कल की कैबिनेट में एरियर....... 21 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

कल की कैबिनेट में एरियर.......  21 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: हिमाचल प्रदेश कैबिनेट बैठक।

कल की कैबिनेट में एरियर.......

21 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

श्री रेणुका जी से हाटी की हुंकार
पुराने विद्यार्थी प्रेरणास्रोत: नड्डा
HPU ने स्थापित किए नए आयाम: सीएम
नड्डा-खेर-गुलेरिया एलुमनाई ऑफ द ईयर’
आनंद शर्मा के इस्तीफे से खलबली
नड्डा की माल रोड-रिज की सैर
पहले इस क्लास को मिलेगा एरियर
जवान की मौत से जोगिंद्रनगर गमगीन
पाँवटा पंहुचे राष्ट्रीय खिलाड़ियों का वेलकम
पाँवटा की झोली छोड़ गये खाली: किरनेश
नाॅटी बता रहे आप की गारंटी योजनाएं
अनशन खत्म-कल से काम
पत्थर लगने से नदी मे समाई गाड़ी 
मंडी में कुदरत का कहर जारी 

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) HPU के कार्यक्रम में अभिनेता अमुपम खेर को सम्मान।

स्थानीय (सिरमौर)

1- श्री रेणुका जी से हाटी की गर्जन, भाजपा नेता बोले जल्द मिलेगी खुशखबरी।

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के धार्मिक स्थल श्री रेणुका जी में हाटी की एक महाखुमली का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में हाटी जनता ने भाग लिया। इस मामले में सभी लोगों ने फिर से एक स्वर में हाटी समुदाय को जल्द जनजातिय दर्जा देने की मांग को दोहराया। महाखुमली में हिमाचल प्रदेश के ऊर्जा मंत्री

सुखराम चौधरी और खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने भी विशेष रूप से शिरकत की। इस मौके पर हाटी समुदाय को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश तथा केंद्र की सरकार हाटी मुद्दे पर गंभीर है। प्रदेश भाजपा सरकार ने केंद्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा बड़े ही जोरदार तरीके से उठाया है। उन्होंने कहा कि जल्दी हाटी मुद्दे का हल कर क्षेत्र के लोगों को अच्छी खबर दी जाएगी।

वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गिरिपार क्षेत्र के सवा तीन लाख लोगों का हाटी मुद्दा गंभीरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि गत दिवस पांवटा साहिब में हुए कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष यह मुद्दा उठाया, जिस पर जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में इस मुद्दे पर जल्द ही समुदाय के लोगों को अच्छी खबर देने की बात कही। बलदेव तोमर ने कहा कि शिलाई में हुई हाटी महाखुमली में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया था तथा सभी ने बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन हाटी मुद्दे का हल होते देख उन नेताओं ने महाखुमली से दूरी बनाकर लोगों को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने फिर दोहराया कि यदि विधानसभा चुनाव से पूर्व गिरिपार क्षेत्र को जनजातिय क्षेत्र घोषित नहीं करवा सके तो वह विधानसभा चुनाव में वोट मांगने भी नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस मामले में गंभीरता से काम कर रहे हैं तथा

जल्दी ही हाटी समुदाय के लोगों को बड़ी खुशखबरी मिलेगी। इस मौके पर केंद्रीय समिति के अध्यक्ष डॉ अमिचंद कमल, महासचिव कुंदन सिंह शास्त्री, गुमान सिंह वर्मा, जिला परिषद के अध्यक्ष सीमा कन्याल, बीडीसी उपाध्यक्ष सुनील ठाकुर, हाटी पांवटा इकाई अध्यक्ष ओपी चौहान, सुरजन ठाकुर, खजान सिंह नेगी, अतर सिंह नेगी, रण सिंह चौहान, इंद्र सिंह राणा सहित स्थानीय आयोजन समीति के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में समुदाय के लोग मौजूद रहे। इस महाखुमली में भीड़ इतनी बढ़ गई कि पांडाल में भी लोगों को जगह नही मिली तो वह पहाड़ियों पर बैठ गये। 

