Paonta Sahib: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष, नगर एकत्रीकरण एवं पथ संचलन का आयोजन ddnewsportal.com

Paonta Sahib: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष, नगर एकत्रीकरण एवं पथ संचलन का आयोजन  ddnewsportal.com

Paonta Sahib: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष, नगर एकत्रीकरण एवं पथ संचलन का आयोजन, अनुशासन और समरसता का संदेश

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पांवटा साहिब नगर द्वारा 02 अक्तूबर 2025 को संघ शताब्दी वर्ष एवं विजयदशमी के उपलक्ष्य में नगर एकत्रीकरण एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर पांवटा साहिब परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, एकत्रीकरण और शस्त्र पूजन से हुआ जिसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासनपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों का पथ संचलन निकाला गया जिसमें स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया और संघ के प्रति अपना गौरव एवं सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर 378 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में तथा समाज से 120 से अधिक बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उपरांत भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.विश्वजीत बंसल रिटायर्ड प्रधानाचार्य राजकीय कॉलेज, पांवटा साहिब रहें। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र प्रचारक प्रमुख बनवीर उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वजीत बंसल ने कहा कि संघ के कार्य में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान अवश्य देना चाहिए। उन्होंने संघ की समाज उत्थान और राष्ट्रीय एकता में भूमिका की भी सराहना की।

अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता बनवीर सिंह ने कहा कि संघ ने 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा विजयादशमी के दिन स्थापना के बाद तीन बार प्रतिबंधों का सामना किया, किंतु निरंतर सेवा और संस्कारों की शक्ति के बल पर संघ आज राष्ट्र निर्माण की धुरी बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारें देश को सशक्त नहीं बनातीं, बल्कि संस्कार ही राष्ट्र को महान बनाते हैं। संघ का मूल कार्य शाखा है और शाखा से ही समाजोपयोगी चरित्रवान व्यक्ति तैयार होते हैं। 

मुख्य वक्ता ने कहा कि आज पश्चिमी सभ्यता की कुरीतियाँ हमारे समाज में घर कर रही हैं, जिसके कारण परिवारों में बुजुर्गों की उपेक्षा बढ़ रही है। संघ अपने शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ते हुए “पंच परिवर्तन”—कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और स्वदेशी—के लक्ष्य पर कार्यरत है।

कार्यक्रम के उपरांत सरस्वती विद्या मंदिर पांवटा साहिब से प्रारंभ होकर शिव मंदिर धर्मशाला, बद्रीपुर तक भव्य पथ संचलन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और संगठन शक्ति का परिचय दिया। इस अवसर मा. नगर संघचालक अरुण कुमार, विभाग प्रचारक अनिल कुमार, जिला प्रचारक नंद किशोर, नगर कार्यवाह हेमन्त इत्यादि उपस्थित रहे।