हजारों कर्मचारियों को एरियर नहीं....... 03 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हजारों कर्मचारियों को एरियर नहीं.......  03 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हजारों कर्मचारियों को एरियर नहीं.......

03 अक्तूबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

एम्स में चलेंगे हिमकेयर कार्ड भी
नड्डा ने जांची पीएम रैली की व्यवस्था
पट्टिका हटाने पर पार्षद धरने पर
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की अहम् बैठक
कम्प्यूटर शिक्षक भी आयेंगे आऊटसोर्स पर
हाटी वी एग्जिस्ट कल यू ट्यूब पर
पांवटा में एक और विद्युत उपमंडल 
रणदीप सिंह को सिरमौर की कमान
इस बार जरूर मिलेगा मौका: मदन
याद रहेगा ऐतिहासिक विकास: सुखराम
धमाके में चार कामगार घायल
खड्ड में डूब गया किशोर
यहां दुर्गा अष्टमी पर 5 हजार श्रद्धालु

सिरमौर जिला में आज 00 मामले और कोविड/सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- शिलाई: कल यू ट्यूब पर रिलीज होगी हाटी समुदाय पर बनी ये बेहतरीन फिल्म...

हाल ही में जिला सिरमौर के हाटी समुदाय को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने की मंजूरी केंद्र सरकार के कैबिनेट में मिल चुकी है जिसके बाद इलाके में खुशी का आलम है। आधी सदी के इस संघर्ष का जो सुखद परिणाम सामने आया है उसमे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों का योगदान रहा है। उनमें कुछ ऐसे लोग भी है जो गैर हाटी होते हुए भी हाटियों के प्रयास में किसी न किसी रूप में सम्मिलित हुए। एक ऐसी ही शख्सियत फिल्म

इंडस्ट्री में बतौर निर्देशक अपनी छाप छोड़ने वाले युवा वाॅलीवुड डायरेक्टर विवेक तिवारी का नाम भी इसमे शुमार है। उन्होंने हाटी समुदाय पर एक लघु फिल्म का निर्माण किया जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरूस्कार मिल चुके है। अब ये फिल्म हाटी समुदाय सहित आम जनता के लिये यू ट्यूब पर भी उपलब्ध होगी। डायरेक्टर विवेक तिवारी ने फेसबुक पर इसकी जानकारी शैयर करते हुए कहा कि 

"यह बताते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है कि गिरिपार क्षेत्र की संस्कृति और रीतिरिवाज़ों पर बनी फिल्म "Hatti, we exist" (अनेक अंतराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता) कल यानी 4 अक्टूबर को दोपहर एक बजे के बाद youtube पर उपलब्ध होगी। सिरमौर जिला के शिलाई गांव में एक जनसभा के दौरान बलदेव तोमर (पूर्व विधायक व उपाध्यक्ष खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता निगम) द्वारा एक लिंक के माध्यम से फिल्म का प्रसारण होगा। जिसके बाद फिल्म youtube पर देखी जा सकेगी। 
आप सभी से अनुरोध है कि फिल्म को देखें, शेयर करें और अपने हाटी समुदाय की समृद्ध लोक संस्कृति, रीति रिवाजों और त्योहारों की जानकारी देश दुनिया तक पहुंचाएं। फिल्म का लिंक यू ट्यूब पर कल से उपलब्ध होगा।"

2- ऊर्जा मंत्री ने किया विद्युत उपमंडल अमरगढ़-संतोषगढ़ का शुभारम्भ।

बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में विद्युत सुदृढ़ीकरण एवं लो वोल्टेज की समस्या के निराकरण हेतु अभूतपूर्व कार्य किए हैं जिससे आने वाले समय में यहां बिजली की कोई समस्या नहीं रहेगी। इसी दिशा में कार्य करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में लकड़ी के सभी खंबे बदल दिए गए हैं। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री ने आज पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान विद्युत उपमंडल पांवटा साहिब नंबर 03 संतोषगढ़ का विधिवत शुभारम्भ करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्युत उपमंडल के कार्यालय का भी शिलान्यास किया जाकि 45 लाख रुपए की

