हादसे में PWD जेई की मौत....... 14 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हादसे में PWD जेई की मौत.......  14 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फोटो: साभार गूगल।

हादसे में PWD जेई की मौत.......

14 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सरकार 
हुड़दंगबाजी नही होगी सहन: मुख्यमंत्री 
शिमला में युवा कांग्रेस हुई उग्र 
प्रदेश अध्यक्ष के फट गये कपड़े 
झुग्गी-झोपड़ियों को मालिकाना हक 
हिमाचल: केजरीवाल-भगवंत मान करेंगे प्रचार
हिमाचली बेटियाँ नेशनल चैंपियन
भारत की इस टीम ने रचा इतिहास 
पांवटा के 543 परिवारों को लाभ
होली मेले को दो अंतर्राष्ट्रीय दर्जा 
चुनावी साल मे जागे नेता
डाॅ बिंदल पंहुचे मातर पंचायत 

सिरमौर में आज 00 मामले और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- झुग्गी-झोपड़ियों को मालिकाना हक- पांवटा के 543 परिवारों को मिलेगा लाभ।

हिमाचल प्रदेश की कैबिनेट में आज शहरी क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को मालिकाना हक देने के ड्राफ्ट को मंजूरी मिल गई है। अब इस ड्राफ्ट को विधानसभा पटल पर रखा जाना है जहां विपक्ष की सहमति से इस पर विधेयक बन जाएगा। ऐसा होते ही प्रदेश के सैकड़ों ऐसे परिवारों को राहत मिलेगी जो 1974 से सरकारी या शामलात भूमि पर झुग्गी झोपड़ियों में

रह रहे हैं। इस निर्णय से पांवटा साहिब नगर परिषद के भी 543 परिवार लाभान्वित होने है। दरअसल, पांवटा साहिब नगर परिषद में वर्ष 2021 मे 6 बस्तियाँ अधिसूचित हुई है। इन 6 झुग्गियां मे कुल 543 परिवार रहते हैं। ये झुग्गी-झोपड़ियां व बस्तियाँ नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 में हरिजन बस्ती भूपपूर, बद्रीपुर, वार्ड पांच में बाल्मिकी बस्ती, वार्ड नंबर सात मे भी बाल्मिकी बस्ती, वार्ड नंबर 9 में मद्रासी काॅलोनी और वार्ड नंबर 10 मे हरिजन बस्ती शामिल है। इनको दो-दो बिस्वा जमीन पर मालिकाना हक मिलेगा। साथ ही इनको अब बिजली पानी के कनेक्शन सहित अन्य सुविधाएं भी मिलेगी। 

2- आगामी वर्ष से प्राकृतिक रंगों को मुहैया करवाया जाएगा आनलाईन प्लेटफार्म: उपायुक्त 

उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सहयोग से विभिन्न स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए होली के प्राकृतिक रंगों के बिक्री केंद्र का उद्घाटन नाहन स्थित अभिकरण कार्यालय के समीप किया।   जिला के लगभग 30 स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए प्राकृतिक रंग सभी उपमंडल स्तर पर बिक्री के लिए  उपलब्ध होगें। उपायुक्त ने बताया कि आजकल बाजार में जो रंग उपलब्ध हैं वह केमिकल युक्त होते हैं जिनके इस्तेमाल से हमारी त्वचा को नुकसान पंहुच सकता है।

लेकिन यह रंग प्राकृतिक पदार्थ आरारोट के बेस में फलों व सब्जियों से निकाले गए रंग को मिलाकर तैयार किए गए है। इनमें केमिकल का प्रयोग नहीं हुआ है। उन्होंने कहां कि आगामी वर्ष में जिला में निर्मित प्राकृतिक रंगों को सभी आनलाईन प्लेटफार्म पर उपल्बध में करवाने का प्रयास किया जाएगा ताकि स्वयं सहायता समूह से जुडी महिलाओं की आमदनी बढे। उन्होंने बताया कि यह प्राकृतिक रंग जिला की सभी हिमईरा दुकानों व उपमण्डल स्तर पर खरीदने के लिए उपलब्ध रहेगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि होली का त्यौहार बिना पानी के तथा प्राकृतिक पदार्थों सेे बने रंगों का प्रयोग करके ही मनाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर व जिला ग्रामीण विकास अभिकरण अधिकारी कल्याणी गुप्ता उपस्थित रही।

