छात्राओं को साइकिल-स्कूटी....... 06 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

छात्राओं को साइकिल-स्कूटी.......  06 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

छात्राओं को साइकिल-स्कूटी.......

06 नवम्बर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

पढ़ें भाजपा का संकल्प पत्र 2022
महिला सशक्तिकरण के बड़े वादे
OPS न होने पर ये बोले सीएम
चुनाव में ही दिखती है कांग्रेस: शाह
दो ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष आऊट
14.93 करोड़ की नकदी जब्त: गर्ग 
पाँवटा साहिब में शुरु हुआ 553वां गुरु पर्व
आठ नवंबर को इस समय चंद्र ग्रहण
UGC NET: कमरऊ के विवेक का जलवा
मनीष ठाकुर के साथ जुड़ रहा काफिला
भाजपा का बूथों पर महासंपर्क अभियान
कांग्रेस का प्रचार अभियान जारी
शिलाई में 14 कांग्रेसी परिवार भाजपा में


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- गुरू नानक देव जी का 553वां प्रकटोत्सव आज से शुरू, तीन दिन तक ये कार्यक्रम...

सिख समाज के पहले गुरु नानक देव जी के ऐतिहासिक 553वें प्रकटोत्सव के लिए पांवटा नगरी सज गई है। यह तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव 06 नवम्बर रविवार यानि आज से शुरु हो रहा है। पर्व के लिये पांवटा साहिब मे गुरुद्वारा पूरी तरह सज गया है। इस पर्व के लिये गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब द्वारा सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब के उपप्रधान जत्थेदार हरभजन सिंह, प्रबंधक सरदार जगीर सिंह व कोषाध्यक्ष गुरमीत सिंह आदि ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु नानक देव जी के ऐतिहासिक 553वें प्रकटोत्सव के उपलक्ष पर रविवार से गुरुद्वारे मे कार्यक्रम आरंभ हो गये। आज से ही श्रद्वालुओं द्वारा 3 अखण्ड पाठ शुरु किये गये जो भोग के साथ 08 नवम्बर को सुबह 6 बजे समपन्न होंगे। उन्होने बताया कि पंजाब से बड़ी संख्या मे संगत पांवटा साहिब पंहुचेगी जो गुरुद्वारा

श्री पांवटा साहिब समैत गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन यमुनानगर मे माथा टेककर सुख समृद्वि की कामना करेगी। उनके ठहराव व लंगर की गुरुद्वारे मे विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होने बताया कि इसके उपरान्त 08 नवम्बर मंगलवार को प्रमुख कार्यक्रम रहेगा। गुरुदेव का प्रकटोत्सव भी इसी तारीख का है। इस दिन निशान साहब झुलाये जायेंगे। अमृत संचार होगा। सारा दिन विशेष दीवान सजेगा जिसमे स्कूलों के बच्चे, बाहर से आये हुए रागी व ढाढी जत्थे व स्थानीय रागी कीर्तन द्वारा संतो को निहाल करेंगे। रात 9 बजे से कवि दरबार सजेगा जिसमे दूर दूर से आये कवि गुरु नानक देव जी के जीवन से संबंधित रचनाओं को प्रस्तुत करेंगे। बहरहाल, 553वें गुरु प्रकाश उत्सव के लिये गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है।

07 नवम्बर सोमवार को निकलेगा नगर कीर्तन-

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पांवटा साहिब के मैनेजर सरदार जगीर सिंह ने बताया कि 07 नवम्बर सोमवार को दोपहर 1 बजे नगर में विशेष नगर कीर्तन निकलेगा जिसमे स्कूली बच्चें, बेंड सहित व

गतका पार्टी अपने करतब दिखाते नजर आयेंगे। इस नगर कीर्तन मे सुन्दर पालकी मे गुरुग्रंथ साहिब जी को सजाकर रखा जाएगा। यह नगर कीर्तन बद्रीपुर तक चलेगा और वहां से वापिस गुरुद्वारा साहिब पंहुचेगा।

