डेंगू का हमला....... 18 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

डेंगू का हमला.......  18 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

डेंगू का हमला.......

18 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा

सराजियों की नाटी लंबी, तबादलों का खौफ, वीरभद्र प्रेम, दवाओं के सैंपल फेल, डिपु राशन भी महंगा, मक्की खरीदेगी सरकार, हुई बर्फबारी, शरद् महोत्सव शुरू, पांवटा मे ले पंगा, सड़क दुर्घटना, स्मैक पकड़ी और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव के दौरान रासलीला।


स्थानीय (सिरमौर)

1- राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव का आगाज।

पांवटा साहिब मे दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव का आगाज हो गया है। हल्की रिमझिम के बीच आज उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने महोत्सव का माँ यमुना बाल पार्क में द्वीप प्रज्ज्वल व यमुना किनारे माँ यमुना आरती व हवन तथा मंच पर विधिवत रूप से मां यमुना की तस्वीर के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इसके उपरांत उपायुक्त ने नगरपालिका मैदान में स्वास्थ्य विभाग, हिम ऊर्जा विभाग, विधिक सेवाएँ, लोक निर्माण विभाग, बाल विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर पालिका, कृषि विभाग, उद्यान विभाग तथा बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद अवलोकन किया। इस अवसर पर राम कुमार गौतम ने अपने संबोधन में सी.आर.भी. ललित को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पांवटा साहिब में यमुना शरद महोत्सव के आयोजन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण समिति द्वारा यमुना शरद

महोत्सव को अलग ढंग से मनाया जा रहा है। उपायुक्त ने इस महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर ने कोरोना टीकाकरण के पहले डोज की शत प्रतिशत कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई और अब सभी को मिलकर 30 नवंबर 2021 तक दूसरे डोज में भी शत प्रतिशत आंकड़ा पार करना है, जिसके लिए ख़ुद भी टीकाकरण करवाना है तथा आस-पास के लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से इस शरद् महोत्सव पर प्राकृतिक को स्वच्छ रखने का संकलप लेने का आग्रह किया। इसके उपरांत उपायुक्त ने खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।

2- प्रो-कबड्डी मे भाग लेगी उत्तर भारत की टीमें: एसडीएम 

राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर एसडीएम पांवटा विवेक महाजन ने सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि यह बहुत ही हर्ष का विषय है कि शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में पांवटा साहिब में राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 नियमो के चलते सांस्कृतिक संध्या न होने की वजह से इस बार

खेल प्रतियोगिता को बढ़ावा दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि मेले दौरान बाहरी राज्य की कब्बडी टीमें नाईट मैच खेलेगी। जिसमें ओलम्पियन कब्बडी स्टार अजय ठाकुर, कनिका, प्रियंका आदि शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि माँ यमुना आरती को यादगार बनाने के लिए शहर में कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि कब्बडी खेल प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए हिमाचल, राज्यस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड आदि 8 बाहरी राज्यों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। जिससे कब्बडी को भविष्य में और बढ़ावा मिलेगा।

3- बलदेव तोमर ने संध्या पूजा अर्चना कर किया राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव के संध्याकालीन कार्यक्रम का शुभारंभ।

पांवटा साहिब मे आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद् महोत्सव के संध्याकालीन कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर बलदेव सिंह तोमर उपाध्यक्ष राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने यमुना तट पर पूरे विधि-विधान एवम् रीति-रिवाज के साथ संध्याकालीन यमुना पूजा अर्चना कर महोत्सव के संध्याकालीन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेले, तीज तथा त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक है मेले में जहाँ आपसी भाईचारा बनता है वहीं हमें अपनी समृद्ध संस्कृति का बोध भी होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश

सरकार वर्तमान प्रदेश सरकार का यमुना शरद् महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने के लिए आभार व्यक्त किया। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर स्वस्थ मनोरंजन का अवसर मिलता है। वहीं व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ती है जिससे स्थानीय लोगों को रोज़गार के अवसर मिलते है । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलायी है, उन्होंने लोगों से अपील की कि वह प्रदेश सरकार  द्वारा चलाई गई योजनाओं का लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि कोविड़-19 महामारी के दौरान विकास प्रभावित हुआ, परन्तु प्रदेश सरकार ने विकास की गति को निरंतर जारी रखा जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं। उपमंडलाधिकारी विवेक महाजन ने मुख्यातिथि को टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। 

4- अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगे गो सेवक सचिन ओबराॅय, नगर परिषद ने मैदान की परमिशन की रद्द।

पांवटा साहिब के गोशाला संचालक और गो सेवक सचिन ओबराॅय कल से फिर अनशन कर रहे हैं। अब वह अनिश्चित काल के लिए अनशन करेंगे। हालांकि पहले यह अनशन यहां के रामलीला मैदान मे सुबह दस बजे से शुरू होना था लेकिन नगर परिषद ने मैदान की स्वीकृति को रद्द कर दिया है। अनशन मे गो प्रेमी सहित गोवंश भी शामिल होंगे। जारी प्रेस बयान में सचिन ओबराॅय ने बताया कि करीब 18 दिन पूर्व जिला सिरमौर में गोमाता

के संरक्षण की मांग पर प्रशासन द्वारा कोई भी कार्यवाही न किए जाने के बाद अब वह कल 19 अक्तूबर 2021 को प्रातः 10 बजे रामलीला मैदान पांवटा साहिब में अनिश्चित कालीन अनशन पर बैठने का कार्यक्रम था। लेकिन पता नही अंत समय मे नगर परिषद ने मैदान की स्वीकृति कैंसल कर दी। उन्हे ये समझ नही आ रहा कि गौवंश के हक के लिए अनशन से किसे इतनी समस्या है कि नगर परिषद के ईओ पर इतना दबाव आ गया कि सुबह वह परमिशन देते हैं और फिर सोशल मीडिया पर खबरें लगने के कुछ समय बाद यह परमिशन रद्द कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि अनशन तो होगा। उन्होंने सभी गो प्रेमियों से भी गो अधिकारों की इस मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान किया है। गोर हो कि इससे पहले गोवंश के हक के लिए सचिन ओबराॅय ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष 24 घंटे का अनशन किया था। साथ ही एसडीएम विवेक महाजन के मार्फत जिलाधीश सिरमौर को एक पत्र भेजकर गोवंश संरक्षण की मांगे रखी थी। 

5- अंजली ठाकुर ने बढ़ाया सरस्वती विद्या मंदिर कमरऊ का मान।

सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल कमरऊ की पूर्व छात्रा अंजली ठाकुर सुपुत्री राजेंद्र ठाकुर व निर्मला ठाकुर कमरऊ का नवोदय विद्यालय अहमदाबाद, गुजरात में फिजिकल एजुकेशन लेक्चरर के लिए हुआ है, जो कि बहुत बड़ी उपलब्धि है। स्कूल का प्रधानाचार्य पूर्ण चौहान ने कहा कि अंजली ठाकुर ने हमारे स्कूल के साथ साथ कमरऊ गांव व जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है। अंजली की इस उपलब्धि से समस्त विद्यालय स्टाफ प्रबंधन कमेटी, कमरऊ गांववासी तथा पूरा क्षेत्र बहुत खुश है। अंजली ठाकुर ने एस वी एम कमरऊ में दसवीं कक्षा तक

शिक्षा ग्रहण की। अंजली ठाकुर पढ़ाई में भी बहुत होशियार रही है। अंजली ठाकुर पढ़ने के साथ साथ खेल जगत में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। अंजली ठाकुर पूरे देश की एसजीएफआई की नेशनल खो खो प्रतियोगिता में भी विद्या भारती की उपकप्तानी कर चुकी है, जो कि अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस नेशनल प्रतियोगिता में देश भर से सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों की 25 टीमों ने भाग लिया था। उसके बाद भी अंजली ठाकुर ने अपने राष्ट्रीय खेल हॉकी मे भी देश भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। समस्त विद्यालय परिवार ने अपनी पूर्व छात्रा अंजली ठाकुर को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।

