रिपीट को BJP का बड़ा प्लान....... 22 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

रिपीट को BJP का बड़ा प्लान.......  22 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
शिमला: दीपकमल में बैठक के दौरान हिमाचल भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन व अन्य।

रिपीट को BJP का बड़ा प्लान.......

22 जुलाई 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

भाजपा की बड़ी नेत्री कांग्रेस में
सोशल मीडिया भाजपा की ताकत: टंडन
द्रौपदी मुर्मू को CM की बधाई
किसान शहीद स्मारक पर नाॅटी
सीबीएसई के परिणाम में छाया हिमाचल 
मंत्री का एक्स मिनिस्टर को नोटिस
अजय ठाकुर से जवाब तलब
पांचों विस क्षेत्र में होंगे कार्यक्रम: सैजल
शिशु केंद्र अब 100 बेड का: मंत्री 
मनीष तोमर का जवाबी हमला
GST लगाकर छीना गरीब से निवाला: चौहान
नशा तस्कर बांट रहे मौत

सिरमौर जिला में आज 27 मामले और कोविड/सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बुलेटिन।


स्थानीय (सिरमौर)

1- मेडिकल कॉलेज नाहन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र की क्षमता 50 से बढ़ाकर की 100 बेड: डा.सैजल

जिला सिरमौर के नाहन स्थित डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र की क्षमता को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड किया जाएगा। यह निर्णय आज यहाँ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ राजीव सैजल की अध्यक्षता में आयोजित डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन की रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में रोगी कल्याण समिति के कर्मियों की 31 प्रतिशत वेतन वृद्धि तथा डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में लगभग 1 करोड 60 लाख रूपये से आवश्यक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद के अतिरिक्त भवन मुरम्मत एवं रख-रखाव का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है तथा वर्तमान में प्रदेश में 1800 से अधिक चिकित्सक स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं जबकि सरकार द्वारा शीघ्र ही 500 से अधिक डॉक्टरों की तैनाती की जायेगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। उन्होने बताया कि हिमाचल प्रदेश जनसंख्या के आधार पर सबसे अधिक मेडिकल कॉलेज वाला राज्य है। डॉ. सैजल ने बताया कि रोगी कल्याण प्रशासकीय समिति ने वित वर्ष 2022-2023 के लिए 17 करोड़ 44 लाख 96 हजार रूपये का बजट प्रस्तावित किया है, जबकि वित वर्ष 2020-2021 का 6 करोड 72 लाख तथा वित वर्ष 2021-22 के लिए 8 करोड़ 46 लाख रूपये का बजट अनुमोदन किया गया। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर के नाहन में 261 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण कर शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। बैठक से पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने विधायक नाहन डा0 राजीव बिंदल व प्रशासनिक अधिकारियों तथा केन्द्रीय लोक निर्माण के अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज नाहन के निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए बताया कि इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण में कुल 261 करोड़ रूपये व्यय किए जा रहे है जिसमें प्रशासनिक भवन के साथ 300 बेड की क्षमता वाले भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिससे जिला सिरमौर के लोगो को अपने ही जिला के अन्दर स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों को पारदर्शिता गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। इस बैठक में पूर्व

विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नाहन डा0 राजीव बिंदल ने डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की मुख्य समस्याओ से स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन राहत के रूप में खड़ा रहा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने इस मेडिकल कॉलेज में चार कैंसर रोग चिकित्सक नियुक्त किये है और शीघ्र ही यहाँ कैंसर रोगियों का इलाज आरम्भ हो जाएगा। इस बैठक में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश पठानिया, प्रधानाचार्य डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन डॉ श्याम कौशिक, चिकित्सा अधीक्षक एवं सदस्य रोगी कल्याण समिति डॉ. बलराम धीमान, सहायक आयुक्त एवं संयुक्त निदेशक डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन घनश्याम दास शर्मा व मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता के अतिरिक्त समिति के सरकारी व  गैर सरकारी सदस्य भी मौजूद रहे। 

2- प्रदेश के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सिरमौर की पांचो वि0स0 में आयोजित होंगे कार्यक्रम: मंत्री 