3- पांवटा साहिब के होला मोहल्ला को अंतर्राष्ट्रीय दर्जा देने को कवायद तेज।

सदियों से पांवटा साहिब मे आयोजित होला मोहल्ला को अंतर्राष्ट्रीय दर्जा देने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। इस बाबत आगामी 16 मार्च को पांवटा साहिब मे एक विशेष बैठक होने जा रही है। अध्यक्ष व्यापार मंडल पांवटा साहिब अनिन्द्र सिंह नौटी, बलजीत सिंह नागरा अध्यक्ष ट्रक यूनियन, चरणजीत सिंह चन्नी अध्यक्ष गुरुद्वारा बद्रीपुर, संजय सिंघल पूर्व चेयरमैन, परमजीत सिंह बंगा, गुरजीत सिंह नबरदार, रविंद्र सिंह खुराना पार्षद, अवनीत सिंह लांबा, तपिंदर सिंह, वाइस चेयरमैन ट्रक यूनियन बलविंदर पुरेवाल, गुरपाल सिंह बोली वाइस प्रेसीडेंट एसटीसीएस, प्रदीप सिंह बंगा, नजाकत अली हाशमी, खालसा एड, जसविंदर बिलिंग भारतीय किसान युनियन, चरणजीत सिंह जैलदार बीकेयू, सुभाष चौधरी बहती विकास मंच, सुनील चौधरी, एकांत गर्ग, जोगिंदर चौधरी, हरीश चौधरी, अजय सांसरवाल गीता भवन, भूपिंदर सिंह कैशियर ट्रक यूनियन, अर्जुन सिंह बनवैत , गुरनाम सिंह गामा आदि ने कहा कि जैसा कि विदित है कि इस वर्ष फिर से होले मोहल्ले का उत्सव आ रहा है। यह मेला प्रदेश के सबसे पुराने मेलों में शुमार है जिसका इतिहास लगभग 350 साल पुराना है परंतु आज भी इस मेले को

जिला स्तरीय दर्जा प्राप्त है। जबकि इसके बाद शुरू हुए उत्सव को राज्य स्तरीय कर दिया गया है। जबकि इस मेले को अंतरराष्ट्रीय मेला घोषित कब का कर दिया जाना चाहिए था। यह मुद्दा राजनीति से ऊपर उठ अपने इतिहास को पहचानने का है क्योंकि जो क्षेत्र अपना इतिहास भूल जाते है उनका अस्तित्व भी मिट जाता है। इस बारे में वर्ष 2021 में पूरी फाइल बना कर एसडीएम पांवटा साहब के माध्यम से भाषा कला एवं संस्कृति विभाग को अनुशंसा के साथ भेजने गई है। जिस पर सरकार को फैसला लेना है जो लिए नहीं जा रहा। इस बारे एक बैठक दिनाक 16 मार्च को 11 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रखी जा रही है जिसमे सभी धार्मिक सामाजिक संस्था के साथ ऊर्जा मंत्री को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इसमें सभी राजनैतिक दलों के नेता भी आमंत्रित हैं और पत्रकार वर्ग से भी विशेष आग्रह रहेगा। इस मेले के धार्मिक स्वरूप को बचाने, इसको काम से काम राज्य स्तरीय करवाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना भी बैठक का एजेंडा रहेगा जिसमे नगर परिषद एवं ग्राम पंचायत के सभी निर्वाचित सदस्यों को भी निमंत्रण भेजा जा रहा है। इसके बाद प्रेस को भी संबोधित किया जायेगा। 

4- चुनाव नजदीक आते ही नींद से जागते हैं भाजपा नेता: अश्वनी 

कांग्रेस पांवटा मंडल प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा के नेता चार साल तक सोता रहते हैं और चुनावी साल में इनकी नींद खुलती है। अब नारियलों की बोरियां भरकर धडाधड नारियल फोड़े जा रहे हैं।
पांवटा साहिब के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष ने ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री को चुनाव नजदीक देख अब नारियल फोड़ना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा की साढ़े चार साल में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पांवटा साहिब में विकास कार्य करवाने में असफल साबित हुए हैं। चुनाव नजदीक देख अब सिविल अस्पताल में ट्रामा सेंटर और रेलवे लाईन भी अब याद आ

