भाजपा-कांग्रेस वर्कर्स भिड़े....... 29 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

भाजपा-कांग्रेस वर्कर्स भिड़े.......  29 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

भाजपा-कांग्रेस वर्कर्स भिड़े.......

29 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

अब होगा असली मुकाबला
नड्डा-प्रियंका पंहुचे शिमला
पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार राष्ट्रीय प्रवक्ता
सरकारी पैसों से भाजपा की रैलियां: अग्निहोत्री
कांग्रेस की चार्जशीट में है ये
सिरमौर: 29 उम्मीदवार मैदान में
सुक्खू घोषित हो सीएम का चेहरा: चौहान
कार्यकर्ताओं की मेहनत लाएगी रंग: चौधरी
शिलाई: तोमर को मिल रहा जन समर्थन
हाटी विकास मंच की बड़ी चेतावनी
गुरू नानक मिशन की बेटियों का जलवा


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- सिरमौर: चार उम्मीदवारों ने वापिस लिये अपने नामांकन, 29 मैदान में।

नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि को शनिवार को जिला सिरमौर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल चार उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापिस लिये। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने बताया कि नामांकन वापिस लेने वालों में 55-पच्छाद (अ.जा.) निर्वाचन सभा क्षेत्र में अजय कुमार, 56-नाहन विधानसभा क्षेत्र से

ममता देवी तथा 58-पावंटा साहिब से शमशेर अली व अनिन्दर सिंह नौटी ने अपने नामांकन वापिस लिये हैं जबकि 57-श्री रेणुकाजी (अ.जा.) तथा 59-शिलाई निर्वाचन सभा क्षेत्रों से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापिस नहीं लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 35 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किये गए जिनमें से 2 नामाकंन पत्र रद्द होने के उपरांत कुल 33 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए थे। उन्होंने कहा कि अब जिला की पांच विधानसभाओं में कुल 29 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि मतदान आगामी 12 नवम्बर को होगा और इसके लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

2- चुनावी हलचल: सुखविंद्र सिंह सुक्खू को घोषित करें सीएम का चेहरा: चौहान

हिमाचल प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी है। भाजपा-कांग्रेस-आप सहित अन्य दलों ने प्रचार में अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। भाजपा जहां निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में विधानसभा चुनाव लड़ रही है वहीं कांग्रेस ने सीएम का चेहरा अभी घोषित नहीं किया है। इसी बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू को कांग्रेस के मुख्‍यमंत्री का चेहरा घोषित करने की पाँवटा साहिब से भी मांग उठने लगी है। यह मांग जिला सिरमौर के मजदूर नेता व भंगानी जोन कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप

चौहान ने कांग्रेस के राष्ट्रीय हाइकमान को पत्र भेजकर की है। 
कांग्रेस हाइकमान को भेजे गये पत्र में युवा नेता ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सीएम का चेहरा घोषित करना चाहिए। इससे कांग्रेस को लाभ होगा। क्योंकि प्रदेश की जनता नया चेहरे को सीएम देखना चाहती है। सुक्खू की ईमानदार छवि का भाजपा के पास भी कोई तोड़ नही है। और उनकी प्रदेश में लोकप्रियता भी है। इसलिए वह एक आम कार्यकर्ता के नाते मांग करते हैं कि हम जैसे हजारों कार्यकर्ताओं के मनोभाव को समझते हुए इस पर शीघ्र निर्णय करना चाहिए ताकि कांग्रेस चुनाव में ओर मजबूती के साथ आगे बढ़ सके और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन सके। 

3- गुरू नानक मिशन स्कूल की बदौलत बास्केटबॉल स्टेट चैंपियन बना सिरमौर।

पाँवटा साहिब के शुभखेड़ा स्थित गुरू नानक मिशन पब्लिक स्कूल की छात्रा खिलाड़ियों की बदौलत जिला सिरमौर बास्केटबॉल में स्टेट चैंपियन बना है। इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या देवेंद्र साहनी ने छात्रा खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जानकारी के मुताबिक राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पाँवटा साहिब की छात्राओं ने फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दरअसल, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नालागढ़, में 19 अक्तूबर से 22 अक्तूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सिरमौर टीम की तरफ से खेलते हुए गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बास्केटबॉल प्रतियोगिता की ट्रॉफी सिरमौर के नाम की। इस प्रतियोगिता में सिरमौर टीम ने चंबा टीम को 42-8 से हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया तथा बिलासपुर टीम को 52-36 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, फाइनल मुकाबला जिला ऊना की टीम के

