पांवटा मिनी सचिवालय सील....... 14 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

पांवटा मिनी सचिवालय सील.......  14 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा ddnewsportal.com

पांवटा मिनी सचिवालय सील.......

14 अक्तूबर 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

मंहगाई से कांग्रेस का नाता, ब्रिगेडियर ने अकेले नही जिताया, कन्हैया भाजपा का टारगेट, भाजपा का नियंत्रण खत्म, कुल्लू मे देवी-देवता, सातवीं तक कक्षाएं, सिरमौर मे शव यात्रा, कल से धान खरीद, मौसम बदलेगा करवट और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- हेवणा मे विभागों की निकाली शव यात्रा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन। 

शिलाई के हेवणा मे एनएच और प्रशासन के खिलाफ ग्रामीण उग्र हो गये हैं। डंपिंग साईट से हुए नुकसान की अभी तक कोई भरपाई न होने के कारण ग्राम वासियों ने जिला प्रशासन और एनएच की शव यात्रा निकाली और नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का कहना है कि उनके साथ वादा खिलाफी हुई है।

गांव वालों का मलबे से जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई अभी तक नहीं हुई है। जिससे कि लोग बहुत नाराज़ है और सभी अब उग्र होने को तेयार है। इस दौरान संतराम, जगत सिंह, मंगल ठाकुर, भगवान सिंह, सोम फौजी, कुलदीप फौजी, शूरवीर, रघुवीर सिंह, प्रताप सिंह, कर्म ठाकुर, मुकेश कुमार इत्यादि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभाग को शनिवार तक का समय दिया है। यदि तब तक समस्या का समाधान न हुआ तो एनएच बंद करने की चेतावनी दी गई है।

2- मदरसा कादरिया मिस्सरवाला के चुनाव को लेकर पुलिस का कड़ा पहरा।

आज एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब मे मिस्सरवाला स्थित मदरसा कादरिया की संचालन समीति को लेकर चुनावी बैठक आयोजित हुई। इस दौरान मिनी सचिवालय परिसर मे पुलिस का कड़ा पहरा रहा। हालांकि आज सीमित के चुनाव रखे गये थे लेकिन सर्विस पूरी न होने और कुछ दस्तावेजों की कमी के कारण चुनाव टल गये और एसडीएम विवेक महाजन ने अगली तिथि दे दी। संभावना जताई जा रही है कि अब यह चुनाव 25 अक्तूबर को हो

सकते हैं। जानकारी के मुताबिक एसडीएम पांवटा साहिब ने मदरसा कादरिया संचालक समीति के चुनाव के लिए बैठक बुलाई थी। बैठक मे हंगामें के संशय के चलते पुलिस ने पहले ही पहरा कड़ा किया हुआ था और मिनी सचिवालय के सभी रास्ते सीज कर रखें थे ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से समपन्न हो सके। सिर्फ कर्मचारी और अन्य जरूरी काम वालों को आने जाने दिया जा रहा था। इस दौरान यह भी चर्चा रही की मिनी सचिवालय परिसर मे धारा-144 लगाई गई थी लेकिन इसकी पुष्टि नही हुई है। वहीं, बैठक मे कुछ सदस्यों की अनुपस्थिति और दस्तावेजों की कमी के चलते चुनाव फिलहाल स्थगित हो गये। बताया जा दहा है कि सभी सदस्यों तक समन नही पंहुचे थे जिस कारण कुछ अनुपस्थित रहे। एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि सर्विस पूरी न होने और कुछ दस्तावेजों की कमी के कारण चुनाव की अगली डेट दी गई है। 

3- एबीवीपी ने काॅलेज मे समस्याओं को लेकर दिया धरना। 

पांवटा साहिब के डिग्री काॅलेज मे ABVP ने धरना प्रदर्शन किया। परिषद के राज्य कार्यकारिणी सदस्य कुनाल शर्मा के नेतृत्व मे छात्र टायलेट्स के बाहर एकत्रित हुए तथा करीब दो घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान काॅलेज प्रशासन के खिलाफ़ नारेबाजी भी की गई। छात्रों का कहना था कि काॅलेज मे

