HP Govt. News: हिमाचल में IAS काॅडर के अफसरों को फरमान, जानिए, क्यों जारी हुआ रिमाइंडर... ddnewsportal.com

HP Govt. News: हिमाचल में IAS काॅडर के अफसरों को फरमान, जानिए, क्यों जारी हुआ रिमाइंडर...
हिमाचल प्रदेश के आईएएस कॉडर के अफसरों को हर वर्ष अब एक जानकारी देनी होगी। राज्य सरकार ने उक्त अधिकारियों के लिए एक और फरमान जारी किया है। बुधवार को अधिकारियों के विदेश दौरों को लेकर सरकार ने अनुमति लेने के निर्देश जारी किए और अब अधिकारियों को अपनी प्रॉपर्टी डिटेल देने को कहा गया है। अहम बात है कि अधिकारियों ने समय पर अपनी वार्षिक जानकारी, जो उन्हें हर साल देनी पड़ती है, वह नहीं दी है। ऐसे में कार्मिक विभाग ने इन आईएएस अधिकारियों को रिमाइंडर जारी कर दिया है। उनको 31 जनवरी तक अपनी प्रॉपर्टी की डिटेल तय फॉर्मेट पर ऑनलाइन भरनी थी, मगर कई अधिकारी ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक इस तरह की जानकारी कार्मिक विभाग को नहीं दी है। कार्मिक विभाग की सचिव एम सुधा देवी की तरफ से रिमाइंडर लैटर जारी करते हुए कार्मिक विभाग ने कहा है कि कई अधिकारियों ने अभी भी अपनी वार्षिक प्रॉपर्टी डिटेल नहीं दी है।
इससे पहले मैनुअल तरीके से यह जानकारी ली जाती थी, मगर अब ऑनलाइन की सुविधा प्रदान कर दी गई है। कार्मिक विभाग के पास यह जानकारी आने के बाद इसे केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को भेजना होता है। हालांकि केंद्रीय कॉडर से संबंधित दूसरे अधिकारियों को भी इस संबंध में अपनी वार्षिक जानकारी देनी होती है। इससे पहले कार्मिक विभाग ने आईएएस अधिकारियों को पहली जनवरी को पत्र जारी किया था और उनसे कहा गया था कि 31 जनवरी तक यह जानकारी उपलब्ध करवा दें, परंतु कई अधिकारियों की तरफ से ऐसा नहीं किया गया है। लिहाजा अब रिमाइंडर दिया गया है।
■ प्रदेश में हैं 246 IAS अधिकारी:
हिमाचल में आईएएस अफसरों का कुल कॉडर 246 का है। इसका रिव्यू वर्ष 2022 में हुआ था, जिसके बाद अब रिव्यू होना है, परंतु प्रदेश सरकार की ओर से कॉडर रिव्यू से इनकार किया गया है और सरकार नहीं चाहती कि यहां पर कॉडर की स्ट्रेंथ और बढ़े। इसी तरह का मामला आईपीएस और आईएफएस में भी सामने आया है।