08 नवम्बर मंगलवार की रात को सजेगा कवि दरबार-

08 नवम्बर मंगलवार को निशान साहब झुलाये जायेंगे। अमृत संचार होगा। सारा दिन विशेष दीवान सजेगा जिसमे स्कूलों के बच्चे, बाहर से आये हुए रागी व ढाढी जत्थे व स्थानीय रागी कीर्तन द्वारा संतो को निहाल करेंगे। रात 9 बजे से 12 बजे तक कवि दरबार सजेगा जिसमे दूर दूर से आये कवि गुरु नानक देव जी के जीवन से संबंधित रचनाओं को प्रस्तुत करेंगे।

2- 8 नवम्बर को इस समय लगेगा चंद्र ग्रहण: पं सेमवाल

8 नवम्बर मंगलवार कार्तिक पूर्णिमा को ग्रस्तोदय खग्रास चंद्र ग्रहण है। 8 नवम्बर को साइकल चंद्र ग्रहण होगा, उससे काफी समय पहले चंद्र ग्रहण प्रारंभ होगा। यह जानकारी जिला सिरमौर के प्रसिद्व ज्योतिषाचार्य पं कमलकांत सेमवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इस दिन दोपहर में ग्रहण स्पर्श का जो समय है वो 2:39 से शाम 6:19 तक रहेगा। भारत में ये ग्रहण कहीं कहीं ही दिखाई देगा। ये खग्रास चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, एशिया तथा प्रशांत महासागर में दिखाई

देगा। इस ग्रहण की खग्रास आकृति उत्तर पश्चिम कनाडा में दिखाई देगी। इस ग्रहण का प्रारंभ चंद्र अस्त के समय अर्जेंटिना के पश्चिम के चिली, ब्राज़ील के पश्चिम क्षेत्र उत्तरी अटलांटिक महासागर में दिखाई देगा। जबकि भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान और पूर्वी रूस में चंद्रोदय के समय इस ग्रहण की समाप्ति दृश्य होगी यानि यहां पर समाप्ति के समय थोड़े समय तक दिखाई देगा। ग्रहण का सूतक 8 नवम्बर 2022 को प्रातःकाल सूर्योदय के समय ही प्रारंभ हो जाएगा। ग्रहण का सूतक स्पर्श 9 घंटे पूर्व माना गया है। पूर्ण रूप से ये ग्रहण 3 घंटे 39 मिनट तक रहेगा। उन्होंने बताया कि चंद्र ग्रहण में कोई शुभ कार्य नही होते इसलिए पूर्णिमा का व्रत 7 नवंबर सोमवार को रखना शुभ रहेगा। 

3- कमरऊ के विवेक तोमर ने पास किया UGC NET एग्जाम

प्रतिष्ठित परीक्षा में 98.23 परसेंटाइल अंक लेकर रोशन किया गिरिपार का नाम, क्षेत्र में खुशी का माहौल 

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के बड़े गांव कमरऊ के विवेक तोमर ने UGC NET परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बड़ी बात यह है कि सामान्य वर्ग से विवेक ने 98.23 परसेंटाइल अंक हासिल किये है, जो क्षेत्र से एक

नया कीर्तिमान है। विवेक की सफलता पर परिजन खुश है। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक शिक्षा 10वीं तक एसवीएम कमरऊ से करने के बाद विवेक ने चंडीगढ यूनिवर्सिटी से प्लस टू और फिर Master's in English language literature and Cultural Studies की शिक्षा पूरी की। उसके बाद युजीसी की तैयारी की और अब बहुत अच्छे अंको से परीक्षा पास कर सिरमौर का नाम रोशन किया है। विवेक की माता नीमा तोमर गृहणी और पिता जगत सिंह तोमर शिक्षक है। 