हिमाचल प्रदेश की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष पर आगामी अगस्त माह में जिला सिरमौर की पांचो विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले उत्सव समारोह के संबंध में आज यहां बचत भवन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ राजीव सैजल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष पर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है की पूरे प्रदेश में 75 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने तथा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुई विकासात्मक उपलब्धियों को प्रदर्शनियों के माध्यम से दिखाया जाएगा, जिनमें विशेष रूप से स्वास्थ्य, बागवानी, कृषि, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन, जल शक्ति, लोक निर्माण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उद्योग विभाग से संबंधित विकासात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को प्रदेश में 75 वर्षोे के दौरान हुए विकास से अवगत करवाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में केन्द्रीय एवं प्रदेश सरकार के मंत्री शिरकत करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूह, युवा तथा महिला मण्डलों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा, पंचायती राज तथा शहरी निकाय के प्रतिनिधियों का सहयोग विशेष रूप से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए 100 से अधिक नए विकासात्मक कार्यक्रमों की जानकारी भी इस दौरान लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। डॉ सैजल ने कहा कि देश में आजादी के

अमृत महोत्सव के दौरान जिला में 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घरों तथा सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी भावी पीढ़ी, जोकि भारत का भविष्य है, उसे जानकारी हो कि भारत को किस प्रकार आजादी मिली। उन्होंने कहा कि जिन महान विभूतियों ने देश में आजादी की अलख जगाई उनके व्यक्तित्व की जानकारी भी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक पंचायत स्तर तक प्रभात फेरियां निकालकर लोगों को देश भक्ति के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी, विधायक नाहन डॉ राजीव बिंदल, विधायक पच्छाद रीना कश्यप, उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल, अतिरिक्त उपायुक्त मनेश कुमार यादव, सहायक आयुक्त घनश्याम दास शर्मा, अध्यक्ष एपीएमसी रामेश्वर शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, बलवीर चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

3- स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए लगाया जाएगा पैकेजिंग व लेबलिंग यूनिट: एडीसी

जिला सिरमौर के सभी 7 विकास खंडो में स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए पैकेजिंग व लेबलिंग यूनिट स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर मनेश कुमार ने आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत नाहन  विकासखंड के स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला  में  बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दी। उन्होंने बताया कि सभी विकास खंडों में पैकेजिंग और बिलिंग यूनिट के स्थापित होने के बाद स्वयं सहायता समूह के सदस्य हाथों की जगह मशीनों से कार्य करेंगी जिससे उत्पादों के प्रोडक्शन भी बढ़ेंगे और उत्पादों

को  नई पहचान मिलेगी। यूनिट के स्थापना से स्वयं सहायता समूह के उत्पाद मल्टीनेशनल कंपनियों के उत्पादों का मुकाबला कर सकेंगे और उत्पादों की गुणवत्ता भी बड़ेगी और  जिला  में बनाए जा रहे इन उत्पादों को ऑनलाइन नेटवर्किंग जैसे अमेजॉन फ्लिपकार्ट जैसी बड़ी कंपनियों में बेचने के लिए प्लेटफार्म मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फ्रूट प्रोसेसिंग इंटरप्राइजेज और मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की व्यक्तिगत सदस्य को 40000 रुपये फूड प्रोसेसिंग के लिए टूल किट तथा अन्य सामग्री किसके लिए प्राप्त होता है और स्वयं सहायता के रूप में अधिकतम 10 महिलाओं को 40 लाख रुपये तक का फूड प्रोसेसिंग के लिए फंड मिलता है इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 60 लाख तक का लोन महिलाओं को 30 प्रतिशत सब्सिडी के रूप में हिमाचल सरकार द्वारा दिया जा

रहा है। इस अवसर पर प्रोजेक्ट निदेशक विनीत ठाकुर ने उपस्थित स्वयं सहायता समूह को मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वयं सहायता समूह को 2500 स्टार्टअप फंड के रूप में दिया जाता है। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह को 15000 रूपये रिवाल्विंग फंड आजीविका के लिए भी दिया जाता है। इस कार्यशाला में नाहन विकासखंड की 200 से अधिक स्वयं सहायता समूह के 400 से अधिक महिला सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर सहायता समूह की महिलाओं ने पैकेजिंग, लेबलिंग और मार्केटिंग की उचित व्यवस्था ना होने स्वयं सहायता समूह केे फंड का इस्तेमाल न कर पाने और सही समय पर बैंक से सहायता न मिलने बारे अपनी समस्याएं बताई।

