मंत्री को ये क्या बोल गये विक्रमादित्य....... 05 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

मंत्री को ये क्या बोल गये विक्रमादित्य.......  05 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com
फोटो: विक्रमादित्य सिंह, विधायक, शिमला ग्रामीण।

मंत्री को ये क्या बोल गये विक्रमादित्य.......

05 फरवरी 2022- पांवटा साहिब से आज का खबरनामा 

फैक्ट्री का लाइसेंस सस्पेंड, 
राजधानी का जनजीवन, 
लोनिवि डिविजन का उद्घाटन 
झूठ बोलने मे माहिर कौल: जयराम
अब भारद्वाज का समय गया: विक्रमादित्य 
कुल्लू मे जय श्री राम के नारे
कुचल डाला सिक्योरिटी गार्ड 
सिरमौर के गांवों मे अंधेरा कायम 
पद्मश्री बाबा का सिरमौर के विकास में बड़ा योगदान: कश्यप
एक वोट से जीत

सिरमौर में आज 39 और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)


स्थानीय (सिरमौर)

1- 300 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद, अंधेरे में सैंकड़ों गांव।

हिमाचल प्रदेश में दो दिनों तक हुई बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजधानी शिमला मे तो युद्ध स्तर पर काम हो रहा है लेकिन प्रदेश के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अभी भी संकट से जूझ रहे हैं। इसी तरह सिरमौर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालत खराब बने हुए है। दो दिन हो गये हैं लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं को बहाल नही किया जा सका है। जिला सिरमौर में भारी बर्फबारी व बारिश के बाद विद्युत विभाग के 660 ट्रांसफार्मर ठप हुए। विद्युत लाइने ध्वस्त होने के चलते पिछले 2 दिनों से सैकड़ों गांव अंधेरे में हैं। बर्फबारी से दो 33 केवी लाइन भी ध्वस्त हो गई है। विभाग ने आज मौसम खुलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारू की जा

सके। विद्युत विभाग के एसई मनदीप सिंह ने बताया कि जिला सिरमौर में भारी बर्फबारी के चलते चाड़ना, नोहराधार, हरिपुरधार व राजगढ़ आदि क्षेत्रों में 660 ट्रांसफार्मर ठप हुए हैं। इस दौरान दो 33 केवी की लाइनें भी ध्वस्त हुई हैं। जिसमें राजगढ़- चढ़ना, संगड़ाह-ददाहू बन्द  हैं। जिसके चलते क्षेत्र में बिजली सप्लाई बाधित हुई हैं। आज मौसम खुलते ही विभाग के कर्मचारियों ने कार्य शुरू कर दिया है। अभी तक लगभग 350 ट्रांसफार्मर चालू कर दिए गए है। जबकि 300 ट्रांसफार्मरों को चालू करने के लिए कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। 

2- राजेन्द्र शर्मा बने बार एसोसिएशन पांवटा के अध्यक्ष, एक वोट से हासिल की जीत। 

एडवोकेट राजेन्द्र शर्मा बार एसोसिएशन पांवटा के नये अध्यक्ष चुने गये है। कांटे की टक्कर में राजेंद्र शर्मा ने अपने प्रतिद्वंदी शशिपाल चौधरी को एक वोट से हराकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को पांवटा साहिब बार एसोसिएशन के चुनाव

वरिष्ठ एडवोकेट टीएस शाह, अनिल ठाकुर व माताराम शर्मा की देखरेख में संपन्न हुए। जिसमें पांवटा साहिब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट राजेंद्र शर्मा व शशि पाल चौधरी के बीच में कड़ा मुकाबला हुआ। चुनाव में कुल 119 मतों में से 116 मत गिरे। जिसमें से 58 मत राजेंद्र शर्मा को मिले तथा 57 वोट शशिपाल चौधरी को मिले, जबकि एक वोट रद्द किया गया। जिससे राजेंद्र शर्मा ने 1 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने जीत के बाद बताया कि वह अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मिल जुलकर कार्य करेंगे। 

3- पंचायत कर्मियों की उपस्थिति पर होने चाहिए प्रधान के साइन।

पांवटा साहिब के लोनिवि विश्राम गृह मे प्रधान संघ ब्लाॅक पांवटा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मनीष तोमर ने की। इस बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई तथा समस्या का समाधान करने को बीडीओ पांवटा को एक ज्ञापन भेजा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से विकासखंड पांवटा साहिब के प्रधान संघ ब्लॉक पांवटा ने पंचायत कार्यों में पेश आ रही समस्याओं से खंड विकास अधिकारी को अवगत करवाया और समस्या के समाधान की मांग की। प्रधान संघ ब्लाक पांवटा के प्रधान मनीष तोमर, उपाध्यक्ष बलवीर धीमान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र चौधरी व देवराज चौहान,

