालांकि बस पीछे हटते हुए पलट गई। इससे पांच सवारियों को चोटें आई हैं। हादसे के वक्त बस में चालक-परिचालक समेत 13 लोग सवार थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाला। परिवहन निगम ने हादसे के तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने कहा कि पुलिस भी मामले की छानबीन कर रही है। बुधवार सुबह एचआरटीसी बस (एचपी 03 बी 6135)  सलाणा से करसोग की ओर जा रही थी। दस बजे के करीब जैसे ही बस शोरशन पहुंची तो यहां स्पीड ब्रेकर के समीप चालक ने स्पीड को कुछ कम करने के ब्रेक मारी लेकिन बस की ब्रेक नहीं लगी। चालक को ब्रेक फेल होने का अंदेशा हो गया। इस पर चालक ने बस को संपर्क मार्ग में डाल दिया। संपर्क मार्ग में चढ़ाई थी तो बस की स्पीड कम हो गई। फिर बस धीरे-धीरे पीछे हटने लगी और पलट गई। घायलों की पहचान करसोग निवासी बोधराज, केशव, लीलाधर, केवल और सीमा के रूप में हुई है। इन्हें सिविल अस्पताल सुन्नी में प्राथमिक उपचार दिया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष कुमार ने कहा कि हादसे की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

2- शिमला मे स्टोर मे आगजनी से लाखों का नुकसान।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लोअर बाजार में रिहायशी क्षेत्र में रात करीब तीन बजे एक दुकान के स्टोर रूम में आग लगने से अढाई लाख रुपये के जूते और कपड़े जल गए। घटना की सूचना मिलने के चंद मिनटों बाद ही मालरोड फायर स्टेशन से आए बचाव दल ने आग बुझाने का काम शुरू किया। शेरे पंजाब के पास राजा ज्ञाननाथ भवन में इलेवन मार्केट में बने इस स्टोर रूम में सुबह आग लगने की सूचना अग्निशमन कं ट्रोल रूम को मिली। इस स्टेशन से बचाव दल वाहन और उपकरणों के साथ स्टेशन फायर

ऑफिसर टेकचंद की अगुवाई में आग बुझाने मौके पर पहुंचे। शहर के तीनों फायर स्टेशनों से मौके पर पहुंचे दमकल विभाग कर्मियों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। तंग गली में बने इस स्टोर में आग से फैले धुएं के बीच बचाव कर्मियों को काफी परेशानी हुई। दमकल कर्मियों ने करीब दस करोड़ की संपत्ति को राख होने से बचा लिया। यही आग अगर बेकाबू होती है तो क्षेत्र के कई पुराने लकड़ी से बने मकान और दुकानें आग की भेंट चढ़ जाती। उन्होंने बताया कि संकरी गली में स्टोर बनाया था। इसमें रैक बनाकर जूते और कपड़े रखे थे। काफी देर तक आग कहां भड़की है, यही जानने में समय निकल गया। पांच बजे तक आग को पूरी तरह से शांत कर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया था। 


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-