6- सिरमौर में कल इन 32 स्थानों पर लगेगा कोरोना टीका: डॉ सहगल 

जिला सिरमौर में 19 अक्तूबर को 32 स्थानों पर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ संजीव सहगल ने बताया कि धगेड़ा स्वास्थ्य खण्ड के तहत जिला आयुर्वेदिक अस्पताल, सिविल अस्पताल ददाहू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुवाला, काला अम्ब बैरियर टीम, दो मोबाइल टीम काला अम्ब और स्वास्थ्य उप केन्द्र काला अम्ब में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पच्छाद स्वास्थ्य खण्ड के तहत आयुर्वेदिक औषधालय मेहंदोबाग, स्वास्थ्य और कल्याण केन्द्र ढंगयार, स्वास्थ्य और कल्याण केन्द्र नया गांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारग, स्वास्थ्य और कल्याण केन्द्र वासनी, स्वास्थ्य उप केंद्र चाखल, पीजी करगाणू, चम्बीधार और स्वास्थ्य और कल्याण केन्द्र नई नेटी में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजपुर स्वास्थ्य खण्ड के तहत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, इएसआई गोंदपुर, इएसआई मालवा कॉटन, अम्बेदकर भवन पांवटा साहिब

व मोबाईल टीम पांवटा साहिब द्वारा लोगों को कोरोना टिका लगाया जायेगा। इसी प्रकार, संगड़ाह स्वास्थ्य खण्ड के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगड़ाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हरिपुरधार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नोहराधार, स्वास्थ्य उप केन्द्र भुजोन्ड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बोगधार, स्वास्थ्य उप केन्द्र घण्डूरी व मन्दिर परिसर हरिपुरधार में टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शिलाई स्वास्थ्य खण्ड के तहत सिविल अस्पताल शिलाई, स्वास्थ्य उप केन्द्र लोजा मानल, स्वास्थ्य उप केन्द्र हलांहा और ग्राम पंचायत कोटा पाब में कोरोना टिका लगाया जाएगा।

7- त्रिलोकपुर में आज 8000 श्रद्धालुओं ने किए माता बालासुन्दरी के दर्शन।

जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुन्दरी मन्दिर में आज लगभग 8000 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद

प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मन्दिर न्यास राम कुमार गौतम ने बताया कि ग्यारवें दिन माता को लगभग 08 लाख 62 हजार 290 रूपये नगद राशि व 1190 ग्राम चांदी श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई। 

8- पांवटा साहिब में कल 18 स्थानों पर होगा कॉविड-19 टीकाकरण।
 
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल पांवटा साहिब में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए  19 अक्तूबर को 18 स्थानों पर कॉविड -19 टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 अक्तूबर को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, ज्ञान चंद धर्मशाला, ई एस.आई. गोंदपुर, ई.एस.आई. मालवा कोटन, अम्बेडकर भवन पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, उप स्वास्थ्य केंद्र पल्होड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र गिरिनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा, उप स्वास्थ्य केंद्र मानपुर देवडा, उप स्वास्थ्य केंद्र  किल्लोड, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला भाटांवाली, उप स्वास्थ्य केंद्र गोज्जर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, उप स्वास्थ्य केंद्र शरली मानपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काँटी मास्वा इन सभी स्थानों पर कॉविड -19 से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी इन केन्द्रों पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। ड़ॉ. अजय देओल ने बताया कि टीका लगवाने के लिए आधार कार्ड या अन्य कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अपने साथ ज़रुर लाएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों तथा प्रवासी लोगों से टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील भी की।


(हिमाचल)

1- कांग्रेसियों को अभी देखनी पड़ेगी लंबी नाटी: सीएम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के जाछ और स्यांज में जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सराजियों को नाटी डालने की आदत है। हमारा कोई भी काम नाटी के बिना पूरा नहीं होता था। कोरोना ने हमारी नाटी भी खज्जल (खराब) की। अब नाटी का दौर भी आएगा। मौका मिलेगा तो लंबा फेरा लगेगा। नाटी से तो कांग्रेसी परेशान हैं। अभी तो पांच साल और नाटी देखनी

पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सराजी नाटी है, लंबी चलती है। कांग्रेस नेताओं को यह बात रास नहीं आ रही कि भाजपा ने पूर्व सैनिक को प्रत्याशी बनाया है। इसीलिए कांग्रेस नेता लगातार सेना और सैनिकों पर निशाना साध रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जाछ में अपने भाषण की शुरुआत बड़ा देव कमरूनाग के जयकारे के साथ की। कहा कि 50 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद आम लोगों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कारगिल शहीद पूर्ण चंद को भी याद किया, जो नाचन विस क्षेत्र से संबंध रखते थे। कांग्रेस पर निशाना साधा कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो लाखों-करोड़ों के घोटाले होते थे। इन्होंने देश को लूट लिया। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को सात वर्ष और प्रदेश में करीब चार साल हो गए, लेकिन विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के स्टार प्रचारक कन्हैया कुमार और नवजोत सिद्धू पर भी चुटकी ली।