महासचिव सुरेश कुमार ने कहा कि मनरेगा कार्यों के अनुपात का क्षेत्र पंचायत स्तर पर हो, पंचायत के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारी ग्राम सेवक, तकनीकी सहायक व सचिव की गोपनीयता वार्षिक रिपोर्ट पर प्रधान की रिपोर्ट अनिवार्य हो। पंचायत कर्मचारी की मासिक उपस्थिति पर प्रमाणित हस्ताक्षर ग्राम पंचायत प्रधान के होने अनिवार्य हैं, मनरेगा कार्यों की भुगतान राशि शीघ्रता से करनी चाहिए। साथ ही मनरेगा कार्यों को तकनीकी सहायक व कनिष्ठ अभियंता द्वारा एक सप्ताह में मंजूरी प्रदान की जाए। संघ के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी पांवटा साहिब से मांग की है कि इन समस्याओं का निदान किया जाए।

4- चंबा ग्राउंड में 7 से 13 फरवरी तक होगा एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन।

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन के चंबा ग्राउंड में एनसीसी वरिष्ठ वर्ग के लड़कों व लड़कियों के लिए वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-226 का आयोजन 7 फरवरी से 13 फरवरी 2022 तक किया जा रहा है। यह जानकारी 1 एचपी

इंडिपेंडेंट कोय एनसीसी नाहन के प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि इस शिविर में मिलिट्री ट्रेनिंग, खेल गतिविधियों, योग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त सामाजिक कार्यों व शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

5- सरस्वती विद्या मंदिर मे बसंत पंचमी की धूम।

पांवटा साहिब के सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल मे बसंत पंचमी का पर्व हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के महासचिव अनिल सैनी और जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंद्र कुमार ने शिरकत कर बच्चों को बसंत पंचमी के बारे मे जानकारी दी। इस दौरान शांति स्वरूप गुप्ता, नीरज उदवानी और प्राचार्या आरती पराशर भी मौजूद रही। इस मौके पर आचार्या ने बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व

और इतिहास के बारे मे जानकारी दी। वीर हकीकत राय, पृथ्वी राज चौहान और राम सिंह कूका का बसंत पंचमी से क्या संबंध है, इस बारे मे भी जानकारी दी गई। विद्यालय की प्राचार्या आरती पराशर की मौजूदगी मे पहले छोटे बच्चों का विद्या शुभारम्भ संस्कार किया गया। उसके बाद यज्ञ और सरस्वती पूजा आरती की गई। फिर फल व खीर का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान विशेष रूप से मास्क और सामाजिक दूरी का पालन किया गया। 

6- पद्मश्री बाबा इकबाल का क्षेत्र के विकास में बड़ा योगदान: कश्यप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने शिरोमणि पंथ रतन बाबा इकबाल सिंह के निधन पर उनके परिवारजनों एवं उनकी संस्थान के पदाधिकारियों से बडू साहिब में जाकर सांत्वना व्यक्त की। बाबा इकबाल सिंह ने 29 जनवरी को दोपहर सवा दो बजे अपनी कर्मभूमि बडू साहिब में अंतिम सांस ली। कश्यप ने कहा की पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा के चार दिन बाद शिरोमणि पंथ रतन बाबा इकबाल सिंह किंगरा का निधन हो गया। कश्यप ने कहा की 96 वर्षीय बाबा इकबाल सिंह ने एक संत का जीवन जिया। उन्होंने विवाह नहीं किया और सिख पंथ की सेवा के लिए कार्य करते रहे। हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग के निदेशक पद से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने वर्ष 1982 में कलगीधर ट्रस्ट बडू साहिब की स्थापना की। उन्होंने वर्ष 1986 में एक कमरे में मात्र पांच विद्यार्थियों को लेकर अकाल अकादमी प्रारंभ की। आज ट्रस्ट की देशभर में 129 अकाल अकादमियां व दो विश्वविद्यालय हैं, जिनमें करीब 70 हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उनका जन्म 1 मई 1926 को पिता सनवाल सिंह व माता गुलाब कौर के घर गुरदासपुर पंजाब में हुआ था। उन्होंने कृषि विज्ञान में स्नातक और कृषि विज्ञान में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। निदेशक पद से सेवानिवृत्त के

