अटल टनल मे गुफ्तगू....... 24 जून 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com

अटल टनल मे गुफ्तगू.......  24 जून 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com
फोटो: अटल टनल रोहतांग मे किसी मुद्दे पर लेकर चर्चा करते केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।

अटल टनल मे गुप्तगू......

24 जून 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

ऐसी दुल्हन से बच के, 6155 करोड़ रूपये की सौगात, दिल्ली दूर नही रहेगा, साढ़े तीन वर्षों में 997 प्रोजेक्ट, जमीर की कीमत 40 हजार, ऊर्जा विभाग मे भर्तियां, राठौर का हमला, सचिव-जीआरएस संभल के, हिमाचल अव्वल, डीसी सिरमौर की ज्वायनिंग, युवा कांग्रेस का हल्ला और....... कोविड/सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बुलेटिन।


(हिमाचल)

1- प्रदेश को 6155 करोड़ रूपये की सौगात, नितिन गड़करी ने किये सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास।

केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की उपस्थिति में कुल्लू जिला के मनाली से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के लिए 6155 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण किए व आधारशिलाएं रखीं। केन्द्रीय मंत्री ने 1303 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 39.14 किलोमीटर लम्बे एनएच-22 (नया एनएच-05) के परवाणु-सोलन सेक्शन के फोर लेन का लोकार्पण किया। उन्होंने 1323 करोड़ रुपये की लागत से 18.13 किलोमीटर लम्बे

एनएच-88 (नया एनएच-303, 503) कांगड़ा बाईपास-भंगबार सेक्शन के फोर लेन के निर्माण, 2098 करोड़ रुपये की लागत से 47.75 किलोमीटर लम्बे एनएच-21 (नए एनएच-205,154) कीरतपुर-नेरचैक (ग्रीनफील्ड संरेखण) के फोर लेन के निर्माण, 273 करोड़ रुपये की लागत से 25 किलोमीटर लम्बे एनएच-707 (ग्रीन नेशनल हाईवे काॅरिडोर प्रोजेक्ट) पांवटा साहिब-हेवना के फोर लेन/टू लेन के निर्माण, 243 करोड़ रुपये की लागत से 25 किलोमीटर लम्बे एनएच-707 (ग्रीन नेशनल हाईवे काॅरिडोर प्रोजेक्ट) हेवना-अशयारी के टू लेन के निर्माण, 346 करोड़ रुपये की लागत से 25 किलोमीटर लम्बे एनएच-707 (ग्रीन नेशनल हाईवे काॅरिडोर प्रोजेक्ट) के अशयारी-श्री क्यारी सेक्शन के टू लेन/इंटरमीडिएट लेन के निर्माण, 349 करोड़ रुपये की लागत से 19.9 किलोमीटर लम्बे एनएच-707 (ग्रीन नेशनल हाईवे काॅरिडोर प्रोजेक्ट) श्री क्यारी-गुम्मा सेक्शन के इंटरमीडिएट लेन के उन्नयन, 126 करोड़ रुपये की लागत से 8.65 किलोमीटर लम्बे एनएच-707 (ग्रीन नेशनल हाईवे काॅरिडोर प्रोजेक्ट) गुम्मा-फेडिज सेक्शन के इंटरमीडिएट लेन के उन्नयन और 94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जाने वाली 12.71 किलोमीटर लम्बी पांवटा-राजबन-शिलाई-मीनस-हाटकोटी सड़क एनएच-707 के टू लेन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखीं।

केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वास्तव में देश का सबसे सुन्दर राज्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के समग्र विकास के लिए सड़कें अति-आवश्यक होती हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए भी सड़कें बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में दिल्ली से कुल्लू तक यात्रा समय घटकर सात घंटे रह जाएगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिन सड़कों का आज उन्होंने शिलान्यास किया है उन्हें निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा।नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को इस वर्ष 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि 40 किलोमीटर लम्बी लेफ्ट बैंक मनाली सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अति शीघ्र तैयार कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार परिवहन के वैकल्पिक साधनों, जैसे केबल कार इत्यादि के निर्माण के अलावा राज्य में सड़क सम्पर्क को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार को हर सम्भव सहायता प्रदान करेगी।

2- साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के लिए 997 परियोजनाएं स्वीकृत करने में सफल- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण सड़कें प्रदेश में यातायात का एक मात्र साधन हैं, इसलिए सड़क सम्पर्क सुदृढ़ बनाना राजनीतिक नेतृत्व और आम जनता का महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि

50 वर्ष पूर्व भी राज्य के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाई.एस. परमार ने राज्य की विकासात्मक प्राथमिकताओं को तीन शब्दों सड़क, सड़क और सड़क में परिभाषित किया था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लगभग 40 हजार किलोमीटर लम्बी सड़कें हैं, लेकिन पहाड़ी राज्य होने के कारण अभी भी बहुत कुछ करना शेष है। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों को आमंत्रित और आकर्षित करने के लिए बेहतर सड़क सुविधा होना अत्यन्त आवश्यक है।
जय राम ठाकुर ने राज्य के लिए 6155 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखने और समर्पित करने के लिए केन्द्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार ने केन्द्र से गत लगभग साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के लिए 997 परियोजनाएं स्वीकृत करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान भाजपा सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा 261 गांवों को सड़क सुविधा प्रदान करने की तुलना में 305 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान इतनी अवधि में केवल 145 पुलों और 1585 किलोमीटर सड़का का निर्माण किया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इस अवधि के दौरान 216 पुलों और 2951 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया है। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से मनाली शहर के लिए लेफ्ट बैंक सड़क की डब्बल लेनिंग और भूबो जोत टनल के निर्माण का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश भाग्यशाली है कि केन्द्र में नितिन गडकरी जैसे दूरदर्शी नेता हैं, जिन्हें प्रतिबद्धता और नवाचार के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की परिकल्पना है, जिसके कारण राज्य की सड़क अधोसंरचना सुदृढ़ हो पाई है।

3- दो हजार करोड़ रूपये की सड़क परियोजनाओं के कार्य पूर्ण- जनरल सिंह

केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 2000 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं के

कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 7000 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान राज्य उल्लेखनीय प्रगति करेगा और देश का माॅडल राज्य बन कर उभरेगा।

4- देश ने सड़क अधोसंरचना विकास में अभूतपूर्व प्रगति- अनुराग

केन्द्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि देश ने सड़क अधोसंरचना विकास में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री राज्य में सड़क सम्पर्क को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश को अवश्य ही परियोजनाएं

प्रदान करेंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्यिों का स्वागत किया। उन्होंने राज्य के लिए करोड़ों रुपये लागत की सड़क परियोजनाएं समर्पित करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रस्तावित 8 नई सड़क परियोजनाओं और परवाणु-सोलन फोरलेन सेक्शन पर बनाई गई एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री डाॅ. राम लाल मारकण्डा, सांसद किशन कपूर और इंदु गोस्वामी, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, जवाहर ठाकुर, बलबीर वर्मा और राजेश ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और जे.सी. शर्मा, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, प्रधान सचिव लोक निर्माण शुभाशीष पांडा और राष्ट्रीय उच्चमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी उपस्थित थे, जबकि सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद, विधायक, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी कार्यक्रम में वर्चुअली माध्यम से शामिल हुए।

5- बनेगा काॅरिडोर- दिल्ली से मनाली के लिए लगेंगे मात्र 7 घंटे।

हिमाचल प्रदेश आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मनाली से दिल्ली के लिए सिर्फ 7 घंटे का सफर होगा। इसके लिए दिल्ली से लुधियाना तक कॉरिडोर बनाया जाएगा। लुधियाना से रूपनगर (रोपड़) तक भी कॉरिडोर

का निर्माण किया जाएगा। रोपड़ से मनाली तक फोरलेन का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए एक साल में 15 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे। हिमाचल पहाड़ी राज्य होने के चलते सरकार को रोप-वे पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। गडकरी ने कहा कि जलोड़ी टनल का काम पाइप लाइन में है। उन्होंने कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक रोड को भी डबल लेन बनाने की मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ अटल टनल का भी निरीक्षण किया और डीआरडीओ के कार्य की सराहना की।

6- पटवारी 40 हजार रूपये रिश्वत लेते विजिलेंस ने दबोचा।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक पटवारी को विजिलेंस ने 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी

कारवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिले के झंडूता विस क्षेत्र के झबोला के पटवारी ने दसलेहड़ा के एक व्यक्ति से जमीन की रजिस्टरी की सेटलमेंट करवाने के एवज से 50 हजार रुपये मांगे थे। 40 हजार में सौदा तय हुआ था। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी विजिलेंस को दी। वीरवार को विजिलेंस की टीम ने पटवारी को 40 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। 

7- ऊर्जा विभाग मे निकली भर्तियां, भरे जायेंगे 40 पद।

हिमाचल प्रदेश ऊर्जा विभाग मे भर्तियां होनी है। विभाग में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन में 27 और पावर कॉरपोरेशन में 13 पद भरे जाएंगे। राज्य लोक सेवा आयोग ने विभिन्न श्रेणियों 40 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 जुलाई रखी गई है। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड में असिस्टेंट इंजीनियर इलेक्ट्रिकल  के 20 पद भरे जाएंगे। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री होना अनिवार्य है। पावर कॉरपोरेशन में असिस्टेंट ऑफिसर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पर्सनल के 2 पद भरे जाएंगे। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर एचआर में एमबीए की डिग्री होना अनिवार्य है। पावर कॉरपोरेशन में असिस्टेंट ऑफिसर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी फाइनेंस के भी 2 पद भरे जाएंगे। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर फाइनेंस में एमबीए या सीए या एमकॉम या आईसीडब्ल्यू की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं, पावर कॉरपोरेशन में असिस्टेंट ऑफिसर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी लॉ का एक पद भरा जाएगा। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर लॉ में स्नातक डिग्री और दो वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है। पावर कॉरपोरेशन में असिस्टेंट इंजीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी इलेक्ट्रिकल के 8 पद भरे जाएंगे। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर इलेक्ट्रिकल में बीटेक या एमटेक डिग्री होना अनिवार्य है। ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन में असिस्टेंट इंजीनियर सिविल के सात भरे जाएंगे। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री होना अनिवार्य है।

8- मुख्यमंत्री का नही अधिकारियों पर नियंत्रण- राठौर।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का अधिकारियो पर नियंत्रण नही है। इसी का नतीजा कुल्लू घटनाक्रम है। राठौर ने कुल्लू में पुलिस अफसरों के बीच हुई मारपीट और प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्य सचिव के साथ एक मंत्री के दुर्व्यवहार की

निंदा की है। उन्होंने कहा है कि कानून के रखवाले ही जब खुलेआम एक दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगें तो कानून व्यवस्था से लोगों का विश्वास उठना लाजिमी है। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री का अपने इन अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने एक मंत्री के सरकार के मुख्य सचिव के साथ मंत्रिमंडल की बैठक में दुर्व्यवहार की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि इस घटना ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और अफसरशाही के साथ सरकार के बिगड़ते संबंधों की पूरी पोल खोल दी है और प्रदेश इन दोनों घटनाओं से शर्मसार हुआ है। मुख्यमंत्री के सामने इस प्रकार की घटना होना किसी की भी पुलिस  सुरक्षा को खुली चुनौती है। प्रदेशाध्यक्ष ने मंत्रिमंडल की बैठक में एक मंत्री के मुख्य सचिव के साथ दुर्व्यवहार करने पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि अधिकारियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या अपमान सहन नहीं किया जा सकता। मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष एक मंत्री ने मुख्य सचिव का अपमान करना निंदनीय है। 

9- नपेंगे काम न करने वाले पंचायत सचिव और जीआरएस।

हिमाचल प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने विभाग को काम न करने वाले पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सेवकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कई जिलों से पंचायत सचिवों के विरुद्ध दायित्व का सही ढंग से निर्वहन न करने और काम न करने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। विभाग ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करेगा।

मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंचायतों में आधारभूत ढांचा सुदृढ़ करना तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धन है। इसे जनता की सेवा और उन्हें सुविधाएं देने के लिए खर्च करना जरूरी है। लापरवाह कर्मचारियों की कमियों का नतीजा आम लोगों को भुगतने नहीं दिया जाएगा। विभाग काम न करने वाले कर्मचारियों की जल्द सूची तैयार करेगा। उसके बाद उनके विरुद्ध निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।

10- तेजी से पासपोर्ट सत्यापन मे हिमाचल नंबर वन।

तेजी से पुलिस पासपोर्ट सत्यापन रिपोर्ट के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस देश में नंबर वन स्थान पर पहुंच गई है। इस स्थान पर हिमाचल के साथ आंध्र प्रदेश, हरियाणा और तेलंगाना भी पहले पायदान पर रहे हैं। सभी राज्य पासपोर्ट का सत्यापन पांच दिन के भीतर कर रहे हैं। इसके लिए हिमाचल

