Himachal News: केंद्र से हिमाचल को 180 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी ddnewsportal.com

Himachal News: केंद्र से हिमाचल को 180 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: अमित शाह, गृह मंत्री, भारत सरकार।

Himachal News: केंद्र से हिमाचल को 180 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी

हिमाचल प्रदेश को बेरहम बरसात के दिए जख्म भरने को केंद्र सरकार ने मलहम के तौर पर मदद भेजी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को 180 करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उक्त धनराशि प्राप्त होने के बाद सरकार सबसे बड़े लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग को दस-दस करोड़ की धनराशि आवंटित की है, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की हालत सुधारी जा सके। इसके अतिरिक्त भारी वर्षा के कारण पेयजल योजनाओं में टूटी पाइपलाइनों को ठीक किया जा सके।


प्रदेश में मानसून की भारी वर्षा के कारण अप्रत्याशित नुकसान पहुंचा है। सरकार ने आरंभिक अनुमान के तहत चार हजार करोड़ से अधिक का नुकसान होने की जानकारी दी है। ये नुकसान विभागों से प्राप्त होने वाली नुकसान की रिपोर्ट के बाद बहुत अधिक बढ़ भी सकता है। राज्य में मानसून की वर्षा शुरू होने के दो-तीन दिनों के भीतर राज्य सरकार ने सभी जिला उपायुक्तों को 75 करोड़ की धनराशि जारी की थी। ताकि किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में राहत कार्यों के लिए तुरंत धनराशि जारी की जा सके।


15वें वित्तायोग की ओर से मंजूर की गई राज्य के लिए सालाना 360 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है और हर वर्ष मानसून शुरू होने के दौरान जुलाई माह में केंद्र पहली किश्त के तहत धनराशि जारी करना है। दूसरी किश्त दिसंबर माह में सर्दियां शुरू होते ही मिलती है।
बता दें कि मानसून की वर्षा से छह साल के दौरान हुआ नुकसान हर वर्ष मानसून की भारी वर्षा के कारण सरकार के सबसे बड़े दो विभागों को भारी नुकसान पहुंचता है। लेकिन मदद के तौर पर बहुत कम धनराशि प्राप्त होती है।
उधर, इस बारे प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा, हमारे प्रदेश में हर साल आठ सौ करोड़ से लेकर दो हजार करोड़ तक का नुकसान होता है। लेकिन केंद्र सरकार से राहत कार्यां और पुर्ननिर्माण के लिए बहुत कम धनराशि प्राप्त होती है। इस समय राज्य अभूतपूर्व संकट की स्थिति से गुजर रहा है और सरकार को ऐसे समय में तुरंत चार हजार करोड़ की आर्थिक सहायता चाहिए।