रही है। अश्वनी शर्मा ने कहा की वन विभाग की जमीन अस्पताल के पास पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने कांग्रेस सरकार के दौरान स्वास्थ्य विभाग के नाम शिफ्ट करवाई थी। लेकिन साढ़े चार साल भाजपा सरकार इसमें कुछ नहीं कर पाये। उन्होंने कहा की सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन बंद है, स्टाफ नर्सों के अभाव से अस्पताल की सुविधाएं चरमरा गई है।
ऊर्जा मंत्री के होते हुए भी पांवटा साहिब में सबसे अधिक बिजली के कट लग रहे हैं जिसमें जनता परेशान है। इसके साथ ही कहा की नेशनल हाईवे पर तारूवाला के पास सबसे अधिक सड़क खस्ताहाल है साथ ही टूटी सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगा दिए हैं जिसमें सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। पांवटा साहिब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म है। इसके अलावा पांवटा में नशा बड़े पैमाने पर चल रहा है। जिससे बच्चों का भविष्य खतरे में है। उन्होंने कहा की आने वाले विधानसभा चुनाव में अब भाजपा को जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

5- नाहन विस के दूरदराज इलाकों में भी ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास: बिंदल 

नाहन के विधायक डाॅ राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांवों में जहां ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित किया जा रहा है वहीं रोजगार की दृष्टि से पर्यटन गतिविधियों को भी विकसित और सुदृढ़ किया जा रहा है। डाॅ बिंदल सोमवार को विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज और पिछड़ा माने जाने वाली मात्तर पंचायत के प्रवास पर रहे। इस मौके पर डा. बिन्दल ने जहां मात्तर में वन विभाग द्वारा निर्मित डैम का उदघाटन किया वहीं उन्होंने मंतरा माता मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि मात्तर पंचायत के तहत माता मंत्रा मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण और जन सुविधाओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन विभाग की ‘‘नई मंजिल नई राहें योजना’’ के तहत 75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। डा. बिन्दल ने कहा कि मंत्रा माता मंदिर सिरमौर जनपद का सबसे प्राचीन मंदिर है। बद्री नारायण भगवान ने आदि बद्री में तपस्या की, तत्पश्चात मंत्र सिद्धि से माता को प्रकट करते हुए यज्ञ पूर्ण किया गया। मान्यता के अनुसार उसी समय से मंत्रा माता के नाम से यह स्थान विख्यात है। इसी पवित्र स्थान से सरस्वती नदी का उदगम स्थल माना जाता है जो भारतीय संस्कृति की जन्म स्थली रही है। उन्होंने कहा कि नाहन के समीप पौड़ीवाला शिव मंदिर को भी पर्यटन विभाग की नई मंजिलें नई राहें योजना

में शामिल किया गया है जिस पर 90 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इस प्रकार वर्ष 2022 में नाहन विधानसभा क्षेत्र के दो ऐतिहासिक धार्मिक और पर्यटन स्थलांे को ‘‘नई मंजिलें नई राहें योजना’’ में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर हिमाचल व हरियाणा सरकार के सामुहिक प्रयासों से एक आदि बद्री डैम का निर्माण किया जाने वाला है जिस पर लगभग 265 करोड़ रुपये व्यय का अनुमान है जिसके लिए हरियाणा और हिमाचल सरकार के मध्य हाल ही में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस डैम निर्माण का खर्चा हरियाणा सरकार वहन किया जाएगा। डा. बिन्दल ने कहा कि डैम बनने से सरस्वती नदी के प्रवाह को नियमित करने में मदद मिलेगी वहीं हिमाचल के मात्तर भेड़ों क्षेत्र में टूरिज्म का विकास भी होगा। हम किसान भाइयों के लिए सिंचाई एवं पीने का पानी भी प्राप्त कर सकेंगे।


