HP Weather Update: पढ़ें, आने वाले दिनों में कैसा रहेगा हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल... ddnewsportal.com

HP Weather Update: पढ़ें, आने वाले दिनों में कैसा रहेगा हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल... ddnewsportal.com

HP Weather Update: पढ़ें, आने वाले दिनों में कैसा रहेगा हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल...

हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून ने खूब कहर ढाया। सैंकड़ों लोगों को जहां बादल फटने की घटनाओं, बाढ़ और भूस्खलन से अपनी जान गंवानी पड़ी वहीं राज्य को हजारों करोड़ों रुपए का नुकसान जेलना पड़ा। कई लोग बेघर हो गए, पशुशाला बह गई, सड़कें और पुल टूट गए। यही कारण है कि जब भी मौसम विभाग का अलर्ट जारी होता था तो लोग सहम जाते थे। अब भी लोग ये जानने को उत्सुक रहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में अब मौसम कैसा रहेगा। 
तो अच्छी खबर ये है कि राज्य से इसी सप्ताह मानसून विदा होने के आसार हैं। वहीं, एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। सितंबर में सामान्य से 38 फीसदी कम और मानसून सीजन में 22 फीसदी अधिक बादल बरसे हैं। प्रदेश में मौसम

बदलते ही ठंडक बढ़ गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक कमी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 1 अक्तूबर तक प्रदेश में साफ रहेगा। इसी सप्ताह मानसून के प्रदेश से विदा होने के आसार हैं। इस बार मानसून जल्द विदा हो सकता है। बीते कुछ वर्षों से मानसून की अक्तूबर के पहले सप्ताह में विदाई होती रही है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह सुबह और शाम के समय तापमान कम रहेगा। दिन के समय धूप खिलने से पारे में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।

इस मानसून सीजन में अब तक 2931 घर ढहे-

यह मानसून हिमाचल को गहरे जख्म दे गया। 
इस मानसून सीजन में 24 जून से 25 सितंबर तक 479 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 187 की सड़कों हादसों में मौत हो गई। कुल 500 घायल हुए हैं। राज्य में 2931 घर पूरी तरह ढह गए हैं। 12263 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 419 दुकानों व 6025 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अब तक 8677.35 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 168 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं।