खेल- एशियाड मे रजत पदक विजेताओं को कब मिलेगी प्रोत्साहन राशि- ddnewsportal.com

खेल- एशियाड मे रजत पदक विजेताओं को कब मिलेगी प्रोत्साहन राशि- ddnewsportal.com

खेल- एशियाड मे रजत पदक विजेताओं को कब मिलेगी प्रोत्साहन राशि 

हिमाचल की तीन इंटरनेशनल कब्बडी खिलाड़ी तीन साल बाद भी सरकार के सम्मान से महरूम, 10-10 लाख रूपये की हुई थी घोषणा।

उन्होंने देश का सम्मान एशिया मे बढ़ाया लेकिन सरकार ने उनके लिए क्या किया। हिमाचल से तीन अंतराष्ट्रीय कब्बडी खिलाड़ियों ने वर्ष 2018 में एशियाड मे गजब का प्रदर्शन कर भारत को रजत पदक दिलाने मे बड़ी भूमिका निभाई। लेकिन प्रदेश सरकार से इन्हे सम्मान के तौर पर राशि भी नही मिली। जिससे इन खिलाडियों का हौंसला तो घटा ही है साथ ही नवोदित खिलाडियों के बीच भी अच्छा संदेश नही जा रहा। जानकारी के मुताबिक गिरीपार हाटी क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री सुखराम चौधरी के माध्यम से वन और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया से पांवटा साहिब में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 2018 में एशियार्ड खेल प्रतियोगिताओं में भारत के लिए रजत पदक जीतने वाली महिला कबड्डी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की पुरजोर मांग की। गौरतलब है 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में एशियार्ड खेलकूद प्रतियोगिता में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इस टीम में हिमाचल प्रदेश की 3 महिला खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन किया था, जिसमें गिरीपार हाटी क्षेत्र की दो बेटियों कुमारी रितु नेगी, प्रियंका नेगी और कुल्लू की कविता ठाकुर ने भारत के लिए रजत पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सूचना है कि  अन्य राज्यों ने अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर दी गई है किंतु हिमाचल सरकार ने 3 साल बीत जाने के बाद भी अभी तक इन खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि (दस लाख) जारी नहीं की है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रति सरकार के उदासीन व्यवहार से इन खिलाड़ियों के साथ साथ अन्य खिलाड़ियों और गिरिपार (हाटी) क्षेत्र में भी निराशा का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने खेल मंत्री

से इन प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को जल्दी से जल्दी प्रोत्साहन राशि देने की मांग की ताकि इन खिलाड़ियों के साथ-साथ अन्य खिलाड़ियों का उत्साह और मनोबल बरकरार रहे। प्रतिनिधिमंडल में हाटी समिति आंजभोज के अध्यक्ष एवं पूर्व बीडीसी चेयरमैन रमेश तोमर, हाटी समिति के संरक्षक नेत्र चौहान, चूड़ेश्वर सेवा समिति के मुख्य सलाहकार एवं हाटी समिति के उपाध्यक्ष कुलदीप राणा, सचिव ग्यार सिंह नेगी, नेतर चौहान, डांडा ग्राम पंचायत के प्रधान देवराज चौहान, हाटी समिति के प्रैस सचिव एवं चूड़ेश्वर सेवा समिति पांवटा साहिब के सचिव पूर्ण तोमर, उपाध्यक्ष रामलाल हांडा, शिलाई के उपाध्यक्ष जीएस नेगी, आंजभोज हाटी समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीआर शर्मा, राजपुर पंचायत के उपप्रधान विक्की, एडवोकेट रविंद्र ठाकुर, खजान सिंह तोमर आदि कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।