(हिमाचल)

1- कैबिनेट- हिमाचल में झुग्गी-झोपड़ियों मे रहने वालों को मिलेगा मालिकाना हक।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक चल रही है। अभी बैठक जारी है लेकिन इस बीच जो चार बड़े निर्णय सामने आए हैं उनमे सबसे बड़ा निर्णय शहरी क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने के ड्राफ्ट को मंजूरी है। इससे जहां प्रदेश के सैंकड़ों परिवारों को सौगात मिलेगी वहीं सरकार को भी चुनावी वर्ष मे इसका लाभ मिलेगा। इसके तहत दो बिस्वा जमीन का मालिकाना हक मिलेगा लेकिन इस जमीन को कोई भी बेच नही पाएगा। अब इस ड्राफ्ट को

विधानसभा पटल पर रखा जाएगा जहां विपक्ष की सहमति से इसे विधेयक का रूप दिया जा सकता है। दूसरा बड़ा निर्णय कर्मचारियों को लेकर हुआ है। वेतनमान के 15% विकल्प को कैबिनेट में मंजूरी मिल गई है। अब 2.25 और 2.29 के साथ यह विकल्प दिया जाएगा। वहीं विधायकों को टुअर का प्रति वर्ष साढ़े चार लाख रूपये तक का भत्ता देने को मंजूरी मिली है। यानि अब विधायक यदि अपनी विधानसकया प्रदेश से बाहर टुअर पर जाते हैं तो उन्हें 7500 तक का कमरा लेने की अनुमति होगी। इसके साथ ही दिल्ली मे हिमाचल सरकार मीडिया काॅ-आर्डिनेटर नियुक्त करने जा रही है जिन्हें प्रति माह 90 हजार रूपये का वेतन दिये जाएगा। 

2- आउटसोर्स कर्मचारियों के मामलों को हल करने के लिए सरकार प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के मामलों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी उचित मांगों को हल करने के लिए तीन सदस्यीय मंत्रिमंडीलय उप समिति का गठन किया गया है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां आउटसोर्स कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्ड और निगमों में लगभग 30 हजार आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत है। राज्य सरकार इन कर्मचारियों के कल्याण के लिए चिंतित है और सरकार ने गत दिसम्बर माह में सभी विभागों के साथ एक आदर्श निविदा साझा करते हुए प्रत्येक आउटसोर्स कर्मचारी को पे-स्लिप देना अनिवार्य किया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत पैरा-वर्कर्स के मानदेय मेें उल्लेखनीय वृद्धि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पीटीए और एसएमसी अध्यापकों के कल्याण के लिए भी राज्य सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2022-23 के बजट में आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम 10500 रुपये प्रतिमाह प्रदान करने की

घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसे मिलाकर वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में आउटसोर्स वर्कर्स के वेतन में बढ़ोतरी 4200 रुपये हो जाएगी। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश स्कूल लैक्चरर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की और प्रवक्ता (स्कूल कैडर) और प्रवक्ता (स्कूल न्यू) का पदनाम प्रवक्ता (स्कूल) करने की घोषणा पर उनका आभार व्यक्त किया। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने इस बार के बजट में जल शक्ति विभाग के मल्टीपर्पज वर्कर्स, पैरा फिटर्स एवं पम्प ऑपरेटरों के अनुदान में 900 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। आउटसोर्स इम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री को यूनियन की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया और बजट में आउटसोर्स कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

3- कर्मचारी संगठनों की हुड़दंगबाजी नही होगी सहन: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दो टूक कहा है कि यदि कोई कर्मचारी संगठन हुड़दंगबाजी करेगा तो उनकी बात को सुना जा सकता है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि माना जाए। उन्होंने एनपीएस कर्मियों के बीते दिनों किए गए प्रदर्शन को लेकर यह बात कही। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कुछ विधायकों और नेताओं ने एनपीएस कर्मचारियों को प्रदर्शन करने के लिए उकसाया। उन्होंने कर्मचारी वर्ग को साफ शब्दों में कहा कि सरकार ने