साथ हुआ। इसमें सिरमौर टीम ने अपना पूरा दम-खम लगाकर प्रतिद्वंदी टीम को 55-38 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की। इस टीम में गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की अनीशा शर्मा, वंशिका गुप्ता, जसलीन कौर (सीनियर), गुरलीन कौर, जसलीन कौर (जूनियर) तथा गवर्नमेंट स्कूल, जामनीवाला की दीक्षा, तनीषा, महक, जशनप्रीत कौर, साक्षी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिसके बूते सिरमौर बास्केटबॉल का सिरमौर बना।
गोर हो कि सिरमौर हिमाचल प्रदेश का अल्पविकसित जिला है। यहां की छात्राओं का राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना निश्चित रूप से गर्व की बात है। इसके लिए कोच गुरनाम सिंह तथा महिला कोच इकबाल कौर (इसी विद्यालय की पूर्व अध्यापिका) प्रशंसा तथा बधाई के पात्र हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य देवेंद्र साहनी ने प्रार्थना सभा में समस्त स्टाफ गण के साथ इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए कमर कस कर तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।

4- भोली भाली जनता को गुमराह न करें अन्यथा भुगतने होंगे गंभीर परिणाम: मंच

हाटी विरोधियों को गुमराह करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई है। इस चेतावनी में कहा गया है कि भोली भाली जनता को गुमराह न करें अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यह चेतावनी हाटी विकास मंच के पदाधिकारी अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉ रमेश सिंगटा ने दी है। उन्होंने हाटी क्षेत्र हरिपुरधार में लोगों को जन जागरण मुहिम के तहत हाटियों को संबोधित करते हुए कहा कि अबकी बार केंद्र ने राज्य सरकार के सहयोग से ऐतिहासिक फैसला लिया है। हाटी समुदाय को केंद्र सरकार ने जनजातीय दर्जा दिया है। दोनों सरकारों ने अपना काम कर दिया है अब बारी हाटियों की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर इस बार का वोट केवल और केवल हाटी के नाम पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि सिरमौर की संस्कृति सत्कार की रही है एहसान फरामोश की नहीं रही है। इसलिए एक वोट अपनी पीढ़ियों के नाम डाला जाए। हर एक हाटी अपना वोट

डालते हुए पीढ़ियों के हितों का जरूर ख्याल रखें। कोई भी सरकार 5 साल के लिए चुनी जाती है लेकिन मोदी सरकार ने जनजातीय दर्जा पुष्त दर पुश्त के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीषौर गृहमंत्री अमित शाह के फैसलों पर यकीन करें। कुछ स्थानीय नेता और विधायक लोगों को गुमराह कर रहे हैं। खास तौर पर शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, रेणुका के विधायक विनय कुमार लोगों को खासकर अनुसूचित जाति और ओबीसी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन लोग इनकी बातों पर आने वाले नहीं है। यह लोग केवल वोट बैंक की सियासत कर रहे हैं। इन दोनों विधायकों ने शिलाई महाखुमली में कहा था कि वह हाटी आंदोलन के साथ है। अगर राज्य और केंद्र की सरकार इस मुद्दे को सुलझा लेती है  तो वे भी सहयोग देंगे। लेकिन चुनावी मौके पर वे अपने संकल्प से अपनी बातों से मुकर रहे हैं। लोग इन सब बातों को समझ चुके हैं और उन्हें वोट के जरिए सबक सिखाने को तैयार हैं।

