हिमाचल: पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता....... 03 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता.......  03 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल: पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता.......

03 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

जवाबदेह को प्रतिबद्ध सरकार: सीएम
कांगड़ा का सदैव आभारी: सुक्खू
पहली कैबिनेट बैठक में होगा ये फैसला
25 दिन में भी कैबिनेट गठन नहीं: जयराम
स्कूलों की मान्यता को शैडयूल जारी
जेबीटी भर्ती मामले पर नया क्या
एसपी की हार्ट अटैक से मौत
मां चिंतपूर्णी के दर सुखराम चौधरी
पाँवटा डिग्री काॅलेज की उपलब्धि
पाँवटा: गवर्नर को सलामी देगा छात्र
डीसी सिरमौर ने की अहम बैठक 
नाहन: 300 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।

(आज की तस्वीर) उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल और प्रियंका गांधी।


स्थानीय (सिरमौर)

1-NAAC: पाँवटा साहिब डिग्री काॅलेज ने कायम रखा बी प्लस प्लस ग्रेड।

पांवटा साहिब के श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवम प्रत्यायन परिषद (नैक) के दूसरे चक्र में  2.97 अंक लेकर न केवल बी प्लस प्लस ग्रेड कायम रखा बल्कि अंको में भी बढ़त की। 2017 में पहले चक्र में कॉलेज ने 2.79 अंको के साथ बी प्लस प्लस ग्रेड हासिल किया था। इस बार महाविद्यालय बी प्लस प्लस ग्रेड से ए ग्रेड हासिल करने में केवल 0.04 पॉइंट्स से चूक गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रमोद पटियाल ने बताया कि महाविद्यालय के मूल्यांकन के लिए महाविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ डॉ नलिन रमौल, कोऑर्डिनेटर, डॉ०विवेक नेगी, असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर, सदस्य  श्रीमती धनमंती कंदासी, श्रीमती रीना चौहान, डॉ पुष्पा

यादव, कार्यालय अध्यक्ष नरेश बत्रा, गुरप्रीत सिंह सैनी, रवीना कुमारी, अंकित कुमार व सम्पूर्ण स्टाफ सदस्य पिछले दो वर्षों से पूरी तन्मयता से लगे हुए हैं। दिनांक 27 एवम 28 दिसंबर 2022 को  राष्ट्रीय मूल्यांकन एवम प्रत्यायन परिषद (नैक) संस्थान की टीम के दौरे के साथ यह प्रक्रिया सम्पन्न हुई। इस प्रक्रिया में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन  के बाहरी सदस्य प्रो० देवेंद्र गुप्ता, चेतन गुप्ता, पी०टी०ए० प्रधान श्री राजेश शर्मा, नियुक्ता प्रतिनिधि बृजेश शर्मा का भरपूर योगदान मिला। वार्तालाप सत्र के लिए आये सभी अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों का महाविद्यालय प्रशासन ने विशेष रूप से आभार किया है। प्राचार्य ने पूरे स्टाफ सदस्यों एवम महाविद्यालय के विद्यार्थियों को उनके सहयोग के लिए सराहा।

2- Paonta Sahib: राज्यपाल को सलामी देगा पाँवटा के इस स्कूल का छात्र।

पाँवटा साहिब का छात्र हिमाचल प्रदेश के गवर्नर को सलामी देगा। यहां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय तारूवाला के एन एन एस स्वयंसेवक विकास ने 27 दिसम्बर से 31 दिसंबर तक शिमला के सुन्नी में आयोजित प्री आर डी शिविर में विकास ने अपनी जगह 50 में बनाई है। इससे पूर्व ऊना के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुसारा में आयोजित मेगा शिविर में तारूवाला के 4 स्वयंसेवकों ने भाग लिया था जिसमे से 2 स्वयंसेवक रुस्तम अली व विकास ने इस मेगा शिविर में प्री आर डी के शिविर में अपनी जगह सुनिश्चित की। विकास की इस सफलता से विद्यालय व

उसके घर पर खुशी का माहौल है। अब विकास 17 जनवरी से 26 जनवरी तक शिमला के लालपानी छात्र विद्यालय में गणतंत्र दिवस के अभ्यास शिविर में हिस्सा लेगा। फिर 26 जनवरी की परेड मे भाग लेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ प्रेम पाल ठाकुर ने इस उपलब्धि पर विकास को अपना शुभाशीष प्रदान किया व उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में योगा, परेड व अन्य सभी सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करवाई जाती है। एन एस एस के कार्यक्रम अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि विगत 6 वर्षों में छात्र विद्यालय पाँवटा साहिब के 7 स्वयंसेवकों ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में महामहिम राज्यपाल को सलामी देकर इस विद्यालय का नाम रोशन किया है।

3- पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में टेका माथा।

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में वर्तमान में पांवटा साहिब से विधायक व पूर्व में ऊर्जा मंत्री रहे सुखराम चौधरी ने विधायक बनने के बाद शीश नवाया। इस पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी महेश कालिया ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर दर्शन करने के उपरांत मंदिर में स्थित पावन वटवृक्ष को मोली का धागा बांधा और सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने माता की फोटो और चुनरी भेंट स्वरूप दी। वही, पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखराम चौधरी ने कहा विधानसभा चुनावों में जीत के बाद मां के दरबार में हाजिरी भरी है। आज माता रानी के दर्शन किए हैं और कल धर्मशाला में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र में विधायक की शपथ लेंगे। पत्रकारों द्वारा

पिछली सरकार की कैबिनेट के सुखराम चौधरी और विक्रम ठाकुर को छोड़कर अन्य साथियों के 2022 के विधानसभा चुनावों में हार जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश के लोग बहुत जागरूक है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के लुभावने वादे और ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) ने भाजपा के मिशन रिपीट को रोका है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा पिछली वीरभद्र सरकार ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में 400 ऑफिस खोले थे, जिन्हें भाजपा सरकार ने बंद नहीं किया था। कांग्रेस की सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही हैं, जो की ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके परिणाम कांग्रेस को भुगतने पड़ेंगे। क्योंकि हिमाचल प्रदेश के लोग इसे गंभीरता से ले रहे हैं और कांग्रेस सरकार अभी कुछ समय पहले ही बनी है। लोगों में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है।

4- राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड को लेकर डीसी ने की बैठक।

उपायुक्त सिरमौर आर. के. गौतम की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय सभागार में सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण और राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड से सम्बन्धित बैठक संपन्न हुई। उपायुक्त ने कहा कि सतत विकास के लक्ष्यों के स्थानीयकरण के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल से कार्य करना चाहिए तभी हम शिक्षाए स्वास्थ्यए रोजगारए भोजनए सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की ग्रामीण स्तर तक उपलब्धता सुनिश्चित बना सकते हैं।  उन्होंने सभी विभागों से लक्ष्यांे की प्राप्ति के लिए सतत और गहन प्रयास करने का आग्रह भी किया। आर.के. गोतम ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड के लिए सरकार ने मानदंड तय किए हैं और उन्हीं के अनुरूप पंचायतों का चयन जिला पंचायत उपलब्धि मूल्यांकन समिति द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड के लिए 9 थीम तय किए गए हैं जिसमें गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्यए शिशु मैत्री, पेयजल, स्वच्छता एवं हरित, आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचा, सुशासित पंचायत,  सामाजिक सुरक्षा, महिला मैत्री जैसे प्रमुख विषयों के आधार पर अंकों का आवंटन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन 9 थीम के अनुरूप ही अवार्ड के लिए एसेसमेंट की जाएगी। जिला स्तरीय समिति प्रत्येक थीम के आधार पर जिला में तीन टाॅप रेंकिंग के पंचायतों और स्थानीय निकायों का चयन करेगी जिन्हें खंड स्तरीय समिति द्वारा नामित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह जिला स्तरीय समिति फील्ड स्तर पर जाकर तीनों टाॅप रेंकिंग पंचायतों की रिपोर्ट का मूल्यांकन करेगीए जिन्हें राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड प्रदान किया जाएगा। उपायुक्त ने जिला पंचायत अधिकारी जो कि इस समिति के नोडल अधिकारी भी हैं, को निर्देश कि इस योजना के कारगर क्रियान्वयन के लिए शीघ्र ही जिला स्तर पर सभी सम्बन्धित विभागों की एक कार्यशाला आयोजित की जाए और ताकि सभी विभाग अपने.अपने कार्यों और लक्ष्यों के प्रति समर्पित होकर कार्य कर सकें। जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण और राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड से सम्बन्धित विषयों की पीपीटी के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त मनेश कुमार यादव, पंचायती राज, स्वास्थ्य, जल शक्ति, शिक्षा, बाल विकास और अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

5- नाहन: एकल विद्यालयों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित एकल विद्यालयों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 6 जिलों से करीब 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय सहअभियान प्रमुख एकल अभियान दीप कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 6 जिलों से ग्रामीण

इलाकों के 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन का मकसद ग्रामीण बच्चों में छुपी प्रतिभा को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि 2 दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ीयों ने कबड्डी कुश्ती व एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया और यहां से चयनित खिलाड़ी 4 से 6 फरवरी तक लखनऊ में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कैंप का भी आयोजन किया जाएगा।

