हिमाचल: पुलिस पर हमला....... 29 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: पुलिस पर हमला.......  29 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: पुलिस पर हमला.......

29 मार्च 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

दिव्यांग प्रतिभाओं ने बढ़ाया मान
भाजपा करेगी AAP का कार्यक्रम फीका
शिमला में झंडा ऊंचा रहे हमारा 
SOS परीक्षा का शैडयूल जारी
ट्रक यूनियन ने बढ़ाया मालभाड़ा 
कफोटा को मुख्यमंत्री का इंतजार
सतौन ने मांगा काॅलेज-उपतहसील
दामाद ने मार डाला ससुर
सिरमौर- नदी में डूबे दो युवक 

सिरमौर में आज 01 मामला और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) Pls Vote and Support 

स्थानीय (सिरमौर)

1- मुख्यमंत्री 31 मार्च को कफोटा को देंगे सौगात।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 31 मार्च, 2022 को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम में करोड़ों रुपए की लागत कि विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने बताया कि

मुख्यमंत्री 31 मार्च को प्रातः 11:15 बजे कफोटा में राजकीय महाविद्यालय कफोटा के भवन का लोकार्पण के उपरांत विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री 11:55 पर उपमण्डल दण्डाधिकारी कार्यालय कफोटा का विधिवत रूप से शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि 12:15 बजे मुख्यमंत्री कफोटा के समीप पाब में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

2- सीएम का कफोटा दौरा तय करेगा शिलाई का भविष्य।

प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर फिर एक बार शिलाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। इस बार उन्होंने अपने कार्यक्रम के लिए विधानसभा क्षेत्र के कफोटा उपमंडल को चुना हैं। 31 मार्च को मुख्यमंत्री के होने वाले कार्यक्रम के लिए भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली है। जनता में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उत्साह भी है और क्षेत्र को एसडीएम कार्यालय और बीडीओ कार्यालय के रूप में मिली बड़ी सौगातों के लिए उनका अभिनन्दन करेगी। राजनैतिक जानकारों की मानें तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कफोटा दौरा शिलाई क्षेत्र में भाजपा का भविष्य तय कर सकते हैं। जानकारों की मानें तो एसडीएम और बीडीओ कार्यालय के बाद क्षेत्र के विकास की बची खुची कसर इस दौरे में निकल गई तो कांग्रेस की राहें मुश्किल हो जाएगी। 
जैसा कि विदित है कि इसी वर्ष हिमाचल प्रदेश मे विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। पूरे प्रदेश मे राजनैतिक दल अपने अपने हलके में चुनाव प्रचार मे जुट चुके हैं। हालांकि अभी प्रचार ने उतनी रफ्तार नही पकड़ी है लेकिन आने वाले दिनों मे अब नेता जनता के द्वार होंगे। वैसे तो कुछ विधायक और पूर्व विधायकों ने जन संपर्क अभियान का आगाज कर जनता की नब्ज टटोलनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी मे शिलाई विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो राजनैतिक जानकार बता रहे हैं कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में इस कार्यकाल में विकास की जितनी बड़ी घोषणाएं और उनको अमलीजामा

