हिमाचल: यहां कार हादसे में जिंदा जले दो लोग... ddnewsportal.com

हिमाचल: यहां कार हादसे में जिंदा जले दो लोग...  ddnewsportal.com
Demo Pic

हिमाचल: कार हादसे में जिंदा जले दो लोग

एक छिटक कर गिरा बाहर गंभीर, पुलिस जुटी जांच में

हिमाचल प्रदेश में फिर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। राज्य के जिला मंडी के पधर क्षेत्र के दमले गांव में हादसे का शिकार होने के बाद कार में आग लग गई। हादसे में दो लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के समय वह वाहन से छिटक कर बाहर गिर गया था। घायल को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। 
हादसा बीती बुधवार रात को करीब 11:15 बजे हुआ। उधर, दोनों मृतकों के शवों का जोगिंद्रनगर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। हादसे का कारण तेजरफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पधर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:15 बजे तीन लोग पधर में लेंटर डालकर कार से दमेला जा रहे थे। दमेला के पास चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद वाहन सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गिर गया। हादसे के समय पदम सिंह पुत्र दौलत रात निवासी चाह कार से छिटक कर बाहर गिर गया। हादसे में पदम सिंह गंभीर रूप से घायल है। चालक चुनी लाल पुत्र सुरेंद्र निवासी सजेहड़ और भवान सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी सजेहड़ कार के साथ नीचे गिर गए। सड़क से नीचे गिरते ही कार में आग लग गई और दोनों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हालांकि, गंभीर रूप से घायल पदम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को कार से निकालने की कोशिश की, लेकिन दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और घायल और शवों को निकाला। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मामला तेज रफ्तारी से गाड़ी चलाने का लग रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।