लागत से तैयार होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा 3 अप्रैल 2022 को सिरमौर प्रवास के दौरान भरली में की गई घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए विद्युत उपमंडल पांवटा साहिब नंबर 03 संतोषगढ़ में खोला गया है जिसके लिए वह मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पांवटा साहिब उपमंडल बहुत ही बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है व इसके अधीन अभी लगभग 29000 उपभोगता आते हैं, जिसके कारण आम जन मानस को अपनी शिकायत व् विद्युत सम्बन्धी कार्य हेतु लम्बा सफर तय करना पड़ता था। उपरोक्त समस्या को ध्यान में रखते हुए पूर्व में पांवटा साहिब उपमंडल को दो हिस्सों में बांटा गया है, जिसके अंतर्गत पांवटा साहिब उपमंडल-2 को पांवटा शहर के बीचों बीच खोला गया है और क्षेत्र के 90 प्रतिशत शहरी आबादी के साथ-साथ रामपुर घाट, कुंजा, मत्रालियों को इस उपमंडल के अधीन रखा गया है। वर्तमान में पांवटा साहिब उपमंडल-2 में कुल 11000 उपभोगता हैं। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब विधान सभा क्षेत्र के बातापुल, बहराल, पुरुवाला, अमरगढ़, कंशीपुर, पीपलीवाला, सूरजपुर, पात्त्लियों, कोटरी ब्यास के लोगों को भी विद्युत सम्बन्धी कार्य हेतु लम्बा सफर तय करना पड़ता था। उनकी इस समस्या को ध्यान में रखते हुए विद्युत

उपमंडल पांवटा साहिब-2 को ग्राम संतोषगढ़ में खोलने का निर्णय किया गया। उन्होंने बताया कि इस नव सृजित उपमंडल के अंतर्गत बातापुल, बहराल, पुरुवाला, अमरगढ़, कंशीपुर, पीपलीवाला, सूरजपुर, पात्त्लियों, कोटरी ब्यास क्षेत्र के कुल 9500 उपभोगता समेत कुल 40000 लोग लाभान्वित होंगे। 
उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब विद्युत मण्डल में विद्युत सुदृढ़ीकरण एवं लो वोल्टेज की समस्या के निराकरण हेतु 152 ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 100 ट्रांसफॉर्मर की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जिला सिरमौर में विद्युत विभाग द्वारा पांवटा साहिब में 10 करोड़ 86 लाख की राशी से सब-स्टेशन, लगभग 6 करोड़ 82 लाख से जगतपुर जोहड़ो में सब स्टेशन स्थापित करने के अतिरिक्त, लगभग 14 करोड़ की लागत से नघेता में सब स्टेशन तथा लगभग 125 करोड़ रुपए की लागत से 220/132 केवी सब स्टेशन काला अम्ब का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त गोंदपुर में लगभग 102 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाले 220/132 केवी सब स्टेशन तथा चाड़ना में लगभग 67 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले 132/33 केवी सब स्टेशन के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है, तथा सभी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत इनका निर्माण कार्य जल्द आरम्भ किया जाएगा।

3- रणदीप सिंह हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कोष कर्मचारी महासंघ सिरमौर के अध्यक्ष।

हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कोष कर्मचारी महासंघ के द्विवार्षिक चुनाव जिला कोष कार्यालय में सम्पन्न हुए। जिसमे जिला के कोष कर्मचारियों ने भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता अधीक्षक शेर बहादुर थापा ने की। इसमे जिला कार्यकारिणी का सर्व सम्मति से चुनाव हुआ। जिसमे अध्यक्ष रणदीप सिंह को बनाया गया।