(हिमाचल) 

1- सरकार पारदर्शी, उत्तरदायी और जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध: सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित विशाल जन आभार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों को पारदर्शी, उत्तरदायी और जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले भारी जनादेश के लिए कांगड़ा जिले के लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए इस जन आभार रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत सुखविंदर सिंह सुक्खू का जिले का यह पहला दौरा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार सत्ता-सुख भोगने के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था में परिवर्तन के लिए सत्ता में आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के पश्चात् उन्होंने पहले ही दिन शिमला में बालिका देखभाल संस्थान, टूटीकंडी का दौरान कर इस संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महसूस किया कि बेसहारा बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है क्योंकि सरकार ही इन निराश्रित बच्चों की माता-पिता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये की धनराशि से ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष’ स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को बुनियादी शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। राज्य सरकार ऐसे बच्चों के कौशल विकास, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर होने वाले व्यय को वहन करेगी। ऐसे लोगों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए आवश्यकतानुसार वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। पूर्व भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में बिना बजटीय

प्रावधान 900 से अधिक संस्थान खोल दिए। विधानसभा चुनावों को देखते हुए पूर्व सरकार ने केवल मतदाताओं को लुभाने के लिए यह सब किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान चल रहे एक बड़े पेपर लीक घोटाले का भंडाफोड़ किया है। राज्य सरकार ने युवाओं के हित में साहसिक निर्णय लेते हुए आयोग के कामकाज को निलंबित किया है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त किया कि वर्तमान राज्य सरकार विभिन्न पदों के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करवाएगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस पार्टी के वायदे के अनुसार सभी दस गारंटी अक्षरशः लागू करेगी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लागू किया जाएगा और 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये देने का निर्णय भी शीघ्र लिया जाएगा। इसी प्रकार, शेष गारंटियों का भी चरणबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार को भाजपा नेता पचा नहीं पा रहे और निराधार बयानबाजी कर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने तथाकथित डबल इंजन सरकारों को पूरी तरह से नकार दिया है। पिछली राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान नौकरियां की खुली बोली लगाई जा रही थी। ऐसे में वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता में आने के तुरंत बाद एचपीएसएससी के कामकाज को निलंबित कर दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को धैर्य रखने और एक जिम्मेदार विपक्ष की

भूमिका निभाने की सलाह भी दी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले 21 दिनों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। गरीब और जरूरतमंद बच्चों को वांछित उच्च शिक्षा के लिए समुचित आर्थिक सहायता राशि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्तमान राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष के गठन का निर्णय लिया है।
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों के भारी समर्थन के फलस्वरूप ही कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने में सफल रही है। प्रदेश में विकास की गति को और तीव्र करनेे के लिए संगठन एवं सरकार पूर्ण समन्वय से कार्य करेंगे ताकि विकास की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश अग्रणी राज्य बन कर उभर सके। धर्मशाला के विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को जिला कांगड़ा के सभी विधायकों द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश समृद्धि और विकास के पथ पर अग्रसर होगा। नगरोटा बगवां से विधायक

आरएस बाली ने कहा कि जिले के लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर पूरा विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर आम आदमी सौभाग्यशाली है कि पार्टी का एक जमीनी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सर्वाेच्च पद तक पहुंचा है। शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिले की जनता ने 15 में से 10 सीटें देकर कांग्रेस को प्रचंड जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण पर विशेष बल देते हुए राज्य के समग्र विकास के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव तजिंदर सिंह बिटटू, प्रदेश विधानसभा के प्रो-टेम स्पीकर चंद्र कुमार, कांग्रेस विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

2- भारी जनादेश के लिए कांगड़ा के लोगों का आभारी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ‘जन आभार रैली’ की अध्यक्षता करने के लिए धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचने पर लोगों द्वारा उल्लास और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी तजिंदर सिंह बिट्टू भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के रूप में 11 दिसंबर, 2022 को शपथ ग्रहण करने के उपरांत सुखविंदर सिंह सुक्खू का धर्मशाला का यह पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांगड़ा के

लोगों द्वारा दिए गए भारी जनादेश का मैं सम्मान करता हूं और उनका सदैव आभारी रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि जिले के हर क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया और जनता के साथ बातचीत भी की। अपने जनप्रिय नेता की एक झलक देखने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे।
पुलिस लाइन से ‘जन आभार रैली’ स्थल जोरावर स्टेडियम, धर्मशाला तक हजारों की संख्या लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रो-टेम स्पीकर चंद्र कुमार, विधायकगण, जिले के अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के आए लोग मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए मौजूद रहे।

