हिमाचल: डिपुओं के राशन को लेकर सरकार का बड़ा फैसला ddnewsportal.com

हिमाचल: डिपुओं के राशन को लेकर सरकार का बड़ा फैसला  ddnewsportal.com

हिमाचल: राशन के डिपुओं को लेकर सरकार का एक और बड़ा फैसला

सुक्खू सरकार में प्रदेश के साढ़े 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब...

राशन के डिपुओं को लेकर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने फिर एक निर्णय लिया है। दो दिन पूर्व ही यह फैसला हुआ था कि अब अंगूठे के निशान से नही बल्कि आंखों की स्केनिंग से राशन मिलेगा। अब फिर एक और निर्णय आम जनता से जुड़ा लिया गया है। हिमाचल के साढ़े 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब डिपुओं में और अधिक पौष्टिक खाद्य तेल मिलेगा। तेल को फोर्टिफाइड कर इसमें विटामिन-ए और डी पौष्टिक तत्व मिलाए गए हैं। लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की सुक्खू सरकार ने यह फैसला लिया है। अभी लोगों को आयरन, फोलिक एसिड युक्त आटा दिया जा रहा है। अब पौष्टिक तत्व युक्त तेल की सप्लाई शुरू कर दी गई है। राशनकार्ड उपभोक्ताओं को पहले से ही आयरन और आयोडीन युक्त नमक उपलब्ध कराया जा रहा है। हिमाचल सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर तीन दालें (मलका, माश और दाल चना), दो लीटर तेल (रिफाइंड और सरसों), चीनी और नमक उपलब्ध कराया जा रहा है।

आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर दे रही हैं। माह के पहले सप्ताह डिपुओं में राशन की सप्लाई भेजी जाती है। 20 तारीख तक उपभोक्ताओं को डिपुओं में राशन लेना होता है। खाद्य आपूर्ति विभाग का मानना है कि लोगों का स्वास्थ्य ठीक रहे, इसके चलते डिपुओं में पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग के संयुक्त निदेशक रविंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। कहा कि लोगों के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।