उनको जो दायित्व दिया है, वह उसे निभाएं, न कि राजनीति करें। सदन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की ओर से कानून व्यवस्था पर लाए कटौती प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब में सीएम ने कहा कि कुछ कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं है, जो केवल राजनीति में फंसे रहते हैं। जो काम उन्हें सौंपा है, उसे नहीं कर रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों को लेकर सीएम ने कहा कि वह उनके आवास पर आए थे, जिन्होंने शांतिपूर्ण बात कही। सरकार का भी दायित्व बनता है कि उनके हक उन्हें दे। उन्होंने हिमाचल पुलिस की सराहना भी की। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार में आज तक किसी पर भी लाठीचार्ज नहीं किया गया है। 

4- विधानसभा के बाहर युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन।

हिमाचल युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जयराम सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। हजारों की तादाद में एक होकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और विधानसभा का घेराव किया। राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, नशाखोरी और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर युकां सड़कों पर उतरी। चौड़ा मैदान में बेरिकेड तोड़ युवा कांग्रेस नेता विधानसभा के गेट पर पहुंचे। यहां युकां प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी सहित कई के कपड़े फट गए। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार की विदाई कोई नहीं रोक सकता। भर्तियों में फर्जीवाड़ा हुआ है। महंगाई आसमान छू रही है। सरकार ने 80 हजार करोड़ रुपये का कर्जा लिया है। कांग्रेस हिमाचल में चार साल से लड़ाई लड़ रही है और अब कुछ लोग सफेद टोपी लगाकर जनता के हिमायती बन रहे हैं। हम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के साथ हैं। कांग्रेस सत्ता में आकर रोजगार और पुरानी पेंशन देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवा ताकत के साथ सत्ता में आएगी। युवा साथियों को विधानसभा चुनाव में पूरा सम्मान मिलेगा। एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि सरकारों की गलत नीतियों का विरोध करने के लिए प्रदेश के कोने-कोने से युकां कार्यकर्ता यहां पहुंचे हैं। सरकार के पास योजना और दृष्टिकोण

नहीं है। बागवानों, किसानों और शिक्षा क्षेत्र की घोर उपेक्षा की गई है। जयराम सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विकास को नई दिशा दी। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि युकां टीम ने तानाशाही सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से मोर्चा खोला है। सत्ता के सेमीफाइनल में कांग्रेस ने भाजपा को करारी मात दी है। विधायक सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि पहले भाजपा को हराना है और मुख्यमंत्री का चेहरा किसी को नहीं बनाना है। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोगों के हितों की रक्षा को आवाज उठाते रहना है। हमें एकजुटता के साथ सिर्फ कांग्रेस के नारे लगाने हैं। युकां प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि इससे पहले धर्मशाला में युकां ने आंदोलन किया था। आज युकां विधानसभा का घेराव कर रही है।

5- हिमाचल में प्रचार करेंगे केजरीवाल-भगवंत मान।

आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री बनने जा रहे भगवंत मान जल्द हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। दोनों राज्यों में इसी साल अक्तूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में इस बार चुनावी माहौल दिलचस्प होगा। पंजाब में हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 117 में 92 सीटों पर जीत हासिल की है। पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं। दो दिन पहले

शिमला पहुंचे दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा था कि आम आदमी पार्टी शिमला नगर निगम चुनाव में सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। वहीं विधानसभा चुनाव में भी सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। नगर निगम शिमला के चुनाव मई-जून 2022 में प्रस्तावित हैं। प्रदेश प्रभारी, आम आदमी पार्टी रत्नेश गुप्ता ने कहा कि पार्टी अभी पंजाब में व्यस्त है। सप्ताह भर में वहां मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाना है। उसके बाद वरिष्ठ नेता हिमाचल प्रदेश आएंगे। अफसरों सहित भाजपा और कांग्रेस के नेता आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। ईमानदार छवि वाले नेताओं को पार्टी में शामिल किया जाना है। 

