कैबिनेट में हुआ कुछ ऐसा....... 13 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

कैबिनेट में हुआ कुछ ऐसा.......  13 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

कैबिनेट में हुआ कुछ ऐसा.......

13 जनवरी 2023- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

पहली कैबिनेट मीटिंग में OPS
1500-एक लाख नौकरियों को कमेटी
1.36 लाख कर्मियों को सौगात
विधायक प्राथमिकता बैठक तय
हिमाचल में भारत जोड़ो यात्रा 
चैंबर ऑफ कॉमर्स पाँवटा खुश
NH-707 आवाजाही को डायवर्ट 
हर्षवर्धन चौहान इस दिन सिरमौर में
पाँवटा साहिब में गणतंत्र दिवस की तैयारियाँ 
पूर्व सैनिक का युवाओं को उत्साहवर्धन 

(आज की तस्वीर) उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मिला सिरमौर माइन ऑनर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल।

स्थानीय (सिरमौर)

1- Sirmour: हर्षवर्धन चौहान को उद्योग मंत्रालय मिलने पर चैंबर ऑफ कॉमर्स खुश।

सिरमौर जिला के शिलाई निर्वाचन क्षेत्र से 6 बार के विधायक हर्षवर्द्धन चौहान को हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री बनाये जाने पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री पाँवटा साहिब ने खुशी व्यक्त कर उन्हे बधाई दी है। पाँवटा साहिब में जारी प्रेस बयान में चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश गोयल, महासचिव नवीन

अग्रवाल, उद्योगपति अरूण गोयल, एनपीएस सहोता, वीपी सिंह ठाकुर आदि ने कहा कि यह सिरमौर के लिए गर्व की बात है कि कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्रालय सिरमौर जिला को मिला है। इसके लिए वह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि हर्षवर्धन चौहान एक वरिष्ठ नेता है और उन्हे बड़ा अनुभव है, इसलिए उम्मीद है कि वह उद्योग तथा उद्योगपतियों की दशा सुधारने के लिए उचित कदम उठायेंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री के सिरमौर आगमन पर चैंबर ऑफ कॉमर्स उनका स्वागत कर उन्हे बधाई देंगे। 

2- राष्ट्रीय राजमार्ग-707 वाहनों की आवाजाही के लिए रहेगा डायवर्ट: उपायुक्त 

जिला दंडाधिकारी सिरमौर आर. के. गौतम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर सड़क की आवश्यक मुरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य के दृष्टिगत कफोटा से पांवटा साहिब तक सभी वाहनों के

आवागमन को 15 जनवरी से 30 जनवरी 2023 रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक वाया जोंग, जाखना और विकासनगर डायवर्ट किया है। जिला दंडाधिकारी द्वारा हि.प्र. मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 117 के तहत  जारी आदेश के अनुसार उक्त आदेशों के उल्लंघन पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

3- उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री 15-16 जनवरी को रहेंगेे सिरमौर प्रवास पर। 

हिमाचल प्रदेश के उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान 15 व 16 जनवरी 2023 को जिला सिरमौर के प्रवास पर रहेंगेे तथा क्षेत्र के लोगों की जन समस्यायें सुनेंगे। यह जानकारी

सरकारी प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री 15 जनवरी को प्रातः 11 बजे सरांहा, दोपहर 1 बजे नाहन तथा सांय 4 बजे पांवटा साहिब में जन समस्यायें सुनेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री 16 जनवरी को प्रातः 10.30 बजे सतौन, दोपहर 12 बजे कमरऊ, सांय 3 बजे कफोटा तथा सांय 3.30 बजे जाखना में जन समस्यायें सुनेंगे।

4- गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ एसडीएम की बैठक।

उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन की अध्यक्षता में उपमंडल अधिकारी कार्यालय में उपमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के संबन्ध में बैठक आयोजित हुई। बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगरपालिका परिषद मैदान पांवटा साहिब में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय आयोजन को सफल बनाने के उ्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों व स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले समारोह को यादगार व आकर्षक बनाने के मद्देनजर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। एस डी एम विवेक महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह नगरपालिका मैदान पांवटा साहिब में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले कल विभिन्न सरकारी तथा निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों व अध्यापकों के साथ गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गई।उन्होंने बताया कि इस अवसर पर धरातल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।

5- Paonta Sahib: पूर्व फौजी ने क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन को दी 41 हजार की राशि।

पाँवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र के चूड़ेश्वर नवयुवक मंडल बढाणा द्वारा किलौड़ में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ भैला गांव के निवासी व पूर्व सैनिक सोहन सिंह तोमर ने शिरकत की और बच्चों के उत्साहवर्धन व

प्रतियोगिता संचालन के लिए 41 हजार रूपये प्रदान किये। इस मौके पर उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद की तरफ ध्यान देने की सलाह दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनके साथ अजय तोमर, सुभाष तोमर, तोताराम सहित स्थानीय पंचायत प्रधान देवराज नेगी, खत्री राम नंबरदार, मोहर सिंह, सूरत पुंडीर, मंगी राम, खुशी राम, उदय राम, श्याम सिंह पुंडीर सहित युवा मौजूद रहे। क्लब ने सहयोग राशि के लिए पूर्व फौजी सोहन सिंह तोमर का आभार व्यक्त किया। यह प्रतियोगिता 16 जनवरी तक चलेगी। 

(हिमाचल)

1- हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल के निर्णय, OPS का तोहफा...

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में कांग्रेस पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों में विश्वास जताने पर प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया। मंत्रिमंडल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उनके गतिशील और सशक्त नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया जिसके फलस्वरूप प्रदेश में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में पार्टी को शानदार जीत हासिल हुई है। मंत्रिमंडल ने कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को सरकार के नीति दस्तावेज के रूप में अपनाने का भी निर्णय लिया और सभी संबंधित मंत्री व सचिव और विभागाध्यक्ष इसे अक्षरशः लागू करेंगे। मंत्रिमंडल ने वर्तमान में परिभाषित अंशदायी पेंशन

योजना जिसे एनपीएस भी कहा जाता है, के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस प्रदान करने का निर्णय लिया। इस निर्णय से राज्य के लगभग 1.36 लाख एनपीएस कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मंत्रिमंडल ने कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव के दौरान राज्य में एक लाख रोजगार के अवसर सृजित करने के वायदे को लागू करने की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति गठित करने का निर्णय लिया है।
मंत्रिमंडल ने 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये देने के कांग्रेस पार्टी के चुनावी वायदे के कार्यान्वयन की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति गठित करने का निर्णय लिया।

2- विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए बैठकों के आयोजन की तिथि तय।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 30 और 31 जनवरी, 2023 को वार्षिक बजट 2023-24 के लिए विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए विधायकों के साथ दो दिवसीय बैठकों का आयोजन हिमाचल प्रदेश सचिवालय आर्मजडेल भवन के कांफ्रेंस हाल में किया जाएगा। 30 जनवरी, 2023 को पूर्वाहन 10.30 बजे से 1.30 बजे तक चम्बा, शिमला और लाहौल-स्पीति तथा अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक ऊना, हमीरपुर, कुल्लू और सिरमौर जिले के विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएंगी। 31 जनवरी, 2023 को पूर्वाह्न 10.30 बजे से 1.30 बजे तक कांगड़ा व किन्नौर जिलों तथा अपराह्न 2 से 5 बजे तक सोलन, बिलासपुर तथा मण्डी के विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में वार्षिक बजट 2023-24 की विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठकों में विधायकों से वर्ष 2023-24 के लिए मित्तव्ययता उपायों, वित्तीय संसाधन जुटाने एवं बेहतर प्रशासन के संदर्भ में प्राप्त सुझावों पर भी चर्चा होगी।

3- भारत जोड़ो यात्रा 18 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के इंदौरा में करेगी प्रवेश।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 18 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के इंदौरा में प्रवेश करेगी। पहले यात्रा का कार्यक्रम 19 जनवरी तय किया गया था। अब इसमें बदलाव हो गया है। भारत जोड़ो यात्रा 18 जनवरी को कांगड़ा जिला के इंदौरा पहुंचेगी। यहां से पठानकोट के लिए रवाना होगी। प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि पहले तय कार्यक्रम के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को इंदौरा से

