आधी सदी की तपस्या पार....... 14 सितंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

आधी सदी की तपस्या पार.......  14 सितंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

आधी सदी की तपस्या पार.......

14 सितंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

सिरमौर का गिरिपार हाटी जनजातीय
50 वर्ष से अधिक समय के संयम की जीत
तीन लाख से अधिक आबादी होगी लाभान्वित 
सीएम ने पीएम का जताया आभार
हिमाचल सहित देश में होगा कांग्रेस का सफाया: सीएम
विशेष योजनाओं का मिलेगा लाभ: कश्यप 
पीएम करेंगे PMGSY फेज-3 का शुभारंभ 
सरकारी खर्च पर चुनावी प्रचार: प्रतिभा
सेब के दाम इसलिये गिरे: सिंघा
24 को थम सकते है निजी बसों के पहिये
सिरमौर: गिरिपार में जश्न का माहौल 
गोंदपुर में पटवार वृत का लोकार्पण
गोवंश संरक्षण का धरना छठे दिन
कथित फर्जी आईटीआई का भांडाफोड़

सिरमौर जिला मे आज 02 मामले और कोविड/सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- आधी सदी का संघर्ष हुआ पार, हाटी जनजातीय घोषित हुआ गिरिपार।

केंद्रीय कैबिनेट ने हिमाचल के सिरमौर जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने को हरी झंडी दे दी है। मोदी कैबिनेट के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद हाटी समुदाय की आधी सदी की मांग पूरी हुई है। 50 वर्ष के लंबे शांतिपूर्ण संघर्ष को आखिरकार किनारा मिल ही गया। अब ट्रांसगिरि क्षेत्र की तीन लाख से अधिक की आबादी हाटी जनजातीय के नाम से जानी जाएगी। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट ने हिमाचल के सिरमौर जिले

के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने को हरी झंडी दे दी है। मोदी कैबिनेट के इस फैसले के बाद हाटी समुदाय की दशकों पुरानी मांग पूरी हुई है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी सूचना दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सिरमौर के हाटी समुदाय की ये मांग 50 सालों से भी अधिक पुरानी है। इसके साथ जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। सिरमौर के साथ लगते उत्तराखंड के जौनसार इलाके में एक जैसी संस्कृति, बोली होने पर वहां के लोगों को जनजातीय दर्जा हासिल है। हाटी समुदाय के लोगों की भी लंबे समय से मांग थी कि उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया जाए। आज केंद्रीय कैबिनेट ने इस मांग को मान लिया है और ये एक ऐतिहासिक फैसला है। वहीं, हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर हाटी समुदाय को बधाई दी है। उन्होंने

लिखा कि ‘केंद्रीय कैबिनेट द्वारा हिमाचल के जिला सिरमौर के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मंजूरी प्रदान करने के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बहुत बहुत धन्यवाद’ हाटी समुदाय के लोगों को हार्दिक बधाई’। 
उधर इस सूचना के बाद गिरिपार क्षेत्र में जश्न का माहौल है। हर गांव में नाच गाने का दौर शुरू हो खया है। पाँवटा साहिब में भी

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पत्रकार वार्ता कर केंद्र के इस निर्णय का स्वागत करते हुए हाटी समुदाय को बधाई दी। उसके बाद हाटी यूनिट पाँवटा ने भी पत्रकार वार्ता कर पीएम नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व सांसद वीरेन्द्र कश्यप, सहित विशेष तौर पर खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर का आभार प्रकट किया और कहा कि गुरूवार को सीएम का आभार जताने हाटी शिमला जायेंगे। 

ये मिलेंगे लाभ-

संशोधन के जरिये हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ट्रांसगिरी क्षेत्र के हाटी समुदाय को एसटी में शामिल किया जाएगा। विधेयक के कानून बनने के बाद हिमाचल प्रदेश की अनुसूचित जनजातियों की संशोधित सूची में नए सूचीबद्ध समुदाय के सदस्य भी सरकार की मौजूदा योजनाओं के तहत अनुसूचित जनजातियों के लिए

निर्धारित लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सरकारी नीति के अनुसार सरकारी नौकरी और शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के लिए आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसके अलावा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय विदेशी छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय फैलोशिप, उच्च श्रेणी की शिक्षा, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम से रियायती ऋण, अनुसूचित जनजाति के लड़कों और लड़कियों के लिए छात्रावास आदि का भी लाभ मिलेगा।

