Sirmaur: भाजपा माता कटासन नाहन मंडल के प्रधान मलकीत सिंह ने बजट पर दी प्रतिक्रिया, कांग्रेस की वादाखिलाफी और विफलता... ddnewsportal.com
Sirmaur: भाजपा माता कटासन नाहन मंडल के प्रधान मलकीत सिंह ने बजट पर दी प्रतिक्रिया, कांग्रेस की वादाखिलाफी और विफलता...

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट को लेकर माता कटासन नाहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष मलकीत सिंह चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सीएम सुक्खू ने अपने बजट में प्रदेश की जनता के साथ खुली वादाखिलाफी की है। यह बजट कांग्रेस सरकार की विफलताओं का जीवंत प्रमाण बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल निराशाजनक है, बल्कि प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर धकेलने वाला है।

चौधरी ने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि सरकार के पास न तो कोई आर्थिक दृष्टि है और न ही विकास के लिए कोई ठोस योजना। मुख्यमंत्री द्वारा “मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार” योजना के तहत लगभग 1 लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। लेकिन यह वही कांग्रेस है जिसने 2022 के चुनाव में हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। अब इसे चुनिंदा परिवारों तक सीमित कर दिया गया है, जो जनता के साथ सीधा विश्वासघात है। इसी प्रकार, विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की हर महिला को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन आज इस योजना को शर्तों में जकड़कर सीमित कर दिया गया है।

मलकीत सिंह चौधरी ने कहा कि यह वित्तीय कुप्रबंधन और दूरदर्शिता की कमी का सीधा उदाहरण है। 1 अप्रैल 2026 से हिमाचल प्रदेश में बाहरी (गैर-हिमाचली) वाहनों के लिए प्रवेश टोल टैक्स में भारी वृद्धि की गई है। निजी कार, जीप और वैन के लिए शुल्क ₹70 से बढ़ाकर ₹170 कर दिया गया है, वहीं 12-सीटर वाहनों के लिए यह ₹110 से बढ़ाकर ₹170 कर दिया गया है। यह निर्णय पूरी तरह से जनविरोधी है। हिमाचल प्रदेश एक पर्यटन आधारित राज्य है और इस तरह टोल टैक्स बढ़ाने से पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आएगी, जिससे पर्यटन पर निर्भर लाखों लोगों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि यह सरकार केवल घोषणाओं और झूठे वादों तक सीमित है, जबकि धरातल पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं।