Paonta Sahib: ऐतिहासिक होला मोहल्ला को राज्य स्तरीय दर्जा देने की मांग, उद्योग मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल ddnewsportal.com
Paonta Sahib: ऐतिहासिक होला मोहल्ला को राज्य स्तरीय दर्जा देने की मांग, उद्योग मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब प्रबंधक कमेटी ने हिमाचल प्रदेश सरकार से पांवटा साहिब में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक होला मोहल्ला मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने की मांग की है। इस संबंध में कमेटी की ओर से उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को एक ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पांवटा साहिब का होला मोहल्ला मेला हर वर्ष बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस मेले का आयोजन स्थानीय प्रशासन, गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब प्रबंधन तथा स्थानीय निवासियों के सहयोग से किया जाता है। मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और गुरु की नगरी पांवटा साहिब की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत से रूबरू होते हैं।

प्रबंधक कमेटी ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज ने अपने जीवन के लगभग साढ़े चार वर्ष पांवटा साहिब की पवित्र धरती पर बिताए थे। यहीं पर गुरु साहिब ने अनेक ऐतिहासिक कार्य किए और उनके बड़े पुत्र साहिबजादा अजीत सिंह जी का जन्म भी पांवटा साहिब में हुआ था।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने जीवन का पहला युद्ध भी पांवटा साहिब में लड़ा और विजय प्राप्त की थी। इसी ऐतिहासिक महत्व के कारण होला मोहल्ला मेला जिला सिरमौर के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में से एक माना जाता है।

गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब प्रबंधक कमेटी ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि मेले के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इसे राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान किया जाए, जिससे क्षेत्र के पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके।कमेटी ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।