HP Govt. News: हिमाचल सरकार फिर लेगी कर्ज, पढ़ें इस बार कितना लोन उठाएगी गवर्नमेंट... ddnewsportal.com

HP Govt. News: हिमाचल सरकार फिर लेगी कर्ज, पढ़ें इस बार कितना लोन उठाएगी गवर्नमेंट...
कर्ज के सहारे चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार फिर से लोन लेगी। इस बार सुक्खू सरकार 800 करोड़ रुपए कर्ज लेने जा रही है। कर्ज की यह राशि 20 वर्ष की अवधि के लिए ली जाएगी। इसके लिए नीलामी प्रक्रिया 3 जून को पूरी की जाएगी और 4 जून को राशि सरकारी कोष में जमा हो जाएगी। सरकार को कर्ज की यह राशि 4 जून, 2045 को लौटानी होगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मौजूदा वित्तीय वर्ष, 2025-26 के पहले महीने में सरकार ने 900 करोड़ रुपए कर्ज लिया था। इसके बाद फिर से सरकार की तरफ से 2 अलग-अलग मदों में 1300 करोड़ रुपए कर्ज लिया गया।
सरकार की तरफ से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तुत बजट के अनुसार पूर्व भाजपा सरकार की तरफ से 31 मार्च, 2023 तक राज्य पर 76,185 करोड़ रुपए का कर्ज विरासत में मिला था। इसके बाद वर्तमान सरकार ने अब तक 29,046 करोड़ रुपए कर्ज लिया है। इसमें से 12,266 करोड़ रुपए सरकार को ब्याज के भुगतान पर व्यय करने पड़े तथा 8693 करोड़ रुपए विकास कार्यों पर व्यय हुए। इन आंकड़ों के आधार पर हिमाचल प्रदेश पर अब 98,875 करोड़ रुपए कर्ज चढ़ जाएगा।