2- बीजेपी के मंत्री व विधायक कर्मचारियों को दिखा रहे तबादलों का खौफ: राणा

कांगड़ा जिला के फतेहपुर में कांग्रेस के प्रचार को आक्रामक व धुंआधार बनाकर बीजेपी के होश फाख्ता करने वाले उपचुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा ने कहा कि जैसे-जैसे मतदान का समय नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे फतेहपुर में बीजेपी की बौखलाहट व घबराहट लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि चुनाव प्रचार में अपनी ही विचारधारा के लोगों का

सामना करने से कतराई भाजपा के मंत्री व विधायक कर्मचारियों को अब तबादलों का खौफ दिखाकर धमकाने लगे हैं। लेकिन दिलचस्प यह है कि जैसे-जैसे बीजेपी के मंत्री व विधायक कर्मचारियों पर दबाव बढ़ा रहे हैं, वैसे-वैसे कर्मचारियों का आक्रोश सरकार के प्रति और बढ़ रहा है। राणा ने कहा कि पूरे चार साल तक कर्मचारियों की एक न सुनने वाली बीजेपी सरकार पूरी तरह कर्मचारी विरोधी सरकार साबित हो चुकी है। जिस कारण से अब कर्मचारी भी बीजेपी को खदेड़ने का मन बना चुके हैं। प्रचार तंत्र में होर्डिंग्स, पोस्टर की बाढ़ फतेहपुर में लाकर बीजेपी फतेहपुर की जनता पर चुनाव प्रचार में प्रभाव बनाने का असफल प्रयास कर रही है। राणा ने कहा कि बीजेपी इस बात को न भूले कि सत्ता के धौंस-दबाव का जमाना अब लद चुका है। फतेहपुर की अधिकांश जनता व कर्मचारी बीजेपी को सबक सिखाने का मन बना चुके हैं। चुनाव प्रचार में उन्हें कई भाजपाईयों ने यह बताया कि जो नेता 2017 विधानसभा चुनावों में पार्टी का सरेआम विरोध कर रहा था उस पर अब फतेहपुर की जनता भरोसा कैसे करे। यह दीगर है कि बीजेपी ने फतेहपुर की जनता व कार्यकर्ताओं को विश्वास में लिए बिना उस नेता को उम्मीदवार बना डाला है। राणा ने कहा कि फतेहपुर चुनाव प्रचार में यह जुमला बीजेपी खेमें में सुनने को अब आम मिल रहा है कि जो कल पार्टी का विरोध कर रहा था, वह आज पार्टी का बफादार कैसे हो सकता है, और किस मुँह हम उसके लिए वोट मांगे। 

3- चेतन का वीरभद्र प्रेम- मेरे रोल मॉडल रहे वीरभद्र सिंह।

हिमाचल प्रदेश के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा मेरे रोल मॉडल रहे हैं। पिता दिवंगत नरेंद्र बरागटा ने भी राजनीतिक जीवन में वीरभद्र सिंह के बहुत कुछ सीखा। मैं भी उन्हीं के दिखाए पदचिह्नों पर चल रहा हूं। उन्होंने कहा कि जनता ने एक साल का मौका दिया तो 2022 के विस चुनाव में अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाऊंगा। अगर मेरा काम

पसंद न आए तो फैसला आपके हाथ में होगा। बरागटा ने सोमवार को कुड्ड, चिंग और अंटी में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि एक साल में उन्होंने क्या काम करेंगे, बागवानी के विकास के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे, इसके लिए विजन डाक्यूमेंट जनता के सामने रखा जाएगा। कुछ ऐसे कार्य थे, जो उनके पिता दिवंगत नरेंद्र बरागटा करना चाहते थे, उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दो राष्ट्रीय दल हैं। इन चुनावों में दोनों दलों का निशाना एक-दूसरे पर होना चाहिए था, लेकिन दोनों दलों के नेता मुझे ही टारगेट कर रहे हैं। इससे में भी काफी हैरान हूं। मैं सिर्फ अपना विजन लेकर जनता के बीच जा रहा हूं। जो षड्यंत्र मेरे साथ किया गया, मुझे तीन माह तक भाजपा प्रत्याशी बनाकर गांव-गांव घुमाया गया। जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता की भावनाओं के साथ किए खिलवाड़ का पूरा हिसाब जनता चुनाव में देगी।  

