Paonta Sahib: पाँवटा साहिब ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किलें बढ़ी, विरोध में एकजुट हुए कांग्रेसी ddnewsportal.com
Paonta Sahib: पाँवटा साहिब ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किलें बढ़ी, विरोध में एकजुट हुए कांग्रेसी
हाल ही में घोषित पाँवटा साहिब ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष सरदार हरप्रीत सिंह रतन की मुश्किलें बढ़ने लगी है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनके विरोध के स्वर पाँवटा साहिब में उठने लगे है। पहले एक दो नेता और कार्यकताओं की उनकी नियुक्ति के बाद विरोध करने के बयान सामने आए लेकिन अब खुलकर कांग्रेस के सभी नेता और पूर्व विधायक भी हरप्रीत सिंह रतन के विरोध में उतर गए है।

पाँवटा साहिब लोक निर्माण विश्राम गृह परिसर में कांग्रेसियों की एक बैठक आयोजित हुई जिसमे पूर्व विधायक किरनेश जंग सहित पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अवनीत सिंह लांबा, मजदूर नेता प्रदीप चौहान, बलविंदर सिंह, शमशेर अली, मनीष सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहाँ एक स्वर में हरप्रीत सिंह रतन की ब्लाॅक अध्यक्ष पद पर नियुक्ति का विरोध दर्ज करवाया गया और पार्टी हाईकमान से इस निर्णय को बदलने की मांग उठाई गई।

कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि हरप्रीत सिंह रतन पहले तो विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में चले गए और फिर बाद में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर वापिस कांग्रेस में शामिल हुए। ऐसे अवसरवादी नेताओं को ब्लाॅक अध्यक्ष का पद देकर पार्टी हाईकमान ने उन कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी तोड़ा है जो वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा कि भाजपा को जिताने वाले आज कांग्रेस के अध्यक्ष बनें। हाईकमान जल्द अपना फैसला बदलें वरना विरोध और ज्यादा होगा जिससे पाँवटा साहिब में पार्टी को नुकसान होगा।