हिमाचल: नये साल में नई योजना....... 01 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: नये साल में नई योजना.......  01 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हिमाचल: नये साल में नई योजना.......

01 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

101 करोड़ का सहायता कोष
6 हजार बच्चों की माता-पिता सरकार
आरडी धीमान ने ली CIC की शपथ
CS प्रबोध सक्सैना के बराबर दो और
यशवर्धन-आईएन मैहता को ये पद
वोकेशनल टीचर्स की मांग 
मनाली: पर्यटकों के बीच सीएम सुक्खू
राज्यपाल-सीएम से CS की मुलाकात
तीन को रौंद गई बेकाबू कार
छात्रा ने ये क्या कर किया

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।

(आज की तस्वीर) पर्यटकों के बीच सीएम सुक्खू।

(हिमाचल प्रदेश)

1- ‘नायक’ की भूमिका में मुख्यमंत्री का एक और कदम

निराश्रितों के लिए प्रदेश सरकार स्थापित करेगी 101 करोड़ रुपये का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष। 
 
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद बच्चों विशेषकर अनाथ बच्चों, निराश्रित महिलाओं और वृद्ध जनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के पहले दिन ही उन्होंने शिमला में बालिका देखभाल संस्था, टूटीकंडी का दौरा कर इस संस्थान से संबंधित विभाग की कार्य प्रणाली को जाना। उन्होंने कहा कि मैंने 28 दिसंबर, 2022 को नारी सेवा सदन और वृद्ध आश्रम मशोबरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महसूस किया कि बेसहारा बच्चों, निराश्रित महिलाओं एवं वृद्धजनों के लिए अभी बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के मां-बाप नहीं, उनके लिए सरकार ही माता-पिता हैं। संस्थागत देखभाल के लिए बाल देखभाल संस्थाओं, नारी सेवा सदन, शक्ति सदन और वृद्ध आश्रमों में रह रहे आवासियों को मुख्य त्योहार मनाने के लिए 500 रुपये का उत्सव अनुदान प्रदान करने की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘प्रदेश सरकार 101 करोड़ रुपये की धनराशि से मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष स्थापित करेगी’ ताकि जरूरतमंद बच्चों एवं निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेजों, आई.आई.आई.टी., एन.आई.टी., आई.आई.टी., आई.आई.एम, पॉलिटैक्निक संस्थानों, नर्सिंग एवं डिग्री कॉलेजों आदि में ऐसे बच्चों की उच्च शिक्षा और व्यावसायिक कौशल विकास शिक्षा पर होने वाले व्यय को प्रदेश सरकार वहन करेगी। इनको आवश्यकता के अनुसार जेब खर्च के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी ताकि ये बच्चे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि यह कोई करुणा नहीं बल्कि उनका प्रदेश सरकार पर अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस कोष से सहायता प्राप्त करना सरकारी बंधनों से मुक्त होगा और इनसे कोई आय प्रमाण-पत्र भी नहीं लिया जाएगा। साधारण आवेदन पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संपूर्ण सहायता त्वरित रूप से सीधे

लाभार्थी के खाते में दी जाएगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दानी सज्जनों और कम्पनियों आदि से सी.एस.आर. के अंतर्गत आर्थिक सहायता लेने के भी प्रयास किए जाएंगे ताकि देखभाल एवं संरक्षण वाले सभी कमजोर वर्गों को सरकार की ओर से अच्छी और उच्च गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं दी जा सकें। इसके अलावा, विधायकों से भी इस कोष के लिए आर्थिक सहायता ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे बच्चों, संस्थागत देखभाल, फॉस्टर केयर के अंतर्गत लाभान्वित हो रहे सभी बच्चों, नारी सेवा सदन, शक्ति सदन में रह रही निराश्रित महिलाओं और वृद्धाश्रमों में रह रहे आवासियों को इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई अन्य अनाथ बच्चा जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा चिन्हित किया जाता है तो उसे भी इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाएगा।  

2- आर. डी. धीमान ने मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में ली शपथ।