पिछले एक माह से पानी की समस्या के कारण टायलेट बंद पड़े हैं जिससे छात्र छात्राओं को दिक्कतें आ रही है। छात्रों की मांग के कुछ समय बाद काॅलेज प्रशासन ने पानी की व्यवस्था सुचारु करवाई जिसके बाद धरना खत्म हुआ। प्राचार्या ने बताया कि समस्या का समाधान कर दिया गया है। 

4- सरदार मंजीत सिंह कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग पांवटा के प्रधान।

पांवटा साहिब की शिवपूर पंचायत से तीन बार प्रधान रह चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार मंजीत सिंह को कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग पांवटा साहिब ब्लाॅक का प्रधान नियुक्त किया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने इस बाबत तत्काल प्रभाव से उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किये हैं। पांवटा साहिब के पूर्व विधायक

चौधरी किरनेश जंग और मंडल प्रधान अश्वनी शर्मा ने मंजीत सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान मंजीत सिंह ने कहा कि वह अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए कार्य करेंगे और पार्टी को पांवटा साहिब मे मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल मे अल्पसंख्यक समुदाय की अनदेखी हुई है जिसका जवाब समुदाय के लोग आगामी विधानसभा चुनाव मे भाजपा को जरूर देंगें। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए एचपीसीसी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विभाग के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद, पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग और मंडल प्रधान अश्वनी शर्मा का आभार व्यक्त कर उन्हे भरोसा दिलाया है कि वह पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेंगे। 

5- यमुना मंदिर में मां भगवती का रात्रि जागरण व भंडारा।

नवरात्रि पर्व के दौरान पांवटा साहिब के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर, कन्या पूजन, हवन यज्ञ, जागरण व भंडारे का आयोजन कर मां को मनाया। यमुना नदी के तट पर स्थित सुप्रसिद्ध श्री राधा कृष्ण हनुमान मंदिर/यमुना मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर समीति के अध्यक्ष इंजीनियर शांति स्वरूप गुप्ता द्वारा यह आयोजन किया गया। बुधवार को श्री दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर जागरण का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया तथा जागरण

पार्टी ने महामाई का गुणगान किया। उसके बाद गुरूवार की सुबह श्री राम नवमी के अवसर पर प्रातः हवन यज्ञ व कन्या पूजन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती का प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा नवरात्रि पर्व के दौरान प्रत्येक दिन प्रातः प्रभात फेरी का आयोजन किया गया जिसमें मंदिर से महामाई का झंडा व जोत को विभिन्न श्रद्धालुओं के घर ले जाया गया और वहां पूजा अर्चना के साथ महिला मंडल द्वारा मां भगवती का गुणगान किया गया। श्री राधा कृष्ण हनुमान मंदिर यमुना मंदिर के मुख्य पुजारी सुभाष भट्ट ने बताया कि यह रीत करीब 109 वर्षों से चली आ रही है। पहले उनके दादा फिर पिता और अब वे मंदिर की देखरेख और पूजा अर्चना करते हैं। करीब इतने ही समय से प्रत्येक वर्ष दोनों नवरात्रि पर्वों पर 9 दिन प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाता है और अष्टमी के दिन जागरण और नवमी के दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। मंदिर समीति और नगर वासियों के सहयोग से किए जाने वाले इन आयोजनों में हजारों की तादात में भक्तजन मां भगवती का आशीर्वाद लेने तथा प्रसाद ग्रहण करने भारी संख्या में यहां पहुंचते हैं।

6- धान विक्रय के लिए किसान ऑनलाइन पोर्टल पर करें पंजीकरणः- गौतम

उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सिरमौर जिला के हरिपुर टोहाना व फूड काॅर्पोरेशन आॅफ इंडिया गोदाम कालाअम्ब में धान की फसल विक्रय के लिए मंडी के रूप में अधिसूचित किया गया है जिसके लिए जिला के किसान खरीद पोर्टल www.hpappp.nic.in पर पंजीकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में अभी तक कुल 2420 किसानों ने खरीद पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है। उन्होंने जिला के किसानों से अपील कि की वह धान