पहनाया गया है उससे भाजपा का पलड़ा कहीं न कहीं भारी दिख रहा है। 
ऐसा क्यों है इसका हम पिछली बार के चुनाव के आंकड़ों और पांच वर्ष में हुए विकास कार्यों का एक विश्लेषणात्मक पहलू आपके समक्ष रखेंगे। 
दरअसल, शिलाई विधानसभा क्षेत्र में इस पांच वर्ष के कार्यकाल मे कुछ ऐसे बड़े काम हुए हैं जो वर्षों से जनता की मांग रही। इसमे शिलाई मे सिविल कोर्ट सहित जलशक्ति विभाग का मंडल, सिविल अस्पताल, कफोटा मे एसडीएम कार्यालय और तिलौरधार मे बीडीओ कार्यालय, रोनहाट मे उप तहसील, जलशक्ति विभाग का सब डिविजन, टिंबी मे लोनिवि सब डिविजन कार्यालय, सब्जी मंडी की स्वीकृति अहम् बड़े काम है जिसे भाजपा सरकार मे अमलीजामा पहनाया गया है। निश्चित तौर पर इन कामों का भाजपा को लाभ मिलना चाहिए। इसके अलावा भी और कईं घोषणाएं हुई जिनमे से ज्यादातर पूरी हुई है। 
वहीं, वर्ष 2017 के आम चुनाव की बात करें तो शिलाई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के हर्ष वर्धन चौहान ने जीत दर्ज की और विधानसभा मे पंहुचे। इस जीत का यदि आंकलन किया जाएं तो क्षेत्र के नेड़ा आर की 19 पंचायतों ने तीन हजार से अधिक की लीड कांग्रेस को दी थी। इसका बड़ा कारण कफोटा मे कांग्रेस सरकार मे खोला गया डिग्री काॅलेज रहा। जबकि प्रदेश मे भाजपा की लहर चली थी। चुनाव नतीजों को खंगालें तो नेड़ा आर की कुल 19 पंचायतों, जो उस समय पांवटा विकास खंड मे आती थी, मे हर्षवर्धन चौहान को 3046 मतों की भारी लीड मिली। इसमे कोटा पाब पंचायत शामिल नही थी। 19 पंचायतों मे हर्षवर्धन चौहान को जहां कुल 12494 वोट पड़े वहीं

भाजपा उम्मीदवार बलदेव तोमर को 9448 मत मिले। 2012 विधानसभा चुनावों मे जिन तीन पंचायतों दुगाना, कमरउ आर सतौन मे भाजपा की एक हजार वोटों से अधिक की बढ़त थी वहां पर भी 2017 में भाजपा सिमटकर रह गई। इन तीनों पंचायतों मे भाजपा 200 वोटों की लीड तक खिसक कर रह गई थी। दुगाना पंचायत मे 2012 मे भाजपा की 293 वोटों की बढ़त थी। 2017 में पोस्टल बेलेट जोड़ कर यहाँ 6 वोटों की लीड कांग्रेस की बनी। यही हाल कमरउ पंचायत का रहा। 2012 विस चुनावों मे भाजपा की 351 वोटों की लीड थी जो 2017 में खिसककर मात्र 123 वोटों की रह गई। सतौन मे भी करीब पौने चार सौ की भाजपा की बढ़त 2017 में सिर्फ 60 वोट ही रह गई थी। लोगों का उस समय मानना था कि कफोटा में डिग्री कालेज खोले जाने से क्षेत्र के बच्चों को बहुत फायदा हुआ। इसका 2017 के चुनाव मे बड़ा असर हुआ। यही कारण रहा कि तीन पंचायतों मस्तभोज की और कफोटा क्षेत्र की शिल्ला, बोकाला पाब और शावगा पंचायतों मे कुल लीड का आंकड़ा कांग्रेस के पक्ष में दो हजार तक पंहुच गया। हालांकि हर्ष वर्धन चौहान के गृह क्षेत्र मस्तभोज की तीन पंचायतों से रिकॉर्ड़ बढ़त मिली थी। तीन पंचायतों ने उन्हे 1244 मतों की भारी लीड दी। इसमे उनके गांव कांडो च्योग से सार्वाधिक 478 की लीड रही। इसके अलावा शरली मानपूर पंचायत से 447 और जामना पंचायत से 319 की लीड कांग्रेस को मिली। यहां भाजपा को इस बार पार पाना बड़ी चुनौती होगी। 
जानकारों की माने तो एक डिग्री काॅलेज जहां कांग्रेस को इतनी बड़ी लीड दिलवा सकता है तो भाजपा ने तो कफोटा क्षेत्र को दिल खोलकर सौगातें दी है जिसमे एसडीएम कार्यालय और बीडीओ कार्यालय मुख्य है। ये क्षेत्र की लंबे समय की मांग थी। ऐसे मे कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले शिलाई विधानसभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस की चिंता बढ़ सकती है। वहीं, फिर से क्षेत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दौरा, और वो भी उस कफोटा में जहां से विधानसभा के समीकरण बनते और बिगड़ते हैं। यदि इस दौरे में मुख्यमंत्री ने फिर से कुछ और सौगातें शिलाई को दे दी तो कांग्रेस के लिए डगर बड़ी कठिन हो सकती है। 
उधर, इस बारे क्षेत्र के पूर्व विधायक और खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाया जाए। और इस दिशा में इस बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनकी मांग पर क्षेत्र के लोगों की उन चिर लंबित मांगों को पूरा किया है जिन पर कांग्रेस ने वर्षों से राजनीति ही की। उनमे तिलौरधार मे बीडीओ कार्यालय और कफोटा में एसडीएम कार्यालय मुख्य रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि सीएम के इस दौरे में भी क्षेत्र के विकास से संबंधित मांग उनके समक्ष रखी जाएगी।