समेत सभी राज्यों को सम्मानित किया गया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि वीरवार को केंद्रीय विदेश मामले मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने हिमाचल प्रदेश पुलिस को इस उपलब्धि के लिए पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर पर बधाई दी। डीजीपी ने बताया कि 2020 में पासपोर्ट सत्यापन औसतन पचास दिन में होता था लेकिन अब इसे चौबीस घंटे में करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस वित्त वर्ष में हर हाल में सभी पासपोर्ट सत्यापन चौबीस घंटे के भीतर ही किए जाएंगे। यह यह भी बता दें कि कार्यभार संभालने के बाद डीजीपी ने महिला सुरक्षा के साथ पासपोर्ट सत्यापन की अवधि को घटाने के लिए जोर देना शुरू किया था। हर सोमवार को वह हर जिले के एसपी से ऑनलाइन होने वाली बैठक में लंबित पासपोर्ट सत्यापन और निस्तारित रिपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से जवाब तलब करते हैं। गोर हो कि हिमाचल प्रदेश पुलिस हर साल पचास हजार पासपोर्ट सत्यापन रिपोर्ट जारी करती है।

स्थानीय (सिरमौर)

1- आरके गौतम ने संभाला उपायुक्त सिरमौर का कार्यभार।

हाल ही मे जिला सिरमौर के उपायुक्त पद पर तैनात किए गये भारतीय प्रशासनिक सेवा 2014 बैच के अधिकारी आरके गौतम ने जिला मुख्यालय नाहन मे अपना कार्यभार संभाल लिया है। आरके गौतम इससे पूर्व खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के निदेशक पद पर तैनात थे। आरके

गौतम ने इससे पहले बतौर एसडीएम डोडरा क्वार और सुंदरनगर सहित एडीसी शिमला, प्रबंध निदेशक हथकरघा निगम, निदेशक शहरी विकास और कार्यकारी निदेशक बिजली बोर्ड जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी है। आरके गौतम सुजानपुर विधानसभा के टोणी देवी क्षेत्र के ग्रामीण अंचल से संबंध रखते हैं। कठिन परिश्रम से उन्होंने आज ये मुकाम हासिल किया है। उनके पदभार ग्रहण करते ही उन्हे बधाई देने वालों का तांता लगना शुरू हो गया है। 

2- सेवा भावना- बुजुर्ग महिला की मदद को 40 किलोमीटर दूर पंहुचा रोटरी पांवटा। 

रोटरी क्लब पांवटा साहिब समाजसेवा मे बेहतरीन कार्य कर रहा है। इस सेवा मे एक और नया कार्य जुड़ गया है। क्लब द्वारा एक जरूरतमंद 60 वर्षिय वृद्ध  महिला मस्तो देवी धर्मपत्नी जालम सिंह गांव कांसर  बिरला बायला में व्हीलचेयर उनके निवास स्थान पर उनकी जरूरत को देखते हुए प्रदान की गई। क्लब की सेवा भावना तो देखिये कि महिला की मदद करने को पांवटा

साहिब से 40 किलोमीटर दूर पंहुचे खये। इस दौरान कच्ची सड़क और पैदल रास्ता तय कर पदाधिकारी महिला के घर पंहुचे और उसे ये मदद प्रदान की। रोटरी प्रेजिडेंट अरविंद्र सिंह मारवाह ने कहा कि कुछ समय से मस्तो देवी बीमार होने की वजह से वजह से चलने फिरने में असमर्थ थी। उनकी जरूरत को देखते हुए रोटरी क्लब पांवटा साहिब के सदस्यों द्वारा उनके गांव कांसर दुर्गम क्षेत्र पैदल पहुंचकर उनके घर पर यह व्हीलचेयर उन्हें प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि रोटेरियन दमन कोहली और रोटेरियन राकेश गर्ग भी उनके साथ दुर्गम रास्ता तय कर महिला के घर आए। उन्होंने कहा कि महिला को दवा या अन्य उपचार की जरूरत होगी तो उसमे भी रोटरी पांवटा मदद करेगा। महिला के परिजनों ने इस मदद के लिए रोटरी पांवटा का आभार प्रकट किया।

3- Galaxy ITI 24 छात्रों को निशुल्क देगी कंप्यूटर ऑपरेटर की शिक्षा।

पांवटा साहिब शहर की जानी मानी निजी Galaxy आईटीआई मे गरीब परिवारों के बच्चों के लिए 24 सीटें निशुल्क की गई हैं। इसमे बच्चों को कंप्यूटर ऑपरेटर की शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसमे कोरोना काल मे अपने माता-पिता खो चुके बच्चों सहित गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को यह सुविधा