विक्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करते समय सम्बन्धित पटवारी तथा कृषि विकास अधिकारी से सम्पर्क करें ताकि ऑनलाइन पंजीकरण में किसी प्रकार असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला के हरिपुर टोहाना व फूड काॅर्पोरेशन आॅफ इंडिया गोदाम कालाअम्ब में 15 अक्तूबर, 2021 से धान की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। उन्होंने बताया कि धान खरीद के लिए मंडियां क्रियाशील हो चुकी है।
वहीं, ऊर्जा मंत्री श्री सुखराम चौधरी कल सुबह 9:00 बजे हरिपुर टोहाना ग्राउंड में पहुंचकर धान खरीद केंद्र का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

7- त्रिलोकपुर में आश्विन नवरात्र के नौवें दिन 3 हजार श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन।

जिला सिरमौर के त्रिलोकुपुर में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुन्दरी मन्दिर में चल रहे आश्विन नवरात्र पर्व के नौवें दिन लगभग 3 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मन्दिर न्यास राम कुमार गौतम

ने बताया कि नौवें दिन माता को लगभग 06 लाख 12 हजार 435 रूपये नगद राशि और 1 किलो 230 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा जारी कोरोना सम्बन्धी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए माता के दर्शन किए।


(हिमाचल)

1- कांग्रेस के समय मे भी कभी खत्म नहीं हुई मंहगाई: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी महंगाई पर लगाम लगाने में सफल होंगे। कांग्रेस के समय में भी कभी महंगाई खत्म नहीं हुई। गुरुवार को मंडी संसदीय क्षेत्र में अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के छतरी में जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी 50 साल तक सत्ता में रही। सारी बेरोजगारी और महंगाई बीते तीन साल में ही नहीं आई है।

उपचुनाव में कांग्रेस के सहानुभूति कार्ड पर उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह आज हमारे बीच में नहीं हैं। हमें इसका दुख है। यदि वो (कांग्रेसी) सहानुभूति की बात कर रहे हैं तो हमने (भाजपा) भी रामस्वरूप शर्मा को खोया है। मंडी में कांग्रेस के लोगों ने मुख्यमंत्री को गाली देने का जो काम किया है, उसके लिए जनता कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की ओर से कारगिल युद्ध को छोटा कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कुशाल ठाकुर ने कारगिल में विजय हासिल की है, उन्हें हम सांसद बनाकर दिल्ली भेजें।  

2- कारगिल युद्ध को ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ने अकेले नहीं जीता: विक्रमादित्य

मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर का सैनिक होने के नाते वह मान-सम्मान करते हैं। लेकिन कारगिल युद्ध को उन्होंने अकेले नहीं

जीता। इस जीत में देश और प्रदेश के हजारों सैनिकों का योगदान रहा है। लेकिन भाजपा सैनिक के नाम पर राजनीति कर रही है। किन्नौर में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के 7 साल और हिमाचल में चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। बावजूद इसके 69 एनएच बनाने की घोषणा अब भी धरातल पर नहीं दिख रही है। लोगों को 1000 रुपये में गैस सिलिंडर लेना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश का सही नेतृत्व नहीं कर पा रहे हैं। मंहगाई से जनता त्रस्त है और भाजपा को सत्ता से हटाने को आतुर है। 

3- वीरभद्र सिंह कन्हैया को हिमाचल की धरती पर पांव नही रखने देते: कश्यप।

हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि वीरभद्र सिंह सच्चे देशभक्त थे। यदि आज वो होते तो कन्हैया कुमार जैसे नेता को प्रदेश मे पांव नही रखने देते। शिमला मे पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कश्यप ने कहा है कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस पार्टी ने उस व्‍यक्ति को अपनी पार्टी में शामिल किया जो देश के टुकड़े-टुकड़े करने वालों का समर्थन करता है। देश को तबाह करने का ख्वाब देखने वाले कन्हैया कुमार को हिमाचल लाकर कांग्रेस ने इस वीरभूमि का अपमान किया है।
उन्होंने कहा हिमाचल मेजर सोमनाथ शर्मा की धरती है, कैप्टन विक्रम बत्रा

