HP By-Election Result News: देहरा-नालागढ़ कांग्रेस का तो हमीरपुर में भाजपा के आशीष ने दिखाई ताकत ddnewsportal.com

HP By-Election Result News: देहरा-नालागढ़ कांग्रेस का तो हमीरपुर में भाजपा के आशीष ने दिखाई ताकत ddnewsportal.com

HP By-Election Result News: देहरा-नालागढ़ कांग्रेस का तो हमीरपुर में भाजपा के आशीष ने दिखाई ताकत

हिमाचल प्रदेश मे तीन सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गये है। तीन में से दो सीटें देहरा और नालागढ़ पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है। जबकि हमीरपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा ने अपनी ताकत फिर से दिखाई है। वह यहां से निर्दलीय विधायक थे। अब भाजपा के विधायक बन गए है। 
सबसे पहले देहरा की सीट की बात करें तो यहा पर हुए उपचुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली है। यहां पर पहली बार कांग्रेस अपना खाता खोलने में कामयाब हुई है। कमलेश ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह को 9399 वोटों से हराया। साथ ही उन्होंने इस सीट पर अभी तक सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कमलेश को 32,737 वोट मिले, जो देहरा सीट पर किसी प्रत्याशी को मिले अबतक के सबसे ज्यादा वोट हैं। कमलेश ठाकुर ने होशियार सिंह को देहरा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने से भी रोका। साल 2017 में होशियार ने पहली बार आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने बीजेपी के रविंदर सिंह रवि को 24, 206 वोट हासिल कर हराया था। फिर उसके बाद 2022 में होशियार ने 22,997 वोट लेकर कांग्रेस प्रत्याशी को हराया था। हालांकि, उन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया, जिस कारण उपचुनाव करवाने पड़े और होशियार सिंह को बीजेपी ने अपनी ओर से उम्मीदवार खड़ा कर दिया। हालांकि, होशियार सिंह को लेकर बीजेपी का जो दाव था वो उलट पड़ गया। 


नालागढ़ विधानसभा की बात करें तो यहां पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के खासमखास रहे इंटक प्रदेश अध्यक्ष बावा हरदीप चुनाव जीत गये हैं। वह भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर को लगभग 6870 मतों से आगे चल रहे हैं। यहां निर्वाचन आयोग की औपचारिक आधिकारिक घोषणा बाकी है। 
वहीं, हमीरपुर सीट में उपचुनाव को लेकर आए नतीजों के तहत भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा जीत गए हैं। आशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डॉ. पुष्पिंद्र वर्मा को 1571 मतों से हरा दिया है। बता दें कि 9 राऊंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा को 26617 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पिंद्र वर्मा को 25184 वाेट मिले, जिसमें आशीष शर्मा 1433 वोटों से आगे रहे। इसके बाद बैलेट पेपर की गिनती में भी आशीष शर्मा को 138 वोटों की लीड मिली। वहीं भाजपा प्रत्याशी की जीत को लेकर हमीरपुर में जश्न का दौर शुरू हो चुका है।