4- राजनैतिक: कांग्रेस जोन प्रभारी की अनदेखी भंगानी में पड़ सकती है भारी।

कांग्रेस भंगानी जोन अध्यक्ष प्रदीप चौहान की अनदेखी भंगानी क्षेत्र में कांग्रेस को भारी पड़ सकती है। बिना जोन प्रभारी के क्षेत्र में प्रचार और बैठकें होना वर्कर्स में चर्चा का विषय बन गया है। है भी लाज़िमी है, क्योंकि जिस व्यक्ति ने विपक्ष में रहते हुए भी खून पसीना एक कर कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में जोड़ा, चुनाव में उसी की अनदेखी की जा रही है। यह कार्यकर्ताओं में एक तरह से नकारात्मक संदेश दे रहा है। जानकारी के मुताबिक भंगानी जोन कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौहान की अनदेखी के कारण उनकी नाराज़गी देखी जा रही है। प्रदीप चौहान न तो भंगानी जोन में प्रचार में दिखाई दे रहे हैं और न ही कांग्रेस उम्मीदवार के साथ कहीं नजर आ रहे हैं। चर्चा यह भी है कि पिछले पांच वर्ष तक जो पूर्व विधायक के साथ साये की तरह खड़ा रहा, आज ऐसा क्या हो गया कि वह चुनावी प्रचार में कहीं नजर नही आ रहा है। हालांकि बीते दिनों पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदीप चौहान की नाराज़गी को लेकर पूछे गये सवाल पर कांग्रेस उम्मीदवार किरनेश जंग ने यह कहा था कि वह अपने जोन में प्रचार कर रहे हैं लेकिन मीडिया में ऐसी कोई फोटो नही आई है जिसमे भंगानी जोन में मजदूर युवा नेता नजर आए हो। उधर, विरोधी दल भी इस मामले को भुनाने में

कोई कसर नही छोड़ रहे हैं। क्षेत्र में प्रचार किया जा रहा है कि जिस युवा नेता ने लगातार पांच वर्ष तक सरकार के खिलाफ बयानबाजी और प्रदर्शन में बढ चढकर भाग लेकर कांग्रेस और किरनेश जंग को मजबूत किया, चुनावों के दौरान उसकी ही अनदेखी हो रही है, तो आम कार्यकर्ताओं की क्या इज्जत आने वाले समय में होगी। विरोधियों को यह एक बड़ा मुद्दा मिल गया है, जिससे भंगानी जोन में कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है। गोर हो कि गत दिनों प्रदीप चौहान ने कांग्रेस हाइकमान को एक पत्र भेजकर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को हिमाचल में सीएम का चेहरा घोषित करने की मांग कर खलबली मचा दी थी। उससे साफ जाहिर हो गया था कि मजदूर नेता प्रदीप चौहान कांग्रेस प्रत्याशी से नाराज चल रहे हैं। उसके बाद माना जा रहा था कि मंडल उन्हे मना लेगा लेकिन फिलवक्त ऐसा देखने को नही मिला है। 

5- राजनैतिक: डोंडली गांव के लोग देंगे उन्हे एकमत समर्थन: मनीष ठाकुर

पाँवटा साहिब में आम आदमी पार्टी के चुनावी प्रचार के दौरान लोग भारी संख्या में समर्थन मेें आ रहे है। जिससे पार्टी का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। गत देर शाम पाँवटा साहिब की गोजर पंचायत के डोंडली गांव में आम आदमी पार्टी की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर गांव के लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान आप उम्मीदवार मनीष

ठाकुर ने कहा कि डोंडली एक ऐसा गांव है जो आज भी अपने मालिकाना हक के लिए तरस रहा है। यहां के लोग घर बनाकर तो रह रहे है लेकिन वह घर उनके नाम नहीं है। लोगों इसके अलावा पीने के पानी और सिंचाई के पानी की समस्या से परेशान है। बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं मिल पा रही है।गांव के युवा बेरोजगार है और नशे की ओर बढ़ रहे है। इस गांव की दोनो दलों भाजपा-कांग्रेस ने अनदेखी की है। इसलिए इस बार गांव के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है और आम आदमी पार्टी के पक्ष में अपना समर्थन देने की एकमत से बात कही है। इस मौके पर अनैकों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। 

6- राजनैतिक: भाजपा के प्रचार अभियान के आस-पास भी नहीं विरोधी।

पाँवटा साहिब में भाजपा उम्मीदवार सुखराम चौधरी का प्रचार अभियान जिस तेज गति से चल रहा है, उसके आस-पास भी विरोधी कहीं नजर नही आ रहे हैं। इस अभियान के दौरान मिल रहे जनता के भारी समर्थन से सुखराम चौधरी गदगद है। सोलन से पाँवटा साहिब पहुंचते ही देर रात तक प्रचार करने के बाद रविवार को दोपहर तक ग्राम पंचायत कुंजा, देवीनगर, सूर्या कॉलोनी आदि में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में पुनः पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी। पाँवटा साहिब में देर रात तक लोगों का जो समर्थन हमें मिल रहा है यह साफ़ संकेत है कि यहां भी कमल खिलने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री कर दी। हमारी सरकार ने हिम केयर में 5 लाख तक मुफ्त इलाज की व्यव्स्था की। गृहणी सुविधा योजना में मुफ्त गैस

सिलेंडर दिए, बुजुर्गों की पेंशन आयु 60 वर्ष की। उन्होंने कहा कि गिरि नदी पर मानपुर देवड़ा में 19.07 करोड़ की लागत से पुल बनाकर दिया। रामपुर घाट में Eco पार्क 90 लाख की लागत से तैयार करके दिया। पाँवटा शहर की सीवरेज स्कीम हेतु 11 करोड़ स्वीकृत करवाये। पाँवटा साहिब विधान सभा में 21 नये सामुदायिक भवनों का निर्माण किया। इसके अतिरिक्त भी अनैकों विकास के कार्य हुए है। उन्होंने कहा कि आज हमने 103 बूथों पर महासंपर्क अभियान किया। इसमें प्रत्येक बूथ पर हमारे कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी मतदाताओं को दी तथा उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उधर, कांग्रेस का प्रचार अभियान भी जारी है। 

7- राजनैतिक: लो जी! अब भुंगरनी में 10 परिवारों ने छोड़ी कांग्रेस।

पाँवटा साहिब में कांग्रेस से लोग लगातार टूटते जा रहे है। कभी आम आदमी पार्टी में जाने की खबरें आ रही है तो कहीं से भाजपा में शामिल होने की सूचना मिल रही है। जैसे जैसे चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है वैसे वैसे कांग्रेस से लोग भाजपा में शामिल होते जा रहे हैं। अब रविवार को भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी की ग्राम पंचायत भुंगरनी में नुक्कड़ सभा में दस परिवारों ने

कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिथा है। भाजपा में शामिल होने वालों में रमेश कुमार, जसवीर सिंह, सुनील कुमार, नरेश कुमार, शेरी लाल, रोनकी राम, जगदीश सिंह, राज कुमार, राजेंद्र सिंह, गुरजीत सिंह के परिवार शामिल हैं। सुखराम चौधरी ने इन परिवारों के मुखियाओं का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि उन्हे पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी में विश्वास जता रहा है, जिस कारण हमारा परिवार बढ़ रहा है। इससे साफ जाहिर है कि प्रदेश में रिवाज बदलने जा रहा है और भाजपा सरकार फिर से बनने जा रही है।