3- नाहन की 11 पंचायतों में 10 अप्रैल को आयोजित होगी ग्राम सभा: डोगरा

जिला पंचायत अधिकारी सिरमौर अंचित डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमण्डल नाहन की ग्राम पंचायत नावनी में 3 अप्रैल को जनमंच का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ग्राम पंचायत नावनी व साथ लगती 10 पंचायतें शामिल होंगी। इन 11 पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित करने की तिथि पूर्व में 3 अप्रैल 2022 निर्धारित की गई थी, जिसमें अब बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि विकासखंड नाहन की ग्राम पंचायत नावनी, नेहली धीडा ,पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सेन की सैर, बनेठी, चकली, देवका पुडला, क्यारी व सुरला में अब ग्राम सभा की तिथी 10 अप्रैल रखी गई है।

4- हाटी समीति भी मुख्यमंत्री को करेंगी सम्मानित।

31 मार्च गुरूवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कफोटा में कार्यक्रम है। इस अवसर पर हाटी समिति ब्लाॅक यूनिट तिलोरधार व तहसील यूनिट कमरऊ द्वारा संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को सम्मानित किया जाना है। हाटी समिति ब्लाॅक यूनिट तिलोरधार और तहसील यूनिट कमरऊ के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री को क्षेत्र में विकास खंड और एसडीएम कार्यालय देने पर समीति उन्हे सम्मानित कर उनका आभार प्रकट करेगी। साथ ही हाटी समुदाय को जनजाति का संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए केंद्र सरकार में व्यक्तिगत तौर पर बराबर प्रयास करने के लिए भी आग्रह किया जाएगा। पदाधिकारियों ने तिलौरधार व कमरऊ यूनिटों के सदस्यों के अलावा पांवटा और शिलाई यूनिटों तथा केंद्रीय हाटी समिति के सदस्यों से भी आग्रह किया है कि समय निकाल कर इस अवसर पर कफोटा में होने वाली जनसभा में 11 बजे अवश्य शामिल हों।

5- मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सतौन में भी हुआ मंथन। 

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में आयोजित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यक्रम को लेकर सतौन पंचायत में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे। 31 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कफोटा के प्रवास पर है‌। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सतौन लोक निर्माण विश्राम गृह में 8 पंचायतों के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक की गई। बैठक में सतौन पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश चौहान सहित 8 पंचायतों के ग्रामीणों ने सतौन में डिग्री कॉलेज व सब तहसील खोलने की मांग की है तथा सतौन- श्री रेणुका जी सड़क पर टिक्कर खड्ड पर वैली ब्रिज लगाने की मांग की है। शिलाई के पूर्व विधायक एवं खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा की 31 मार्च को कफोटा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दौरा

है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचे। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री ने चार साल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए एसडीएम कार्यालय, बीडीओ कार्यालय, जलशक्ति डिवीजन, सतौन में आईटीआई आदि सहित अन्य कार्यालय खोले हैं जिससे लोगों को घर द्वार ही सुविधाएं मिल रही है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को मुख्यमंत्री से शिलाई क्षेत्र के लिए और भी कई बड़ी घोषणाएं करवाएंगे जिससे लोगों को सुविधाएं घर द्वार मिलेगी तथा अन्य विकास कार्यों को भी करवाया जाएगा। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा, तिलौधार विकास खंड प्रधान संघ के अध्यक्ष महेन्द्र ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष सुनील ठाकुर, पोका पंचायत के प्रधान सतीश चौहान, सुनील कपूर, कुलदीप राणा, प्रेम चौहान, पूर्व प्रधान इन्दर सिंह, सतीश शर्मा, संजय नेगी, मामराज शर्मा, नरेश तोमर, सुरेंद्र चौहान, प्रेम तोमर, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