वरिष्ठ उप प्रधान शेर बहादुर थापा, उप प्रधान अयूब, महासचिव रविन्द्र कुमार, संयुक्त सचिव मोनिका, वित सचिव प्रवीण कुमार, संगठन सचिव नेहा पुंडीर, प्रेस सचिव लुबना नाज और मुख्य सलाहकार विपन ठाकुर को चुना गथा। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्यों में सुरजीत पुंडीर, विक्रम सिंह, आशीष कुमार, वीरेंद्र कुमार, देविन्दर कुमार, सतीश कुमार, विशाल गुप्ता, रणवीर कुमार, विशाल सिंह, अतर सिंह और अनिता के नाम शामिल है। नवनियुक्त अध्यक्ष रणदीप सिंह ने सभी को आश्वस्त किया कि संगठन की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किये जायेंगे। 

4- Paonta Sahib: युवाओं को खेल-कूद की तरफ आकर्षित कर रहा ये क्लब।

नवयुवक मंडल एकता की जंग भगानी के सौजन्य से आयोजित की दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता का समापन स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान पृथ्वी चंद के द्वारा किया गया। उनका वहां पहुंचने पर क्लब के लोगों के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में बोलते हुए भगानी पंचायत के पूर्व प्रधान पृथ्वी चंद ने एकता की जंग के क्लब के इस कार्य को खूब सराहा और उन्होंने कहा कि भंगानी पंचायत का नाम रोशन करने के लिए यह क्लब दिन प्रतिदिन मेहनत करता रहता है। आज हमारे क्षेत्र में जो में वॉलीबॉल का जो बोलबाला है, इस क्लब की देन है। उन्होंने क्लब के अच्छे कार्यों से प्रभावित होकर उनको 11000 रूपये की राशि प्रदान की और उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य को निरंतर इसी तरीके से करवाते रहें ताकि हमारे क्षेत्र का नाम रोशन होता रहे। उन्होंने क्लब को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी और जीतने वाली टीम को बधाई और हारने वाली टीम के लिए फिर से प्रयास करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं को खेल-कूद की तरफ आकर्षित किया जा सकता है ताकि वह नशे की और ना जाएं। वही जानकारी देते हुए क्लब संयोजक एवं युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहब्बत अली और क्लब सचिव रफीक अहमद ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 17 टीमों ने भाग लिया था। फाइनल मैच हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश की गोजर की टीम को हराकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। विजेता टीम को मुख्य अतिथि के द्वारा 11000 की राशि और ट्रॉफी बाकी सभी सदस्यों को मेडल पहनाए गए। दूसरे स्थान पर रही हिमाचल प्रदेश के गोजर टीम को 5100 रुपए और ट्रॉफी और सभी सदस्यों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। समय के अभाव के कारण फाइनल मैच बेस्ट ऑफ थ्री करवाया गया जिसमें हरियाणा की टीम ने हिमाचल की टीम को 2-0 से पराजित किया। पहला सेट काफी रोमांचक रहा जिसमें 21-20 दूसरे सेट में 21-18 से हरियाणा ने प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। वही क्लब संयोजक ने सभी क्लब के साथियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस मौके पर वेद प्रकाश बंसल, दर्शन सिंह, सोहन सिंह प्रधान पति सिंहपुरा पंचायत, ट्रक ऑपरेटर यूनियन खोड़ा वाला प्रधान हुसैन मोहम्मद, कुलदीप चौधरी, दीपचंद चौधरी, जगत राम धीमान, सीताराम धीमान, हरविंदर सिंह, अहमद हसन, हाजी हुसैन, अलीशेर, हंसना, हमीद, मंजूर अली, रणजीत सिंह, संजय चौधरी, कृष्ण चौधरी, सलीम, फिरोज, शहीद अली, खुर्शीद अली, साजिद, सोहीब, इस्लाम, इरफान, सोहेल, अनु, माइकल, शाहबाज, समर, अब्दुल लतीफ, अरमान ,आशु, सोनू , साजिद, सोहेब, सोहेल आदि लोग उपस्थित रहे। गोर हो कि प्रतियोगिता के उद्घाटन पद बतौर मुख्य अतिथि पाँवटा साहिब के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग और युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अरिकेश जंग मौजूद रहे। 