उपलब्ध करवाई जा रही है। संस्थान के चेयरमैन/निदेशक राजेन्द्र नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि निजी Galaxy आईटीआई हीरपूर पांवटा साहिब मे NCUT द्वारा मान्यता प्राप्त कंप्यूटर ऑपरेटर कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किये जाते हैं। संस्थान द्वारा निर्धन और असहाय छात्र छात्राओं के लिए 24 सीटों को निशुल्क भरा जाना है। विशेष रूप से निर्धन छात्र छात्राओं जो कि BPL, भूमिहीन और SC/ST/OBC/IRDP/Single Girl Child के लिए और कोरोना काल मे अपने माता-पिता खो चुके बच्चों के लिए यह सुविधा निशुल्क है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 30 जुलाई तक आवेदन पंजीकृत किये जा रहे हैं इसलिए इच्छुक उपरोक्त कैटिगरी के डक्यूमेंट के साथ पंजीकरण करवाने आएं। यह आवेदन 2021-2022 बैच के लिए लिये जायेंगे। इसमे न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड से दसवीं पास है। सीटें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर भरी जाएगी। अधिक जानकारी लेने के लिए संस्थान मे आ सकते हैं।

4- शिलाई मे युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन।

कार्तिक तोमर/शिलाई- सिरमौर प्रभारी आलोक चौहान के नेतृत्व में आज शिलाई युवा कांग्रेस द्वारा शिलाई में पेट्रोल और डीजल के दामों को लेकर धरना दिया गया और बढ़ती मंहगाई और केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमे विशेष रूप से शिलाई ब्लॉक कॉंग्रेस

कमेटी अध्यक्ष सीताराम शर्मा मौजूद रहे। यह प्रदर्शन सिरमौर जिला प्रभारी आलोक चौहान, जिला सिरमौर युवा कॉंग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जालटा, शिलाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय सरकार व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध कर प्रदर्शन किया। युवा नेताओं ने कहा कि भाजपा की सरकार मे मंहगाई आसमान छू रही है। अनेकों राज्य मे पेट्रोल के दाम 100 रूपये प्रति लीटर पार कर गये हैं और बचे खुचे प्रदेशों मे 100 रूपये पर पंहुचने वाले हैं। ऐसे मे आम आदमी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। लेकिन भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें सोई पड़ी है। इस प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव अतर कपूर, पूर्व शिलाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष कंवर ठाकुर, संजीव पुंडीर, प्रमोद कुमार, बलदेव सिंह , सचिन शर्मा, प्रकाश राणा, सिरमौर युवा कांग्रेस सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर टिंकु, पंकज सिंगटा, नगीन शर्मा, जगपाल चौहान, विजय सिंह, विपुल शर्मा जिला सिरमौर NSUI अध्यक्ष, रविंदर ठाकुर लाधी ज़ोन अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।


क्राइम/एक्सीडेंट 

5- पहले शादी फिर लूटपाट कर गायब होती थी दुल्हन।

झूठी शादियां करके लोगों से पैसा ऐंठने के लिए धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।

पांवटा साहिब पुलिस ने झूठी शादियां करके लोगों से पैसा ऐंठने के लिए धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह मे लड़की पहले शादी करके पैसे ऐंठती थी और फिर जेवर और पैसे लेकर रफूचक्कर हो जाती। पुलिस थाना पांवटा साहिब मे हरियाणा के एक पीड़ित निवासी गांव पीपलीवाला, तहसील बिलासपुर, यमुनानगर, हरियाणा में पुलिस थाना पांवटा