6- टीजीटी साईंस कुलदीप पुंडीर को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान।

शिलाई में खण्ड स्तरीय उत्कृष्ट सामुदायिक सहभागिता सम्मान समारोह का आयोजन बीआरसीसी कार्यालय में किया गया जिसमें पूरे वर्ष की उत्कृष्ट सेवाओ के लिए विभिन्न अध्यापकों, विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन समिति

के सदस्य को सम्मानित किया गया। इस दौरान रावमा पाठशाला टिंबी के कुलदीप पुंडीर TGT विज्ञान, Ravi रवि पराशर टीजीटी नैनीधार उरेन्द्र आईटी टीचर शुक्ला को भी बेहतरीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। टिंबी स्कूल के टीजीटी कुलदीप पुंडीर को यह उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिल्ड्रेन साईंस कांग्रेस में बच्चों की विशिष्ट पहचान और अपनी सर्विस के लिये वर्ष के विशेष कार्य के लिए सम्मानित किया गया। 

7- सिरमौर ट्रक आॅपरेटर यूनियन ने बढ़ाया मालभाड़ा।

जिला सिरमौर की सबसे बड़ी ट्रक आॅपरेटर यूनियन पांवटा साहिब ने परिवहन मालभाड़ा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा इकाई और ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है। यूनियन के मुताबिक लगातार बढ़ रहे डीजल के दाम के कारण मालभाड़े में बढ़ोतरी की गई है। यूनियन ने मालभाड़ा प्रति किलोमीटर दो रुपये बढ़ाया है। नई दरें बुधवार 30 मार्च 2022 से लागू होंगी। चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा इकाई के अध्यक्ष सतीश गोयल ने इस बाबत पत्र जारी किया है।


(हिमाचल)

1- पांच दिव्यांग शोधार्थियों ने राष्ट्रीय फेलोशिप प्राप्त कर बढ़ाया प्रदेश का मान: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फेलोशिप प्राप्त करने वाले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पांच दिव्यांग पीएचडी शोधार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा ठाकुर (राजनीति विज्ञान), मुकेश कुमार

(शिक्षा शास्त्र), राजपाल (इतिहास), संजय भैरव (योग) और हेम सिंह (वाणिज्य) ने मेरिट के आधार पर यह फेलोशिप हासिल कर अन्य युवाओं को प्रेरणा दी है। साथ ही देशभर में प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रदेश विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में दिव्यांग विद्यार्थियों का पढ़ना सामाजिक न्याय का संकेत है।  मुख्यमंत्री ने कहा की दिव्यांगता को कमजोरी नहीं बल्कि चुनौती मानकर आगे बढ़ रहे युवाओं को प्रदेश सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।

2- आप की रैली का तोड़: भाजपा का स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम।

6 अप्रैल को मंडी में होने जा रहे आम आदमी पार्टी के रोड शो के बीच प्रदेश भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन करेगी। आम आदमी पार्टी के रोड शो से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा ने यह तैयारी की है। छह अप्रैल को हिमाचल भाजपा का स्थापना दिवस है। इस दिन प्रति विधानसभा 5000 कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा इसी दिन अपने महा जनसंपर्क अभियान को भी शुरू करेगी और इस दौरान इसकी पदयात्रा भी होगी। प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी, सह प्रभारी और मंडल अध्यक्ष की बैठक वर्चुअल माध्यम से हुई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह चंडीगढ़ से जुडे़। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल और त्रिलोक कपूर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसमें गोवा से जुड़े तो सौदान सिंह ने नई दिल्ली से संवाद किया। प्रदेश भाजपा ने इस बैठक में निर्णय लिया कि छह अप्रैल को भाजपा राज्य भर में स्थापना दिवस को एक भव्य कार्यक्रम के रूप में मनाएगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम को विधानसभा स्तर पर मनाने जा रही है। इस कार्यक्रम में लगभग 5000 कार्यकर्ता प्रति विधानसभा भाग लेंगे। यह कार्यक्रम अपने आप में एक जनसभा के समान होगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में बूथ स्तर के सभी त्रिदेव जैसे बूथ अध्यक्ष, बीएलए और बूथ पालक अपेक्षित होंगे। इस कार्यक्रम में सभी विधायक, मंत्री, जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। इसमें एक किट का वितरण भी किया जाएगा, जिसमें भाजपा के झंडे, पटके और त्रिदेव की नाम की पट्टिका होगी। भाजपा पूरे प्रदेश में लगभग 50,000 बड़े झंडे लगाने जा रही है। झंडे का आकार 10 फीट का होगा।