5- खेलेगा भारत तभी तो नशे से बचेगा भारत: एकल अभियान।

गाँधी जयन्ती के उपलक्ष पर एकल अभियान संभाग दक्षिण हिमाचल भाग सिरमौर अंचल श्री रेणुका जी ग्राम स्वराज मंच अभ्युदय यूथ क्लब ने खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया। खेल प्रतियोगिता कार्यक्रम से पूर्व प्रभात फेरी भी निकाली गयी। अंचल श्री रेणुका जी में कबड्डी एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई जिसमें बारह संचो चांदनी, सगडाह, धारटी धार, बिरला बाइला, पाँवटा साहिब, माजरा, जमटा, जामन की सेर, सराह, कोटी धिमान, नाहन, सैणधार ने भाग लिया। कबड्डी में प्रथम स्थान पर सैणधार रहा और दूसरे स्थान पर बिरला बाइला रहा। रेस 100 मीटर कविता वंशिका आदिति, 200 मीटर हर्षित मयंक और युवराज। दंगल में आदर्श राहुल सुमित, लंबी कूद में आशिमा, स्नेहा व प्रिया, ऊँची कूद में युवराज, नितिन व आर्यन, संस्कृत कार्यक्रम देशभक्ति गीत में सुनिधि, भजन में प्रियंशी, पहाड़ी नाटी पलक और भाषण सिमरन अव्वल रही। कार्यक्रम के शुभारम्भ के मुख्यअतिथि डॉ सुदर्शन, स्टाफ नर्स गनो देवी, सुनीता, सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारायण सिंह, रामेश्वर श्रवण शर्मा, नीकाराम और समापन के मुख्य अतिथि निर्मला संभाग दक्षिण हिमाचल, संगठन

मंत्री सुनील ठाकुर, अभियान समिति अध्यक्ष रणदीप शर्मा, पूर्व भाग उपाध्यक्ष रमेश, भाग अभियान प्रमुख दिनेश ठाकुर, ग्राम स्वराज प्रमुख मोहन ठाकुर, आरोग्य प्रमुख अंचल पालक प्रमिला शर्मा रहे। सफल आयोजन कार्यक्रम कराने के लिए अंचल समिति अध्यक्ष जयराम ठाकुर, ग्राम स्वराज प्रभारी उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा, अंचल सचिव निर्मला शर्मा, अंचल कार्यालय प्रभारी हरिश गर्ग, एकल ग्राम संगठन अध्यक्ष अर्जुन अत्रि, अभियान प्रमुख संदीप राणा, ग्राम स्वराज प्रमुख अनुराधा, कार्यालय प्रमुख विक्रम, परीक्षण प्रमुख रक्षा कंवर, व्यास कथाकार सुनीला, बारह संचो के प्रमुख, आचार्य और सभी बच्चों का अहम योगदान रहा।

6- राजनैतिक: पूरी उम्मीद भाजपा देगी इस बार उन्हे टिकट: मदन शर्मा

आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भारतीय जनता पार्टी से टिकट की दावेदारी के साथ साथ जन संपर्क के लिए जनता के बीच पहुंच रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता मदन मोहन शर्मा ने कहा कि उन्हे पूरी उम्मीद है कि इस बार पाँवटा साहिब में भाजपा अपना प्रत्याशी बदलेगी और उनको टिकट देगी। वह पाँवटा साहिब की बरोटीवाला में बोल रहे थे। दरअसल, जन संपर्क अभियान कार्यक्रमों में दिन प्रतिदिन मदन मोहन शर्मा के साथ लोगों की सख्या में इज़ाफ़ा होता जा रहा है। बीते रविवार की शाम को भी मदन मोहन शर्मा जन संपर्क अभियान के तहत शिवपुर पंचायत के बरोटीवाला पहुंचे जहाँ सेंकडो की संख्या में उपस्थित लोगो ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मदन मोहन शर्मा के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति मंच पर दिखे। इस दौरान मदन मोहन शर्मा ने केंद्र व् प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ही उपस्थित जनता से चर्चा की। मदन मोहन शर्मा के साथ सुरेश चौधरी, मुकेश चौधरी, राजेश्वर शर्मा, विवेक शर्मा, अमित, बलवंत सिंह सहित गुरुद्वारा कमेटी छावनीवाला के प्रधान नरेन्दर पाल सिंह आदि भी मौजूद रहे। मदन मोहन शर्मा ने सम्बोधन के दौरान कहा की इस बार उन्होंने पार्टी टिकट की प्रबल दावेदारी