साहिब में शिकायत दर्ज करवाई कि इसके जानकार दो व्यक्तियों पृथी सिंह निवासी ग्राम बिहटा, बिलासपुर, हरियाणा तथा ऋषि पाल निवासी ग्राम मंगलोर, बिलासपुर, हरियाणा ने इससे संपर्क करके कहा कि इनकी हिमाचल में रिश्तेदारी है और यह लोग इसकी शादी हिमाचल में करवा सकते हैं। जिस पर इसने शादी के लिए हां कर दी। गत 10 फरवरी को उपरोक्त दोनों आरोपी शिकायतकर्ता को माजरा लेकर आए और वहां पर उसको अनीता तथा रतन सिंह से उनके घर पर मिलवाया तथा शादी के बारे में बातचीत की। आरोपी रतन सिंह ने शिकायतकर्ता को लड़की से मिलवाया और बताया कि यह उसके ताऊ की बेटी है। इसके माता की मृत्यु हो गई है इस कारण लड़की व उसका भाई पिछले 7-8 सालों से इनके पास ही रहते हैं। साथ ही बताया कि लड़की के माता पिता की कुछ देनदारिया भी हैं जिसे शिकायतकर्ता को चुकाना होगा। 14 फरवरी को इन दोनों की शादी की बात पक्की हो गई और 20 मार्च को उपरोक्त सभी आरोपियों ने मिलकर उनकी शादी सिक्ख रीति रिवाज के अनुसार गुरुद्वारा पांवटा साहिब में करवा दी। उसी दिन होटल ग्रैंड रिवेरा में एक पार्टी भी आयोजित की गई। पार्टी के दौरान आरोपी ने आशा के माता पिता का कर्ज चुकाने के लिए शिकायतकर्ता से पैसे भी मांगे जिस पर उसने वहीं पर अनीता व रतन सिंह को 1,50,000 रूपये दे दिए। उसके बाद 14 अप्रैल को रात के समय करीब 2/2:30 बजे उसकी पत्नी उसके द्वारा दिए गए सारे जेवरात है तथा उसका मोबाइल फोन लेकर घर से फरार हो गई। उसे बहुत तलाशा गया पर वह नहीं मिली। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में रतन सिंह व अनिता से भी पूछताछ की लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उपरोक्त सभी आरोपी आपस में मिलकर नाम पता बदल कर शादी करके लोगों से पैसे ऐंठने का धंधा करते हैं। लड़की का असली नाम शीला देवी पुत्री हीरा सिंह निवासी कांडो हरियास, तहसील रेणुका जी है। उपरोक्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला पंजीकृत कर मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले में शीला तथा अनिता को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। जबकि अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में छानबीन के दौरान यह भी पता चला है शीला ने इसी प्रकार पहले भी 3 शादियां की है और उसके विरुद्ध पुलिस थाना चंडी मंदिर में भी मामला दर्ज है। जिसमे वह एक वर्ष का कारावास भी काट चुकी है। एसपी सिरमौर खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

6- फेसबुक मेसेंजर से अश्लील पोस्ट पर दो के खिलाफ मामला दर्ज।

24 जून को NCRB दिल्ली द्वारा प्राप्त रिपोर्ट में अलग-2 तिथियों को अलग व्यक्तियों द्धारा Facebook, Messenger के माध्यम से अपनी-2 facebook ID से Child Pornography से सम्बन्धित अश्लील post Share करनी पाई गई है। जिसमें राजकुमार साडा निवासी विशनुपुर माली बेलदोर तहसील व जिला बेगुसराये खगरीया बिहार वर्तमान निवासी बद्रीपुर पांवटा साहिब जिला सिरमौर तथा सुरजीत कुमार निवासी उमारा तहसील मोतीपुर जिला खेरी उतर प्रदेश हाल निवासी गौंदपुर तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर द्वारा अपने facebook messenger के माध्यम से Child Pornography से सम्बन्धित post भेजनी पाई गई है। जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरूद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में धारा 67B IT ACT तथा 294 IPC के अंतर्गत अलग अलग मामले पंजिकृत करके मामलों में आगमी अन्वेषण जारी है।

7- कार के पेड़ से टकराने मामले मे महिला की मौत।

बलराज निवासी गांव मेलियों, माजरा, ने पुलिस थाना माजरा थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि दिनाँक 23.06.21 को समय 2:20 बजे दिन जब यह अपनी NH-7 पर स्थित अपनी दुकान के बाहर बैठा था तो उसी समय पांवटा साहिब की तरफ से एक कार ( न0 इसने HP17F-6366) बड़ी तेज गति से आई और अपनी साईड से विपरीत दिशा में आकर इसकी दुकान के साथ सड़क किनारे सीरस के पेड़ से टकरा गई। जिस पर यह दौड़कर घटना स्थल पर पहुँचा तो इसने देखा कि कार में चालक सहित तीन व्यक्ति सवार थे जिनमें दो महिलाऐं थी। जिनको काफी चोटे लगी थी। जिनकों इसने अन्य लोगों की मदद से कार से बाहर निकालकर 108 के माध्यम से पांवटा साहिब अस्पताल में उपचार हेतू भेजा। जहां अस्पताल में दौराने ईलाज के दौरान मीता देवी को चिकित्सा अधिकारी ने मृत घोषित कर दिया। जिस पर उपरोक्त कार चालक सुरजभान के विरुद्ध पुलिस थाना माजरा में मामला पंजीकृत किया जाकर मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। एसपी सिरमौर खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन- 

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-