3- पहली कैबिनेट बैठक पूरे मंत्रिमंडल के साथ होगी: सीएम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को पहली बार जिला कांगड़ा में विशाल जन आभार रैली में कांगड़ा की जनता का विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के लिए आभार जताया। जोरावर स्टेडियम में जन आभार रैली में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक पूरे मंत्रिमंडल के साथ होगी। जल्द मंत्रिमंडल का गठन होगा।

(ओपीएस) बहाली, महिलाओं को 1500 रुपए महीना और एक लाख नौकरियों के फैसले पर मुहर लगेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक के बाद वे पूरे प्रदेश का भ्रमण करेंगे। सीएम ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनितिक रोटियां सेंकने के लिए जयराम सरकार ने नौ महीने में 900 संस्थान खोल दिए। इन संस्थानों के लिए न बजट था और न ही कर्मचारी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले नहीं किए जाएंगे उनसे काम लेंगे। भर्ती की प्रक्रिया 60 दिनों में पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाएगी। 

4- सरकार बनने के 25 दिन के बाद भी प्रदेश में मंत्रिमंडल का गठन नहीं: जयराम 

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश मौजूदा समय में विचित्र स्थिति से गुजर रहा है। ऐसी विचित्र स्थिति पहले कभी नहीं हुई। सरकार बनने के 25 दिन के बाद भी प्रदेश में मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया है। यह इतिहास में पहली बार हुआ है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री धर्मशाला में होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए रवाना होने से पहले द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पधर में अभिनंदन समारोह दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते 25 दिन से केवल डिनोटिफाइड का दौर चल रहा है। पहली बार ऐसा हुआ है कि सरकार बनने के 10 दिन के भीतर

लोग सड़कों पर उतर गए हैं। मंडी जिले में मिली एकतरफा जीत अगर पूरे प्रदेश में मिलती तो आज भाजपा सरकार सत्ता में होती। मंडी की जनता ने चट्टान की तरह खड़ा होकर साथ दिया। उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी टिकट को लेकर काफी मंथन हुआ। विस्तार से चर्चा करने के बाद पूर्ण चंद को यह कार्य पूर्ण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनहित और प्रदेश हित में निर्णय लेती है तो विपक्ष पूरा सहयोग देगा, लेकिन जन विरोधी और प्रदेश हित के खिलाफ निर्णय लेने पर विधानसभा के अंदर और बाहर पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस दौरान द्रंग के विधायक पूर्ण चंद, करसोग के विधायक दीपराज, नाचन के विधायक विनोद कुमार, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, बंजार के विधायक अरुण शौरी मौजूद रहे।

5- निजी स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया संबंधी शैडयूल जारी।

प्रारंभिक शिक्षा विभाग कांगड़ा ने शैक्षणिक सत्र 2023-2024 के लिए निजी स्कूलों हेतु मान्यता प्रक्रिया संबंधी शैडयूल जारी कर दिया है। जिला के सभी निजी प्राथमिक/माध्यमिक/उच्च/वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधकों/मुख्याध्यापकों/प्रधानाचार्यों को इस बारे सूचित कर दिया है। सभी निजी शिक्षण संस्थानों में पहली

से 8वीं कक्षा के लिए मान्यता/नवीनीकरण के लिए आवेदन 6 फरवरी से 27 फरवरी तक शिक्षा खंडों के अनुसार निर्धारित तिथि को ही आवेदन कर सकते हैं। नई मान्यता पहली से 5वीं कक्षा तक 5000 रुपए, नई मान्यता पहली से 8वीं कक्षा तक 10000 रुपए  शुल्क रहेगा। नई मान्यता छठी से 8वीं (स्तरोन्नत) कक्षा तक 5000 रुपए तथा मान्यता का नवीनीकरण पहली से 8वीं कक्षा तक 500 रुपए प्रति वर्ष शुल्क होगा।