8- राजनैतिक: शिलाई में 14 परिवार भाजपा में हुए शामिल।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर के प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस के गढ़ में सेंधमारी जारी है। रविवार को क्षेत्र से 14 परिवारों ने कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा ज्वाॅयन कर ली है। जिससे भाजपा का कुनबा और बढ़ गया है। बलदेव तोमर ने आधा दर्जन से अधिक गांव में चुनाव प्रचार किया। भाजपा प्रत्याशी ने गंगटोली, जुईनल, रांगूवा, पभार, जामना, शरली व गुद्दी का दौरा कर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान बलदेव तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग का ध्यान रखते है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में प्रदेश में पांच नए मेडिकल कालेज खोलने, आठ लाख लोगों को रोजगार देने, सभी गांवों को पीएम सड़क योजना से जोड़ने, धार्मिक पर्यटन स्थलों को सड़क सुविधा से जोड़ने, सेब कार्टन पर 12 फीसदी से अधिक जीएसटी को सरकार द्वारा वहन करने, सरकारी नौकरी में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने, 12 जिलों में बालिका छात्रावासों का निर्माण करने, हिम केयर कार्ड से कवर न होने वाली बीमारियों के इलाज के लिए महिलाओं को स्त्री शक्ति कार्ड देने, 12वीं कक्षा में 5000 रैंक वाले छात्राओं को 2500 रूपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति देने, गरीब परिवार की 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अटल पेंशन योजना में शामिल करने, देवी अन्नपूर्णा योजना से गरीब महिलाओं को 3 फ्री रसोई गैस सिलेंडर देने, सीएम शगुन योजना में बीपीएल परिवारों को 31 हजार की जगह 51 हजार रूपये देने, माता और नवजात की देखभाल के लिए महिलाओं को 25000 रूपये की राशि देने, और महिलाओं को होमस्टे चलाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणाएं की गई है। बलदेव तोमर ने कहा कि दृष्टि पत्र के लिए हर वर्ग के किसान, बागवान, महिला, युवा, सैनिक सभी वर्गों के सुझाव

ऑनलाइन व ऑफलाइन मिलें हैं। इस तरह कुल 25 हजार से ज्यादा सुझाव मिले हैं। इन सभी सुझावों को संकलित व अवलोकन के बाद अहम सुझावों को इस दृष्टि पत्र में समाहित किया गया है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में स्कूल जाने वाली बेटियों को साइकिल और कॉलेज छात्रों को स्कूटी देने का वायदा किया गया है। इससे आठ लाख स्कूली बेटियों को सुविधा मिलेगी। इस योजना पर 500 करोड़ रूपये खर्च होगा। इसके अलावा महिलाओं को होमस्टे सहित अन्य उद्यम शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त लोन देने के लिए 500 करोड़ रुपए का कॉर्प्स फंड बनाया जाएगा। इसी तरह युवाओं के लिए हिम स्टार्टअप योजना शुरू की जाएगी। बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पांच वर्ष में शिलाई विधानसभा क्षेत्र का विकास सराज के तर्ज पर किया है। शिलाई की जनता ने मांगा मुख्यमंत्री वो दिया। इस लिए इस विधानसभा चुनाव में विकास के नाम पर वोट करें तथा लोगों को गुमराह करने वाले नेताओं को मुंहतोड़ जवाब दे। कांग्रेस ने अपनी राजनीति को चमकाने के लिए शिलाई विधानसभा क्षेत्र में समाज को बांटने का काम किया है। इस लिए इस बार शिलाई विधानसभा से कमल खिलाकर विधानसभा में जयराम ठाकुर की बनने वाली सरकार में सहयोग करें। इस मौके पर विकासनगर से विधायक मुन्ना चौहान देहरादून से विधायक खजान दास ,जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा, गुमान सिंह चौहान, बलबीर पुंडीर, अमर सिंह चौहान, रामानंद चौहान, राजेंद्र चौहान, कुलदीप शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, शुरबीर चौहान, सुरेश चौहान, संजीव ठुन्डू आदि मौजूद रहे।

(हिमाचल)

1- जानियें, भाजपा के 'संकल्प पत्र - 2022' में क्या है खास...