4- ज़रूरी खाद्य वस्तुओं पर भी जीएसटी गरीबों को भूखा मारने का काम: प्रदीप 

जिला सिरमौर के मजदूर नेता और भागानी जॉन कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने जरूरी खास वस्तुओं पर जीएसटी लगाने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है। पांवटा साहिब में जारी प्रेस बयान में मजदूर नेता ने कहा कि सरकार ने जो खाद्य पदार्थों पर 5% जीएसटी लगाया है, उसकी वह घोर निंदा करते है। आज आम लोग व मजदूर भाई पहले ही बहुत परेशान हैं। महंगाई में अपने परिवार का पालन पोषण करना बड़ा मुश्किल है और ऊपर से सरकार ने रोजमर्रा जरूरत की चीजों पर जीएसटी लगाकर मजदूर लोगों व आम लोगों के साथ भद्दा मजाक किया है। भाजपा सरकार हमेशा ही मजदूर विरोधी रही है। यह बड़े-बड़े पूंजीपतियों की सरकार है। इसने यह सिद्ध कर दिया है कि गरीब लोगों का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जो यह

जरूरी सामानों पर जीएसटी लगाया है इसको वापस लिया जाए। आज जिस प्रकार भाजपा सरकार में महंगाई चरम सीमा पर है उस हिसाब से पहले ही गरीब लोग दो वक्त की रोटी नहीं खा सकते। ऊपर से यह जीएसटी लगा दी। सरकार कोई एक बड़ी उपलब्धि गरीब लोगों के लिए बोल दे जो इन्होंने दी हो और जिससे इनके खानपान अच्छा हो। सरकार गरीब लोगों की व मजदूरों की तरफ देखकर यह निर्णय वापस लें। क्योंकि आप लोगों को हर सुविधा मिल रही है फ्री में तो आप लोगों को इसका एहसास नहीं होगा। परंतु एक आम आदमी बहुत बुरी तरह फंसा हुआ है कि वह किस प्रकार अपने परिवार का पालन पोषण करें।

5- अनिल सैनी महिला मोर्चा तो हितेंद्र कुमार अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रभारी। 

भारतीय जनता पार्टी पांवटा साहिब मंडल ने मोर्चा को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से और मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को मोर्चा के प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसमें अनिल सैनी जिला उपाध्यक्ष भाजपा को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। हितेंद्र कुमार मंडल महामंत्री को अल्पसंख्यक मोर्चा, राकेश मेहरारलू मंडल महामंत्री को ओबीसी मोर्चा, देवराज चौहान

मंडल महामंत्री को एससी मोर्चा, विनोद चौधरी मंडल सचिव को किसान मोर्चा तथा रोहित चौधरी मंडल मीडिया प्रभारी को युवा मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां मंडल प्रधान अरविंद गुप्ता ने तत्काल प्रभाव से करते हुए बताया कि उन्हें विश्वास है कि इन नियुक्तियों से मंडल के समस्त मोर्चे सुदृढ़ होंगे, साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी अग्रिम भूमिका निभाएंगे।

6- द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर भाजपा पांवटा ने बांटे लड्डू।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के भारत का 15वां राष्ट्रपति बनने पर भाजपा मंडल पाँवटा ने मण्डल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता की अध्यक्षता में पाँवटा मुख्य बाजार में रैली निकाल जश्न मनाया। इस दौरान जन-मानस

को लड्डू वितरित कर खुशी व्यक्त की। इस दौरान मण्डल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपति जैसे देश के सर्वोच्च पद पर पहली बार बतौर एक आदिवासी महिला का पहुंचना भाजपा के अंत्योदय के अटल संकल्प को साकार करता है। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल सैनी, मण्डल उपाध्यक्ष राकेश मेहरालु, मण्डल महामंत्री सोमनाथ, पवन चौधरी, चरणजीत चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