बाद बडू साहिब में स्थायी निवास किया। उन्होंने 2008 में बडू साहिब में इटरनल विश्वविद्यालय और 2015 में पंजाब के दमदमा साहिब में अकाल विश्वविद्यालय की स्थापना की। उन्होंने कहा की पद्मश्री बाबा इकबाल सिंह का सिरमौर एवं हिमाचल में बड़ा योगदान रहा है उनकी स्थापित संस्था से कई नर्से सेना में अपनी बहुमूल्य सेवाए दे रही है। उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। बाबा इकबाल सिंह को डॉ. एस राधाकृष्णन मेमोरियल नेशनल अवार्ड 2006, न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली 2014 सिख लाइफटाइम अचीवमेंट्स अवार्ड, यूके 2016, लिविंग लीजेंड लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2018, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से एक अंतरराष्ट्रीय पंजाबी के तौर पर विशेष पुरस्कार, तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब द्वारा शिरोमणि पंथ रतन का विशेष पुरस्कार से सिख समुदाय का अनमोल रत्न भी सम्मानित किया गया था।

7- जनता ने साथ दिया तो सिरमौरी ताल में करवाई जाएगी म्यूज़ियम की स्थापना: नौटी 

पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा का चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके नेता अनिन्द्र सिंह नौटी ने एक तरह से अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वह जन संपर्क अभियान के तहत विधानसभा के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे है। शनिवार को वह पांवटा की चौपाल कार्यक्रम के तहत सिरमौर रियासत की प्राचीन राजधानी रहे ऐतिहासिक सिरमौरी ताल में

पंहुचे। उन्होंने कहा कि इस दौरान ग्रामवासी खास तौर पर मातृ शक्ति का पुरजोर साथ, सार्थक चर्चा, आशीर्वाद मिला और प्राचीन मंदिर में शीश नवा अगली चुनौती के लिए हौंसला मिला। उन्होंने कहा कि जन का राज स्थापित होते ही सिरमौरी ताल में भाषा एवं संस्कृति विभाग के द्वारा एक म्यूज़ियम की स्थापना करवाई जायेगी। जहां सिरमौर रियासत से जुड़ा इतिहास और जानकारी मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आने वाली पीढ़ी को कम से कम अपनी विरासत का तो एहसास होगा। हमें अगले 50 वर्ष के विकास की नींव रखनी होगी, वह भी एक विजन के साथ।

(हिमाचल)

1- जहरीली शराब मामला- गलु बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस निलंबित।

हिमाचल प्रदेश राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत विभाग द्वारा मंडी के जोगिंदर नगर स्थित गलु बॉटलिंग प्लांट में गुप्त सूचना के आधार पर परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्लॉट में भारी अनियमितताएं पाई गई। परिसर में 11000 लीटर स्प्रिट की मात्रा कम पाया गया और ब्लेंडिंग स्पिरिट की मात्रा 7000 लीटर अधिक पाई गई। इन अनियमितताओं के चलते विभाग ने उक्त बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस निलंबित कर दिया और विभागीय अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई। विभाग द्वारा उपरोक्त प्लांट पर की गई कार्यवाही के बाद संयुक्त आयुक्त राज्य कर एवम आबकारी मुख्यालय शिमला की अध्यक्षता में टीम गठित करके 24 व 25 जनवरी को जिला कांगड़ा के तहसील पालमपुर के राजपुर टांडा में अंग्रेजी शराब के थोक विक्रेता एल 1 और एल 13 गोदामो का निरीक्षण किया गया जिसमें पाया गया की लाइसेंसियों द्वारा लाइसेंस में वर्णित शर्तों के अनुरूप रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। जहाँ अंग्रेजी शराब के स्टाक में अंतर पाया गया वहीं एल13 के गोदाम में 5500 पेटियां अधिक पाई गई। उक्त लाइसेंसियों पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की गई। टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर राजपुर टांडा में ही देसी शराब का एक अवैध गोदाम पकड़ा जिसमें 1656 पेटियां प्योर संतरा थी, इस संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 39 के अंतर्गत मुकदमा बनाकर पुलिस थाना में एफ आई आर दर्ज की गई। उपरोक्त सभी का backward linkage ढूँढते हुए ई वे बिल की चेकिंग के दौरान मिले इनपुट के आधार पर विभाग ने