2- Paonta Sahib: बार एसोसिएशन का धरना हुआ खत्म, कल से नियमित कार्य।

पाँवटा साहिब में अतिरिक्त जिला एंव सत्र न्यायालय की स्थाई अदालत की मांग को लेकर पिछले करीब दो सप्ताह से धरने पर बैठे बार एसोसिएशन पाँवटा साहिब से अपना धरना खत्म कर दिया है। इसकी जानकारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने दी है। जारी प्रेस बयान में एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि 08 अगस्त 2022 से पांवटा साहिब बार एसोसिएशन के सभी गणमान्य अधिवक्ता गण अपनी बहुत पुरानी माननीय अतिरिक्त

जिला एवम सत्र न्यायालय की पांवटा साहिब में स्थाई स्थापना की मांग को लेकर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हुए थे व पांवटा साहिब में सभी न्यायालयों में काम का बहिष्कार किया जा रहा था। गत दिन को जे पी नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने पांवटा साहिब में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश सुरेश कश्यप, सुखराम चौधरी ऊर्जा मंत्री हिमाचल प्रदेश सरकार व बलदेव तोमर वाईस चेयरमैन खाद्य एवम आपूर्ति विभाग हिमाचल प्रदेश की मौजूदगी में मंच से बार एसोसिएशन पांवटा साहिब की इस मांग को मानते हुए माननीय अतिरिक्त एवम सत्र न्यायालय की स्थाई स्थापना की घोषणा की है।बार एसोसिएशन पांवटा साहिब

इसका तहे दिल से धन्यवाद करती है। बार एसोसिएशन पांवटा साहिब ने अध्यक्ष राजिंद्र शर्मा की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर धरना को समाप्त कर दिया है व अब सोमवार से सभी अदालतों  में काम शुरू किया जायेगा। बार एसोसिएशन पांवटा साहिब सभी सामाजिक कार्यकर्ता, संगठनों, शिलाई बार एसोसिएशन का, सभी स्टाम्प वेंडरों का व जिसने भी इस मांग का समर्थन किया है, सभी का धन्यवाद करती है।

3- पाँवटा साहिब में हुआ राष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों का स्वागत।

उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंह नगर में स्थित जोबौर जलाशय जनपद में आयोजित हो रही 33वीं सीनियर कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय चैम्पियनशिप मे भाग लेने जा रही हिमाचल की टीम का पाँवटा साहिब में स्वागत कर उन्हे शुभकानाएं दी गई। इस प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त से 25 अगस्त 2022 तक हो रहा है। हिमाचल प्रदेश कायकिंग एंड कनोइग एसोसिएशन के अंतर्गत हिमाचल के खिलाड़ी जिला बिलासपुर से रवाना होते हुए पांवटा साहिब से जाते हुए उत्तराखंड के लिए निकले। रास्ते में पांवटा साहिब पहुंचने पर जिला सिरमौर कायकिंग एंड कनोइग

एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष एडवोकेट गुलशन अंसारी एवं सर्व धर्म समभाव राष्ट्रीय मंच उत्तराखंड खंड के राज्य उपाध्यक्ष रश्मि ठाकुर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी तथा रिफ्रेशमेंट वितरित किया। जिला सिरमौर कायकिंग एंड कनोइग एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष एडवोकेट गुलशन अंसारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कायकिंग एंड कनोइग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के लिए हमेशा कटिबद्ध रहती है। इस मौके पर हिमाचल टीम कोच जमुना ठाकुर एवं हिमाचल प्रदेश कायकिंग एंड कनोइग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के राज्य सहसचिव इशान अख्तर एवं राष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी विशेष रूप से मौजूद रहे।

4- पाँवटा की झोली खाली छोड़ निकल गये भाजपा के बड़े नेता: किरनेश

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पांवटा साहिब के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेता पाँवटा साहिब में पंहुचे थे तो लोगों को उम्मीद थी कि पाँवटा साहिब के लिए विकास की कोई बड़ी घोषणा होगी। लेकिन आम जनता की गाढी कमाई का पैसा रैली में लगाकर भी नेता पाँवटा की झोली खाली छोड गये। किरनेश जंग रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा साहिब का जनसंपर्क अभियान के दौरान भगानी पंचायत के भुड्डी गांव में बोल रहे थे। मंडल अध्यक्ष अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में चलाये गये इस अभियान में पूर्व विधायक विशेष तौर पर उपस्थित रहे। वहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों के द्वारा पूर्व विधायक का जोरदार स्वागत किया गया। वही अपने संबोधन में बोलते हुए पूर्व विधायक में सबसे पहले स्वागत के लिए स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया उसके उपरांत बीजेपी सरकार और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पांवटा साहिब में अभी बहुत विकास की आवश्यकता है। पिछले कल बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पांवटा साहिब का कार्यक्रम था

लेकिन पोंटा साहिब को कोई भी एक बड़ी सौगात उन लोगों ने नहीं दी। बल्कि आम जनता का पैसा बर्बाद किया गया। सरकारी मशीनरी और सरकारी वाहनों का सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया गया। जो कार्य राजा वीरभद्र सिंह और कांग्रेस पार्टी के समय में कार्य करवाएंगे उन्हीं कार्यों को ऊर्जा मंत्री और बीजेपी के नुमाइंदों के द्वारा गिनवाया गया। उन्ही कार्यों का श्रेय यह पार्टी लेना चाहती है। आज युवा वर्ग और महंगाई चरम सीमा पर है। आम जनमानस का जीना मुश्किल हो गया है। आने वाली सरकार कांग्रेस पार्टी की सरकार है। इस मौके उनके साथ भगानी जॉन कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौहान, भगानी पंचायत के पूर्व उप प्रधान पृथ्वी चंद, वेद प्रकाश बंसल, मेहर सिंह शर्मा, गुलाब सिंह, प्रताप सिंह, मोतीराम, गांधीराम, अहमद हसन, सूरत सिंह, विजय पुंडीर, रमेश चंद्र , राजेंद्र शर्मा, पप्पू, हाजी हुसैन, संजय, किशन सिंह, इकराम अली, विद्या देवी, विमला, मंजू देवी, गुलिस्ता आदि लोग मौजूद रहे।

5- नाॅटी घर-घर जाकर बता रहे आप की पांच गारंटी योजनाएं।

आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह नाॅटी आजकल पाँवटा साहिब में जनसंपर्क अभियान पर है। रविवार को विधानसभा क्षेत्र पांवटा साहिब 58 के कोटडी व्यास पंचायत में आम आदमी पार्टी के नेता नाॅटी और आम

आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पार्टी की पांच गारंटी योजनाओं की जानकारी घर घर द्वार जाकर लोगों को दी। इस दौरान नाॅटी ने क।आ कि इस बार इस हिमाचल प्रदेश बदलाव की ओर है। भाजपा कांग्रेस से जनता तंग आ चुकी है। अब आम आदमी का समय है इसलिए बदलाव में भागीदार बनें। 

(हिमाचल)

1- पूर्व विद्यार्थी, नए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैः जेपी नड्डा

सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित पूर्व विद्यार्थी वृहद समागम-2022 को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान के पूर्व विद्यार्थी नए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं, क्योंकि उनकी उपलब्धियां विद्यार्थियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि पूर्व विद्यार्थी वृहद समागम पूर्व विद्यार्थियों के मातृ संस्थानों के साथ सम्बन्ध को प्रगाढ़ करने का एक असाधारण अवसर है जिसमें पूर्व विद्यार्थियों को अपने अनुभव और उपलब्धियों को साझा करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के विद्यार्थी के रूप में जुड़ी उनकी कई अविस्मरणीय स्मृतियां हैं। उन्होंने कहा कि 11 विभागों के साथ शुरू हुए इस विश्वविद्यालय में आज 44 विभाग हैं। उन्होंने कहा कि 245 बीघा से अधिक परिसर वाले इस विश्वविद्यालय को आज देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है कि वे इस विश्वविद्यालय के 53 वर्षों के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने अध्यापकों और सह-विद्यार्थियों को याद करते हुए विश्वविद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के मंच से अपने अनुभव व्यक्त करना एक कठिन कार्य है। यह विश्वविद्यालय प्रदेश की राजनीति का केंद्र रहा है। उन्होंने छात्र नेता के रूप में राकेश सिंघा के साथ अपने अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने उन्हें सिखाया कि सह-अस्तित्व से ही आत्म अस्तित्व संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें कई विश्वविद्यालयों में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ लेकिन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की एक अपनी एक अलग विशेषता है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय

का माहौल पढ़ाई के लिए अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के अतिरिक्त विश्वविद्यालय खेल, रंगमंच और राजनीति के क्षेत्र में भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि समर्पण, ईमानदारी और लगन से सफलता प्राप्त की जा सकती है। सफलता प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को अपने प्रयासों में ईमानदारी के साथ एकता में विश्वास रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारा यह कर्त्तव्य बनता है कि हम विश्वविद्यालय में शिक्षा अर्जित कर उसका उपयोग समाज के कल्याण के लिए करें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित करने और अपने अन्दर छिपी प्रतिभा को पहचानने का प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से किए गए प्रयासों से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि मेहनत और लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। 

2- HPU ने 53 वर्षों में शिक्षा में स्थापित किए नए आयाम: मुख्‍यमंत्री 

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी अवस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। उन्होंने कहा कि वल्लभ डिग्री महाविद्यालय से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर आज वे अपने क्षेत्र का पांचवीं बार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज शिलान्यास किए गए एलुमनाई (पूर्व छात्र) भवन का निर्माण शीघ्रता से किया जाएगा। यह भवन न केवल पुराने विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान करेगा बल्कि विश्वविद्यालय की पुरानी स्मृतियों का संग्रहण भी करेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि 53 वर्ष पूर्व स्थापित ए ग्रेड के रूप में मान्यता प्राप्त इस विश्वविद्यालय को अब ए प्लस ग्रेड का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के समक्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि खेल और अन्य गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय कठिन परिश्रम से प्रयासरत है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री ने 8.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले एलुमनाई भवन का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर उन्होंने समरहिल पेनोरमा स्मारिका और एलुमनाई वेब पोर्टल को भी जारी किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर

तथा पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित करना न केवल पूर्व विद्यार्थियों अपितु विश्वविद्यालय के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है। पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अमुपम खेर ने कहा कि इस छोटे से शहर शिमला ने उन्हें सपने देखना और उन्हें पूरा करना सिखाया। कॉलेज के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जो कोई व्यक्ति सपना देख सकता है वह उसे हासिल भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वयं पर दृढ़ विश्वास और माता-पिता तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान रखकर लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैंं। विधायक राकेश सिंघा और विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विश्वविद्यालय में अपने छात्र जीवन से जुड़े अनुभवों को साझा किया, विशेष रूप से विश्वविद्यालय में अपने छात्र दिनों के अनुभव साझा किए। पूर्व छात्र संघ के  अध्यक्ष प्रोफसर पी.के. आहुलावालिया ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

3- नड्डा-खेर-गुलेरिया एलुमनाई ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित पूर्व विद्यार्थी वृहद समागम-2022 कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अमुपम खेर और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया को ‘एलुमनाई ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पदम श्री पुरस्कार से सम्मानित एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने उन्हें इस विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने तीस वर्ष पहले इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज से जुड़े अपने अनुभवों का साझा किया।
विश्वविद्यालय की ओर से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग, विधायक राकेश सिंघा और सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर, सी.बी. बरोवालिया और सुशील कुकरेजा, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप, एडवोकेट जनरल अशोक शर्मा, पूर्व एडवोकेट जनरल श्रवण डोगरा, पूर्व एडवोकेट जनरल आर.के.बावा, न्यायमूर्ति डी.के. शर्मा, विधायक हर्षवर्धन चौहान, विधायक सुभाष ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर, विधायक राकेश जम्वाल, विधायक संजय अवस्थी, विधायक रीना कश्यप,

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर एल.आर.वर्मा, प्रोफेसर सुनील कुमार गुप्ता और प्रोफेसर ए.एन.डी. वाजपेयी, प्रोफेसर रणवीर चंद सोबती, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो वीसी, प्रोफेसर एन.के. शारदा, मनीष शर्मा, प्रोफेसर सी.एल. चंदन, प्रोफेसर शशि कुमार धीमान, प्रोफेसर डी.डी. शर्मा, डॉ. रचना गुप्ता, डॉ. जगत राम, पदम श्री डॉ. उमेश भारती, डॉ. लाल सिंह, हिम चटर्जी, गीता कपूर, प्रोफेसर कुमार कृष्ण, डॉ. रेखा वशिष्ट, मीनाक्षी चौधरी, सोनिया शर्मा, डॉ अजय श्रीवास्तव, नरदेव सिंह, डॉ. रमेश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राकेश लोहुमी, डॉ अश्वनी शर्मा, डॉ. प्रतिभा चौहान, मुकेश राजपूत, अर्चना फुल, गौरव बिष्ट, पवन शर्मा और प्रकाश भारद्वाज, सोनिया शर्मा, धारा सरस्वती आदि को डिस्टिंगग्विशड एलुमनाई आवार्ड से सम्मानित किया गया।

4- आनंद शर्मा ने पार्टी की संचालन समिति की अध्यक्षता से दिया इस्तीफा।

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने रविवार को पार्टी की संचालन समिति की अध्यक्षता से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा कि पार्टी में उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा था। हिमाचल विस चुनावों के लिए अहम फैसलों में उन्हें तवज्जो नहीं दी गई। जी-23 नेताओं में शामिल रहे नेता गुलाम नबी आजाद के जम्मू-कश्मीर में अभियान समिति के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के कुछ दिनों बाद अब

आनंद शर्मा ने इस्तीफा दिया है। आनंद शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि परामर्श प्रक्रिया में उनकी अनदेखी की गई है। हालांकि, वे प्रदेश में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करना जारी रखेंगे। आनंद शर्मा अप्रैल 2022 में स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा जी-23 समूह के प्रमुख नेता हैं जो पार्टी नेतृत्व के फैसलों के आलोचक रहे हैं। भूपिंदर सिंह हुड्डा और मनीष तिवारी सहित प्रमुख दिग्गजों का समूह ब्लॉक से लेकर सीडब्ल्यूसी स्तर तक वास्तविक चुनावों पर जोर देता रहा है। 

5- कॉलेज के दिन याद कर माल रोड़ पर निकले जेपी नड्डा 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने माल रोड और रिज की सैर की और अपने कॉलेज के दिनों को याद किया। वह शहर के सभी स्थानीय लोगों से भी मिले। वह अल्फा रेस्टोरेंट, आशियाना और रिपोर्टिंग रूम के बाहर रुके जहां उन्होंने अपनी पुरानी यादें ताजा की। वह राकेश पान वाला (गुरु प्रसाद) से भी स्कैंडल प्वाइंट पर मिले जहां उन्होंने एक पान खाया और राकेश ने उन्हें उनके घर के लिए 10 पैक्ड पान उपहार में दिए। अपने कॉलेज के दिनों में इसी

दुकान से नड्डा पान लेते थे। बाद में नड्डा इंडियन कॉफी हाउस में बैठे जहां उन्होंने गर्मा गर्म कॉफी का प्याला पीया। जगत प्रकाश नड्डा को कॉफी परोसने वाला वेटर अब कॉफी हाउस का मैनेजर है। नड्डा ने कहा कि माल रोड आने से उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। कॉफी हाउस एक ऐसी जगह थी जहां वे दोस्तों, राजनीतिक हस्तियों और पत्रकारों से मिलते थे। हम यहां राजनीतिक घटनाओं पर चर्चा करते। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री सुरेश भारद्वाज, राजिंदर गर्ग, विधायक राजीव बिंदल, अभिनेता अनुपम खेर, महासचिव त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, करण नंदा और प्यार सिंह भी मौजूद रहे।

6- सबसे पहले तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मिल सकता है एरियर।

हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ही पहले एरियर दे सकती है। सरकार का वित्त विभाग एरियर देने का फार्मूला तैयार कर रहा है। यह चर्चा के लिए 22 अगस्त की राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में जाएगा। कैबिनेट में इस पर निर्णय हो सकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नए वेतनमान का एरियर देने की यह घोषणा 15 अगस्त को की है। हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार ने छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार कर्मचारियों के लिए नया वेतनमान तो दे दिया है। इसे एक जनवरी 2022 से लागू किया गया है। इसे एक जनवरी 2016 से दिया जा रहा है।


एक जनवरी 2016 से एक जनवरी 2022 के बीच का सभी कर्मचारियों का एरियर करीब 12 हजार करोड़ रुपये का बन रहा है। स्वतंत्रता दिवस के दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एरियर के लिए एक हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। ऐसे में इतना बजट तो कुल एरियर का दसवां हिस्सा भी नहीं होगा। ऐसी स्थिति में सरकार योजना बना रही है कि पहली किस्त के रूप में यह एरियर अभी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ही दिया जाए। एक तो यह सरकारी कर्मचारियों का बहुत बड़ा वर्ग है। दूसरा विशेषकर इस वर्ग के कर्मचारियों को यह बहुत ज्यादा भी देय नहीं होगा, जबकि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों का वेतन अधिक होने के कारण एरियर के रूप में ज्यादा बजट व्यय होगा। इस श्रेणी को एरियर बाद में भी दिया जा सकता है। राज्य सरकार यह मन बना रही रही है कि कर्मचारियों को यह एरियर पांच किस्तों में दिया जाए। अगर ऐसा किया जाता है तो पांचवीं किस्त के रूप में चतुर्थ और तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को यह 40 हजार रुपये से एक लाख रुपये के बीच तक दिया जा सकता है। अगर किस्तें ज्यादा बनाई जाती है तो फिर पहली किस्त घट जाएगी। 

7- डेढ़ साल की बेटी को गोद में लिए बेसुध हुई सैनिक की पत्नी, जानियें क्यों...

लेह लद्दाख में पंजाब-21 रेजिमेंट में नायक के पद पर सेवारत हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के जोगेंद्रनगर के दुल गांव निवासी भारतीय सेना के जवान नायक अमित कुमार का अपेंडिक्स की बीमारी के कारण निधन हो गया। बीते तीन दिन पहले अमित की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसे सैन्य अधिकारियों द्वारा उपचार के लिए कमांड अस्‍पताल चंडीगढ़ में भर्ती किया गया था, जहां युवक की उपचार के दौरान दुःखद मौत हो गई। अमित को अल्सर हो गया था, जिसका आपरेशन होना था। लेकिन आपरेशन से पहले ही युवक की मौत हो गई। रविवार सुबह आठ बजे जवान की पार्थिव देह तिरंगे में लिपट कर पैतृक गांव दुल पहुंची। घर के आंगन में अर्थी पहुंचते ही गांव में चीखो पुकार मच गया। अमित की पत्नी मनीषा और स्‍वजन होश खो बैठे। गांव में चीखो पुकार के साथ साथ भारत माता की जय के नारे भी गूंजे। पति की मौत की खबर सुनते ही मनीषा बेसुध है। उसकी डेढ़ साल की मासूम

बेटी सीजल को नही पता कि पापा अब इस दुनिया में नही रहे हैं। अमित की माता गौरी और पिता जोगिंदर का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने लाडले को खो देने का गहरा सदमा लगा है। दुल गांव स्थित हनुमानघाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों की तादाद में लोग शव यात्रा में शामिल हुए। पालमपुर से आए सैन्य दल के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद जवान को अंतिम विदाई दी। अमित के छोटे भाई मनीष कुमार ने चिता को मुखाग्नि दी। पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, विधायक प्रकाश राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जम्‍वाल और अजय बाबा भी अंत्येष्टि में शामिल हुए।