3- पन्नू की धमकी के बीच हिमाचल में तिरंगा यात्रा।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में अलगाववादी संगठन के लीडर गुरपतवंत सिंह पन्नू के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को धमकी भरे खत दिए जाने का जवाब राष्ट्रावाद, राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए तिरंगा यात्रा निकाल कर दिया गया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अलगाववादी ताकतों को जवाब देने के लिए

ऐतिहासिक रिज मैदान पर एक तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। इसमें शहर के युवा और देश की एकता व अखंडता की सोच वाले लोगों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा से संदेश दिया गया कि प्रदेश में ऐसी अलगाववादी संगठनों और सोच के लिए कोई जगह नहीं है। जो देश और प्रदेश की एकता और शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने का प्रयास करेगा, उसे प्रदेश की जनता मुंह तोड़ जवाब देगी। इस मामले पर पूरा प्रदेश एक है, इसमें कोई राजनीति नहीं होगी। इस मामले में वह चट्टान की तरह मुख्यमंत्री के साथ खड़े है। 

4- एसओएस की 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं मई माह में।

राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं मई माह में होंगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शेड्यूल जारी कर दिया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि दसवीं कक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं चार और पांच मई को होंगी। जमा दो कक्षा की परीक्षाएं नौ मई से 13 मई तक संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि राज्य मुक्त विद्यालय की प्रायोगिक परीक्षा के अंक राज्य

मुक्त विद्यालय के अध्ययन केंद्रों के यूजर लॉगिन से नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा के अंकों की तहत ही ऑनलाइन प्रेषित किए जाएंगे। इसके लिए अध्ययन केंद्रों के यूजर पर ऑनलाइन फीडिंग का विकल्प दिया गया है। दसवीं की प्रायोगिक परीक्षा की सूची में चार मई को साइंस और पांच मई को होम साइंस, कंप्यूटर साइंस और आर्ट-बी की परीक्षा होगी। वहीं जमा दो कक्षा में फिजिक्स विषय की प्रायोगिक परीक्षा नौ मई को, 10 मई को केमिस्ट्री, 11 को बायोलॉजी और होम साइंस, 12 को कंप्यूटर साइंस, 13 को जियोग्राफी, फिजिकल एजूकेशन और अकाउंटेंसी (प्रोजेक्ट) में की प्रायोगिक परीक्षा होगी। उन्होंने सभी राज्य मुक्त विद्यालयों के अध्ययन केंद्र प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि प्रायोगिक परीक्षा का संचालन करते समय कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाए।