लॉजिस्टिक फर्म ऊना के रिकॉर्ड की छानबीन की गई तो पाया कि स्पिरिट की अवैध आपूर्ति करने वाले हिमाचल में विभिन्न फर्मों के नाम इथाइल मेडिकल अल्कोहल का आयात कर रहे थे। ई वे बिल डेटा एवम  जिला मंडी स्थित गोवर्धन बॉटलिंग प्लांट में निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ते हुए विभाग ने जिला सिरमौर के काला अम्ब एक औद्योगिक परिसर  का निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान पाया गया कि उक्त परिसर में किसी भी प्रकार का कोई उत्पाद तैयार नहीं किया जा रहा था। उक्त इकाई ने वर्ष 2020-21 में 8.6 करोड रुपए की परचेज ई वे बिल के द्वारा की है और लगभग 4.77 करोड की बिक्री भी दिखाई गई है। इस कंपनी की अन्य इकाई डेनिश लैब के नाम से अंबाला में स्थित है। इस फर्म द्वारा माह नवंबर एवं दिसंबर 2021 में चार कंसाइनमेंट जिसमें कि हैंड सैनिटाइजर दर्शाया गया था, को सीएमओ धर्मशाला के नाम पर भेजी है, वही तीन कंसाइनमेंट हैंड सैनिटाइजर की राजकीय आयुष कॉलेज पपरोला के नाम भेजी गई थी। कालाअम्ब स्थित फर्म डच फॉर्मूलेशन द्वारा भी आयुष कॉलेज पपरोला के नाम पर एक कंसाइनमेंट हैंड सैनिटाइजर की 7.50/- लाख रुपये की ई वे बिल द्वारा दर्शाई गई है। जब इन कंसाइनमेंट की दोनों विभागों से जांच करवाई गई तो पाया कि उक्त विभागों द्वारा हैंड सैनिटाइजर आयात करने का कोई भी आर्डर नहीं दिया गया और ना ही उन्होंने कोई कंसाइनमेंट प्राप्त की है। फर्मों द्वारा जारी किए गए ई वे बिल के अनुसार कुल 58.50/- लाख रुपए की अवैध स्पिरिट की आपूर्ति दिखाई गई है। उपरोक्त फर्मों द्वारा हैंड सेनीटाइजर सप्लाई करने की आड़ में स्पिरिट की आपूर्ति की जा रही थीं। इस संबंध में विभाग द्वारा फ़र्म के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, गोवर्धन बॉटलिंग प्लांट में पाई गई अनियमितताओं एवं ऑनलाइन डेटा में उपलब्ध ई वे बिल की जांच से यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं हैंड सैनिटाइजर की आड़ में उपरोक्त प्लांट में स्पिरिट का आयात तो नहीं किया गया। इस संबंध में गठित टीम द्वारा स्पिरिट आयात के लिए जारी किए गए सभी पास परमिट एवं ई वे बिल की गहनता से जांच की कर रही है। विभाग द्वारा बीते कुछ माह में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत चेकिंग के अंतर्गत 164 मामले अनियमितता के पकड़े गए हैं और इन मामलों में  9.02/- करोड़ के लगभग  जुर्माना लगाया है। विभाग पूर्ण रूप से सजग है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही कर रहा है। आबकारी विभाग द्वारा पुलिस विभाग से समन्वय बिठाकर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है और यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

2- यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य जारी।

बर्फबारी के कारण जाम हिमाचल प्रदेश की राजधानी मे जनजीवन पटरी पर लाने के लिए सरकारी प्रयास तेज हो गये हैं। एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि शिमला में गत गुरुवार और शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी से बंद हुई सड़कों को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। शनिवार सुबह मौसम साफ होते ही प्रशासन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही सुचारू करने में जुट गया। सड़कों और अन्य मुख्य मार्गों को आधुनिक मशीनरी और कामगारों की सहायता से खोला जा रहा है। देर शाम तक कई महत्वपूर्ण सड़कें और संपर्क मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के विभिन्न इलाकों में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग यातायात बहाल करने के लिए प्रयासरत है। शिमला शहर में

