दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंहुचेंगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ddnewsportal.com

दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंहुचेंगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश।

राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव आज से

दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंहुचेंगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, समापन करेंगे ऊर्जा मंत्री

राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव पाँवटा साहिब में आज से शुरू हो रहा है। प्रशासन ने आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। महोत्सव का शुभारंभ आज शाम को जहां डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम करेंगे वहीं दूसरी सांस्कृतिक संध्या में शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पंहुचेंगे। समापन पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक पांवटा साहिब नगर परिषद मैदान में इस बार राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव 7 से 9 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। 
एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि इस बार भी शरद महोत्सव बड़ी धूमधाम से मानाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दिवस शुक्रवार 7 अक्टूबर को भजन संध्या एवं मां यमुना जी की आरती की जाएगी जिसके बाद मुख्य अतिथि उपायुक्त सिरमौर द्वारा मेला परिसर में लगाई प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर संस्कृत संध्या का शुभारंभ किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि 7 अक्तूबर को पहली संस्कृत संध्या का मुख्य आकर्षण हारमोनी ऑफ द पाइन्स पुलिस बैंड होगा। इसके अलावा हाटी समुदाय का आदिकालीन नृत्य भी किया जाएगा। आठ अक्तूबर को दूसरी संध्या में इस दौरान शाम को भजन संध्या एवं यमुना आरती यमुना तट पर की जाएगी। इसके अलावा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन संस्कृत कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण पंजाबी सिंगर शिवजोत संधु अपने गानों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। 
महोत्सव के अंतिम दिन वाई पॉइंट से लेकर यमुना तट तक एक शोभायात्रा निकाली जाएगी व यमुना घाट को दीपमाला से सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीसरे दिन सांस्कृतिक  संध्या का मुख्य आकर्षण कृष्ण लीला पर थिएटर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुति रहेगी। उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी जिसमें फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, हॉकी, टेबलटेनिस आदि शामिल रहेंगे।