2- ऊर्जा मंत्री ने गोंदपुर में पटवार वृत व राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोंदपुर का किया लोकार्पण।

हिमाचल प्रदेश के बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने आज पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत अमरकोट के ग्राम गोंदपुर में नए पटवार वृत तथा नए राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोंदपुर का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गोंदपुर में पटवार वृत खुल जाने से अमरकोट पंचायत तथा निहालगढ़ पंचायत के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा की अमरकोट पंचायत के लोगों को इससे पहले तारूवाला पटवार सर्कल जाना पड़ता था। सर्कल में एरिया अधिक होने की वजह से असुविधा का सामना भी करना पड़ता था। इसी प्रकार निहालगड़ के लोगों को अपने कार्यों के लिए अजोली जाना पड़ता था। अब इन दोनों पंचायतों का एक पटवार सर्कल बनने से इन पंचायतों के लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा उनके कार्य भी शीघ्र होंगे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गोंदपुर में राजकीय प्राथमिक पाठशाला खुलने से पहले बच्चों को पढ़ाई के लिए लगभग अढाई किलोमीटर दूर तारूवाला जाना पड़ता था। सड़क पर यातायात अधिक होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था, परंतु अब उन्हें घर द्वार पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पांवटा साहिब विधान सभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है, जिसके फलस्वरूप यह क्षेत्र हर दिशा में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान

प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, शगुन योजना जैसी कई योजनाएं वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने प्रदेश सरकर द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजनाएं प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में उल्लेखनीय वृद्धि की है और बिना आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को पहले 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष और अब 60 वर्ष कर दिया है। इस अवसर पर  सचिव OBC मोर्चा हिमाचल प्रदेश सुभाष चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, पूर्व प्रधान राकेश महरालू, नायब तहसीलदार रामभज, बीईईओ प्रणीत कौर, बीआरसी पूर्ण तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

3- जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को बनाएं और अधिक सक्रिय: उपायुक्त 

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यलय में आज राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की सहायता से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया और आपदा से बचाव के उपाय बताए गए। यह माॅक ड्रिल भविष्य की आपदा संभावित घटनाओं के दौरान जरूरी एहतियात बरतने हेतु आयोजित की गई जिसमें आपदा प्रबन्धन से जुड़े सभी स्टेक होल्डर विभाग (सम्बन्धित विभाग) एनआरडीएफ, पुलिस, होम गार्ड, अग्निशमन, चिकित्सा, शिक्षा, व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। यह माॅक ड्रिल डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान

के निरीक्षण तथा आपदा प्रबन्धन से जुड़े समस्त विभागों के बीच आपसी तालमेल स्थापित करने हेतु किया गया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर करम सिंह, इंस्पेक्टर जगपाल, सब इंस्पेक्टर गोविन्द मीना और सब इंस्पेक्टर विवेक ने आपदा के समय उठाए जाने विभिन्न महत्वपूर्ण पगों तथा जरूरी एहतियात बरतने के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। इसके अलावा विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी, भूस्खलन तथा अन्य आपदाओं के समय किस प्रकार राहत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं, बारे में जानकारी प्रदान की गई।

4- गोवंश संरक्षण को धरना छठे दिन भी जारी, पूर्व विधायक किरनेश जंग भी पंहुचे। 

पांवटा साहिब के भगवान परशुराम चौक के समीप गो भक्तों का गोवंश संरक्षण को लेकर धरना छठे दिन भी जारी है। यहां पर लगातार छठे दिन बुधवार को भी गोवंश प्रेमी सचिन ओबरॉय और अजय संसरवाल धरने पर बैठे हुए हैं। बीच बीच में सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग धरनास्थल पर पंहुच रह है। छह दिन से सैंकडों लोग इस धरने के समर्थन में आ चुके है। पांवटा साहिब के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग भी अपने समर्थकों के साथ धरनास्थल पर पंहुचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये भाजपा सरकार गोवंश के नाम पर वोट मांगती है लेकिन जब काम करने

की बारी आती है तो धरातल पर कुछ नही करती। तभी आज सड़कों पर सैंकड़ो गोवंश घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो गो प्रेमी भाजपा की सरकार में गोवंश संरक्षण की आवाज उठाता है उसे प्रताड़ित किया जाता है। उन्होने कहा कि सचिन ओबरॉय और उनकी टीम की मांगे जायज है और हम इनका समर्थन करते है। इस अवसर पर उनके साथ मजदूर नेता व भंगानी कांग्रेस जोन अध्यक्ष प्रदीप चौहान, युवा कांग्रेस पाँवटा साहिब अध्यक्ष मोहब्बत अली आदि भी मौजूद रहे।
इससे पहले मंगलवार को भी बहुत से लोग धरनास्थल पर पंहुचे और गो सेवकों की मांगों का समर्थन किया। इस दौरान दून प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष दिनेश ठाकुर और जानी मानी हस्ती ओमप्रकाश चौहान भी धरनास्थल पर पंहुचे। उन्होंने भी मांगों का समर्थन किया। इस दौरान एबीवीपी कफोटा के युवा भी समर्थन देने धरनास्थल पर पंहुचे। देर शाम देवभूमि क्षत्रिय संगठन के

प्रदेश अध्यक्ष रूमित ठाकुर भी धरनास्थल पर पंहुचे और सरकार पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार गोवंश के नाम पर वोट बटौरती है और जब संरक्षण की बात आती है तो कुछ नही करती। उन्होंने गो आयोग को भी आड़े हाथों दिया और कहा कि यदि जल्द ही गो भक्तों की मांग को नही माना तो जल्द ही पूरे प्रदेश से सदस्य यहां बैठेंगे। गोर हो कि जिला में सडकों पर बेसहारा घूम रहे गोवंश को काऊ सेंक्चूरी या सरकारी गो सदन में भेजने की मांग को लेकर सचिन ओबरॉय और उनके सहयोगी चार दिन से गौवंश को साथ लेकर धरने पर बैठे हैं।

5- देवनी व पंजाहल में गीत संगीत से दी योजनाओं की जानकारी।

सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के विशेष प्रचार अभियान के तहत आज जिला सिरमौर के विकास खण्ड नाहन की ग्राम पंचायत देवनी व पंजाहल में गीत संगीत व नुक्कड नाटक से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों, कार्यक्रमों व योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने लोक गीतों व नृत्य से जहां लोगों का भरपूर मनोरंजन किया वंही नुक्कड़ नाटक संत वाणी से मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना में सामूहीक सोलर बाड़बंदी पर 85 प्रतिशत सब्सिडी व कांटेदार तथा चेन लिंक बाडबंदी पर 70 प्रतिशत की सब्सिडी दिए जाने की बात बताई। नाटक में महिला पात्रों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका मिशन के

तहत स्वयं सहायता समूह को वितीय सहायता, जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर घर को शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध करने की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं जिसमें हिमकेयर व आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना में निःशुल्क गैस कनेक्शन व जनमंच की जानकारी देते हुए इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान के तहत विकास खंड पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत डोबरी सालवाला व गोरखूवाला, विकास खंड शिलाई की नैनीधार व झकांडो, विकास खंड पच्छाद की बनाहघिन्नी व सिरमौरी मन्दिर, विकास खंड राजगढ़ की सैर जगास व करगाणु, विकास खंड संगडाह की ग्राम पंचायत भौण कडियाना व सैंज में भी फोक मीडिया कार्यक्रमों से लोगों को जागरूक किया गया।