7- टिकट के दावेदार मनीष तोमर ने भेजा मंडल को नोटिस का जवाब।

भाजपा में विधानसभा टिकट की दावेदारी करने के बाद मंडल भाजपा द्वारा जारी नोटिस पर पूर्व मंडल महामंत्री मनीष तोमर ने जवाब दे दिया है। उन्होंने अपने जवाब में मंडल प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया में वायरल जवाबी नोटिस में मनीष तोमर ने मंडल अध्यक्ष को उल्टे पार्टी की नीति व नियमों का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि वह व्यक्ति विशेष को टारगेट कर कार्रवाई कर रहे है। जबकि उनकी खुद की कार्यप्रणाली संदेहास्पद रही है। मनीष तोमर ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद पावंटा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए उन्होंने काम किया, जिस के चलते पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। मनीष तोमर ने जवाबी नोटिस में कहा है कि आपके द्वारा मुझे दिनांक 16/07/2022 को कारण बताओ नोटिस/पत्र प्राप्त हुआ। जिसमें मुझ पर पार्टी व संगठन से टिकट मांगने की एवज में जो आरोप लगाये हैं वो निश्चित रूप से एक व्यक्ति विशेष के लिए टिकट आवंटन के समय कोई व्यवधान पैदा न हो इसलिए घमंड से ओत-प्रोत भाषा का प्रयोग करते हुए यह पत्र/नोटिस भेजा गया है। जबकि भाजपा के संविधान के अनुसार टिकट मांगने का अधिकार प्रत्येक सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता का होता है। दूसरा आपका चुनाव बतौर मण्डल अध्यक्ष ही विवादास्पद व संदेहजनक

रहा है। आपकी भाषाशैली व तानाशाहीपूर्ण व्यवहार आम कार्यकर्ता को पार्टी से दूर करता जा रहा है। जबकि भाजपा के संविधान के अनुसार टिकट मांगने का अधिकार प्रत्येक सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता का होता है। दूसरा आपका चुनाव बतौर मण्डल अध्यक्ष ही विवादास्पद व संदेहजनक रहा है। आपकी भाषाशैली व तानाशाहीपूर्ण व्यवहार आम कार्यकर्ता को पार्टी से दूर करता जा रहा है। जवाबी नोटिस में कहा गया है कि आपको भाजपा संगठन की परिभाषा का भी शायद ज्ञान नहीं है, क्योंकि आपने तो पार्टी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री एवं प्रांत संगठन मंत्री पवन राणा को भी अपशब्द कहकर सम्बोधन किया था जो जग जाहीर है।
अध्यक्ष जी, आपने पार्टी के सम्मानित पद पर होते हुए भी पार्टी द्वारा घोषित नगर पालिका के चुनाव में कांग्रेसी परिवार के प्रत्याशी को चुनाव में जिताने के लिए पार्टी के प्रत्याशी को हरवाने में अहम भूमिका निभाई थी। जिसकी वजह से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। मान्यवर, अच्छा होता की हम जैसे निष्ठावान कार्यकर्ताओं पर प्रश्नचिन्ह लगाने से पहले आप स्वयं संघठन का ज्ञान हासिल करे, जो की पार्टी व संगठन के हित में होगा। मनीष तोमर ने कहा कि जनसम्पर्क के लिए जनता के बीच मे जाऊँ। हमारी स्थानीय भाषा मे ऊपर शब्द का अभिप्राय गिरिपार की आंजभोज क्षेत्र से है, आपको हमारी भाषा का पूर्ण ज्ञान नहीं है। क्योंकि आप मूलतः सढौरा (हरियाणा) से विस्थापित होकर आये हैं। आपकी व नेतृत्व की ज़िम्मेदारी बनती है कि पार्टी को पांवटा में मजबूत करे या फिर संजय राऊत बन कर पार्टी को पांवटा मे हाशिये पर लेकर जाना है। जवाबी नोटिस की प्रति मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सरकार शिमला, संगठन महामंत्री हिमाचल प्रांत-शिमला व जिला अध्यक्ष भाजपा सिरमौर नाहन को भी प्रेषित की गई है।

8- 23 जुलाई को इन 12 स्थानों पर लगाया जाएगा बूस्टर डोज।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 से अधिक आयु वर्ग को 23 जुलाई 2022 को 12 स्थानों पर इस महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई 2022 को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, उप स्वास्थ्य केंद्र कोटरी ब्यास गुलाबगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरोग बनेड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र तारूवाला बद्रीपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरऊ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोज्जर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर देवड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कफोटा शिल्ला, उप स्वास्थ्य केंद्र सेनवाला, उप स्वास्थ्य केंद्र गिरिनगर, मोबाइल टीम पांवटा साहिब इन सभी केन्द्रों में कॉविड -19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों को कॉविड -19 टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र  टीकाकरण  स्थल पर लाना अनिवार्य होगा।