की धरती है। आज वे शहीद स्वर्ग से देख रहे होंगे और उन्हें कितना दुख हो रहा होगा। वीरभद्र सिंह जी देशभक्त थे। कश्‍यप के मुताबिक, उन्‍हें यकीन है कि वो आज होते तो कन्हैया कुमार जैसे शख्स को हिमाचल की धरती पर पांव नहीं रखने देते। कांग्रेस में ऐसे लोग शामिल हैं जो अफजल गुरु जैसे आतंकी की बरसी मनाते हैं और देश के खिलाफ विरोधी नारे लगाते हैं । शायद देश के विरोधियों को शह देना कांग्रेस पार्टी की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्टार प्रचारक लिस्ट से स्थानीय नेता गायब हैं, पर भाजपा को अपने स्‍टार प्रचारकों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा जब भारतीय जनता पार्टी ने एक फौजी को सम्मान देकर मंडी लोकसभा सीट से उतारा है तो उस फौजी के खिलाफ प्रचार के लिए कांग्रेस उसी कन्हैया कुमार को ले आई जो फौज और फौजियों को बलात्कारी कहता है। जो 'हर घर से अफजल निकलेगा ' जैसे नारे लगाने वालों को शह देता है।' उस स्टार प्रचार के कदम हिमाचल पर पड़े और कांग्रेस के प्रत्याशी भी रंग बदलने लगे।

5- भाजपा का नही मंहगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण: राठौर

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार का हर चीज से नियंत्रण हट गया है। अब उनके हाथ मे कुछ नही जिस कारण कंपनियाँ मनमर्जी कर आए दिन हर चीज के दाम बढ़ा रही है। धर्मशाला मे पत्रकार वार्ता के दौरान राठौर ने कहा कि भाजपा की यह नीति रही है कि वह प्रदेश के मुद्दों को भटकाती है। भाजपा की हालात अब प्रदेश की जनता भी जान चुकी है। उप-चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को इसका जबाव देगी। उन्होंने कहा कि महंगाई की बात की जाए तो सरकार उस पर कोई कार्रवाई करने एवं नियंत्रित करने की बजाए तर्क देती है कि इस पर सरकार को नियंत्रण नहीं है। सीमेंट, पैट्रोल-डीजल को लेकर सरकार का यही तर्क होता है। अगर सरकार का किसी चीज पर नियंत्रण नहीं है तो भाजपा स्पष्ट करे कि उनका नियंत्रण है किस चीज पर। जिस सरकार को किसी भी

चीज पर नियंत्रण नहीं है तो वो सरकार ही क्यों है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि भाजपा विकास के नाम पर उप-चुनाव में उतर रही है एवं जनता के समक्ष भाजपा सरकार के विकास कार्य लाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार बताए कि पिछले चार सालों में भाजपा सरकार ने कौन से ऐसे चार विकास कार्य किए हैं। प्रदेश सरकार बताए कि पिछले चार सालों में हिमाचल के लिए कौन सी बड़ी योजना लाए, कौन का शैक्षणिक संस्थान या अस्पताल खोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रही है। जनमंच के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों को जनता के समक्ष ले जाकर जलील किया जा रहा है। उप-चुनावों में कांग्रेस के परिवारवाद करने की आरोप लगाए वाली सरकार यह क्यों भूल जाती है कि उनके खुद ही मंत्री व विधायक परिवारवाद की उपज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय खेल व सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर खुद परिवादवार ही उपज हैं।

5- कुल्लू दशहरा- देवी-देवताओं का आगमन शुरू।

देवी-देवताओं का महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय लोकनृत्य कुल्लू दशहरा कल यानि शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। 15 से 21 अक्तूबर तक चलने वाले कुल्लू दशहरे में कोविड नियमों के तहत ही देव संस्कृति के दर्शन हो सकेंगे। सात दिन चलने वाले दशहरा उत्सव में न तो सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और न ही व्यापारिक गतिविधियां और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर देव समागम का शुभारंभ करेंगे उत्सव में सिर्फ देवी-देवताओं के रथ व उनके साथ आए हारियान, देवलू, कारकून व श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को उत्सव में 150 से ज्यादा देवी-देवताओं का भव्य