नगर निगम की सात जेसीबी और दो रोबोट मशीनों की सहायता से सड़कों से बर्फ हटाया जा रहा है। साथ ही लोक निर्माण विभाग की चार जेसीबी और दो रोबोट मशीनों को इस कार्य में लगी हैं। शहर में लगभग सभी प्रमुख सड़क मार्गोंं पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण में लोक निर्माण विभाग की 11 जेसीबी बर्फ हटाने में लगाई गई है। इसके अतिरिक्त एनएच डिवीजन के दो डोजर्स और एक रोबोट मशीन से भी बर्फ हटाई जा रही है। राजधानी के अतिरिक्त पूरे शिमला जिले में सड़कों से बर्फ हटाने के लिए लगभग 150 मशीनें काम में लगी हुई हैं। उपमंडल ठियोग में लोक निर्माण विभाग की पांच जेसीबी, दो रोबोट मशीनों और एक डोजर की सहायता ली जा रही है। इसके अलावा एनएच डिवीजन के तीन डोजर और दो जेसीबी मशीनें भी बर्फ हटा रही हैं। उपमंडल कोटखाई और उपमंडल रोहड़ू में लोक निर्माण विभाग की कुल आठ जेसीबी मशीनें और

एक डोजर बर्फ हटाने का कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा एनएच डिवीजन की एक जेसीबी, एक डोजर और एक रोबोट मशीन इस काम में जुटी हुई है।
उपमंडल रामपुर में मुख्य मार्गों से लोक निर्माण विभाग की सात जेसीबी और दो डोजर की सहायता से बर्फ को हटाया जा रहा है। इसी तरह उपमंडल चैपाल में लोक निर्माण विभाग की 24 जेसीबी मशीनें सड़कों को बहाल करने में जुटी हैं। कुमारसैन उपमंडल में भी लोक निर्माण विभाग की चार और एक निजी जेसीबी की सहायता से मार्गों से बर्फ को हटाया जा रहा है। इसके अलावा एनएच डिवीजन ने भी दो जेसीबी और दो डोजर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम क्षेत्र में विद्युत व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागों के कर्मचारी कार्य कर रहे हैं।

3- मुख्यमंत्री ने थलौट में लोक निर्माण विभाग के मण्डल कार्यालय का किया लोकार्पण।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी ज़िला की द्रंग विधानसभा क्षेत्र के औट में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए पशु औषधालय कोट खमरादा को स्तरोन्नत कर पशु अस्पताल बनाने, प्राथमिक पाठशाला देहरा नाला को स्तरोन्नत कर माध्यमिक पाठशाला बनाने, रेहन में प्राथमिक पाठशाला खोलने, क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और उन्नयन के लिए 15 लाख रुपये प्रदान करने और नगवाईं और टकोली के मध्य राज्य वन निगम का बालन डिपो खोलने की घोषणा की। जय राम ठाकुर ने कहा कि फोरलेन प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा प्रदान करने के लिए संबंधित प्राधिकरणों के साथ मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि औट में हिमाचल प्रदेश दुग्ध प्रसंघ (मिल्कफेड) का प्रापण केन्द्र या दुग्ध अभिशीतन संयंत्र स्थापित करने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में द्रंग विधानसभा क्षेत्र का समुचित एवं सर्वांगीण विकास

सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का चार वर्ष का यह कार्यकाल पूर्व सरकार के 40 वर्षों के कार्यकाल से बेहतर रहा है क्योंकि उस अवधि में क्षेत्र में विकास कार्यों में भेदभाव किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था पर विपरीत प्रभाव डाला है अपितु हमारी जीवनचर्या को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि सौभाग्यवश इस परीक्षा की घड़ी में देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में सुरक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि इस विपदा में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने आगे बढ़कर जरूरतमंदों की हर संभव सहायता की है। इसके विपरीत कांग्रेस नेता केवल इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने में ही व्यस्त रहे। जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मण्डी जिला के नागचला में राज्य के लिए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा स्वीकृत करवाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा न केवल सामरिक महत्व का होगा बल्कि क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में पूरे राज्य का एकसमान और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों को उदार सहायता उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के बावजूद प्रधानमंत्री ने राज्य का दौरा कर अटल टनल रोहतांग प्रदेश के लोगों को समर्पित की। हाल ही में प्रदेश सरकार के चार वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों के लिए 11,500 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वैक्सीन विकसित होने से देश के करोड़ों लोगों को कोरोना महामारी से सुरक्षा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियन प्रारम्भ किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश लक्षित पात्र आबादी को शत प्रतिशत टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार के गत चार वर्षों के कार्यकाल में राज्य के विकास और विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए प्रारम्भ की गई विभिन्न विकास योजनाओं का भी विस्तार से ब्यौरा दिया। उन्होंने वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हनोगी में ब्यास नदी पर निर्मित होने वाले हनोगी पुल के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस पुल से दं्रग और सराज विधानसभा क्षेत्र आपस में जुड़ जाएंगे। उन्होंने मनाली फोरलेन सड़क परियोजना के अंतर्गत निर्मित की जा रही रैंश नाला टैªफिक टनल-4  का भी दौरा किया और अधिकारियों को इस परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थलौट में लोक निर्माण विभाग के मण्डल कार्यालय का लोकार्पण भी किया, जिससे बालीचैकी, पनारसा और पंडोह क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर औट में