4- कोरोना के उपचार सहित 11 दवाओं के सैंपल फेल।

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवा समेत 11 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इनमें 2 उद्योग की दो-दो दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। हालांकि देश में कुल 43 दवाओं के सैंपल हुए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि दो केन्द्र शासित राज्य सहित 14 राज्यों की दवाओं के सैंपल गुणवता के पैमाने पर खरे नहीं उतरे हैं। केंद्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सी.डी.एस.सी.ओ.) ने इस माह का ड्रग अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के अलावा उतराखंड की 6, गुजरात की 5, पंजाब की 4, महाराष्ट्र, जम्मू और पश्चिम बंगाल की 3-3, मध्यप्रदेश की 2, बिहार, तेलंगाना, तमिलनाड़ू, दिल्ली, पुड्डुचेरी व कर्नाटक की एक-एक दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। प्रदेश में जिन दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं उनमें कोरोना के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवा, दर्द, एसिडिटी, प्रसव व अस्थमा के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवा प्रमुख हैं। ड्रग विभाग ने प्रदेश में 9 उद्योगों की 11 दवाओं के सैंपल फेल होने का कड़ा संज्ञान लिया है। विभाग ने इन सभी उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। मैसर्ज मैक्स रीलिफ हैल्थ केयर आंजी सोलन द्वारा कोरोना बीमारी के उपचार के लिए तैयार की गई फैवीपिरविर 400 एम.जी. का बैच नम्बर टी.पी. 0421903, मैसर्ज आई.बी.एन. हर्बल जुडडी कला बद्दी डाइक्लोफैनेक सोडियम प्रोलोंजड का बैच नम्बर आई.डी.एम. 20020, मैसर्ज श्रीराम हैल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड झाड़माजरी बद्दी की पैंटोंप्राजोल गैस्ट्रौ रैजिस्टैंट की बैच नम्बर पीएफटी 20015 एम.बी., टैरेस फार्मास्यूटिकल संसारपुर टैरेस की सैफिक्सिम 200 एम.जी. का बैच नम्बर टी.पी.टी. जी.ओ.वी. -2428, पुस्कर फार्मा कालाअम्ब की ओक्सीटोसिन इंजैक्शन बैच नम्बर ओ.टी.सी. 233ए के साथ - साथ ओ.टी.सी.- 256 ए  का सैंपल भी फेल हुआ है। मैसर्ज ऐश्वर्या हैल्थ केयर बद्दी की बुडलाइफ रेस्पल्सज का बैच नम्बर आर.एस. 0059 के साथ-साथ आर.एस.1071 का सैंपल भी फेल हुआ है। इसी तरह मोरपीन लैबोरेटरीज परवाणु की बिसाकोडाइल गैस्ट्रो रैजिस्टैंट का बैच नम्बर सी- 0एल0933 तथा केयरमैक्स फॉर्मूलेशान संसापुर टैरेस की पैरासिटामोल को बैच नम्बर सी.एल.टी. -14398 का सैंपल फेल हुआ है।

5- डिपु मे मलका की दाल अब 15 रूपये महंगी, रिफाइंड तेल 161 रूपये प्रति लीटर तक।

आए दिन बढती जा रही मंहगाई से गरीब और मध्यम वर्ग का जीना मुहाल हो गया है। इस वर्ग के पास सरकारी डिपु ही एक ऐसा साधन था जहां से उनकी दो वक्त की रोटी का गुजारा चलता था। लेकिन अब डिपु मे भी खाद्य वस्तुओं के दामों मे बढ़ौतरी होने पर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। इस वर्ग के लिए इस बार को दीवाली भी खुशियाँ नही ले पाएगी। हिमाचल प्रदेश में