6- शिक्षिका के निधन पर विज्ञान अध्यापक संघ जिला सिरमौर ने जताया दुख।

हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ जिला सिरमौर, पूर्व में विज्ञान अध्यापिका और वर्तमान में अंग्रेजी की प्रवक्ता ओमलता गुलाटी की हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से एक दर्दनाक हादसे में आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। ओमलता गुलाटी एक सौम्य, कर्तव्यनिष्ठ , मिलनसार और सदा मुस्कुराने वाली अध्यालिका सदा के लिए इस दुनिया से विदा हो गई। पांवटा शिलाई मार्ग पर बद्रीपुर के नजदीक अध्यापिका को एक  क्रेन ने कुचल दिया। डाक्टरों के द्वारा पीजीआई के लिए  रेफर किया गया था लेकिन  रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रदेश महिला विंग अध्यक्षा शालू परमार, प्रदेश सलाहकार अजय शर्मा,जिला अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा, महासचिव अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, निशिकांत, अजय शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, मंगलेश्वर, निशा बंसल, राजकुमार पराशर, धनंजय सैनी, चत्तर सिंह, सर्वजीत कौर, प्रतिभा पांडे, सुमति शर्मा एवं समस्त जिला कार्यकारिणी शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता है एवं भगवान से प्रार्थना करता है कि  परिवार को इस सदमे से उभरने की शक्ति दे। ओम लता गुलाटी एक सौम्य कर्तव्यनिष्ठ  और सदा मुस्कुराने वाली शिक्षका, विद्यार्थियों मैं  बहुत लोकप्रिय अध्यापिका तथा मिलनसार शख्सियत को काल के ग्रास में शिक्षा जगत से हमेशा के लिए छीन लिया।

7- फर्जी आईटीआई का भंडाफोड़, पुलिस ने गिरफ्तार किया संचालक।

पांवटा साहिब में जय परशुराम एडमकेशन एवम् कल्चरल इंस्टीट्यूट के नाम से चल रही कथित फर्जी आईटीआई पर पुलिस और तकनीकी शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने छात्रों के एडमिशन करते वक्त संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। ये आईटीआई दो साल से पांवटा साहिब के मेन बाजार में चल रही थी। यह कार्रवाई तकनीकी शिक्षा विभाग ने उनको मिली एक शिकायत के आधार पर की। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने कंप्यूटर, मोबाइल, एडमिशन फॉर्म आदि कब्जे में ले लिया। पिछले 2 वर्ष के दौरान इसमें लगभग 200 बच्चों में एडमिशन लिया है जिनका भविष्य अंधकार में चला गया है। बताया जा रहा है कि फर्जी आईटीआई संस्थान में तकनीकी शिक्षा विभाग से कोई भी मान्यता हासिल नहीं की थी जिसका पता तकनीकी शिक्षा विभाग को चल चुका था। तकनीकी शिक्षा विभाग ने इसकी सूचना पहले एसडीएम को दी इसके बाद पुलिस की टीम के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग ने छापेमारी की। इस फर्जी संस्थान ने 200 छात्रों से 20 से 30000 हजार प्रति वर्ष वसूल किए हैं। अब इस फर्जी संचालक से गरीब बच्चों के मां-बाप किस तरह अपना पैसा वापस लाएंगे। इस पर संशय बना हुआ है।और बच्चों के 2 साल भी बर्बाद हुए हैं उससे भी मां-बाप निराश है। उधर, इस बारे थाना प्रभारी पाँवटा साहिब अशोक चौहान ने बताया कि संस्थान के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। उसको कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।


(हिमाचल)

1- सीएम ने ट्रांसगिरि क्षेत्र को एसटी का दर्जा देने के लिए पीएम का किया आभार व्यक्त। 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सिरमौर जिला के ट्रांसगिरि क्षेत्र के लोगों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने ट्रांसगिरि क्षेत्र के लोगों को पड़ोसी राज्य उत्तराखण्ड के लोगों के समान अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करने की चिर लम्बित मांग को पूरा किया है क्योंकि इन क्षेत्रों की संस्कृति और भौगोलिक स्थिति एक-दूसरे से मिलती-जुलती है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से सिरमौर जिले की तीन लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित

होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों की समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं के संवर्द्धन और क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने के पश्चात केन्द्रीय नेतृत्व के समक्ष इस मामले को प्रभावी ढंग से रखा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केन्द्रीय नेतृत्व ने हाटी समुदाय के इस भावनात्मक मुद्दे में विशेष रूचि व्यक्त की थी। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता की उचित मांगों को पूर्ण करने के लिए सदैव तत्पर है और इस मामले को केन्द्र सरकार के समक्ष प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया जिसके सार्थक परिणाम आज सामने आए हैं।