1.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बचत समिति की दुकानों का शिलान्यास किया। उन्होंने औट में घाट स्थल का दौरा भी किया।
दं्रग के विधायक जवाहर ठाकुर ने मुख्यमंत्री का उनके गृह क्षेत्र के थलौट में लोक निर्माण विभाग का मण्डल कार्यालय समर्पित करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने में दूरगामी साबित होगा। उन्होंने कहा कि हनोगी पुल न केवल दं्रग और सराज विधानसभा क्षेत्र के मध्य यह बेहतर सम्पर्क सुनिश्चित करेगा, बल्कि थलौट और औट क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मण्डी जिला में राज्य का दूसरा विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रदेश सरकार के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गत चार वर्षों में द्रंग विधानसभा क्षेत्र में लगभग 417 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं और सड़क परियोजनाएं क्रियान्वित की गईं हैं। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगों का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया।  

4- झूठ बोलने में कौल सिंह का नही कर सकता मुकाबला: मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर का झूठ बोलने में कोई मुकाबला नहीं कर सकता है, वे झूठ बोलने में माहिर हैं। औट में जनसभा को संबोधित करते हुए कौल सिंह ठाकुर पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने घोघरधार में हवाई अड्डे को लेकर हास्यास्पद बयान देकर अपनी ही फजीहत करवाई है जबकि आज दिन तक प्रदेश में हवाई अड्डे के लिए किसी भी प्रकार का सर्वे पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि बल्ह के अलावा बड़े हवाई अड्डे के लिए अन्य स्थानों पर जगह नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस नेता केवल इस संवेदनशील मुद्दे

का राजनीतिकरण करने में ही व्यस्त रहे और अब 25 जनवरी को प्रदेश सरकार ने कांग्रेसियों को बिजली का झटका देकर उनकी बोलती बंद कर दी है। भाजपा की प्रदेश सरकार ने 4 सालों में बेहतर कार्य किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी कई वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भी जो काम नहीं कर पाई थी, वह कार्य वर्तमान सरकार ने करके दिखा दिया है। जयराम ठाकुर ने कोरोना महामारी को लेकर जारी प्रतिबंधों में छूट देने के भी संकेत दिए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल और जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे। 

5- भारद्वाज के बस की नही अब राजनीति: विक्रमादित्य 

शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज पर तंज कसते हुए कहा कि राजनीति अब उनके बस की बात नहीं रह गई है। उन्हें रिटायरमैंट लेकर पैंशन का लुत्फ उठाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार व प्रशासन बर्फबारी से निपटने में विफल रहे हैं। सरकार की आपदा के बाद जागने की आदत बन गई है। उन्होंने सरकार से ठेकेदारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने की अपील की है। वह शनिवार को शिमला के रिज पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुरेश भारद्वाज प्रदेश सरकार के रिपीट करने की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं जबकि उन्हें मालूम होना चाहिए कि उपचुनावों में जुब्बल-कोटखाई में भाजपा उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारद्वाज अब 4-5 माह के मंत्री रह गए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि भारी बर्फबारी के कारण शिमला सहित जनजातीय क्षेत्रों चम्बा, कुल्लू, रामपुर व रोहड़ू में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रदेश सरकार ने बर्फबारी से

