Paonta Sahib: भाजपा मंडल परिचय बैठक- सुखराम चौधरी ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल ddnewsportal.com

Paonta Sahib: भाजपा मंडल परिचय बैठक- सुखराम चौधरी ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
पांवटा साहिब में भाजपा मंडल पाँवटा साहिब ने नई कार्यकारिणी के परिचय की बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह और पूर्व ऊर्जा मंत्री व वर्तमान विधायक सुखराम चौधरी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह ने भाजपा मंडल पांवटा साहिब की नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी और कहा कि यह नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने सबसे पहले सभी कार्यकर्ताओं से परिचय लिया और कार्यकर्ताओं ने भी स्वयं को भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस दौरान प्यार सिंह ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मात्र दो वर्ष में ही 30,000 करोड़ रुपये का लोन लिया है, लेकिन इसका सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनविरोधी कार्य कर रही है और पूर्व भाजपा
सरकार द्वारा खोले गए कई संस्थानों को बंद कर दिया गया। इनमें स्कूल, कॉलेज, पटवार सर्कल, कानूनगो सर्कल और बिजली बोर्ड की विभिन्न पोस्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की सुविधा के लिए कई संस्थान खोले थे, ताकि लोगों को घर-द्वार पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके, लेकिन सुक्खू सरकार ने उन्हें खत्म कर दिया है, जिससे आम जनता को भारी नुकसान हो रहा है।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार धवन ने कहा कि भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को बार-बार उठाया, लेकिन राज्य सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण सैकड़ों बीघा भूमि, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब तक कोई भी सहायता नहीं दी है।
महामंत्री पवन चौधरी, रोहित चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, नवीन शर्मा, सोमनाथ, मयंक महावर और मीडिया प्रभारी सुखविंदर चौधरी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, लेकिन जनता को कोई राहत नहीं मिल रही।
■ सुखराम चौधरी का पेंशन और योजनाओं को लेकर सरकार पर हमला:
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश का बुरा हाल कर दिया है। उन्होंने पेंशन योजना को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद लिखित में कहा था कि वे पेंशन देंगे, लेकिन लाहौल-स्पीति की 1500 महिलाओं को अब तक पेंशन नहीं मिली। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की
लोकप्रिय योजनाएं जैसे हिमकेयर, सहारा योजना और गृहणी योजना को बंद कर दिया गया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी नुकसान हो रहा है। हिमकेयर योजना के तहत 9 लाख लोगों ने इलाज करवाया था, लेकिन अब इसका लाभ बंद कर दिया गया है।
सुखराम चौधरी ने यह भी बताया कि नवघाट भगानी से विकासनगर का पुल बनकर तैयार है, लेकिन प्रदेश सरकार अब तक उसकी जमीन का अधिग्रहण नहीं कर पाई है, जिससे जनता को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नए टैक्स लगाकर जनता पर बोझ डाल दिया है। इस बोझ को जनता आने वाले चुनाव में बखूबी उतारेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक फतेह सिंह, मदन मोहन शर्मा, ओपी कटारिया, अनिल सैनी, अरविंद गुप्ता, देवेंद्र चौधरी, नरेश खपड़ा आदि मौजूद रहे।