6- जेबीटी भर्ती मामले की सुनवाई अब इस तारीख को। 

जे.बी.टी. भर्ती मामले में बिना जे.बी.टी. टैट के बी.एड. धारकों को कंसीडर न करने से जुड़े मामले पर सुनवाई 6 मार्च के लिए टल गई। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान व न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह की खंडपीठ ने मामले पर सुनवाई के पश्चात सभी पक्षकारों को 8 सप्ताह के भीतर उत्तर प्रति उत्तर की कार्रवाई पूरी करने के आदेश दिए। मामले के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में 617 जे.बी.टी. शिक्षकों के पदों के लिए सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इनका परिणाम भी घोषित कर दिया गया था। पूरी परीक्षा में 617 पदों के खिलाफ 613 शिक्षक ही शैक्षणिक योग्यता पूरी करने वाले पाए गए। 1135 बी.एड. डिग्री धारकों को इन पदों के खिलाफ इसलिए कंसीडर नहीं किया गया क्योंकि इनके पास जे.बी.टी. टैट नहीं था। कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर और शिक्षा विभाग के अनुसार नियमों के तहत जे.बी.टी. पदों के लिए जे.बी.टी. टैट पास होना अनिवार्य था। प्रार्थियों का कहना है कि उन्हें जे.बी.टी. टैट में बैठने की अनुमति नहीं दी गई थी इसलिए उनके पास जे.बी.टी. टैट पास सर्टीफिकेट नहीं था। प्रार्थियों का यह भी कहना है कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार बी.एड. धारकों को इन पदों के लिए कंसीडर नहीं किया गया क्योंकि कोर्ट ने एन.सी.टी.ई. की अधिसूचना के आधार पर बी.एड. डिग्रीधारक भी जे.बी.टी. भर्ती के लिए पात्र बनाए हैं। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि यह भर्ती हाईकोर्ट में विचाराधीन पुनर्विचार याचिका और सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी।

7- हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल हुआ इतना सस्ता।

हिमाचल प्रदेश में नववर्ष पर पैट्रोल व डीजल सस्ता हो गया है। पैट्रोल के दामों में 25 पैसे प्रति लीटर व डीजल के दामों में 27 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है। करीब 5 महीनों में पैट्रोल व डीजल के दामों में परिवर्तन हुआ है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए पैट्रोल व डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। सोलन में करीब एक वर्ष से पैट्रोल के दाम 96.45 रुपए प्रति लीटर व डीजल के 82.64 रुपए प्रति लीटर थे। हालांकि प्रत्येक जिले में पैट्रोल व डीजल के दाम अलग-अलग हैं क्योंकि परिवहन लागत के मुताबिक ही इसकी कीमतों में बदलाव होता है। प्रदेश में परवाणु, सोलन, बी.बी.एन. में पैट्रोल व डीजल थोड़ा सस्ता है क्योंकि पैट्रोलियम कंपनियों की हिमाचल के सप्लाई लोकेशन परवाणु व नालागढ़ के साथ-साथ पंजाब में है। जो क्षेत्र इन लोकेशनों के नजदीक है वहां पर पैट्रोल व डीजल के दाम कम हैं और जो दूर हैं वहां पर अधिक हैं क्योंकि परिवहन लागत बढऩे के

साथ इसकी कीमत भी बढ़ जाती है। अक्तूबर 2021 में प्रदेश में एक समय पैट्रोल के दाम 106 रुपए प्रति लीटर से अधिक हो गए थे लेकिन उपचुनाव चार सीट हारने के बाद पैट्रोल के दामों में करीब 12 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया था। इसके बाद से पैट्रोल के दामों में ज्यादा परिवर्तन देखने को नहीं मिला। पिछले करीब एक वर्ष से सोलन में पैट्रोल के दाम 96.45 रुपए प्रति लीटर व डीजल के 82.64 के बीच में ही रहे। अब पैट्रोल 96.20 रुपए प्रति लीटर व डीजल 82.37 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। इसी तर्ज पर पूरे प्रदेश में गिरावट देखने को मिली है। पैट्रोल पंप मालिक अमित कुमार ने बताया कि पैट्रोल जहां 25 पैसे वहीं डीजल 27 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है।

8- सीएम की जन आभार रैली में दिल के दौरे से एसपी राणा की मौत।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मशाला में जन आभार रैली में पुलिस अधिकारी को दिल का दौरा पड़ गया। एसपी एसआर राणा जंगलबैरी बटालियन में तैनात थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। साजू राम राणा बिलासपुर के पूर्व एसपी भी रह

चुके हैं। आईपीएस साजू राम राणा ने पुलिस अधीक्षक के रूप में अंतिम बार बिलासपुर में सेवाएं दी थी। साजू राम राणा एक साल से ज्यादा बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रहे। उनके कार्यकाल में हत्या के चार मामले सुलझाए गए। साजू राम राणा ने 18 अगस्त 2021 को बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला और 27 सितंबर 2022 को जंगलबैरी बटालियन के लिए स्थानांतरित हुए। 
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एस.आर. राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जोनल अस्पताल धर्मशाला का दौरा किया और श्री राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने इस

दुःखद घटना से शोकाकुल एस. आर. राणा की धर्मपत्नी, पुत्र एवं परिवार के अन्य सदस्यों से गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार एस. आर. राणा के परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्री राणा के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। इस अवसर पर विभिन्न विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।