6- नेशनल कबड्डी का खिताब हिमाचल की बेटियों ने किया अपने नाम।

नेशनल कबड्डी का खिताब हिमाचल की बेटियों ने अपने नाम कर लिया है। रोमांचक मुकाबले में हिमाचल ने रेलवे की टीम को 33-31 के करीबी अंतर से हराया। कप्तान प्रियंका नेगी की अगुवाई में हिमाचल ने रेलवे से पिछले फाइनल में मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। हरियाणा के चरखी दादरी में 68वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाचल ने शुरूआत से पकड़ कायम रखी। हाफ टाइम तक स्कोर 16-9 था। इसके बाद

रेलवे ने वापसी की कोशिश की। अंत में हिमाचल ने दो अंकों से विजेता का खिताब जीत लिया। समापन पर हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। हिमाचल प्रदेश की जीत में रेडर पुष्पा राणा का शानदार योगदान रहा। इससे पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल में रेलवे ने राजस्थान को 41-17 से और दूसरे सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश ने रोमांचक मैच में हरियाणा को 35-32 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। 
उधर, सिरमौर कबड्डी संघ के अध्यक्ष कुलदीप राणा और महासचिव जीएस नेगी ने बताया कि सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की चार बेटियों ने खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई। हिमाचल टीम कप्तान प्रियंका नेगी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। शिलाई की पुष्पा राणा, सुषमा शर्मा और साक्षी शर्मा ने भी स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 

7- भारत की हैंडबाल टीम ने रचा इतिहास, जीती एशियन चैंपियनशिप। 

भारत की जूनियर महिला हैंडबाल टीम ने कजाकिस्तान में 16वीं जूनियर एशियन हैंडबाल प्रतियोगिता को जीतकर इतिहास रच दिया है। प्रतियोगिता के आखिरी मुकाबले भारत ने थाइलैंड को 41-18 के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम में कप्तान प्रियंका ठाकुर सहित पांच खिलाड़ी हिमाचल से थीं। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पहली बार विश्वकप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने ट्वीट किया कि इतिहास बन गया है, हमारी भारतीय महिला जूनियर टीम ने कजाकिस्तान में 16वीं एशियाई महिला जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और पहली बार विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

किया। इस जीत से भारत ने गोल अंतर से ईरान को पीछे छोड़ दिया और विजेता का खिताब अपने नाम किया। कजाकिस्तान के अल्माटी में महिला एशियाई जूनियर चैंपियनशिप 7 मार्च को शुरू हुई थी। भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब को अपने नाम किया। भारतीय हैंडबाल संघ के अध्यक्ष जगन मोहन राव ने कहा कि भारतीय टीम का दिल्ली पहुंचने पर शानदार स्वागत किया जाएगा। गौरव की बात यह है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल के मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी की खिलाड़ी प्रियंका ठाकुर भारतीय टीम की कप्तान हैं। 

8- हिमाचल: मोटरसाइकिल-ट्रक के बीच टक्कर में जेई की मौत।

हिमाचल प्रदेश के जवाली-नगरोटा सूरियां मार्ग पर मोटरसाइकिल व ट्रक के बीच टक्कर हुई। इसमें बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कारवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक जवाली उपमंडल के अंतर्गत हार नामक स्थान पर मोटरसाइकिल नंबर (एचपी54 -7729) व ट्रक (एचपी 15बी-7011) की टक्कर होने से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 53 वर्षीय शाम सिंह पुत्र पूर्ण सिंह निवासी फारियां के रूप में हुई है जबकि घायल की पहचान 57 वर्षीय रवीन मिश्रा निवासी धर्मशाला के रूप में हुई है। शाम सिंह लोक निर्माण विभाग जवाली में बतौर जेई कार्यरत था, जबकि रवीन मिश्रा बतौर वर्क इंस्पेक्टर कार्यरत है। शाम सिंह व रविन मिश्रा कार्य को देखने के लिए नाणा में गए थे। वहां से वापस आ रहे थे कि हार रेन शेल्टर के पास जवाली से नगरोटा सूरियां की तरफ जा रहे ट्रक के साथ टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल जवाली में उपचार के लिए लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने शाम सिंह को मृत घोषित कर दिया गया । रवीन मिश्रा को गंभीर घायल अवस्था में देखते हुए टांडा में रेफर किया गया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया है, जबकि घायल को टांडा में रेफर किया गया है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

शाम 5 बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-