मिलन देखने को मिलेगा। अपराह्न तीन बजे के बाद हजारों लोग भगवान रघुनाथ का रथ खींचकर पुण्य कमाएंगे। कोरोना काल के बावजूद रथयात्रा को देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित होने की उम्मीद है। भगवान रघुनाथ के साथ माता हिडिंबा, बिजली महादेव सहित दर्जनभर देवी-देवता रथयात्रा में शामिल होंगे। गुरुवार सुबह से देवी-देवताओं का कुल्लू के ढालपुर में पहुंचना शुरू हो गया है। शुक्रवार को रथयात्रा से पहले तमाम देवी-देवता भगवान रघुनाथ के सुल्तानपुर स्थित देवालय में जाकर शीश नवाएंगे। देवी-देवताओं को नजराना नहीं मिलने से इस बार दशहरा पर्व में अपेक्षा से कम संख्या में देवताओं के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि दशहरा समिति ने इस साल रिकॉर्ड 332 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया है। दशहरा उत्सव में शरीक होने से जिला कुल्लू के खराहल, मनाली, सैंज, आनी, निरमंड, बंजार के देवी-देवता कुल्लू पहुंच गए है। दोपहर बाद भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ढोल-नगाड़ों की थाप पर मंदिर से कड़ी सुरक्षा के बीच रथ मैदान तक लाएंगे। अपराह्न करीब चार बजे के आसपास माता भुवनेश्वरी भेखली का इशारा मिलते ही रथयात्रा शुरू होगी। उपायुक्त कुल्लू एवं दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने बताया कि दशहरे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दशहरे में वही लोग शामिल होंगे, जिन्होंने कोरोना से बचाव की दोनों डोज लगवाई हैं। 

6- पांचवीं से सातवीं तक की नियमित ऑफलाइन कक्षाओं पर संशय। 

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अगले सप्ताह से पांचवीं से सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाओं पर संशय बरकरार है। ये कक्षाएं शुरू होने के आसार कम हैं। आठवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की इन दिनों स्कूलों में नियमित कक्षाएं लग रही हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक इन स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामलों की रफ्तार को देखने का फैसला लिया है। कोरोना संक्रमण के मामले अगर कम ही रहते हैं तो इस माह के अंत तक पांचवीं से सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूलों में बुलाने का निर्णय हो सकता है। फिलहाल, इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की ऑनलाइन

पढ़ाई जारी रहेगी। इसकी एक बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है कि प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सरकारी स्कूलों के 38 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित हुए हैं। सबसे अधिक विद्यार्थी मंडी जिला में संक्रमित हुए हैं। मंडी में 14 विद्यार्थी, ऊना में 9, हमीरपुर में 6, कांगड़ा में 5, कुल्लू-लाहौल स्पीति जिला में एक-एक और सोलन में दो विद्यार्थी संक्रमित हुए हैं। हालांकि शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और चंबा जिला में कोई भी विद्यार्थी अभी तक कोरोना संक्रमण की चपेट में नहीं आया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि मंडी जिला में 12वीं कक्षा के 8, 11वीं के दो और 10वीं कक्षा के चार विद्यार्थी संक्रमित हुए हैं। ऊना जिला में आठवीं का एक, 10वीं के तीन, 11वीं के दो और 12वीं कक्षा के तीन विद्यार्थी संक्रमित हुए हैं। सोलन जिला में 11वीं और 12वीं कक्षा के एक-एक विद्यार्थी संक्रमित हुए। 

7- न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ। 

न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मुख्य सचिव रामसुभग सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक राजस्थान के मूल निवासी हैं। इनका जन्म 25 मई, 1960 को हुआ। न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक

ने जयपुर यूनिवर्सिटी से वकालत की डिग्री प्राप्त कर राजस्थान हाईकोर्ट में वकालत की शुरू की। 15 मई, 2006 को इन्हें राजस्थान हाईकोर्ट में जज नियुक्त नियुक्त किया गया। ये दो बार अलग-अलग समय पर राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे हैं। 13 नवंबर, 2019 को न्यायाधीश मोहम्मद रफीक को मेघालय हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। 27 अप्रैल, 2020 को इन्होंने ओडिशा हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला। 3 जनवरी, 2021 को इन्होंने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।