राज्य के पूर्व मुख्य सचिव आर. डी. धीमान ने आज यहां राजभवन में आयोजित साधारण एवं गरिमापूर्ण समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की उपस्थिति में राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह

सुक्खू भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने समारोह की कार्यवाही का संचालन किया। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष पी. एस. राणा, हिमाचल प्रदेश लोकायुक्त अध्यक्ष सी. बी. बरोवालिया, विधायकगण, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और आर. डी. धीमान के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे। 

3- हिमाचल: इन्हे मिला सीएम के मुख्य सचिव का कार्यभार

हिमाचल प्रदेश के नये मुख्य सचिव की नियुक्ति हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्य सचिव के पद पर शनिवार देर रात फैसला ले लिया। हिमाचल के नए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना होंगे। सक्सेना की यह नियुक्ति मुख्य सचिव आरडी धीमान की सेवानिवृत्ति के बाद की गई है। धीमान शनिवार को रिटायर हो गए। मुख्यमंत्री ने एक नया प्रयोग करते हुए सक्सेना से अन्य वरिष्ठ अधिकारियों राम सुभग सिंह और संजय गुप्ता को भी

मुख्य सचिव पद के बराबर की नियुक्तियां दी हैं। ये सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करेंगे। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता प्रधान सलाहकार जन शिकायत निवारण के पद पर नियुक्त थे। अब वह मुख्य सचिव के बराबर के रैंक पर काम करते हुए रोपवे कॉरपोरेशन के एमडी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। वहीं, 1987 बैच के आईएएस अधिकारी प्रधान सलाहकार प्रशासनिक सुधार राम सुभग सिंह अब मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार होंगे। वह विशेष मुख्य सचिव ऊर्जा और बिजली बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार भी संभालेंगे। ये दोनों मुख्य सचिव के बजाय मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करेंगे।

4- यशवर्धन चौहान और आईएन मैहता सीनियर एडिश्नल एडवोकेट जनरल।

आईएन मैहता और शिलाई निर्वाचन क्षेत्र से संबंध रखने वाले यशवर्धन चौहान सीनियर एडिश्नल एडवोकेट जनरल होंगे। हिमाचल प्रदेश के एडवोकेट जनरल (महाधिवक्ता) के कार्यालय को सुचारू रूप से चलाने के लिए राज्य सरकार ने अब 2 सीनियर एडिश्नल एडवोकेट जनरल (वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता) और 11 एडिश्नल एडवोकेट जनरल (अतिरिक्त महाधिवक्ता) की नियुक्ति की है। इनकी नियुक्ति रिटेनरशिप फीस के आधार पर होगी। यह फीस मासिक आधार पर दी जाएगी। इनकी सेवाएं अस्थायी तौर

पर ली जाएंगी। सरकार चाहे तो कभी भी इन्हें बिना किसी नोटिस के टर्मिनेट कर सकती है। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के मुताबिक आईएन मैहता और यशवर्धन चौहान सीनियर एडिश्नल एडवोकेट जनरल होंगे। मैहता एडवोकेट जनरल (महाधिवक्ता) की दौड़ में भी शामिल थे लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई थी। इसी तरह से एडीशनल एडवोकेट जनरल में विशाल पंवर, मनोज चौहान, राजन कहोल, राकेश  धौलटा, बलदेव नेगी, वरुण चंदेल, जितेंद्र रावत, भगवती चंद्र वर्मा, प्रणय प्रताप सिंह, पुष्पेंद्र जसवाल और यशपाल धौलटा की नियुक्ति की गई है। 

5- इस शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार से लगाई ये गुहार...

जब अन्य शिक्षकों को शीतकालीन व ग्रीष्मकालीन अवकाश मिलता है तो उन्हे भी यह अवकाश मिलना चाहिए। यह गुहार व्यावसायिक शिक्षक संघ ने सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार से लगाई है। हाल ही में व्यावसायिक शिक्षकों का यह मामला सामने आया है। गौरतलब है कि ऊपरी हिमाचल में भारी बर्फबारी व बारिश का दौर शुरू हो चुका है। इसी के चलते शीतकालीन स्कूलों में 1 जनवरी से 15 फरवरी तक हर वर्ष की भांति अवकाश घोषित कर दिया गया है। परंतु विडंबना ये है कि वोकेशनल शिक्षकों को आज भी स्कूल में आने को मजबूर किया जा रहा है। बहुत से स्कूलों में प्रधानाचार्य ने लिखित रूप में व्यावसायिक शिक्षकों को स्कूल आने के आदेश जारी कर दिए हैं क्योंकि विभाग द्वारा व्यावसायिक शिक्षकों के अवकाश के लिए कोई स्पष्ट दिशा

निर्देश नहीं दिए गए हैं। जिसके चलते व्यावसायिक शिक्षकों को स्कूल आना पड़ रहा है। सर्दी के इस मौसम में भीषण बर्फबारी के चलते आगामी समय में बिजली पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी समस्याओं से दो चार होना पड़ेगा। सोचनीय विषय यह भी है कि जब बच्चे व बाकी शिक्षक स्कूल में नहीं होंगे तो व्यावसायिक शिक्षक स्कूलों में आ कर क्या करेंगे ? जहां कम्पनियों व पूर्व सरकार द्वारा  इनका जमकर शोषण किया गया वहां आज छुट्टियों के लिए विभाग द्वारा स्पष्ट दिशा निर्देश न होने की वजह से ये शिक्षक खुद को ठगा सा महसूस कर रहें हैं। संघ प्रधान अश्वनी डटवालिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश व्यावसायिक शिक्षक संघ इन शिक्षकों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से तुरंत प्रभाव से अवकाश की अधिसूचना जारी करवा कर राहत प्रदान करने की गुहार लगाता है। व्यावसायिक शिक्षक संघ आशा करता है की जल्द ही उनकी जायज़ मांग पर सरकार कार्यवाही कर राहत प्रदान करेगी।

6- मुख्यमंत्री पर्यटकों से हुए रूबरू, मनाली के मॉल रोड पर सैर।

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नव वर्ष के मौके पर मनाली के मॉल रोड पर सैर की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से बातचीत की तथा उन्हें नए साल में

खुशहाली व समृद्धि की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और भुवनेश्वर गौड़, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कुल्लू तथा अन्य गणमान्य लोग भी थे।

7- मुख्य सचिव ने राज्यपाल से की भेंट।

प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने आज राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से भेंट कर उन्हें नव वर्ष की

बधाई दी। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी राज्यपाल को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

8- मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री से की भेंट।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से नवनियुक्त मुख्य सचिव प्रबोध

सक्सेना ने आज यहां भेंट की और उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। 

9- हिमाचल: तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को मारी टक्कर, दो की मौत।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मेें बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जिला मुख्यालय के साथ लगते बाशिंग में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके हो गई है। जबकि तीसरा घायल हो गया है। मृतक दोनों युवक बाशिंग में एक रेस्तरां में काम करते थे। काम खत्म होने के बाद शनिवार रात करीब डेढ़ बजे वो कमरे पर जा रहे थे। इस दौरान शोरूम के पास एक तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मारी। हादसे में नेपाली मूल के रमेश और महेश की मौके पर ही मौत ही मौत हो गई। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 3370 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
 
10- कॉलेज की छात्रा ने उठाया ये खौफनाक कदम...

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू में काॅलेज की एक छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। शलान गांव की रहने वाली छात्रा नितिका (18) पुत्री रविंदर गवर्नमैंट काॅलेज सरस्वती नगर में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और रोहड़ू के गंगटोली में किराए के मकान में रहती थी। बीते दिन नितिका अपने क्वार्टर में अकेली थी। नितिका ने पहले बाजार जाकर चूहे मारने की दवाई का एक पैकेट (जहर) खरीदा और फिर क्वार्टर जाकर

उसका सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर नितिका को सिविल अस्पताल रोहड़ू लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची तथा नितिका के बयान दर्ज किए लेकिन जहर का अधिक सेवन करने से नितिका की मौत हो गई। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने युवती के बयान व गवाहों के बयान पर पाया कि वह मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर रही है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।