भाजपा ने तय कर दिया विधानसभा टिकट वितरण का फार्मूला ddnewsportal.com

भाजपा ने तय कर दिया विधानसभा टिकट वितरण का फार्मूला  ddnewsportal.com
शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य बड़े नेता।

भाजपा ने तय कर दिया विधानसभा टिकट वितरण का फार्मूला

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में हुआ निर्णय, ऐसे नेता सूची से बाहर...

हिमाचल प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चूनाव में वितरण को लेकर फार्मूला तय कर दिया है। भाजपा में जो नेता निष्क्रिय हैं और जिताऊ नहीं हैं, विधानसभा चुनाव में उनको टिकट नही मिलेगा। यह निर्णय राज्य भाजपा के कोर ग्रुप की गत देर शाम पीटरहॉफ शिमला में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। इस संबंध में एकराय बनी है। इस बारे में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भी फीडबैक जाएगा। बैठक में तय हुआ कि भाजपा के मिशन रिपीट के लिए सिर्फ जिताऊ उम्मीदवारों को ही चुनावी रण में उतारा जाएगा। इस बैठक में हर विधानसभा क्षेत्रवार मंथन हुआ है कि कौन सी सीट कमजोर है और किस पर काम करने की जरूरत है।


बैठक में यह भी तय हुआ कि जल्द चुनाव संचालन समिति का गठन होगा। इस संबंध में पार्टी हाईकमान को नाम भेजे जा रहे हैं। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मंत्री डाॅ राजीव सैजल, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सतपाल सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल और त्रिलोक कपूर मौजूद रहे। बैठक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और राज्य सह प्रभारी संजय टंडन की विशेष निगरानी में हुई। सौदान सिंह ने भी भाजपा नेताओं को फील्ड में डटने की सलाह दी। 


वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 21 अगस्त को शिमला आ सकते हैं। शाह की इस दिन शिमला मेें जनसभा हो सकती है। इसी दिन नड्डा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पुराने विद्यार्थियों के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। नड्डा का कार्यक्रम तो तय माना जा रहा है, जबकि शाह की शिमला रैली अभी फाइनल नहीं हुई है। माना जा रहा है कि शाह इसी महीने हिमाचल प्रदेश आकर हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने की घोषणा कर सकते हैं। दोनों नेताओं के संभावित दौरे पर कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रणा हुई। 20 अगस्त को नड्डा का सिरमौर में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम रखने के बारे में भी चर्चा हुई।