Paonta Sahib: सिरमौर कबड्डी लीग सीजन-2 का विजेता बना लाधी योद्धा, गिरिपार वॉरियर्स उप-विजेता ddnewsportal.com
Paonta Sahib: सिरमौर कबड्डी लीग सीजन-2 का विजेता बना लाधी योद्धा, गिरिपार वॉरियर्स उप-विजेता, उद्योग मंत्री ने बांटे ईनाम

पाँवटा साहिब के रामलीला मैदान में सम्पन्न हुई सिरमौर कबड्डी लीग सीजन-2 की विजेता का खिताब लाधी योद्धा ने अपने नाम किया। क्षेत्र के प्रसिद्ध कबड्डी खिलाड़ी अनिल जस्टा की बदौलत लाधी योद्धा ये विजय हासिल करने में कामयाब रही। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगभग पौने दो सौ प्वाईंट अर्जित कर रिकाॅर्ड कायम किया। उप विजेता की ट्रॉफी गिरिपार वॉरियर्स के नाम रही। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष कुलदीप राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरमौर कबड्डी लीग प्रतियोगिता 06 से 08 फरवरी तक पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता के दौरान जिला की आठ टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विजेता टीम को 2 लाख और उपविजेता टीम को 1 लाख का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि पहला सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला मां भग्यानी पैंथर तथा लादी योद्धा के बीच हुआ जिसमें लादी योद्धा विजयी रहे। इसी प्रकार दूसरा सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला नाहन किंग्स तथा गिरिपार वॉरियर्स के बीच खेला गया जिसमें गिरिपार वॉरियर्स विजेता रहे। सिरमौर कबड्डी लीग का फ़ाइनल मुक़ाबला लादी योद्धा तथा गिरिपार वॉरियर्स के बीच खेला गया। जिसमें विजेता लादी योद्धा तथा उपविजेता गिरिपार वॉरियर्स टीम रही।

उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सिरमौर कबड्डी लीग के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। हर्षवर्धन चौहान ने पांवटा साहिब में आयोजित सिरमौर कबड्डी लीग खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए आयोजकों व प्रतिभागियों को इस प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का उपयुक्त मंच उपलब्ध होता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उद्योग मंत्री ने कहा हमें गर्व है कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र की चार लड़कियों ने अंतराष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खेल कूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आकर्षक प्रोत्साहन देने के साथ-साथ सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल ढांचे के विकास पर भी कार्य किया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उद्योग मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष राज्य सरकार ने पैरालंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व कप में पदक जीतने या भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को लगभग 17 करोड़ 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर सीता राम शर्मा, एसडीएम पाँवटा साहिब गुंजित सिंह चीमा, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, निदेशक राज्य सहकारी बैंक भारत भूषण मोहिल, पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेन्द्र राणा, रामेश्वर शर्मा, रतन चौहान, वीर सिंह, विक्रम सिंह, ओपी ठाकुर, ग्यार सिंह नेगी, सतीश कपूर, नाथू राम, कंवर ठाकुर, संजू राणा, जवाहर देसाई, ओम प्रकाश, प्रदीप नोटियाल, अंतर सिंगटा, बलबीर जस्टा, अशोक शर्मा, राज जस्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।