हिमाचल: यहां 22 दिन बाद झाड़ियों में मिला शव ddnewsportal.com

हिमाचल: यहां 22 दिन बाद झाड़ियों में मिला शव  ddnewsportal.com

हिमाचल: यहां 22 दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

फरार दो दोस्तों पर है हत्या का शक, पुलिस जुटी जांच में

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में पिछले 22 दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक 37 वर्षीय प्रवासी मजदूर है। जिसकी हत्या होने का शक है। इसका शव झाड़ियों में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि 22 दिन पहले वह अपने जिन 2 दोस्तों के साथ घर से घूमने निकला था, वे दोनों ही फरार हैं। मामला औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ से सामने आया है। वहीं मृतक व्यक्ति नालागढ़ के तहत बेला मंदिर में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। उसका शव मगनपुरा में

स्थित एक फार्मेसी कॉलेज के पीछे झाड़ियों में मिला है। मृतक मजदूर के शरीर पर गहरी चोटों के निशान हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह 2 अन्य दोस्तों के साथ गया था। उसके दोनों दोस्त भी अभी तक फरार हैं। उन्होंने शक जाहिर किया है कि उन दोनों दोस्तों ने ही उसकी गला घोंट कर हत्या की है। परिजनों का आरोप है कि मृतक व्यक्ति के खाते से पैसे साथ गए दोनों दोस्तों के खाते में ट्रांसफर हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।