निपटने के लिए समय रहते पूरी तैयारी नहीं की। ठेकेदारों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि ठेकेदार सरकार की रीढ़ हैं तथा उनके पास मशीनें व मजदूर उपलब्ध हैं, ऐसे में सरकार को प्राथमिकता के आधार पर उनकी समस्याओं को हल करना चाहिए था। बर्फबारी से पहले ही प्रशासन व लोक निर्माण विभाग को उन्हें सड़कों को खोलने के कार्य में लगाना चाहिए था, जिसमें सरकार पूरी तरह से फेल हुई है। ठेकेदार अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से 5-6 बार मिल चुके हैं लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्होंने 7 फरवरी से काम बंद करने का ऐलान किया है। कुछ तो अभी से ही हड़ताल पर चले गए हैं, जिस कारण बर्फ हटाने का कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान के लिए सचिव लोक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने की मांग की है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केवल शिमला शहर में छुट्टी कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती है। सरकार को पहले से ही बर्फ हटाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी तथा ठेकेदारों से समय पर वार्ता करनी चाहिए थी। कांग्रेस विधायक ने कहा कि प्रदेश में बर्फ हटाने के कार्य में भ्रष्टाचार हो रहा है। कितने क्षेत्र से बर्फ हटाई गई व कितने मजदूर व मशीनें इस कार्य में लगी हैं, इसका लोक निर्माण विभाग के पास लेखा-जोखा नहीं होता है। इस मामले को विधानसभा में भी कई बार उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पहले से पारदर्शी तरीके से काम करती तो आज बैकफुट पर नहीं आती।

6- जय श्री राम के नारों से गूंजी कुल्लू घाटी

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर के रथ मैदान में शनिवार को बसंत पंचमी का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। जिसमें भगवान रघुनाथ की नगरी सुल्तानपुर से अधिष्ठाता रघुनाथ की पालकी को वाद्ययंत्रों की थाप के साथ शोभायात्रा रथ मैदान में पहुंची। जहां पर भगवान रघुनाथ को रथ में रघुनाथ जी को बैठाने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद राज परिवार के सदस्यों ने रथ के चारों और 9 बार परिक्रमा की। इसके बाद जय श्रीराम के नारों से श्रद्धालुओं ने रघुनाथ के रथ को खींच कर उनके अस्थायी शिविर तक पहुंचाया। जहां पर समूची घाटी जय श्री राम से गूंज उठी। भगवान रघुनाथ की रथयात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। ढालपुर मैदान में हजारों की संख्या में श्रद्वालुओं ने भाग लेकर भगवान रघुनाथ के दर्शन किया। प्रतीक रूप में राम, लक्ष्मण, भरत और हनुमान भी इस मौके पर उपस्थित थे। हनुमान की भूमिका बैरागी समुदाय के एक व्यक्ति द्वारा निभाई

जाती है। रंग-बिरंगे व अधिकतर पीले वस्त्रों से सजे हुए लोगों ने बसंत पंचमी की इस बेला को करीबी से निहारा। बसंत पंचमी पर हजारों की संख्या में आस्था और श्रद्धा का सैलाब रथ मैदान में उमड़ा। रघुनाथ जी की एक झलक पाने के लिए भक्त लंबी कतारों में देर तक खड़े रहे। शोभयात्रा से कुल्लू में बसंत पंचमी का आगाज होने के साथ ही रघुनाथपुर की होली भी शुरू हो गई है। भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह के कहा कि जब भगवान श्रीराम वनवास के लिए गए थे तो भरत उन्हें मनाने गुरु वशिष्ठ जी के साथ वन में गए थे। भगवान श्री राम ने जब देखा कि कुछ लोग उनकी तरफ आ रहे है तो उन्होंने पवन पुत्र हनुमान को उनके बारे में पता लगाने के लिए भेजा। हनुमान ने बताया कि गुरु वशिष्ठ के साथ भरत आए हैं। फिर श्री राम भरत से गले मिले और खड़ाऊं उन्हें दीं तथा वापस भेज दिया। उन्होंने कहाकि पूरे देश में होली उत्सव मार्च माह में मनाया जाएगा लेकिन कुल्लू जिला में 40 दिन रघुनाथ जी के चरणों में चढ़ेगा।

7- पानी लेने जा रहे गार्ड की ऐसे हुई दर्दनाक मौत।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पानी लेने जा रहे एक सिक्योरिटी गार्ड को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कार चालक फरार हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक चमन लाल (39) पुत्र नागराज, गांव नौणी सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। शनिवार सुबह वह पानी लेने

के लिए हैंडपप की तरफ जा रहा था कि सड़क से गुजर रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह बेसुध होकर गिर गया। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और अब पुलिस फरार इनोवा कार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि चमन लाल फोरलेन कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था और उसका दस साल के बच्चा है, जिसके सिर से पिता का साया छिन गया है। डीएसपी बिलासपुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-