Sirmaur: बाल गृह आदर्श बाल निकेतन सिरमौर का हुआ त्रैमासिक निरीक्षण, जांची व्यवस्था ddnewsportal.com
Sirmaur: बाल गृह आदर्श बाल निकेतन सिरमौर का हुआ त्रैमासिक निरीक्षण, जांची व्यवस्था

जिला स्तरीय निरीक्षण समिति जिला सिरमौर द्वारा गाँव नाल तहसील पच्छाद स्थित बाल गृह आदर्श बाल निकेतन सिरमौर का त्रैमासिक निरीक्षण अध्यक्ष जिला स्तरीय निरीक्षण समिति जिला सिरमौर/ अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता काप्टा (हि० प्र० से०) की अध्यक्षता मे किया गया I निरीक्षण के दौरान किशोर न्याय अधिनियम 2015 मे निर्धारित सभी मापदण्डों के आधार पर संस्थान द्वारा बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया। समिति द्वारा बाल गृह की रसोई घर से लेकर शयनकक्ष मे बच्चों के बिस्तरों, शौचालयों, बच्चों की दी जाने वाली दैनिक आहार जैसी सुविधाओं का जायजा लिया गया। चिकित्सा अधिकारी नैना टिक्कर डा० तरुण द्वारा बाल गृह के रोगी कक्ष मे सभी दवाइयों का निरीक्षण किया व बाल गृह के सभी उपस्थित बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई व कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार बारे जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर समिति द्वारा बाल गृह के सभी बच्चों से बातचीत की व उन्हे उनके अधिकारों व भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।

समिति के सदस्य व जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग पवन गर्ग ने बच्चों से रूबरू होते हुए उनसे आग्रह किया कि उन्हे पढ़ाई, खेल कूद के साथ साथ अपने भविष्य के प्रति भी सजग रहना है। संरक्षण अधिकारी सोहन पुंडीर ने बच्चों से बातचीत के दौरान कहा कि यदि किसी भी बच्चे को किसी भी तरह कि कोई समस्या होती है तो वे तुरंत 1098 पर फोन करें व बाल गृह मे लगाई गयी शिकायत व सुझाव पेटी मे अपनी शिकायत व सुझाव डाल सकते है। इस अवसर पर निरीक्षण समिति की अध्यक्षा अतिरिक्त उपायुक्त ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा राजनिशा चौहान ने भी बच्चों से वार्तालाप किया व सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर यूनिवर्सल डेवेलपमेंट ऑफ ह्यूमन एंड ऑल रिसोर्सस चैरीटेबल ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक आर.के.शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रमा रेटका, बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद दीपक चौहान उपस्थित रहे।