2- पीएम मोदी मंडी से करेंगे PMGSY फेज-3 का शुभारंभ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-3 का शुभारंभ करेंगे। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को इस योजना के तहत 45 नई सड़कों को मंजूरी दी है। इसमें हिमाचल की 250 और इससे अधिक आबादी के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाना है। प्रधानमंत्री का 24 सितंबर को मंडी में दौरा प्रस्तावित है। हिमाचल में दर्जनों गांव ऐसे हैं, जहां सड़क सुविधा नहीं है। प्रदेश के आठ जिलों में बनने वाली इन सड़कों की लंबाई 440 किलोमीटर है। इन पर

422 करोड़ की राशि खर्च होगी। इसके अलावा पहले चरण में दुर्गम और अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों के 15 ब्लॉकों तीसा, भटियात, स्पीति, पूह, छौहारा, पच्छाद, संगराह धर्मपुर, सराज आदि की सड़कों को स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, ग्रामीण मंडियों और ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण-3 के तहत 3,160 किलोमीटर की सड़कों को स्कूलों, कॉलेजों, मंडियों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार ने फेज-3 के तहत 45 सड़कों को मंजूरी दी है। इसमें आठ जिलों को शामिल किया किया गया है। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी।

3- लोगों को विशेष योजनाओं का लाभ मिलेगा एवं अतिरिक्त फंड मिलेगा: कश्यप

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र का दर्जा मिलने से यहां के लोगों को विशेष योजनाओं का लाभ मिलेगा एवं अतिरिक्त फंड मिलेगा, जिससे इस पिछड़े हुए क्षेत्र में विकास की रफ्तार बढ़ाने में मदद मिलेगी। कश्यप ने शिमला में इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करने के लिए प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लगातार इस मामले को फॉलो किया और हमारे केंद्रीय नेतृत्व ने रास्ता दिखाया कि इस राह में आ रही तकनीकी दिक्कतों को कैसे दूर करना है। यह दिखाता है कि हम जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। मुश्किलें आती हैं, उन्हें व्यावहारिक रूप से हल किया जाता है। भाजपा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। 

4- हिमाचल क्या 30 सालों तक देश में नही आने वाली कांग्रेस: सीएम 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में तो क्या आने वाले 30 वर्षों में पूरे देश में अब आने वाली नहीं है और कांग्रेस को लगातार एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिला में अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के बागाचनोगी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी देश में भारत जोड़ों यात्रा पर निकले हुऐ हैं और वहीं दूसरी ओर कांग्रेस

के विधायक कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर निकल कर भाजपा में आ रहे हैं। इस दौरान सीएम ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान सराज में करोड़ों रूपए के उद्धाटन व शिलान्यास भी किए। सीएम ने कहा कि जिस प्रकार से गोवा में कांग्रेस के विधायक कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर निकाल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को भारत जोड़ो यात्रा को छोड़ कांग्रेस पार्टी की सुध लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस के कारनामों से यह पूरे देश में पिछड़ रही है और इस बार प्रदेश की जनता ने भी प्रदेश को कांग्रेस मुक्त बनाने का मन बना लिया है व कांग्रेस के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं।

5- जयराम सरकार सरकारी खर्च पर अपनी चुनावी सभाओं में मस्त: प्रतिभा

हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम सरकार सरकारी खर्च पर अपनी चुनावी सभाओं में मस्त है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। दिनदहाड़े हत्याएं, लूटपाट, मारपीट और महिलाओं के साथ बढ़ते जघन्य अपराधों से देव भूमि शर्मसार हो रही है। अपराधी आते हैं, किसी को भी गोलियों से भून कर बेखौफ  वापस चले जाते हैं। उन्होंने जयराम सरकार पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार की प्रदेश में कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं रह गई है। कानून के रखवाले

भाजपा नेताओं की सुरक्षा में जुटे हैं और अपराधियों को सत्ता पक्ष का पूरा संरक्षण है। प्रतिभा सिंह ने ऊना में कांग्रेस पार्टी के एक पदाधिकारी की दिनदहाड़े गोलियों से निर्मम हत्या पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की पोल खुली है। उन्होंने इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष पुलिस चौकसी बरतने का आग्रह किया है। हाल ही में गग्गल में लोगों को मुख्यमंत्री का काफिला रोककर उन्हें मारपीट के मामले पर अपनी व्यथा सुनानी पड़ी। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि पुलिस अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।

6- सरकार का हस्तक्षेप न होने से सेब के दामों में भारी गिरावट: सिंघा

हिमाचल प्रदेश में माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि सरकार का हस्तक्षेप न होने से सेब के दामों में भारी गिरावट आई है। बागवानों को साल की मेहनत के बाद फसल औने-पौने दाम में बेचनी पड़ रही है। बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सिंघा ने कहा कि सरकार ने बागवानों को दिए जाने वाले अनुदान पर रोक लगा दी है। इसका असर कार्टन और ट्रे की कीमतों पर पड़ा। बारदाना खरीदना बागवानों की पहुंच से बाहर हो गया है। मजबूरी में अपनी उपज निजी कंपनियों को बेचनी पड़ रही है। कंपनियां मालामाल और किसान का शोषण हो रहा है।

सरकार को एपीएमसी के जरिये सेब के दामों को नियंत्रित करना चाहिए था, लेकिन एपीएमसी आढ़तियों से वसूली का जरिया बन गई है। आढ़तियों से खुलेआम पैसा इकट्ठा किया जा रहा है। मंडियों में बोली 1,800 की लगे तो 1,750 पर छूटती है। कोई पूछने वाला नहीं है। विधानसभा में बार-बार बागवानी का मुद्दा उठाया, लेकिन सरकार अनभिज्ञ बनी रही। सरकार और सरकार का तंत्र लूटने वालों के पक्ष में खड़ी है, इसलिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना जरूरी है। शिमला के लिए पानी की व्यवस्था कंपनी को सौंपने के बाद अब सरकार बिजली बोर्ड को डुबाकर बिजली व्यवस्था अडाणी अंबानी के पास गिरवी रखने की तैयारी में है। इसे बचाने के लिए भी आंदोलन होगा।

7- 24 सितंबर को थम सकते हैं निजी बसों के पहिये।

हिमाचल प्रदेश में 24 सितंबर को निजी बसों के पहिये थम सकते हैं। निजी बस चालक-परिचालक यूनियन उनकी मांगों को लेकर की जा रही अनदेखी के खिलाफ प्रदेश स्तरीय हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रही है। 24 सितंबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी दौरे पर आ रहे हैं। इसी दिन निजी बसों का संचालन न होने से प्रदेश के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। हड़ताल की तैयारियों के लिए यूनियन के प्रतिनिधि प्रदेश भ्रमण कर निजी बसों के चालक-परिचालकों के साथ हड़ताल की रणनीति बना रहे हैं। इसी हफ्ते हड़ताल के औपचारिक एलान की तैयारी है।
यूनियन के प्रदेश महासचिव अखिल गुप्ता का कहना है कि बीते 5 सालों से निजी बसों के चालक-परिचालक सरकार से सुरक्षित भविष्य की गारंटी मांग रहे हैं, लेकिन सरकार अनदेखी कर रही है। निजी बसों में सेवाएं दे रहे चालक-परिचालकों की नौकरी की कोई गारंटी नहीं है। यूनियन निजी बसों के अनुभवी चालक-परिचालकों को एचआरटीसी भर्ती में 50 फीसदी कोटे की मांग कर रही है। यूनियन 16 अगस्त को शिमला में एक दिवसीय हड़ताल कर चुकी है। हड़ताल के बावजूद सरकार की ओर से  बातचीत के लिए न बुलाने से यूनियन में नाराजगी है। यूनियन के नेताओं का कहना है कि परिवहन मंत्री महज एचआरटीसी के स्टाफ की मांगों को गंभीरता से ले रहे हैं। निजी बसों के चालक-परिचालकों की अनदेखी कर रहे हैं। 

यह हैं यूनियन की मांगें:- 

एचआरटीसी चालक परिचालक भर्ती में निजी बसों के अनुभवी स्टाफ  को 50 फीसदी कोटा दें। परिवहन विभाग की ओर से आई कार्ड जारी करें। मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। बस स्टैंड में रेस्ट रूम की सुविधा दी जाए। एचआरटीसी और प्राइवेट बसों के लिए ज्वाइंट टाइम टेबल लागू किया जाए। निजी बसों के परिचालकों को अनुदान पर ई-टिकटिंग मशीनें उपलब्ध करवाई जाएं।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एंव जनसम्पर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-