5- राजनैतिक: ऊर्जा मंत्री ने करवाया रिकार्ड विकास: सुभाष चौधरी

पाँवटा साहिब में भाजपा के उम्मीदवार सुखराम चौधरी के पक्ष में प्रचार को वर्कर्स की टीम मैदान मैं हैं। नगर परिषद क्षेत्र में जहां चेयरपर्सन निर्मल कौर के साथ बीडीसी चेयरमैन हितेंद्र कुमार और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शिवानी वर्मा आदि ने कमान संभाली हुई हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी टीमें घर घर जाकर प्रचार में जुटी हुई है। नगर के वार्ड में प्रचार के दौरान बीडीसी चेयरमैन हितेंद्र कुमार ने जहां भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्य गिनवायें वहीं कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत है। सभी जी जान से प्रचार में जुट जाएं और विकास कार्य की जनता को जानकारी दें। इस चुनाव में भाजपा अभूतपूर्व विकास के नाम पर वोट मांग रही है, जिस पर जनता का अच्छा रूझान मिल रहा है। वहीं शनिवार को बांगरण में भी भाजपा की एक टीम ने सुखराम चौधरी के पक्ष में प्रचार किया। इस मौके पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुभाष चौधरी ने कहा कि ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पाँवटा साहिब में रिकार्ड विकास करवाया है। उन्होंने हर वर्ग की समस्या को जानकर उसे दूर किया है। जितने विकास कार्य इस कार्यकाल में हुए हैं उतने कांग्रेस 20 वर्ष में नही कर पाई। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र चौधरी

ने कहा कि सरकार ने सुखराम चौधरी को ऊर्जा मंत्री बनाकर पूरे पाँवटा साहिब को मान सम्मान दिया। और सुखराम चौधरी ने भी किसी भी इलाके के विकास में कोई कसर बाकी नही छोड़ी। गिरिपार क्षेत्र को दो-दो उप तहसीलों की सौगात मिली। बिजली, जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के सब डिविजन खोले गये। पुलिस थाना खोला गया। बीईईओ कार्यालय सहित विकास की कईं सौगातें दी। इसी तरह पाँवटा साहिब के हर क्षेत्र को विकास में मामले में गति देकर आगे बढ़ाया। ऐसा नेता बार बार नही मिलता। इसलिए हमे इनको फिर से जीताकर भेजना है ताकि विकास की यह रफ्तार और तेज हो सके। इस मौके पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुभाष चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश चौधरी, प्रधान तारो देवी, प्रधान सुरेश कुमार, मंडल महामंत्री राकेश मेहरालू, रामप्रसाद, धर्म सिंह और सोमनाथ आदि मौजूद रहे। 

6- शिलाई: कठवाड़ में हुए कांग्रेस से भाजपा में शामिल।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर ने पांशी बेल्ट के कठवार में चुनाव प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान कठवार पंचायत में 5 कांग्रेस परिवारों ने भाजपा का दामन थामा है। बलदेव तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पांच साल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास किया है। उन्होंने कहा कि शिलाई की जनता ने जो मांगा वो हमने करवाके दिया। जिस काम के लिए हमें पहले पांवटा साहिब जाना पड़ता था अब हमने वह कार्यालय अपने क्षेत्र में ही खोलकर दिए है। जिस कारण लोगों को अपने क्षेत्र में ही सभी काम होंगे। बलदेव तोमर ने कहा कि हमने हारकर भी वह करके दिखाया जो 55 साल राज करने के बाद भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि हाटी समुदाय की 55 साल पुरानी मांग भी प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों से केंद्र सरकार ने पूरी की है। उन्होंने कहा कि पहले हाटी समुदाय के लोग यह बोलते थे की जो हमारा काम नहीं करेगा उसको वोट भी नहीं देंगे। लेकिन हमने हाटी समुदाय को जनजातीय घोषित करवाकर दिखाया है। जिससे

हमारे युवाओं को नौकरियों में लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र का भी विकास होगा। बलदेव तोमर ने कहा कि पहले 80 साल के वृद्ध को पेंशन लगती थी लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 60 साल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ बोलने में माहिर है तथा लोगों को गुमराह करने में लगे हुए है। इस लिए इनके झांसे में ना आए और 12 नवंबर को होने वाले मतदान में भाजपा के पक्ष में वोट करके शिलाई से भाजपा का विधायक चुनकर भेजे ताकि हिमाचल प्रदेश में बनने वाली भाजपा सरकार में अपना सहयोग दे। कार्यक्रम के दौरान पांच परिवारों ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा, कठवार पंचायत के प्रधान महेंद्र ठाकुर, नम्बरदार कल्याण सिंह,खजान सिंह नेगी, गुमान वर्मा, शिवानंद शर्मा, सुनील कपूर, मामराज शर्मा, पूर्व प्रधान हीरा सिंह, पूरण ठाकुर, जोगेंद्र चौहान, राजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, कल्याण सिंह,जगत सिंह, सोहन सिंह आदि मौजूद रहे।