राशन के डिपो में अब दालें चार से 15 रुपये तक महंगी हो गई हैं। हालांकि इस बार दीपावली पर हर बार की तरह 500 ग्राम प्रति परिवार अतिरिक्त चीनी दी जाएगी लेकिन प्रदेश के 18.90 लाख राशनकार्ड धारकों को दालों के लिए जेब हल्की करनी पड़ेगी। चीनी गरीब व खाद्य सुरक्षा परिवारों को 13 रुपये, एपीएल को 30 रुपये और आयकर दाताओं को 39 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी। मलका दाल के दाम में सबसे अधिक 15 रुपये की वृद्धि हुई है जबकि आयकर दाताओं को 19 रुपये महंगे दामों पर मलका मिलेगी। जबकि मूंग दाल के लिए 14 रुपयेे अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, रिफाइंड तेल गरीबों को 13 रुपये महंगा मिलेगा। अब 104 रुपये की जगह 117 रुपये दाम होंगे। एपीएल को 28 रुपये महंगा मिलेगा, 109 रुपये की जगह 137 रुपये और आयकर दाताओं को 37 रुपये मंहगा, 124 रुपये की जगह 161 रुपये लीटर मिलेगा। ये दाम सितंबर में निर्धारित कर दिए थे जिसकी सप्लाई अब डिपो में पहुंची है।

6- हिमाचल मे तीन दिन मे इतनी हुई धान खरीद।

हिमाचल प्रदेश में एफसीआई द्वारा किसानों से धान खरीद की जा रही है। यह खरीद 15 अक्तूबर से शुरू हो गई है। पिछले तीन दिन की बात करें तो 117 किसानों से 586 टन धान की खरीद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) की ओर से की गई है। इसके लिए सात जगह कांगड़ा जिला में अनाज मंडी फतेहपुर, रियाली, इंदौरा, सिरमौर के काला अम्ब व पावंटा साहिब, सोलन के नालागढ़, ऊना के टकराला में धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। धान की खरीद 1960 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। धान बेचने के लिए खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन धान बेचने के लिए किसान स्लाॅट बुक कर रहे हैं।

प्रदेश में पहली बार धान खरीद के लिए भारतीय खाद्य निगम द्वारा केंद्र खोले गए हैं। फिलहाल धान खरीद के लिए छह नवंबर तक कोई भी स्लाॅट खाली नहीं है। धान खरीद के लिए हर दिन 25 स्लाट निर्धारित किए गए हैं। अभी तक धान खरीद के लिए 6809 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इनमें से 4421 टोकन जारी कर दिए गए हैं। भारतीय खाद्य निगम द्वारा धान की खरीद के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं जिसके आधार पर धान की खरीद की जा रही है। इसमें 17 फीसद तक नमी वाला धान खरीदा जा रहा है। हालांकि धान खरीद की सुस्त व्यवस्था पर भारतीय किसान युनियन ने अपना रोश जाहिर किया है। युनियन का कहना है कि यदि इसी सुस्त रफ्तार से धान खरीद चली तो ऐसे मे छह महिने लग जायेंगे। इसलिए सरकार को अतिरिक्त व्यवस्था पर जोर देना चाहिए। 

7- धान के बाद अब मक्की भी खरीदेगी सरकार: गर्ग

हिमाचल प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा है कि किसानों की सुविधा के लिए अगले साल मक्की की खरीद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार की ओर से की जाएगी। इस साल धान की फसल पर किसानों को यह सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना 2022 तक किसानों की आय को दोगुना

करना है। इसके लिए प्रदेश सरकार भी हर संभव प्रयास कर रही है। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना प्रदेश सरकार की ओर से 2018 से शुरू की गई है। इसके लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। इस वर्ष भी इस योजना में 24 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि प्राकृतिक खेती को वैज्ञानिक ढंग से अपनाए। किसानों के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना में सोलर फेंसिंग आदि के लिए 80 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इसी योजना में किसानों को सामूहिक तौर पर सोलर फेंसिंग लगाने के लिए 85 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान किसानों से खरीदा जा रहा है। अगले वर्ष मक्की की खरीद भी होगी।

