Shillai News: शिलाई काॅलेज की तीन वरिष्ठ विंग एनसीसी कैडेट्स ने किया क्षेत्र का नाम रोशन ddnewsportal.com
Shillai News: शिलाई काॅलेज की तीन वरिष्ठ विंग एनसीसी कैडेट्स ने किया क्षेत्र का नाम रोशन
गिरिपार क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय शिलाई की तीन वरिष्ठ विंग (एसडब्ल्यू) एनसीसी कैडेट्स ने 13 जून से 20 जून तक जेपी यूनिवर्सिटी, वाकनाघाट (सोलन) में आयोजित पीएचएचपी एंड सी ट्रेकिंग कैंप-2 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। इस शिविर का आयोजन 1 एचपी गर्ल्स बटालियन, सोलन द्वारा किया गया था।

इस अखिल भारतीय ट्रेकिंग शिविर में देश के विभिन्न राज्यों एवं निदेशालयों से आए एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर के दौरान सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं साहसिक गतिविधियों सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
राजकीय महाविद्यालय शिलाई की कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पुरस्कार अपने नाम किए। समूह नृत्य प्रतियोगिता में पीएचएचपी एंड सी निदेशालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में कैडेट आराधना तोमर एवं कैडेट अनुष्का ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए टीम का नेतृत्व किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में कैडेट कौशल्या ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं संस्कृत एकल गीत प्रतियोगिता में कैडेट अनुष्का ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मधुर प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कैडेट्स की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों से राजकीय महाविद्यालय शिलाई का गौरव बढ़ा है। महाविद्यालय प्रशासन, एनसीसी अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने कैडेट्स को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।