(हिमाचल)

1- शिमला-मंडी-चंबा-सिरमौर से 28 नामांकन वापिस।

हिमाचल प्रदेश चुनाव में नामांकन पत्र वापिस लेने की आज अंतिम तिथि थी। चार जिलों शिमला, मंडी, चंबा और शिमला में कुल 28 उम्मीदवारीं ने नामांकन लिये हैं। मंडी जिले में 11 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। इसके बाद जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 67 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं। चंबा जिला में पांच प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिए हैं। पांच विधानसभा क्षेत्रों में 24 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं। 
इसी तरह शिमला जिले में आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया है। किन्नौर से भाजपा के पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। उन्हे सेब चुनाव चिन्ह मिला है। नेगी को मनाने की भाजपा की तमाम कोशिशें नाकाम हो गई हैं। शनिवार सुबह भाजपा नेता मंगल पांडे व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी को मनाने रिकांगपिओ पहुंचे थे। लेकिन तेजवंत नहीं माने। पार्टी ने इस बार वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी को उम्मीदवार बनाया है। इसके चलते नाराज तेजवंत सिंह नेगी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वहीं सिरमौर जिले में भी चार ने अपने नामांकन वापिस लिये है। इसमे दो पांवटा साहिब से, एक नाहन से और एक पच्छाद से शामिल है। अब यहां 29 कैंडिडेट मैदान में हैं।

2- हिमाचल चुनाव: नड्डा पंहुचे हेलिकॉप्टर से शिमला।

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार दोपहर बाद हेलिकॉप्टर से शिमला पहुंचे हैं। नड्डा का अनाडेल हेलीपैड पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। नड्डा शिमला में के पार्टी के

प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर मंथन करेंगे। नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति तय होते ही प्रदेश में स्टार प्रचारकों की चुनावी रैलियां जोर पकडे़ंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को सुंदरनगर के जवाहर पार्क के अलावा सोलन के ठोडो मैदान में और 9 को सुजानपुर में गरजेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नालागढ़ और नादौन में 2 नवंबर को रैली करेंगे।

3- 500 करोड़ रुपये के सरकारी पैसों की भाजपा ने प्रदेश में की रैलियां: मुकेश 

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 500 करोड़ रुपये के सरकारी पैसों की भाजपा ने प्रदेश में रैलियां कीं। सरकारी बसों का दुरुपयोग किया। इसकी कांग्रेस सरकार बनने पर जांच होगी। पाइप घोटाले की भी जांच की जाएगी। जितना कर्जा हिमाचल के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने लिया, उतना जयराम सरकार ने अकेले ही ले लिया। वहीं, सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कोरोनाकाल में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कहा कि जयराम सरकार ने एक लाख रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन पांच साल में मात्र 17 हजार लोगों को रोजगार मिला है। सरकारी कार्यालयों में 60 हजार पद खाली पड़े हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर इन पदों को भरा जाएगा और निजी क्षेत्र में चार लाख रोजगार दिए जाएंगे। 

4- कांग्रेस की भाजपा के खिलाफ चार्जशीट में ये...

हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ शनिवार दोपहर कांग्रेस ने 23 पन्नों की अपनी चार्जशीट 'लूट की छूट' जारी की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित मंत्रियों, विधायकों के खिलाफ चार्जशीट में संगीन आरोप लगाए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शनिवार दोपहर 2: 00 बजे चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने चार्जशीट जारी की। पार्टी नेताओं ने बताया कि चार्जशीट में जल शक्ति, वन, उद्योग, ऊर्जा, गृह, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा सेवाएं, पर्यटन, परिवहन,