(हिमाचल)

1- भाजपा महिला मोर्चा की नेता इंदु वर्मा ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में शामिल।

हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की नेता इंदु वर्मा ने कांग्रेस में शामिल होकर भाजपा को झटका दे दिया है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को नई दिल्ली में उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी मौजूद रहे। इंदु भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य भी थीं। इससे पहले पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष खीमी राम शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता हासिल की थी। इंदु वर्मा के पति स्वर्गीय राकेश वर्मा शिमला जिले के ठियोग से तीन बार भाजपा से

विधायक रहे हैं, जिनका 2020 में निधन हो गया था। इंदु वर्मा महासू जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के अलावा दो बार ठियोग में अलग-अलग वार्डों से जिला परिषद की सदस्य रही हैं। शुक्ला ने कहा कि प्रदेश भाजपा में लगातार भगदड़ के हालात बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार कांग्रेस सरकार बनाएगी। राज्य के लोग महंगाई, बेरोजगारी को लेकर नाराज हैं। भाजपा की सरकार ने पांच साल सिर्फ फीता काटने का काम किया है। राज्य के चार प्रतिशत लोगों की भागीदारी सेनाओं में है, उनमें अग्निपथ योजना को लेकर नाराजगी है। कांग्रेस 27 जुलाई से धर्मशाला से रोजगार की लड़ाई के लिए युवा रोजगार यात्रा निकालने जा रही है। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर वह पुरानी पेंशन योजना बहाल करेंगे।

2- भाजपा जीत के लिए सोशल मीडिया के अस्त्रों का करेगी इस्तेमाल: टंडन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत के लिए सोशल मीडिया के अस्त्रों का इस्तेमाल करेगी। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने सोशल मीडिया हैंडल की पहुंच बढ़ाने के टिप्स दिए हैं। टंडन ने कहा कि भाजपा ने राज्य में 7,000 से अधिक बूथों पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए हैं और उन्होंने सात लाख लोगों का डाटाबेस तैयार किया है, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे।भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में भाजपा सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग की समीक्षा बैठक ली। इसमें भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य भी मौजूद रहीं। इसकी अध्यक्षता सोशल मीडिया हेड पुनीत शर्मा और आईटी हेड अनिल डढवाल ने की। इन दोनों विभागों की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। संजय टंडन ने पार्टी से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल की पहुंच बढ़ाने के टिप्स दिए, जिससे भाजपा जन-जन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर पार्टी के कामकाज में सुधार के लिए प्रभाव विश्लेषण करेंगे, आम जनता के दृष्टिकोण को समझना काफी महत्वपूर्ण है। 
संजय टंडन ने कहा कि प्रदेश भाजपा लुक एंड फील एनालिसिस पर भी काम कर रही है, जो सोशल मीडिया को बेहतर आउटलुक देगा। उन्होंने तय किया है कि वह स्किप एंड मीट की रणनीति पर काम करेंगे। इसमें प्रदेश का एक पदाधिकारी मंडल स्तर पर और जिले के पदाधिकारी बूथ स्तर पर बैठक करेंगे। 

3- AAP ने कोटगढ़ पुलिस फायरिंग के शहीद किये याद।

आम आदमी पार्टी किसान विंग द्वारा आज 22 जुलाई को पूरे हिमाचल प्रदेश में किसान बागवान अधिकार संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। 22 जुलाई 1990 को कोटगढ़ में पुलिस फायरिंग में मारे गए बागवान शहीद गोविंद सिंह, हीरा सिंह और ताराचंद की यादगार स्मारक पर किसान विंग इकाई के प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह नॉटी की अगुवाई में आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। सर्वप्रथम शहीदों की यादगार पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया गया और शहीद गोविंद सिंह की धर्मपत्नी सीता देवी को शॉल टोपी देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत वहीं पर शहीदों के आत्मिक शांति और उनके बलिदान के प्रति नतमस्तक होते हुए शांति हवन किया गया। इसके साथ ही उस समय के चश्मदीद आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया जिसमें तत्कालीन पंचायत प्रधान देवराज शर्मा भी शामिल रहे। इस मौके पर अनिन्द्र सिंह नाॅटी ने कहा कि आम आदमी पार्टी बहुत गंभीरता के साथ हिमाचल प्रदेश में किसानों बागवानों की प्रगति के रास्ते पर काम कर रही है और पार्टी का यह मानना है के शहीदों के संघर्ष और बलिदान को भुलाकर आगे नहीं बढ़ा जा सकता इसीलिए आज कोटगढ़ में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर

शहीदों के परिजनों ने साफ शब्दों में कहा कि पिछले 32 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की दोनों सरकारों ने उनको पूरी तरह से भुला दिया है और किसी ने आज तक शहीद स्मारक पर आना भी उचित नहीं समझा और अब जब आम आदमी पार्टी ने यह बीड़ा उठाया तब कहीं जाकर यह पार्टियां अपनी लंबी नींद से जागी हैं। शहीदों उनके परिवारों और आंदोलनकारियों को आज तक इंसाफ नहीं मिला जिसके लिए दोनों रिवायती पार्टी बराबर दोषी हैं। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान स्वर्ण चंद भारद्वाज, थानेदार पंचायत के प्रधान संदीप सहित अनेक पंचायती राज प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए 

4- CBSE जमा दो रिजल्ट: हिमाचल प्रदेश का परीक्षा परिणाम 92.03 फीसदी।

सीबीएसई ने बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश का परीक्षा परिणाम 92.03 फीसदी रहा है। प्रदेश से सीबीएसई बारहवीं कक्षा की परीक्षा के लिए 10706 विद्यार्थियों ने पंजीकरण किया था। 10678 विद्यार्थी परीक्षा में अपीयर हुए। इनमें 5855 लड़के और 482 लड़कियां शामिल हैं। 9827 विद्यार्थियों ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें 5255 लड़के और 4572 लड़कियां शामिल हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र 89.75 प्रतिशत और 94.80 प्रतिशत छात्राएं हैं। परिणाम में बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी है।

5- मुख्यमंत्री ने प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति चुनने पर द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति चुने जाने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी पृष्ठभूमि से सम्बन्धित तथा भारत की सबसे कम उम्र की महिला राष्ट्रपति बन कर इतिहास रच दिया है। जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि द्रौपदी मुर्मू अपनी दूरदर्शी सोच और अनुभव से भारतीय संविधान के संरक्षक के रूप में उत्कृष्ट कार्य करेंगी।

6- वर्तमान मंत्री ने पूर्व मंत्री को भेजा लीगल नोटिस, जानियें वजह...

हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशु पालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री ठाकुर राम लाल को लीगल नोटिस भेजा है और उन्हें 30 दिनों में माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कंवर ने मानहानी का दावा अदालत में दायर करने की चेतावनी भी दी है। ऊना जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में राम लाल इसलिए आरोप लगा रहे हैं क्योंकि उन्हें कांग्रेस में तवज्जो नहीं मिली है। कंवर ने कहा कि मेरी तरह ठाकुर रामलाल भी जांच के लिए तैयार हों और अदालत में शपथ पत्र दायर करें और अपनी सरकारों में किए अपने क्रियाकलापों की भी जांच करवाएं। कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में गत साढ़े 4 वर्षों के कार्यकाल के दौरान पशु पालन विभाग तथा गौ सेवा आयोग ने बेहतरीन कार्य किया है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र को

बिलासपुर से कुटलैहड़ ले जाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कोठीपुरा की जमीन एम्स के नाम स्थानांतरित होने के उपरांत इसके लिए अन्यत्र भूमि तलाश की जा रही है तथा भूमि उपलब्ध होने पर शीघ्र ही राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र की स्थापना की जाएगी। कंवर ने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में स्थापित गौसदनों तथा गौ-अभ्यारण्यों का ऑडिट करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट गौ सेवा आयोग की वैबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी, ताकि कुल प्राप्तियों तथा व्यय की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति हासिल कर सके। गोर ही कि कुछ दिन पूर्व ठाकुर लामलाल ने वीरेन्द्र कंवर को हिमाचल प्रदेश का लालू कहा था। 

