Paonta Sahib: सियाचिन में उत्कृष्ट सेवा के लिए पाँवटा साहिब के सपूत कर्नल निर्मल सिंह को बड़ा सम्मान, पढ़ें उपलब्धि... ddnewsportal.com

Paonta Sahib: सियाचिन में उत्कृष्ट सेवा के लिए पाँवटा साहिब के सपूत कर्नल निर्मल सिंह को बड़ा सम्मान, पढ़ें उपलब्धि...
हिमाचल प्रदेश के जांबाज जवानों के सेना में बहादुरी के किस्से अक्सर सुनने को मिलते रहते हैं। यही कारण है कि छोटे से राज्य से कई सेना अधिकारी और जवानों ने बड़े बड़े पदक अपने नाम किए है। इसी कड़ी में अब 26 पंजाब रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर और हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के निवासी कर्नल निर्मल सिंह को सियाचिन ग्लेशियर में उनकी रेजिमेंट की उत्कृष्ट सेवा के लिए उत्तरी कमान अधिकारी प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान भारतीय सेना के उच्च अधिकारियों द्वारा उनकी रेजिमेंट के उत्कृष्ट योगदान और वीरता की सराहना के रूप में प्रदान किया गया है।
सियाचिन ग्लेशियर की कठिन भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों में 26 पंजाब रेजिमेंट ने अपने समर्पण और सैन्य कौशल से जिम्मेदारियाँ बखूबी निभाईं। कर्नल सिंह के नेतृत्व में रेजिमेंट ने कठिन परिस्थितियों में भी शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय सेना की प्रतिष्ठा को बढ़ाया। कर्नल निर्मल सिंह के नेतृत्व में रेजिमेंट ने सियाचिन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी पूरी ताकत और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। उनकी दूरदर्शिता, साहस और नेतृत्व ने रेजिमेंट को हर कठिनाई में सफलता दिलाई और सैनिकों के मनोबल को ऊंचा रखा।
बता दें कि कर्नल सिंह के इस कार्यकाल के दौरान यूनिट के जांबाज अधिकारी कैप्टन अंशुमान सिंह को राष्ट्रपति द्वारा कीर्ति चक्र से नवाजा गया। कर्नल सिंह इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के परिजनों के साथ दिल्ली पहुंचे।
कैप्टन अंशुमान सिंह ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी, और कर्नल सिंह ने इस अवसर पर उनकी वीरता को याद किया और उनके परिवार के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पांवटा साहिब के इस बहादुर बेटे की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। कर्नल सिंह की यह सफलता न केवल उनके परिवार और पांवटा साहिब के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भारतीय सेना की ताकत और जांबाजी का प्रतीक भी है।