पठानकोट को रवाना होनी थी। अब यह यात्रा 18 जनवरी को इंदौरा से पठानकोट होते हुए जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। उन्होंने बताया है कि इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, विधायक और पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।

4- सरकार ने लिया 1.36 लाख NPS कर्मचारियों को OPS देने का निर्णय।

लोहड़ी एवं मकर सक्रांति के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आज यहां मंत्रिमंडल की पहली बैठक में प्रदेश के सभी एनपीएस कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने का एतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.36 लाख एनपीएस कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने आज पीटरहॉफ में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने ओपीएस लागू करने का यह निर्णय सभी एनपीएस कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से लिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई 10 गारंटियों में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सभी को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है और ओपीएस लागू करने का निर्णय भी राज्य के नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा के दृष्टिगत लिया गया है। उन्होंने कहा कि ओपीएस के लिए धनराशि की व्यवस्था अनावश्यक खर्चों में कटौती कर की जाएगी और वर्तमान सरकार का मानना है कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं है जो नामुमकिन है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनावों के दौरान किए गए वायदों और युवाओं के लिए रोजगार के एक लाख अवसर सृजित करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उप-समिति में उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपये प्रदान करने के वायदे को पूरा करने के लिए रूपरेखा तैयार करने को भी एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि इस उप-समिति में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार एवं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों उप-समितियां एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार से वर्तमान सरकार को 75 हजार करोड़ का कर्ज विरासत में मिला है जो पूर्व सरकार के कुप्रबंधन एवं फिजूलखर्ची का परिणाम है। वर्तमान राज्य सरकार को अपने कर्मचारियों को वेतन बकाया के रूप में 4430 करोड़ रुपये और पेंशनरों के पेंशन बकाया के रूप में 5226 करोड़ रुपये की देनदारी है। इसके अलावा सरकार पर कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते के रूप में 1000 करोड़ रुपये की देनदारी पिछली राज्य सरकार द्वारा छोड़ी गई है। इस प्रकार पूर्व सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ वर्तमान सरकार पर डाला है। सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि केन्द्र सरकार के पास एनपीएस कर्मचारियों की 8000 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि जमा है। उन्होंने कहा कि इन सभी बाधाओं के बावजूद, राज्य सरकार ने एनपीएस कर्मचारियों को

उनके सेवानिवृत्त जीवन को सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के अंत में विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राज्य में लगभग 900 संस्थानों को खोलने और स्तरोन्नत करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि इन सभी संस्थानों को बिना किसी बजट प्रावधान, तर्कहीन सोच एवं मतदाताओं को लुभाने के एकमात्र उद्देश्य से खोला और स्तरोन्नत किया गया था। राज्य सरकार ने ऐसे सभी संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया है और इन सभी की समीक्षा के उपरांत व्यवहार्य एवं आवश्यक पाए जाने पर उचित बजटीय प्रावधान करके खोला जाएगा। इन सभी संस्थानों को क्रियाशील बनाने के लिए 5000 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, वित्त सचिव डॉ. अक्षय सूद, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क किरण भड़ाना भी मौजूद रहे। 

5- मौसम अपडेट: हिमाचल में बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शिमला, सिरमौर, चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और किन्नौर में बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत 200 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। 487 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट छा गया है।

राजधानी शिमला की सबसे ऊंची चोटी जाखू में शुक्रवार तड़के सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जाखू की पहाड़ी सफेद हो गई है। शहर में हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और खिड़की में वीरवार रात से बर्फबारी जारी है। ऊपरी शिमला के लिए बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है। छोटे वाहनों की आवाजाही बर्फबारी से फिसलन बढ़ने से प्रभावित हुई है। राजधानी शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी को देखने के लिए सैलानियों का सैलाब उमड़ आया है। शहर के होटलों में बुकिंग बढ़ गई है। कारोबार में भी इजाफा हुआ है।
सिरमौर जिला के उँचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।