5- जमीन विवाद की जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हमला।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर जमीन विवाद की जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिस कर्मचारी और शिकायतकर्ता घायल हो गए हैं। सब इंस्पेक्टर हेमराज के सिर पर तीन टांके लगे हैं और हाथ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। इन्हें गंभीर हालत में जोगिंद्रनगर अस्पताल से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हेड कांस्टेबल कमलेश, कांस्टेबल निर्मल और शिकायतकर्ता राजमल को भी चोटें आई हैं। हालांकि, इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस घटना के बाद नेरी के चिम्हणू गांव में तनाव का माहौल है। यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्य हमलावर चमारू राम समेत छह आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दो सगे भाइयों का जमीन विवाद चल रहा है। कोर्ट ने एक भाई के निर्माण कार्य पर स्टे लगाया था। दूसरे ने कोर्ट स्टे के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने की शिकायत की थी। कोर्ट ने राजस्व विभाग से पांच अप्रैल तक रिपोर्ट तलब की थी। जिस पर मंगलवार सुबह संबंधित थाना क्षेत्र से हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसी बीच दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इसमें दोनों पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। विवाद बढ़ता देख राजस्व टीम मौके से हट गई और इसकी सूचना जोगिंद्रनगर थाना को दी गई। जोगिंद्रनगर से अतिरिक्त थाना प्रभारी (सब इंस्पेक्टर) की अगुुवाई में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गाड़ी से उतरते ही किसी ने सब इंस्पेक्टर पर पत्थर बरसा दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद अन्य धाराएं भी जुड़ सकती हैं। 

6- दामाद ने ससुर की ढांक से धक्का देकर की हत्या। 

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल की भांदल पंचायत में जम्मू के एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। व्यक्ति को उसके दामाद ने ढांक से धक्का देकर सियूल नदी में गिरा दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक आरोपी की पत्नी सुनीता देवी ने अपने पति पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। सुनीता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति हिन्द कुमार पुत्र भानो निवासी गांव भेंट, पंचायत भांदल, जिला चम्बा आए दिन उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करता रहता था। इस कारण उनके संबंध अच्छे नहीं थे। वह शारीरिक व मानसिक तौर पर परेशान रहती थी। इस बार जब पति हिन्द कुमार ने लड़ाई की तो उसने अपने माता-पिता को फोन पर आपबीती बताई। इसके चलते 27 मार्च को रात

करीब 8 बजे उसके पिता, भाई व चाचा मायके ले जाने उसके घर भेंट आए। इसी दौरान वह भाई व चाचा के साथ मायके जम्मू-कश्मीर को निकल गई। सुनीता के अनुसार मेरे मायके जाने के बाद पीछे से मेरे पति ने मेरे पिता लक्ष्मण सिंह उर्फ टिंडू निवासी तहसील बणी जिला कठुआ जम्मू-कश्मीर के साथ गाली-गलौच की। यही नहीं, मारपीट करने के बाद रास्ते में गहरी ढांक में धक्का दे दिया, जिससे उसके पिता की मौत हो गई। डीएसपी सलूणी मयंक चौधरी ने बताया कि सोमवार को व्यक्ति का शव सियुल नदी किनारे मिला था। पुलिस ने मृतक की बेटी के बयान के आधार पर उसके पति हिंद कुमार के खिलाफ पुलिस थाना किहार में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

7- सिरमौर- नदी मे नहाने उतरे दो युवकों की मौत।

सिरमौर जिला में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना पेश आई। जिला के मुख्यालय नाहन के साथ लगती मारकंडा नदी में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई है पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है  और घटना की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 4 दोस्त दोपहर बाद मारकंडा नदी में नहाने गए थे। लेकिन इस दौरान तो दोस्त नदी में डूब गए। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान नाहन निवासी 18 वर्षीय गुरविंद्र सिंह व अमित कुमार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद एक युवक को मृत अवस्था में नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दूसरे युवक को बाहर निकालने में समय लगा  दूसरे युवक को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। काफी जद्दोजहद के बाद दूसरे युवक को बाहर निकाला जा सका। एसपी सिरमौर ओमपति जमवाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद पूरी जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

8- मौसम अपडेट- तपने लगे पहाड़, मैदानी जिलों में भीषण गर्मी।

हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी समय से पहले ही अपने रंग में आने लगी है। तापमान बढ़ने के साथ ही पहाड़ भी तपने लगे हैं। प्रदेश के मैदानी जिलों में दो तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अलर्ट के बीच प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर

और कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में मंगलवार को भी लू ने लोगों को बेहाल किया। ऊना व शिमला में मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। शिमला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जोकि सोमवार को 24.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, ऊना में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, सोमवार को यहां 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को भी प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय 10 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी हुई है। दो अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-