गुड़िया मामले पर प्रतिभा सिंह ने कहा ये... ddnewsportal.com

गुड़िया मामले पर प्रतिभा सिंह ने कहा ये... ddnewsportal.com
फाईल फोटो: प्रतिभा सिंह, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा।

गुड़िया मामले पर प्रतिभा सिंह ने कहा ये...

नया बयान आया सामने, भाजपा सरकार पर लगाये आरोप।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने गुड़िया मामले पर वायरल हो रहे बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने कोटखाई गुड़िया हत्या मामले को कभी छोटा नहीं कहा। उन्होंने कहा कि उनके एक बयान को एक साजिश के तहत तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है, जो बहुत ही निंदनीय है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कोटखाई में छोटी गुड़िया के साथ हुए जघन्य अपराध पर भाजपा ने प्रदेश में पुलिस थाना जलाते हुए सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाया था जबकि तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने पहले इस मामले की एसआईटी जांच बिठाई और बाद में परिवार की मांग पर सीबीआई

को जांच सौंपी गई थी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि गुड़िया का यह मामला जब सामने आया था तो उसके तुरंत बाद वह स्वयं पीड़ित परिवार के घर गई थीं और उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा कि आज भी वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं और उनके लिए न्याय की मांग करती हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज जिस प्रकार प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और कानून व्यवस्था का जनाजा निकल रहा है, वह सब प्रदेश के लोगों के सामने है।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि वह प्रदेश में पेपर लीक मामले की जांच से लोगों का ध्यान हटाने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक से प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है और सरकार इसकी सीबीआई जांच से बचने का प्रयास कर रही है। लेकिन जनता इनकी नीति और नीयत से भलीभांति परिचित हो चुकी है।