8- मौसम अपडेट- शनिवार से फिर करवट बदलेगा मौसम।

हिमाचल प्रदेश में शनिवार से मौसम फिर करवट बदलेगा। 17 और 18 अक्तूबर को प्रदेश मध्य और उच्च पर्वतीय भागों में भारी बारिश और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। हालांकि शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 16 से 18 अक्तूबर तक प्रदेश के उच्च पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है। आज राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। 

क्राईम/एक्सीडेंट 

1- ई-रिक्शा चालक से 425 नशीली गोलियाँ बरामद। 

एसआईयू नाहन की टीम ने  पांवटा साहिब मे एक ई-रिक्शा चालक से नशीली दवा बरामद की है। आरोपी को टीम ने गिरफ्तार कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक  SIU नाहन की पुलिस टीम गश्त के दौरान बांगरण चौंक पांवटा साहिब में मौजूद थी, तो उसी समय पुलिस टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि देवीनगर, पांवटा साहिब  निवासी एक व्यक्ति ई-रिक्शा चलाने के साथ-2  देवीनगर-पांवटा साहिब सडक पर आते-जाते नशीली गोलियां बेचने का कार्य करता है। जिस पर पुलिस टीम द्वारा देवीनगर रोड, नज़दीक विश्वकर्मा चौंक पर नाकाबंदी की गयी। कुछ ही समय बाद विश्वकर्मा चोक की तरफ से एक आटो ई-रिक्शा न0 HP 02N-0181 देवीनगर रोड नाके पर पहुंचा जिसे पुलिस टीम द्वारा रुकवाकर इसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने उपरोक्त ई-रिक्शा की चालक सीट के निचे बने बक्से के अन्दर से कुल 425 नशीली गोलियाँ बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई। जिस पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब मे नारकोटिक्स ड्रग्स, साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय पांवटा साहिब के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

2- तेज रफ्तारी ट्रेक्टर दुर्घटना मे एक की मौत। 

पांवटा साहिब के नवादा क्षेत्र मे तेज रफ्तारी ट्रेक्टर के दुर्घटना ग्रस्त होने से उसमे सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि चालक ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक़ सुरेश कुमार निवासी गांव नवादा, पांवटा साहिब ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज कारवाई कि शाम के समय वह मोहित सैणी के साथ मोटरसाइकिल पर अपने गांव नवादा से मानपुर देवड़ा की तरफ जाते समय नवादा पुलिया के पास पहुंचा तो इसने देखा कि मानपुर देवडा की तरफ से एक ट्रैक्टर बडी तेज रफ्तारी में नवादा की तरफ आ रहा था। जो अचानक सडक के नीचे बाई तरफ गिर गया। ट्रैक्टर चालक ने ट्रेक्टर के गिरते समय खेत में छंलाग मार दी जबकि उसके साथ बैठा व्यक्ति ट्रैक्टर के नीचे दब गया जिसे यह दोनो ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर सरकारी अस्पताल में ईलाज हेतु ले गये जहां चिकित्सक ने हादसा में घायल व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। जिस पर उपरोक्त ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

3- मोटरसाइकिल दुर्घटना मे सवार दो लोगों को चोटें।

नाहन पुलिस थाने के अंतर्गत दोसडका के पास एक मोटरसाइकिल के दुर्घटना ग्रस्त होने से उसमे सवार दो व्यक्तियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पंकज शर्मा निवासी गांव कून, शम्भुवाला तहसील नाहन ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज कारवाई कि बीती रात यह अपने दोस्त नितिन की मोटर साईकिल पर कालाआम्ब से अपने घर की तरफ आ रहा था तो दोसड़का से थोड़ा आगे शक्ति नगर मोड़ पर इनकी मोटर साईकिल के आगे चल रहे व्यक्ति ने अपने मोटर साईकिल को लापरवाही व तेज रफ्तारी से चलाते हुये अपनी मोटर साईकिल से नियंन्त्रण खो दिया और मोटर साईकिल सहित नीचे गिर गए। जिस कारण मोटर साईकिल सवार दोनों व्यक्तियों को चोटें आई है। जिस पर उपरोक्त मोटर साईकिल चालक के विरुद्ध पुलिस थाना नाहन में मामला पंजीकृत किया गया है।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-