भाजपा ने रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने घोषणा पत्र को 'संकल्प पत्र - 2022' नाम दिया है। पिछले चुनाव में इसे स्वर्णिम दृष्टिपत्र नाम दिया गया था। राज्य सभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि संकल्प पत्र के लिए आम लोगों और सभी बुद्धिजीवी वर्गों के सुझाव लिए गए। ऑनलाइन और ऑफलाइन सुझाव बक्से भी रखे। हरेक वर्ग के चाहे वह किसान, महिला, व्यापारी, सैनिक, बुद्धिजीवी हों, इनके सुझाव ऑनलाइन  मिले। 25 हजार से ज्यादा सुझाव दोनों माध्यमों से मिले हैं। महत्वपूर्ण सुझाव समाहित किए गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के कार्यकाल में 6000 किलोमीटर सड़कें बनीं, आवास बने, गरीबों को राशन दिया, पांच साल की अवधि में एम्स बनाकर दिया। बल्क ड्रग फार्मा पार्क भी बनाया जा रहा है। भाजपा ने घोषणा पत्र में समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड) लागू करने का वादा किया है। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्मान निधि के साथ 3000 रुपये सालाना दिए जाएंगे। आठ लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे। सभी गांव पक्की सड़कों के साथ जोड़ेंगे। पांच नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। मोबाइल क्लीनिक वैन हर विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। हिम स्टार्ट अप योजना चलेगी। एक्स ग्रेशिया राशि शहीदों के परिजनों के लिए बढ़ाएंगे। वक्फ बोर्ड की प्रॉपर्टी के गैर कानूनी इस्तेमाल पर रोक लगेगी। घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाल करने को लेकर कोई जिक्र नहीं किया है। सिर्फ इतना वादा किया है कि कर्मचारियों की जो भी अनियमितताएं हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। पूर्व भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि पुरानी

पेंशन बहाली के बारे में एक समिति बन गई है, यही फैसला लेगी कि क्या करना है। सीएम शगुन की राशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये की जाएगी। छात्राओं को साइकिल और स्कूटी देने का वादा किया है। भाजपा की सरकार बनने पर पात्र लोगों को तीन मुफ्त एलपीजी सिलिंडर दिए जाएंगे। उचित मूल्य की दुकानों से चारा दिलाएंगे। स्त्री शक्ति कार्ड सभी महिलाओं को पहुंचाए जाएंगे। हर जिले में दो गर्ल्स हॉस्टल बनेंगे। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देंगे। संकल्प पत्र-2022 की लॉचिंग के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष प्रो. सिकंदर कुमार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मंत्री हर्ष महाजन, सांसद इंदु गोस्वामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पूर्व भाजपा प्रभारी मंगल पांडे समेत कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

2- घोषणापत्र मेें ओपीएस न होने पर ये बोले सीएम जयराम।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। लेकिन भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के प्रमुख मुद्दे ओपीएस यानी पुरानी पेंशन योजना को शामिल नहीं किया है। हिमाचल का कर्मचारी वर्ग इससे जरूर हैरान है। शिमला में भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने 11 सूत्रीय संकल्‍प पत्र जारी किया। महिलाओं के लिए अलग से प्रतिबद्धता पत्र जारी किया। इसमें प्रमुख मुद्दे शामिल किए गए हैं। मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुरानी पेंशन योजना को घोषणा पत्र में शामिल न किए जाने पर बयान दिया है। जयराम ठाकुर का कहना है कि पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा घोषणा पत्र में शामिल नहीं किया गया है, इसका मतलब यह नहीं है कि इसे दबा दिया गया है। यह मामला

विचार में है व इस पर काम किया जा रहा है। जयराम ठाकुर कह चुके हैं कि इस मुद्दे का हल भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकार ही करेगी। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसा कि हिमाचल में पुरानी पेंशन देने का दम भर रहे हैं। राजस्‍थान और छत्‍तीसगढ़ में आपकी घोषणा के दस महीने बाद क्‍या प्रगति हुई है वह भी हिमाचल की जनता को बता दें। जयराम ठाकुर ने दोहराया कि पुरानी पेंशन योजना केंद्र की मदद से ही संभव है। जयराम ठाकुर ने समान नागर‍िक संहिता लागू की जाएगी। दोबारा सरकार बनते ही इस संबंध में समिति बनाकर कार्रवाई शुरू की जाएगी। समान नागरिक संहिता लागू करना हमारी प्रतिबद्धता है और इसे हम हर हाल में करेंगे। इसे प्राथमिकता से किया जाएगा।