पेश की है और उन्हें उम्मीद है की क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें पार्टी आलाकमान से चुनाव लड़ने के लिए मंजूरी मिलेगी। वर्ष 2017 में भी वे टिकट के दावेदार थे, उन्होंने बताया की अगर पार्टी और जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो पांवटा विधानसभा के गिरिपार क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना उनका लक्ष्य रहेंगे। जिससे न केवल यहाँ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को भी आर्थिक लाभ होगा। महिलाओं को गांव में ही रोजगार से जोड़ने के लिए लघु उद्योग कॉन्सेप्ट को बढ़ावा दिया जायेगा। सिंचाई व्यवस्था के लिए उठाऊ जल योजना कारगर साबित होगी। उन्होंने बताया की गत वर्षो में उन्होंने अपना विजन डाक्यूमेंट तैयार किया है जिसमे क्षेत्र के विकास सम्बन्धी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गयी है।

7- पाँवटा के सिंघपुरा में हुआ भाजपा ओबीसी मोर्चा का सम्मेलन।

भाजपा ओबीसी मोर्चा पाँवटा मंडल का सम्मेलन सिंगपुरा में अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा भंगा सिंह की अध्यक्षता मे हुआ। इस सम्मेलन में उर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश चौधरी, मंडल अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुभाष चौधरी विशेष रूप से उपस्थिति रहे। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा में भाजपा सरकार के वर्तमान कार्यकाल को विकास के पर्याय के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, जन मंच, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प, हिमकेयर, सहारा, मुख्यमंत्री रोशनी, शगुन, मुख्यमंत्री कन्यादान, बेटी है अनमोल, मुख्यमंत्री आवास तथा स्वर्ण जयंती आश्रय जैसी अनेक योजनाओं से प्रदेशवासी व्यापक रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जो परिवार छूट रहे थे, ऐसे परिवारों के ईलाज के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत परिवार के पांच सदस्यों को अस्पताल में भर्ती होने पर 5 लाख रूपये तक निःशुल्क ईलाज का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि हिमकेयर कार्ड नवीनीकरण अवधि अब एक साल से बढ़ाकर तीन साल कर दी गई है और इस योजना में नए परिवारों का पंजीकरण भी पूरे वर्ष किया जा रहा

है। उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमज़ोर मरीजों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सहारा योजना चलाई गई है। इस योजना के अन्तर्गत मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ 3 हजार रूपये प्रतिमाह सहायता राशि भी प्रदान की जा रही है। प्रदेश सचिव सुभाष चौधरी ने मंच से मांग रखी कि ओबीसी सर्टिफिकेट की अवधि 5 वर्ष की जाये व किसी बेटिया की शादी के बाद जब उसका एक बार ओबीसी सर्टिफिकेट बन जाता है तो उसे अगली बार मायके से पटवारी की रिपोर्ट ना लगानी पड़े। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि इस मांग को वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे व इसे पूरा करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि वह पूरे हिमाचल प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी पहले से कहीं अधिक सीटें जीत कर पुनः सरकार बनाएगी। 

8- दिलीप सिरमौरी ने युवाओं को संगीत के माध्यम से समझाया मतदान का महत्व। 

निर्वाचक रजिस्ट्रिकरण अधिकरी एवं उपमंडल अधिकारी (ना) पांवटा साहिब विवेक महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र 58-पांवटा साहिब में आज राजकीय महाविद्यालय परिसर में युवा मतदाताओं को जागरूक करने के

लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग द्वारा स्वीप कार्यक्रम के जिला आइकॉन दिलीप सिरमौरी ने युवाओं को संगीत के माध्यम से मतदान हेतु प्रेरित किया। विवेक महाजन ने बताया कि कार्यक्रम में युवा मतदाताओं ने बढ़-चढ कर भाग लिया और उन्हें चुनाव से सम्बंधित विभिन विषयों पर जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो मदन लाल, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय मोहन चौहान, सुनील शर्मा,जीवन जोशी आदि मौजूद रहे।