आरोपों में सत्यता नहीं तो घबरा क्यों रहे मंत्री : रामलाल

उधर, विधायक एवं कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रबंधन समिति के राज्य अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने कहा कि यदि मत्स्य पालन व पशु पालन विभाग में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है तो संबंधित मंत्री अपने आपको निर्दोष साबित करने के लिए निष्पक्ष जांच के लिए प्रस्तुत करें ताकि सारी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा लगाए गए आरोपों में यदि सत्यता नहीं है तो फिर मंत्री क्यों घबरा रहे हैं। यदि वर्तमान सरकार ने मेरे द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के आदेश नहीं दिए तो कांग्रेस पार्टी की सरकार आने पर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी ताकि दोषियों को सजा मिल सके। 

7- अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर से जवाब तलब।

राज्य कबड्डी एसोसिएशन और स्टार खिलाड़ी अजय ठाकुर के बीच शुरू हुए विवाद पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को तलब किया है। सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस पर दोनों पक्षों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। हिमाचल प्रदेश का दुनिया भर में नाम चमकाने वाले कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर इन दिनों कबड्डी एसोसिएशन के खिलाफ मुखर हैं। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों में

सार्वजनिक बयानबाजी की जगह विभाग के समक्ष अपनी बात रखने को कहा गया है। मामले की जांच शुरू करने के लिए सरकार से मंजूरी मांगी जाएगी। अजय ठाकुर के आरोपों को रजिस्ट्रार कोआपरेटिव सोसायटी से भी अवगत कराया गया है। एसोसिएशन सोसायटी एक्ट के तहत आती है। गोर हो कि अजय ठाकुर ने कबड्डी एसोसिएशन पर खिलाडियों के चयन को लेकर धांधली के आरोप लगाये थे और हिमाचल टीम की कप्तानी छोड़ दी। जिसके बाद विवाद और गहरा गया। 

8- नशा तस्कर चिट्टे के साथ बांट रहे मौत।

नशा तस्कर चिट्टा (हेरोइन) में दर्द निवारक दवाओं का मिश्रण कर युवाओं को मौत दे रहे हैं। मुनाफे के चक्कर में चिट्टा में पैरासिटामोल सहित अन्य दवाइयों का मिश्रण कर उसकी मात्रा को बढ़ाया जा रहा है। इससे मुनाफे के साथ पकड़े जाने पर रिपोर्ट में नशे की मात्रा भी कम आंकी जाती है। इसके बाद नशे की शुद्ध खेप मिलने पर इसका सेवन युवाओं की मौत का कारण बन रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्रीय फोरेंसिक साइंस लैब नॉर्थ जोन धर्मशाला के पास 15 से 20 मामले ऐसे सामने आए हैं, जिनमें चिट्टे की जांच के दौरान इसमें दर्द निवारक दवाइयों का मिश्रण मिला है। जांच के दौरान खुलासा हुआ है कई बार नशीले पदार्थ में इस मिश्रण की मात्रा जहां कम है, वहीं कई बार इसकी मात्रा अधिक रही है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की मानें तो जब कोई व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो वह दर्द भूलकर राहत महसूस करता है। दूसरी ओर, राहत पहुंचाने का कार्य दर्द निवारक दवाइयां भी करती हैं, जिन्हें नशीले पदार्थ में मिलाने के बाद वह भी नशे जैसा ही अनुभव नशा करने वाले युवाओं को मुहैया करवाती हैं। 

कैसे हो रही मौत-

दर्द निवारक दवाइयां युक्त नशीले पदार्थ की मात्रा युवा तय करते हैं कि उन्हें किस मात्रा तक अच्छा महसूस हो रहा है। वह अकसर इसी मात्रा का प्रयोग कर उसका सेवन कर रहे हैं। जिस दिन नशा करने वाले युवाओं के हाथ शुद्ध नशा लग रहा है, उस दौरान इससे अनजान व्यक्ति उसी मात्रा में नशीले पदार्थ का सेवन कर रहा है। शुद्ध नशा होने के कारण व्यक्ति की ओवरडोज से मौत हो रही है।
उधर, डिप्टी डायरेक्टर, आरएफएसएल नॉर्थ जोन, धर्मशाला डॉ. मीनाक्षी महाजन ने कहा कि क्षेत्रीय फोरेंसिक साइंस लैब नॉर्थ जोन धर्मशाला में जांच के दौरान कई मामले ऐसे सामने आए हैं, जिनमें नशीले पदार्थ चिट्टा सहित अन्य में दर्द निवारक दवाइयों का मिश्रण मिला है।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-