3- कांग्रेस सिर्फ चुनाव में आती है नजर: शाह

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रचार अभियान को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार को पीएम मोदी की दो रैलियों के बाद अब रविवार को गृहमंत्री अमित शाह प्रचार अभियान के लिए पहुंचे। कांगड़ा के नगरोटा बगवां में अमित शाह ने रैली को संबोधित किया और कांग्रेस पर प्रहार किए। रैली के बाद अमित शाह कांगड़ा के परागपुर में चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुए। कांगड़ा के नगरोटा बगवां के ठारू से केंद्रीय

गृह मंत्री अमित शाह ने रैली में कहा कि हम टोपी और ऊपला-निचले इलाके में हिमाचल को नहीं बांटते हैं। हरी और लाल दोनों ही टोपियां हमारी हैं। कांग्रेस तो चुनावों में ही नज़र आती है और पांच साल दूरबीन से ढूंढनी पड़ती है। अमित शाह ने रैली में शामिल लोगों से कहा कि 2024 अपनी सभी टिकटें बुक करवा कर रखना। जनवरी 2024 में भव्य राम मंदिर खड़ा होगा और अंदर राम लला विराजमान होंगे। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि जब वह यहां आ रहे थे तो रास्ते में कांग्रेस कैंडिडेट की रैली देखी  वहां पर 10 गारंटी के बारे में लिखा गया था। गारंटी उनकी होती है, जिनका कोई रिकॉर्ड होता है, कांग्रेस की गारंटियों पर कौन विश्वास करेगा। 

4- चिंतपूर्णी और सुलह ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष निष्कासित: जैनब

हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने चिंतपूर्णी ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरप्रीत कौर और सुलह ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमारी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। पार्टी प्रदेश महासचिव संगठन शांता राज्टा ने रविवार को यह जानकारी दी है। इन दोनों पर कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में कार्य करने का आरोप है।

5- पुलिस-आबकारी विभाग ने 14 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी की जब्त: मनीष गर्ग 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत लागू आदर्श आचार संहिता के दौरान पुलिस विभाग ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी के दौरान 22.32 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। 11.41 लाख रुपये मूल्य की 2,500 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, देसी शराब और बीयर जब्त की है। विभागों ने संयुक्त कार्रवाई में अब तक कुल 37,17, 21,989 रुपये मूल्य की अवैध शराब, नकदी, नशीले पदार्थ आदि जब्त किए और जुर्माना वसूला है। उन्होंने बताया कि आयकर

विभाग की नाकाबंदी में 1,35,50,000 रुपये की नकदी जब्त की गई है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने 1,10,50,158 रुपये मूल्य की 27,479 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। प्रदेश भर में अब तक पुलिस और आयकर विभाग ने अब तक कुल 14,93,98,560 रुपये की नकदी जब्त की गई है। पुलिस, राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने 12,39,98,263 रुपये मूल्य की 8,57,516.491 लीटर शराब, बीयर जब्त की है। 

6- हजारों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मतदान से रह जायेंगे वंचित!

चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के बावजूद प्रदेश में हजारों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मतदान से वंचित रह जाएंगे। कारण यह कि इनकी ड्यूटी चुनाव आयोग की प्रक्रिया के अनुसार नहीं लगी है। विभागों के डीडीओ ने ही इनकी ड़्यूटी लगाई, जिससे इनका मतदान करने के लिए प्रमाणपत्र नहीं बना। स्थानीय स्तर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी लगनी चाहिए। चुनाव आयोग की ओर से राज्य में कुल 7881 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी पर स्थानीय प्रशासन की ओर से एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी साथ लगाया गया है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के लिए डाक मत पत्र के माध्यम से मतदान करने की व्यवस्था की गई है। पिछले चार दिन से राज्य के विभिन्न भागों और राज्य के बाहर भी कुछ स्थानों पर डाक मतदान करने की व्यवस्था की गई है। विधानसभा चुनाव के लिए अधिकांश मतदान केंद्र स्कूलों में स्थापित किए गए हैं। जहां पर अधिकाधिक संख्या में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की सेवा ली जाती है, लेकिन दूसरे विभागों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी पोलिंग पार्टी की सहायता के लिए साथ रखा गया है। ऐसे हजारों कर्मचारी मतदान से वंचित रह सकते हैं। मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग का कहना है निर्देश हैं कि मतदान केंद्र के आसपास के कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएं। जैसे जलवाहक स्थानीय होते हैं और उन्हें मतदान की सुविधा आमतौर पर उसी केंद्र पर रहती है। दूसरे स्थानों के कर्मियों को मतदान के लिए जाने दिया जाना चाहिए।

7- नर्सिंग की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित। 

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बी.एससी. नर्सिंग वार्षिक व अनुपूरक परीक्षाओं के अलावा पोस्ट बेसिक नर्सिंग द्वितीय वर्ष की वार्षिक व प्रथम वर्ष की अनुपूरक और एम.एससी. नर्सिंग द्वितीय वर्ष की वार्षिक व प्रथम वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित कर दिए हैं। बी.एससी. नर्सिंग के लिए विश्वविद्यालय प्रदेश भर में 17 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जबकि पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र और एम.एससी. नर्सिंग की परीक्षाओंं के लिए 4 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षाएं नवम्बर माह में आयोजित होनी हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों की सूची से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। बी.एससी. नर्सिंग की परीक्षाओं के लिए आर.के.एम.वी. शिमला, सोलन कालेज, नाहन कालेज, नालागढ़ डिग्री कालेज, पी.जी. डिग्री कालेज बिलासपुर, एम.एल.एस.एम. कालेज सुंदरनगर, कुल्लू कालेज, जोगिंद्रनगर कालेज, हमीरपुर कालेज, एस.सी.वी.बी. राजकीय डिग्री कालेज पालमपुर, पी.जी.

डिग्री कालेज धर्मशाला, शाहपुर कालेज, डिग्री कालेज नूरपुर, ऊना कालेज, चम्बा कालेज, सरकाघाट कालेज व डी.ए.वी. कालेज कांगड़ा में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र आर.के.एम.वी. शिमला., सोलन कालेज, डिग्री कालेज नालागढ़, कुल्लू कालेज, एस.सी.वी.बी. कालेज पालमपुर, नाहन कालेज, एम.एल.एस.एम. कालेज सुंदरनगर, नूरपुर कालेज, पी.जी. डिग्री कालेज बिलासपुर, हमीरपुर कालेज, शाहपुर कालेज व पी.जी. डिग्री कालेज धर्मशाला में स्थापित किए गए हैं। एम.एससी. नर्सिंग की परीक्षाओं के लिए आर.के.एम.वी. शिमला, एस.सी.वी.बी. राजकीय डिग्री कालेज पालमपुर, सोलन कालेज व पी.जी. डिग्री कालेज धर्मशाला में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गये हैं। 

8- मौसम अपडेट: उपरी इलाक़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं, निचले इलाकों में भी मौसम खराब बना हुआ है। शिमला में रविवार सुबह हल्की धूप खिली, साथ ही बादल भी छाए रहे। वहीं, सूबे के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मौसम बदला है और यहां बर्फबारी हुई है। घाटी में निचले इलाके में भी हल्का हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी सूबें में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, बर्फबारी के चलते लेह-मनाली हाईवे दारचा से आगे बंद कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिन तक घाटी में मौसम खराब रहने की संभावना है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। पुलिस ने लाहौल के स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हिदायत दी है कि वे खराब मौसम अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल आपातकालीन स्थिति में ही यात्रा करें।