सामाजिक न्याय, शिक्षा और विधानसभा सचिवालय में हुआ भ्रष्टाचार उजागर किया गया है। कोरोना संकट के दौरान हुए पीपीई किट और सैनिटाइजर घोटाला, पुलिस भर्ती का पेपर लीक मामला, नकली शराब से हुई मौतों का मामला और फर्जी डिग्री मामला भी चार्जशीट में उठाया गया है। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर नौकरियां बेचने वाले मुख्यमंत्री के तौर पर जाने जाएंगे। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में प्रदेश के करीब 14 लाख युवाओं के साथ धोखा किया गया। भर्तियों में धांधली के मामले में कमीशन ऑफ इंक्वायरी का गठन किया जाएगा। जयराम सरकार के सभी फैसलों की कांग्रेस की सरकार बनने पर समीक्षा होगी।

5- मान गये पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, बनाये राष्ट्रीय प्रवक्ता।

हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी विधानसभा सीट से निर्दलीय नामांकन भर चुके पूर्व मंत्री कुलदीप को मनाने में कांग्रेस सफल रही है। कुलदीप ने शनिवार सुबह अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद उन्होंने इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन बबलू

के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान प्रदेश चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। कांग्रेस पार्टी ने कुलदीप कुमार को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कुलदीप को कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति का सह अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया है। कांग्रेस ने चिंतपूर्णी से इस बार कुलदीप की जगह युवा नेता सुदर्शन बबलू को प्रत्याशी बनाया है। 

6- शिमला पंहुची प्रियंका 31 को करेगी मंडी में जनसभा कॅ संबोधित।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर पहुंच गई हैं। 31 अक्तूबर को वह मंडी के पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। हालांकि, ट्रैफिक आदि का हवाला देकर

सुरक्षा कारणों के मद्देनजर पार्टी ने कुल्लू, ऊना, चंबा और शिमला में प्रस्तावित उनके रोड शो रद्द कर दिए हैं। अब प्रियंका गांधी नवंबर के पहले हफ्ते में कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में चुनावी रैलियां ही करेंगी। अक्तूबर के पहले सप्ताह में भी प्रियंका छराबड़ा आई थीं। इस दौरान पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कुछ दिनों के लिए यहां आई थीं। 15 अक्तूबर को प्रियंका और सोनिया गांधी शिमला से लौटी थीं। 

7- भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओ में हुई मारपीट।

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के मध्य भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओ में हुई मारपीट से माहौल गरमा गया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात मुबारिकपुर क्षेत्र में झंडे लगाने को लेकर भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के साथ मारपीट कर दी। पहले कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं से मारपीट हुई। कांग्रेस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। उधर, भाजपा ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा जल्द कारवाई की मांग की है। भाजपा गगरेट के मंडल अध्यक्ष सतपाल व भाजयुमो अध्यक्ष सन्नी पटियाल की अगुवाई में भाजपा ने गगरेट अस्पताल से लेकर गगरेट बाजार तक रोष प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कारवाई की मांग की। गगरेट भाजपा के मंडल अध्यक्ष सतपाल ने बताया कि चुनावी सीजन में इस प्रकार के लड़ाई-झगड़े सहन नहीं किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो।

8- शहीद कुलभूषण मांटा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।

जम्मू-कश्मीर के बारामूला के वीरवन जंगल में आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र की मझौली पंचायत के गौंठ निवासी कुलभूषण मांटा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। लोगों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी। वहीं, पत्नी व बहन ने शहीद को सैल्यूट कर अंतिम विदाई दी। पत्नी, माता व बहनों ने शहीद की पार्थिव देह

पर पुष्प भी अर्पित किए। इस दौरान पूरा क्षेत्र शहीद कुलभूषण मांटा अमर रहे, भारत माता की जय...के नारों से गूंज उठा।  इससे पहले पार्थिव देह शनिवार तड़के पैतृक गांव पहुंचते ही परिजन बिलख पड़े। तिरंगे में लिपटे अपने बेटे की पार्थिव देह देख परिजनों के आंखू नहीं रुक रहे थे। शहीद की माता दुर्मा देवी और पत्नी नीतू बेसुध हो गईं। वहीं, पूरा क्षेत्र कुलभूषण के शहीद होने की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। शहीद की पार्थिव देह को पहले जम्मू के अस्पताल से हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ पहुंचाया गया। चंडीगढ़ से सड़क के जरिये पैतृक गांव तक पहुंचाई गई। शहीद के अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय प्रशासन, सेना के जवान, रिश्तेदार व स्थानीय लोग मौजूद रहे।