8- बादल फटने से लापता हुए परिवार के एक सदस्य का शव बरामद।

हिमाचल प्रदेश के मंडी के ही द्रंग विधानसभा क्षेत्र में बादल फटने से ओल्ड कटौला के संदोआ में लापता हुए परिवार की एक महिला का शव बरामद हुआ है। मृतक महिला की पहचान सतार अली की पत्नी के तौर पर हुई है। संदोआ में शनिवार को सतार अली व

उसकी पत्नी, दो बेटे छाईया, साजिद, दो बेटियां साजिदा, सुहाना और तौफीक अख्तर पुत्र बरकत अली देर रात बाढ़ में बह गए थे, जिनमें दो शव बरामद हुए थे। एनडीआरएफ के 30 जवान और पुलिस दल ने लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया है। पांच लापता हुए लोगों की तलाश अभी जारी है।

9- पिकअप पर पत्थर गिरने से नदी मे समाई गाड़ी, एक की मौत।

मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जोगणी मोड के पास चलती पिकअप जीप पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। पिकअप जीप सड़क से लुढ़क कर ब्यास किनारे जा गिरी। हादसे में चालक की मौके

पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव बरामद कर लिया गया है। चालक की पहचान मनप्रीत (32) पुत्र मखन सिंह निवासी फतेहगढ़ पंजाब के तौर पर हुई है।  एसएचओ सदर मंडी ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

10- जब बाढ़ के पानी के बीच फंस गई सैंकड़ों छात्राएँ फिर हुआ ये...

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की बारिश कहर बनकर टूटी है। मंडी जिला में इसका कहर सबसे अधिक देखने को मिला है। यहां जान-माल का भारी नुकसान सामने आया है। एक परिवार तो मलबे तले ही दफन हो गया। जिससे सभी 8 सदस्यों की दुखद मौत हो गई। चारों तरह हाहाकार मचा है। ऐसे में जिले के गागल स्कूल में चल रही छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हो गई। स्कूल परिसर में पानी भर गया। छात्राओं को छत पर पहुंचाकर सुरक्षित किया गया। इसमें करीब 900 छात्राएं और 250 टीचर फंसे रहे। कई छात्र-छात्राओं को सुरक्षित जगहों पर ठहराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गागल स्कूल में चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने आई छात्राओं की सांसें उस वक्त अटक

गईं जब स्कूल परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया। बाढ़ के पानी से स्कूल परिसर लबालब भर गया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद छात्राओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
दरअसल, स्कूल में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन चल रहा था, जिसमें जिला भर के स्कूलों से आई 900 छात्राएं और 250 अध्यापक भाग ले रहे थे। शनिवार को इसका समापन होना था। लेकिन समापन से पहले ही बीती रात से जिला भर में भारी बारिश का दौर चल रहा था। ऐसे में गागल खड्ड में भी पानी का जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। भारी बारिश होने के कारण खड्ड का सारा पानी लोगों के खेतों और स्कूल के मैदान सहित धरातल में भर गया। प्रबंधन द्वारा छात्राओं को सुरक्षित करने के लिए इन्हें स्कूल में बने एक भवन की ऊपरी मंजिल पर ले जाया गया। गागल स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश कुमार ने बताया कि मूसलाधार बारिश होने से सब अस्त-व्यस्त हो गया। बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। उसके बाद बारिश थमने पर खेलकूद प्रतियोगिता का समापन किया गया। कुछ बच्चे जो नजदीक के थे उन्हें गाड़ियों के माध्यम से घर भेज दिया गया, जबकि जो छात्राएं दूर के क्षेत्र की हैं उन्हें यहीं पर ठहराया गया। कुछ को बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने अपने घर में ठहराया। कुछ बच्चों को डिप्टी डायरेक्टर के माध्यम से मंडी गर्ल्स स्कूल में भेजा गया है। कुछ बच्चों को गागल स्थित सुधांशु जी महाराज के आश्रम में रखा गया। 

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-