9- दुर्गा अष्टमी पर 5000 श्रद्धालुओं ने किए माता बाला सुंदरी के दर्शन।

सिरमौर जिला के त्रिलोकपुर में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुन्दरी मन्दिर में दुर्गा अष्टमी के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ उपायुक्त राम कुमार गौतम ने सपरिवार माता के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर अष्टमी को किए जाने

वाले हवन-यज्ञ में भाग लिया व कन्या पूजन भी किया। आयुक्त, त्रिलोकपुर मन्दिर न्यास राम कुमार गौतम ने बताया कि आज दुर्गा अष्टमी के अवसर पर त्रिलोकपुर मंदिर में लगभग 5000 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया व माता को 11 लाख 53 हजार 105 रूपये नगद राशि, 04 ग्राम सोना और 2418 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई।

(हिमाचल)

1- एम्स बिलासपुर में हिमकेयर कार्ड से भी निशुल्क मिलेगा इलाज।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में गरीब परिवारों के केवल आयुष्मान कार्ड ही नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजना के तहत बने हिमकेयर कार्ड से भी निशुल्क इलाज मिलेगा। केंद्र सरकार ने यहां दोनों योजनाओं से निशुल्क उपचार की मंजूरी दे दी है। प्रदेश की 25 लाख से ज्यादा की आबादी हिमकेयर कार्ड के तहत पंजीकृत है। इन सभी को एम्स में सालाना पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। 5 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स का लोकार्पण

करेंगे। गौर हो कि देश में केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में केवल आयुष्मान कार्ड धारकों को ही निशुल्क इलाज मिलता है, लेकिन पीजीआई चंडीगढ़ के बाद अब प्रदेश सरकार के प्रयासों से एम्स बिलासपुर में भी लोग हिमकेयर कार्ड का लाभ उठा सकेंगे। प्रदेश में करीब 22 लाख की आबादी को आयुष्मान योजना में कवर किया गया है। एम्स और पीजीआई जैसे संस्थान में जब भी किसी मरीज को भर्ती किया जाता है, तो वहां पर दवाई, खाना-पीना, बिस्तर और टेस्ट हर एक चीज के लिए बिल भरना पड़ता है। मरीज अगर अस्पताल में भर्ती होता है तो सरकारी दरों पर एमआरआई 2000 से 3000 रुपये में होता है। सीटी स्कैन भी सरकारी दरों में 1000 से 3000 रुपये तक होता है। संवाद
डॉ. दिनेश वर्मा, एमएस, एम्स ने बताया कि एम्स बिलासपुर को आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड धारकों को निशुल्क इलाज देने की मंजूरी मिल चुकी है। स्टाफ को इससे संबंधित ट्रेनिंग दी जा रही है।

2- जेपी नड्डा ने ली पार्टी की बैठक, जयराम-अनुराग भी मौजूद।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पार्टी की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहे।

बैठक में 5 अक्तूबर को प्रस्तावित पीएम नरेंद्र मोदी की बैठक की तैयारियों पर मंथन किया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व ने लुहुनू मैदान बिलासपुर में जमीनी हालात का जायजा लिया। 

3- नड्डा और जय राम ने किया लुहणू मैदान का निरीक्षण।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज बिलासपुर में लुहणू मैदान का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 अक्तूबर को इसी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिलासपुर में एम्स और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन और मेडिकल डिवाइसिस पार्क नालागढ़ तथा पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।

इस अवसर पर केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेन्द्र गर्ग, सांसद एवं राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक जे.आर. कटवाल और सुभाष ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, मुख्य सचिव आर.डी. धीमान, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव भरत खेड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

