Paonta Sahib: काॅलेज के नये विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम, प्राचार्य ने दी महत्वपूर्ण जानकारी ddnewsportal.com

Paonta Sahib: काॅलेज के नये विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम, प्राचार्य ने दी महत्वपूर्ण जानकारी ddnewsportal.com

Paonta Sahib: काॅलेज के नये विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम, प्राचार्य ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

श्री गुरु गोविन्द सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पाँवटा साहिब में प्रथम सेमेस्टर के विज्ञान, वाणिज्य, कला एवं बी.सी.ए. संकाय के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत एक दिवसीय   इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के माननीय प्राचार्य डॉक्टर जगदीश चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में की।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मंच संचालक डॉक्टर दीपाली भंडारी द्वारा ज्ञान, सद्बुद्धि और विवेक की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती के स्मरण से हुआ। इसके उपरान्त प्रोफेसर डॉक्टर ध्यान सिंह तोमर द्वारा मुख्य अतिथि की बैज पिंनिंग की गयी तथा डॉक्टर दीपाली भंडारी ने मुख्यातिथि, अन्य उपस्थित अतिथियों नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। अमिता जोशी (कन्वीनर एन ई पी 2020) द्वारा मुख्यातिथि को एक पौधा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। 

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, नैतिक मूल्यों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, लचीले पाठ्यक्रम तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न नियमों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें रैगिंग निषेध अधिनियम के प्रावधानों तथा रैगिंग के विरुद्ध महाविद्यालय की शून्य-सहनशीलता  नीति से अवगत कराया गया। नशामुक्त परिसर की अवधारणा पर बल देते हुए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय पहचान-पत्र  सदैव साथ रखने, विश्वविद्यालय पंजीकरण समय पर पूर्ण करने, महाविद्यालय के विभिन्न क्लबों एवं समितियों में नामांकन कर अपनी प्रतिभा का विकास करने तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

अमिता जोशी (कन्वीनर एन ई पी 2020) द्वारा एन ई पी 2020 के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला तथा तृतीये सत्र से लगने वाले  मल्टीडिसीप्लीनरी और सिंगल मेजर  प्रोग्राम की तैयारी के लिए प्रथम और द्वितीय सत्र में मजबूत नींव रखने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को सेमेस्टर प्रणाली, विभिन्न सत्रों में पढ़ने वाले तीन कोर कोर्सेज , मल्टीडिसकीप्लीनरी कोर्सेज, स्किल एनहांसमेंट कोर्सेज, एबिलिटी एनहांसमेंट कोर्सेज से भी अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान एन ई पी 2020 समिति के सदस्यों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विज्ञान संकाय से लेफ्टिनेंट डॉक्टर पूजा भाटी , वाणिज्य से प्रोफेसर रिंकू अग्रवाल , कला से प्रोफेसर दीपाली भंडारी ने विद्यार्थियों को उनके-अपने संकाय के पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली, विषय चयन, कौशल आधारित पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रणाली तथा नई परीक्षा पद्धति की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को सेमेस्टर प्रणाली, आंतरिक एवं बाह्य मूल्यांकन, सतत मूल्यांकन, उपस्थिति तथा परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया। प्रोफेसर जसवंत सैनी ने द्वितीय सेमेस्टर में लगने वाले अत्यधिक महत्त्वपूर्ण विषय इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप, प्रोजेक्ट कम्युनिटी वर्क तथा वैल्यू एडेड कोर्स के विषय में जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को मिलने वाले सुपरवाइजर अध्यापकों के विषय में भी अवगत कराया।  

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रोफेसर संदीप चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा सभी विद्यार्थियों का विद्या आरम्भ के उपलक्ष्य में मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान से हुआ। प्रोफेसर विम्मी रानी, प्रोफेसर उत्तमा पण्डे, प्रोफेसर तनु चंदेल, प्रोफेसर चीनू बंसल तथा अन्य सभी प्राध्यापक, गैर शिक्षक वर्ग से जावेद, आशीष तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।