8- हिमाचल मे डेंगू पसार रहा पांव, रहें सतर्क।

हिमाचल प्रदेश में डेंगू पांव पसारता जा रहा है। जनवरी 2021 से अब तक प्रदेश में डेंगू के 257 मामले सामने आए हैं। सोलन में सबसे ज्यादा 194 लोगों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी को लेकर अलर्ट किया है। विभाग का कहना है कि यह बीमारी मच्छर के काटने से होती है। ऐसे में घरों के आसपास गंदगी और पानी को जमा नहीं होने दें। हालांकि, प्रदेश के लिए राहत की बात यह है कि इस वर्ष राज्य में अब तक डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई हैं। जानकारी के मुताबिक जनवरी 2021 से 14 अक्तूबर 2021 तक राज्य में डेंगू के लगभग 2344 टेस्ट किए गए। इनमें 257 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इसी अवधि के दौरान सोलन में 194, कांगड़ा में 25, ऊना में 21, हमीरपुर में पांच, चंबा में तीन, मंडी में तीन, मेडिकल कॉलेज टांडा में चार, जिला बिलासपुर और सिरमौर में एक-एक लोगों में इसकी पुष्टि हुई है। 

डेंगू के लक्षण

अचानक तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, थकान, उल्टी आना और शरीर पर लाल दाने होना डेंगू के लक्षण हैं। 

ऐसे करें बचाव 

डेंगू मच्छरों के काटने से फैलता है और डेंगू के अधिकतर मामले शहरी क्षेत्रों में पाए जाते हैं। अपने घरों के आसपास साफ- सफाई बनाए रखें। पानी जमा न होने देना। घरों के आसपास मच्छर न पनपने दें।

9- मौसम अपडेट- अक्तूबर मे प्रदेश मे बर्फबारी।

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच दूसरे दिन सोमवार को भी बारिश और बर्फबारी हुई। कुल्लू और लाहुल घाटी में बारिश के साथ साथ बर्फबारी का दौर भी जारी रहा। इसके चलते मनाली-लेह मार्ग के साथ कुंजुम पास होकर गुजरने वाला मनाली-ग्रांफू-काजा राष्ट्रीय राजमार्ग-505 यातायात के लिए बंद हो गया है। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग पास में 30 सेंटीमीटर, कोकसर में पांच सेंटीमीटर, कुंजुम पास में 30 सेंटीमीटर तथा बारालाचा में 40 सेंमी ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। 

क्राइम/एक्सीडेंट 

1- गहरी खाई मे गाड़ी गिरने से तीन की मौत, 3 घायल।

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के काजा खंड में शिचलिंग के माने पुल के पास एक पिकअप (जीप) बारिश के बीच गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो महिलाओं समेत तीन घायल हो गए हैं। घायलों का काजा अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह दुर्घटना रविवार रात करीब दस बजे हुई है। मृतकों

की पहचान केंद्र सारपू मालहा (40) नेपाल, टेक बहादुर (23) नेपाल और वर्दी मालहा (45) नेपाल के तौर पर हुई है। घायलों में केंसग, गांव लारा स्पीति, कल्पना पत्नी टेक बहादुर नेपाल, पार्वती पत्नी जोपा नेपाल शामिल हैं। एसपी मानव वर्मा ने कहा कि पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि सूचना के बाद एसडीएम महेंद्र प्रताप और डीएसपी रोहित मृगपुरी सहित सात सदस्यीय टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों और घायलों को रात ढाई बजे तक खाई से निकाल लिया। घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के समय भी बारिश जारी रही। इससे रेस्क्यू करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

2- पंचकूला के युवक से सिरमौर मे पकड़ी स्मैक।

एसआईयु सिरमौर की टीम ने पंचकूला के एक युवक की गाड़ी से स्मैक बरामद करने मे सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक कल रात SIU टीम सिरमौर ने गुप्त सूचना के आधार पर नोहराधार से हरिपुरधार की

तरफ सन्दीप बहल @रिंकू S/O श्री सुभाष चन्द बहल R/O मकान न0 B-1/1523 अब्दुल्लापुर कलौनी पिंजौर जिला पंचकुला हरियाणा को उसकी गाड़ी न0 HP15B-6000 सिल्वर रंग मे आते हुए रोका और तलाशी ली। इस दौरान उसकी गाड़ी के डैशबोर्ड के साथ लगे स्टीरियो के नीचे बने खाली खाने में एक कैरी बैग मिला जिसे खोलने पर उसके अंदर 15.30 ग्राम हैरोईन/चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी सन्दीप बहल @ रिंकू को धारा 21 व 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार करके उसके खिलाफ थाना संगडाह में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे की तफ्तीश जारी है। 


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-