4- सीएम वीरभद्र सिंह के नाम वाली इस उद्घाटन पट्टिका हटाने पर पार्षद बैठे धरने पर।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड पर छह साल पुरानी लिफ्ट की उद्घाटन पट्टिका हटाने को लेकर सोमवार को खूब हंगामा हुआ। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के नाम वाली इस उद्घाटन पट्टिका को सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग ने हटवा दिया। विभाग यहां शौचालय के लिए सीढ़ियां बना रहा है। ठेकेदार के मजदूरों ने यह पट्टिका उतारकर यहीं सड़क किनारे रख दी। दोपहर करीब 12:00 बजे लोअर बाजार से पार्षद रहे इंद्रजीत सिंह यहां से गुजरे। पूर्व सीएम के नाम वाली 2016 की उद्घाटन पट्टिका सड़क पर देखकर मजदूरों से पूछा कि इसे क्यों हटाया गया। जवाब नहीं मिला तो नगर निगम आयुक्त से संपर्क किया। आयुक्त को इसकी जानकारी नहीं थी। इंद्रजीत ने इसके बाद लोक

निर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया। यहां से जवाब मिला कि सीढ़ियां बनाने के लिए पट्टिका हटाई है। इस पर इंद्रजीत भड़क गए और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। बोले कि चुनावी साल में भाजपा सरकार पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के किए कामों को छिपाने के लिए ऐसा कर रही है। रास्ता बनाने के लिए पट्टिका हटाने की जरूरत नहीं थी। हटाई गई पट्टिका रास्ते पर रख दी है जिस पर लोग चल रहे हैं। ये पूर्व सीएम का अपमान है। इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उधर, पूर्व पार्षद के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। पूर्व पार्षद से बात करने की कोशिश की। लेकिन बाद में दोबारा पट्टिका लगानी पड़ गई। दोपहर करीब 2:45 बजे पट्टिका लगने के बाद पूर्व पार्षद ने धरना खत्म किया।

5- विभागीय अधिकारियों की लापरवाही कर्मचारियों पर भारी, एरियर नही मिला...

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को विभागीय अधिकारियों की लापरवाही की वजह से नए वेतनमान का एरियर नहीं मिल पाया है। राज्य में एक अक्तूबर को मिले सितंबर के वेतन में हजारों कर्मचारी एरियर की पहली किस्त से वंचित रह गए। इसका कारण ठीक से बिलों को तैयार नहीं करना रहा है। कई विभागीय कार्यालयों में तो स्टाफ की कमी होने की बात कर बिलों को तैयार ही नहीं किया गया।  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों के लिए एरियर के रूप में पहली किस्त देने के तौर पर 1,000 करोड़ रुपये का बंटवारा करने के आदेश दिए थे। एरियर सहित कई अन्य नई देनदारियों को चुकाने के लिए हाल ही में 2,500 करोड़ रुपये का कर्ज भी लिया गया है। पर धरातल पर सच्चाई यह है कि राज्य में सब कर्मचारियों को यह एरियर नहीं दिया जा सका है, जबकि वित्त विभाग की ओर से बजट जारी कर दिया गया था। ग्रुप-ए सी तक के अधिकारियों और कर्मचारियों को 50-50 हजार और ग्रुप

डी के कर्मचारियों को 60-60 हजार रुपये का वितरण किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार सरकारी विभागों के संवितरण एवं आहरण अधिकारियों की ओर से प्रदेश सरकार के कोष विभाग को जो बिल भेजे गए, उनमें से कई नियमानुसार नहीं बनाए गए। इनमें पे-मैट्रिक्स और अन्य गणनाओं का ध्यान नहीं रखा गया। राज्य सरकार के कोष विभाग ने इन पर आपत्तियां लगाईं। इसके अलावा कई विभागीय कार्यालयों में तो संबंधित बिलों को ही तैयार नहीं किया जा सका। इसके लिए स्टाफ की कमी या मौजूदा स्टाफ के पास काम ज्यादा होना बताया जा रहा है। इससे कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एरियर मिलने की राह ताकते रह गए, जो उन्हें नहीं मिल पाया। वहीं, राज्य सरकार के वित्त विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एरियर की पहली किस्त के लिए बजट की कमी नहीं है। इससे संबंधित औपचारिकता  विभागों को ही पूरी करनी है। 

6- शिक्षा विभाग के 1300 से अधिक कम्प्यूटर शिक्षक आएंगे आऊटसोर्स पर।

हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विभाग में कार्यरत 1300 से अधिक कम्प्यूटर शिक्षक आऊटसोर्स पर आएंगे। साथ ही इन शिक्षकों का वेतन भी बढ़ाया जाएगा। शिक्षकों के हित में प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है। ऐसे में अब शिक्षा विभाग जल्द ही इन शिक्षकों का ब्यौरा प्रदेश कौशल विकास एवं रोजगार निगम को भेजेगा। इस मामले में हाल ही में शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में विभाग के आला अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उक्त फैसला लेते हुए इन शिक्षकों का रिकार्ड कौशल विकास एवं रोजगार निगम को भेजने के निर्देश दिए गए। गौर हो कि बीते 29 सितम्बर को हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने सभी आऊटसोर्स कर्मचारियों को नई कंपनी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास एवं रोजगार निगम के दायरे में लाने की घोषणा की है। भविष्य में इसके माध्यम से ही आऊटसोर्स पर कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। निगम को कंपनी अधिनियम के दायरे में लाया जाएगा, जो तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करेगी। हालांकि शिक्षक सरकार के इस फैसले से ज्यादा खुश नहीं हैं, लेकिन शिक्षकों का कहना है कि सरकार ने उन्हें कंपनी से छुटकारा दिलवाया है। शिक्षकों का आरोप है कि बीते 22 वर्षों से कंपनी उनका शोषण कर रही थी।

7- आतिशबाजी में आग लगने से धमाका, चार कामगार घायल।

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के दशहरा मैदान में बने सामुदायिक भवन के एक कमरे में आतिशबाजी में आग लगने से जोर से धमाका हुआ जिससे सामुदायिक भवन की दीवारें टूट गईं। हादसे में चार कामगार घायल हुए हैं। घायलों को बद्दी अस्पताल में

भर्ती करवाया गया है। हादसा उस दौरान हुआ जब कामगार खाना खा रहे थे। इस सामुदायिक भवन में दशहरे की तैयारियों को लेकर रंग रोगन का कार्य चल रहा था। यदि कमरे के अंदर लोग होते तो जान-माल का नुकसान हो सकता था। सूचना मिलते ही बद्दी एसपी मोहित चावला, एसडीएम नालागढ़, एएसपी नरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी दया राम ठाकुर अपनी टीम के साथ घटना स्थल का दौरा किया और जांच कार्य में जुट गए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर है।

8- हादसा: 15 वर्षिय बच्चे की खड्ड में डूबने से मौत। 

हिमाचल प्रदेश में खड्ड में डूबने से 15 वर्षिय एक बच्चे की मौत का मामदा सामने आया है। बच्चा अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने उतरा था कि इस दौरान डूब गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिला के बम्म के पास सीर खड्ड में पंतेहड़ा का एक 15 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान विशाल धीमान निवासी पनतेहड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बीता कल दोपहर मृतक अपने अन्य 3 साथियों के साथ घर से यह कहकर निकला था कि उसने बम्म से अपने कपड़े दर्जी से लाने हैं जो उसने सिलवाने के लिए दिए थे। लेकिन वे इसी बहाने सीर खड्ड में नहाने के लिए चले गए। देर शाम तक जब विशाल अपने घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने ढूंढने के भरसक प्रयास किए। जबकि उसके 3 अन्य साथी घर पहुंच चुके थे। इसके बाद विशाल के परिजनों उसकी तलाश में घर से बम्म आ गए लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। देर रात उसके लापता होने की सूचना भराड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने नाबालिग की तलाश शुरू की। तलाश देर रात तक की गई। अंधेरे के कारण बच्चे को ढूंढ न सके। जिस कारण सोमवार सुबह सर्च अभियान शुरू किया तो गोताखोरों ने शव को खड्ड में से निकाल दिया है। थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। मामले की पुष्टि डीएसपी अनिल ठाकुर ने की है।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-